मजदूरों से भरा मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, 10 लोग गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती
शहडोल
शहडोल कोतवाली थाना क्षेत्र के शाहपुर-मालाचुआ मार्ग पर सुबह मजदूरों से भरा मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा घुसा। हादसे में वाहन में सवार दस ग्रामीणों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच अन्य को मामूली चोट आने पर उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार अनूपपुर जिले के अंतिम छोर के ग्राम पड़मनिया खुर्द और ग्राम कुंई से ग्रामीणों को मालवाहक वाहन के जरिए शहर मजदूरी कराने के लिए लाया जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे शाहपुर और मालाचुआ के बीच अचानक वाहन का स्टेरिंग जाम हो गया, जिससे तेज रफ्तार मालवाहक संतुलन खो बैठा और सीधे नाले में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला चिकित्सालय शहडोल लाया गया।
अगरिया बैगा (18), राजकली बैगा (18), दिल्ला बाई सिंह (48), अंगूर बाई सिंह (35), प्यारा बाई यादव (36), शांति बाई सिंह (35), रामेश सिंह (42), चमेली सिंह (15), कलावती सिंह (22) और अनीता सिंह (20) शामिल हैं। वहीं भुंगिया बाई, द्रोपति बाई, सुनीता सिंह, सविता बाई सहित दो-तीन अन्य को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जिले में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जा रही है। माल वाहक वाहनों में दर्जनों लोगों को बैठाया जा रहा है, सवारियां ढोई जा रही है, लेकिन यातायात विभाग इस पर कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। जिससे लगातार हादसो में इजाफा हो रहा है।
