समाचार 01 फ़ोटो 01

रिश्वस्त लेने के बाद अधिकारी से की अभद्रता, बिजली विभाग का लाइनमैन हुआ निलंबित

अनूपपुर

जिले के कोतमा में पदस्थ एक घूसखोर बिजली कर्मचारी पर बिल्कुल सटीक बैठी। वर्दी और पद के घमंड में चूर इस लाइनमैन ने न सिर्फ गरीब उपभोक्ता की जेब काटी, बल्कि जब जिले के सबसे बड़े बिजली अधिकारी यानी अधीक्षण यंत्री ने सवाल किया, तो उन्हें भी अपनी हेकड़ी दिखाने की कोशिश की। परिणाम यह हुआ कि अधीक्षण यंत्री ने एक ही झटके में कर्मचारी का नशा उतार दिया और उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर घर बैठा दिया।

मामला अनूपपुर जिले के कोतमा वितरण केंद्र का है। यहाँ पदस्थ लाइन परिचारक (नियमित) संतोष कुमार गुप्ता (कर्मचारी सं.-E1810347) ने भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दीं। पयारी (वार्ड नं. 4) निवासी उपभोक्ता राजू चौधरी, जो केवल एक नया कनेक्शन चाहता था, उसे नियमों का पाठ पढ़ाने की बजाय संतोष गुप्ता ने ₹4,500 की अवैध रिश्वत की मांग की और पैसे वसूल भी लिए। पीड़ित उपभोक्ता ने जब सीएम हेल्पलाइन (शिकायत क्र. 36561202) में गुहार लगाई, तब जाकर इस 'लूट' का खुलासा हुआ।।

भ्रष्टाचार की शिकायत जब अधीक्षण यंत्री (SE) के पास पहुंची, तो उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए दिनांक 06 फरवरी 2026 को खुद लाइनमैन संतोष गुप्ता को फोन लगाया। कायदे से कर्मचारी को अपनी गलती माननी चाहिए थी, लेकिन संतोष गुप्ता ने अनुशासन की धज्जियां उड़ाते हुए सीधे अधीक्षण यंत्री से ही अभद्रता शुरू कर दी। एक लाइनमैन द्वारा सर्किल हेड (SE) से बदतमीजी करना विभाग के इतिहास में घोर अनुशासनहीनता और दुस्साहस का बड़ा उदाहरण बन गया। अधीक्षण यंत्री ने इस अशिष्टता को रत्ती भर भी बर्दाश्त नहीं किया। उन्होंने म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत संतोष कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय सुदूर वितरण केंद्र राजेन्द्रग्राम निर्धारित कर दिया है। 

समाचार 02 फ़ोटो 02

नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सीवर लाइन का दूषित पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

*निराकरण नही तो धरना, प्रदर्शन, आंदोलन व घेराव*

अनूपपुर

अनूपपुर नगर सहित पूरे जिले में दूषित पानी की समस्या की शिकायतें प्राप्त हो रही थी, जिसका कारण सीवर लाइन का पानी नदियों में मिलना, जगह जगह गंदे पानी का जमा होना तथा लंबे समय से संचालित फिल्टर प्लांटों में व भंडारण हेतु बनी पानी टंकियों की सफाई न होना है। जिसका विरोध करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा जिलाध्यक्ष गुड्डू चौहान की अगुवाई में कलेक्टर अनूपपुर को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में दूषित पानी की समस्या का उल्लेख करते हुए बताया गया कि नगर पालिका क्षेत्र अनूपपुर सहित पूरे जिलेभर के नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दूषित पानी की समस्याएं सामने आ रही है, लंबे समय से फिल्टर प्लांटों, पानी टंकियों की साफ सफाई ना होने, पानी स्त्रोतों व भंडारण की जांच न होने एवं सीवर लाइन का दूषित पानी नदियों में मिलने के कारण पूरा अनूपपुर जिला दूषित पानी की समस्या से जूझ रहा है। मैने स्वयं तथा हमारे कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया है, जिसमे पेयजल की सही व्यवस्था व शुद्धता न होना बहुत चिंताजनक है।

नगर पालिका क्षेत्र अनूपपुर के वार्ड क्रमांक 09, तहसील कार्यालय के पीछे अमरकंटक तिराहा, शंकर मंदिर चौक, इंदिरा तिराहा तथा जिला चिकित्सालय क्षेत्र के हजारों घरों का गंदा पानी लंबे समय से खुले में जमा है। इस जलभराव के कारण आसपास के बोरवेल और कुओं का पानी भी दूषित हो चुका है, जो अब उपयोग योग्य नहीं रह गया। गंदे पानी के जमाव से क्षेत्र में बीमारी फैलने की आशंका बढ़ती जा रही है। दूषित पानी रिस-रिसकर रेलवे सब स्टेशन के पास, रेलवे की तीसरी लाइन के किनारे-किनारे लगभग एक किलोमीटर दूर जाकर सीधे तिपान नदी में मिल रहा है। इस पानी में कचरा, काई, बैक्टीरिया और रासायनिक तत्व मिश्रित दिखाई दे रहे हैं। 

तिपान नदी का प्राकृतिक उद्गम जल अब लगभग मृतप्राय हो चुका है। नगर का गंदा पानी, शांति नगर क्षेत्र का मलबा युक्त अपशिष्ट जल तथा तिपान नदी किनारे स्थित प्री-मैट्रिक 100 सीटर आदिवासी छात्रावास का अपशिष्ट भी इसी नदी में मिल रहा है। नगर पालिका द्वारा बनाए गए छोटे बांध के कारण यही प्रदूषित पानी रुककर फिल्टर प्लांट तक पहुंचता है, जहां से शुद्धिकरण के बाद इसे शहर के 15 वार्डों और रेलवे कॉलोनी में सप्लाई किया जा रहा है। इसी तरह के दूषित पानी के सेवन से पेट, लीवर संबंधी बीमारियों के साथ त्वचा रोग-दाद, खाज, खुजली के मरीज बढ़ रहे हैं। मांग अनुसार समस्याओं के निराकरण हेतु जल्द से जल्द कार्यवाही की जाए और यदि ऐसा नहीं किया गया तो जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर धरना, प्रदर्शन, आंदोलन, घेराव करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जवाबदेही शासन प्रशासन की होगी। 

समाचार 03 फ़ोटो 03

खंडहर में मादा भालू ने जन्मे थे 2 शावक, 30 दिन बाद माँ बच्चे को लेकर जंगल मे किया प्रवेश

अनूपपुर

जिले के कोतमा इलाके में आमाडांड गांव के एक खंडहर घर में 30 दिन पूर्व मादा भालू ने दो बच्चों को जन्म दिया रहा, निरंतर 30 दिन तक बच्चों की देखरेख करने,बच्चों के बड़े होने पर मादा भालू शुक्रवार एवं शनिवार की मध्य रात्रि अपने दोनों बच्चों को लेकर मलगा के जंगल में चली गई है जिसकी जानकारी वनविभाग द्वारा दी गई।

विदित है कि अनूपपुर जिले के कोतमा वन परिक्षेत्र थाना एवं तहसील अंतर्गत आमाडांड पंचायत एवं गांव में पंचायत भवन के पीछे गोकुल पनिका के खंडहर घर के अन्दर 9 जनवरी को एक मादा भालू ने दो शावकों को जन्म दिया रहा था, दोनों बच्चों की निरंतर देखभाल करने बच्चों के आंखे खुलने बाद उन्हें खंडहर घर से रात के समय बाहर निकाल कर घूमाते रहने बच्चों के बड़े होने से दोनों बच्चों को मादा भालू शुक्रवार एवं शनिवार की मध्य रात्रि खण्डहर घर से निकाल कर आमाडांड गांव से लगे मलगा के जंगल की ओर ले गई है। वन परिक्षेत्र सहायक मलगा राजमणि सिंह,मलगा बीट वनरक्षक दादूराम कुशवाहा सुरक्षा श्रमिकों के साथ मादा भालू के खंडहर घर में ठहरे होने की सूचना के बाद से निरंतर निगरानी रखते हुए मादा भालू को खाने के लिए समय समय पर बेर बीही एवं अन्य खाने की सामग्री देते रहे हैं, कुछ ग्रामीणों ने कुछ दिन पूर्व मादा भालू को बच्चों के साथ खंडहर घर के पीछे रात के समय मादा भालू को बच्चों को घूमाते देखा था, इस दौरान खंडहर घर के नजदीक आने पर मादा भालू द्वारा एक ग्रामीण को घायल भी किया रहा था, मादा भालू के बीच बस्ती में रहने से ग्रामीणों में भय की स्थिति रही मादा भालू के बच्चों के साथ जंगल जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

निकाय सभागार में कर्मचारियों एवं जलप्रनिधियों की उपस्थिति में समीक्षा बैठक हुआ संपन्न

अनूपपुर

नगर परिषद डूमरकछार में शासन संचालित नागरिक मूलभूत सुविधाओं को जनसामान्य में सहज उपलब्धता हेतु 07 फरवरी दिन शनिवार को परिषद सभागार में डॉ.सुनील कुमार चौरसिया अध्यक्ष एवं जिला योजना समिति के सदस्य के मुख्यातिथ्य, निर्वाचित जन प्रतिनिधियों पार्षदगण चंदा देवी महरा,बिजेंद्र देवांगन,सरिता यादव,रवि सिंह,जीतेन्द्र चौहान, रंजीत वर्मा,राकेश दिवान पार्षद प्रतिनिधि योगेश पालीवाल,विजय सिंह गोंड के आतिथ्य में परिषद पदाधिकारियों जनों के उपस्थिति,निकाय के अधिकारियों,कर्मचारियों की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी,जिसमें नगर में कराए गए विभिन्न जनहितैषी कार्यों अमृत.02 के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा,सड़क,नाली पाथवे,कार्यालय भवन निर्माण,प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत हितग्राहियों को आवास वितरण, पेयजलापूर्ति हेतु पाईपलाइन विस्तार,आयुष्मान तथा आधार कार्ड, विशुद्ध मतदाता सूची हेतु एसआईआर,विभिन्न विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में संकल्प से समाधान शिविर का आयोजन, निकाय क्षेत्र के माध्यमिक,हाईस्कूल विद्यालयीन छात्र-छात्राओं को नगर तथा जिले में उत्तम स्थान प्राप्त किए जाने पर पुरस्कृत किया जाना,जल-गंगा संवर्धन अभियान के तहत कुएं व बावड़ियों की सफाई एवं जीर्णोद्धार,प्रतिवर्ष मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को लाभान्वित कराने,पार्क व मुक्तिधाम का सौंदर्यीकरण कार्यों, निकाय में संचालित हेल्प डेस्क के माध्यम से जनहितैषी कार्यों को नागरिकों तक पहुंचाने सहित एंव विषयों पर  चर्चा की गयी,साथ ही निकाय के अधिकारी कर्मचारियों द्वारा जन सामान्य को सुविधाएं मुहैया कराने एवं विधानसभा प्रश्न एवं आकस्मिकताओं के तहत शनिवार अवकाश के प्रतिबंध पर चर्चा की गयी, निकाय अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में संबोधित किया कि शासन संचालित योजनाओं को निर्वाचित जनप्रतिनिधियो ,निकाय के विभाग प्रमुखों,सभी कर्मचारियों के द्वारा अंत्योदय तक उपलब्ध कराना हम सब का प्रथम लक्ष्य है,और आगामी समय में हम इसे और भी बेहतरीन तरीके से प्रस्तुत करने कर जनहित में पूर्ण करने का पूरा प्रयास रहेगा।

समाचार 05 फ़ोटो 05

नगरपालिका द्वारा दूषित पेयजल की आपूर्ति के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक

अनूपपुर 

नगरपालिका अनूपपुर के द्वारा जिस पेयजल की आपूर्ति की जा रही है उसमें दूषित जल आकर मिलता है। अभी हाल ही में इंदौर और गांधीनगर में तमाम लोग दूषित पेयजल के उपयोग के कारण अकाल ही कालकलवित हो गए हैं। कुछ दिन पूर्व ही अनूपपुर नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष जीवेंद्र सिंह ने पेयजल आपूर्ति की पूरी प्रणाली का गंभीरता पूर्वक निरीक्षण किया और पाया कि यह बहुत गंभीर मामला है, यदि समय पर न चेता गया तो इसके गंभीर परिणाम आ सकते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए दिनांक 8 फ़रवरी को सायं 4 बजे एक वृहत बैठक  राउतरायजी के कक्ष ( मंदाकिनी होटल के बगल ) में आयोजित की गई है, पहले यह बैठक सी पी आई कार्यालय में आयोजित की गई थी पर अब राउत रायजी के कक्ष में हो रही है, जिसमें नगर के प्रबुद्ध और चिंतक नागरिकों से अपील की गई है कि इसमें शिरकत करके इसके समाधान हेतु सहभागी बनें।

नगरपालिका द्वारा संचालित पुस्तकालय व वाचनालय वर्षों से बंद पड़ा हुआ है। इसके लिए नगरपालिका अधिकारी, नगरपालिका अध्यक्ष, कलेक्टर और कमिश्नर सभी से मिलकर आवेदन किया गया पर सिवा आश्वासनों के और कुछ भी नहीं मिला और न ही पुस्तकालय प्रारंभ हुआ, जबकि जैतहरी में नई ई लाइब्रेरी का शुभारंभ हुआ है तथा शहडोल में भी इस हेतु लाखों रूपए आबंटित किये गये हैं पर अनूपपुर में चालू लायब्रेरी बंद कर दी गई है। इस विषय पर भी चर्चा होनी है।अस्तु इस हेतु बैठक में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होने की कृपा करें।

समाचार 06 फ़ोटो 06

क्रशर संचालक से 1.47 लाख की ठगी, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

उमरिया 

जिले में चंदिया थाना अंतर्गत साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। राघोपुर स्थित दयाल क्रेशर के संचालक राजकुमार यादव से सीमेंट सप्लाई के नाम पर 1 लाख 47 हजार 200 रुपये की ठगी की गई। रकम खाते में जमा होते ही आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।

पीड़ित राजकुमार यादव ने शनिवार को बताया कि उन्हें ईंट निर्माण के लिए बड़ी मात्रा में सीमेंट की जरूरत थी। इस दौरान उन्होंने मोबाइल पर नॉन-ट्रेड सीमेंट विक्रेताओं की जानकारी खोजी। इसी क्रम में एक व्यक्ति से संपर्क हुआ, जिसने दो दिन के भीतर 640 बोरी सीमेंट सप्लाई करने का भरोसा दिलाया।

आरोपी ने सीमेंट सप्लाई से पहले अग्रिम राशि की मांग की। विश्वास में आकर राजकुमार यादव ने बताई गई रकम उसके खाते में ट्रांसफर कर दी। जैसे ही राशि जमा हुई, आरोपी का मोबाइल फोन बंद हो गया। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ।

घटना के बाद पीड़ित ने चंदिया थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी जे. एस. परस्ते ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस साइबर माध्यमों से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।

समाचार 07 फ़ोटो 07 

मुख्यमंत्री माता सबरी की प्रतिमा का करेंगे अनावरण, 767 करोड़ लागत वाले 142 कार्यों का करेंगे लोकार्पण व भूमिपूजन

शहडोल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जिले के जयसिंहनगर जनपद क्षेत्र में सीतामढ़ी धाम ग्राम गंधिया में माता सबरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। सीतामढ़ी धाम श्री रामपथ गमन मार्ग में आता है। ऐसी मान्यता है कि भगवान श्री राम वन गमन की यात्रा आयोध्या से शुरू कर चित्रकूट होते हुए दण्डकारण्य होकर श्री लंका पहुंचे थे। इस यात्रा के दौरान 248 प्रमुख स्थलों में उन्होंने विश्राम किया था। शहडोल जिले का गंधिया ग्राम भी इन 248 चिन्हित स्थानों में से एक है। दण्डकारण्य में प्रवेश से पूर्व ऐसी मान्यता है कि भगवान श्रीराम माता सीता तथा अनुज लक्ष्मण भी का गंधिया ग्राम में विश्राम हुआ था।  मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे इस गांव में माता सीता की रसोई तथा भगवान श्रीराम मंदिर मौजूद है। 

*633 करोड़ 82 कार्यों का करेंगे लोकार्पण*

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 08 फरवरी को जयसिंहनगर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत गंधिया में आयोजित कार्यक्रम में 767 करोड़ की लागत वाले निर्माण कार्याें का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इन कार्याें में 633 करोड़ रूपए लागत वाले 82 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। इन कार्याें में एमपी आरडीसी, मध्यप्रदेश लोक निर्माण विभाग भवन, मध्यप्रदेश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग, मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, जनजातीय कार्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जल संसाधन विभाग तथा मध्यप्रदेश पूर्व विद्युत क्षेत्र वितरण कंपनी के कार्य शामिल हैं। 

*60 निर्माण कार्यों का करेंगे भूमिपूजन*

इन कार्याें में जनजातीय कार्य विभाग के 27 कार्य लागत 33 करोड़, नगरीय प्रशासन विभाग के 02 कार्य लागत 28 करोड़, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के 05 कार्य लागत 25 करोड़, मध्यप्रदेश लोक निमार्ण विभाग के 05 कार्य लागत 20 करोड़, मध्यप्रदेश लोक निर्माण विभाग भवन पीआईयू, के 02 कार्य लागत 10.74 करोड़, मध्यप्रदेश पूर्वी क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के 02 कार्य लागत 07 करोड़ 77 लाख, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 12 कार्य लागत 4 करोड़ 78 लाख, मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के 02 कार्य लागत 2करोड़ 39 लाख तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के 03 कार्य लागत 1.5 करोड़ की लागत वाले कार्य शामिल हैं।

*वाटर पार्क का करेंगे लोकार्पण*

मुख्यमंत्री जिले में धनपुरी नगरपालिका द्वारा 20 करोड़ रूपए की लागत से बनाए गए वाटर पार्क का लोकार्पण करेंगे। वाटर पार्क में क्लब हाउस, स्वीमिंग पूल, बच्चों एवं युवाओं के मनोरंजन के व्यवस्था की गई है। स्वीमिंग पूल का निर्माण, मिनी ओलंपिक के मापदण्ड के अनुसार किया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा एसईसीएल द्वारा अधिग्रहित भूमि के हितग्राहियों को नियुक्त पत्र का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही वनाधिकार पट्टों का वितरण, ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व सहायता समूहों को सीसीएल का वितरण, महिला बाल विकास विभाग द्वारा पोषण किट, स्पांसरशिप योजना का लाभ तथा श्रम विभाग द्वारा दुर्घटना, मृत्यु एवं, सामान्य मृत्यु के हितग्राहियों को राहत राशि का वितरण किया जाएगा।

समाचार 08

2 बाघों की मौत पर 2 निलंबित, 7 आरोपियों से पूछताछ जारी 

शहडोल

वनमण्डलाधिकारी उत्तर वनमण्डल शहडोल तरूणा वर्मा ने बताया है कि उत्तर वनमण्डल शहडोल अंतर्गत वनपरिक्षेत्र जयसिंहनगर के बीट बनचाचर (ग्राम करपा) में 02 वन्यजीव बाघ की मृत्यु की घटना में कार्यवाही करते हुये वन अपराध प्रकरण क्रमांक 10713/07 दिनांक 01.02.2026 एवं वन अपराध प्रकरण क्रमांक 10713/08 दिनांक 02.02.2026 पंजीबद्ध कर 07 आरोपियों को रिमाण्ड में लेकर पूछताछ की गई तथा आरोपियों द्वारा बताये गये साक्ष्य के आधार पर प्रकरण को गंभीरता से लेते हुये संबंधित वन क्षेत्रों के सभी कक्ष में सघन गस्ती की जा रही है तथा प्रकरण में जांच कार्यवाही प्रचलित है।

विभाग द्वारा कठोर कार्यवाही करते हुये प्रथम दृष्टया घटना मे दोषी पाये गये राजेन्द्र पुरी वनरक्षक बीटगार्ड बनचाचर तथा बृहस्पति पटेल परिक्षेत्र सहायक मसीरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया एवं दिनेश कुमार पटेल वन परिक्षेत्राधिकारी जयसिंहनगर को आरोप ज्ञापन प्रस्तावित किया गया।


Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget