महिला से बदसलूकी थाना प्रभारी के खिलाफ धरना, नप के खिलाफ2 पार्षदों ने सौपा ज्ञापन
अनूपपुर
जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में नवागत थाना प्रभारी विपुल शुक्ला के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बड़ा प्रदर्शन करते हुए कड़ा धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी विपुल शुक्ला पर एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने दोहपर लगभग 2 बजे के आसपास में एक अकेली महिला के घर में घुसकर उसके साथ बदसलूकी की है।
इस घटना ने पूरे इलाके में तहलका मचा दिया है और लोगों में गुस्सा फैल गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में एक जनसमूह थाना परिसर के सामने जमा हुआ और नारेबाजी करते हुए न्याय की मांग करने लगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एक पुलिस अधिकारी द्वारा इस तरह की कथित हरकत पूरी प्रशासनिक व्यवस्था पर एक सवालिया निशान है। उन्होंने मांग की है कि तत्काल विपुल शुक्ला को निलंबित किया जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, इस घटना ने जनता और पुलिस के बीच तनाव पैदा कर दिया है। स्थानीय नागरिक इस मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी अधिकारी को सजा दिलाने की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। देखना यह है कि इस गंभीर आरोप पर प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और जनता को न्याय मिल पाता है या नहीं।
*नगर परिषद के भेदभाव के खिलाफ पार्षदों का विरोध कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन*
अनूपपुर जिले के नगर परिषद जैतहरी के वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद राजकिशोर राठौर ने पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह एवं अन्य नागरिकों के साथ मिलकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा, जिसमें नगर परिषद प्रशासन पर भेदभावपूर्ण व्यवहार और मनमानी कार्यशैली के आरोप लगाए गए हैं।
पार्षद राठौर ने आरोप लगाया कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी जैतहरी द्वारा विपक्षी पार्षदों के आवेदनों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है। हाल ही में वार्ड क्रमांक 13, 14 और 15 में स्वीकृत सीसी रोड निर्माण कार्य के भूमि पूजन कार्यक्रम में वार्ड 13 के पार्षद राजकिशोर राठौर और वार्ड 14 की पार्षद भूरी बाई भैना को सूचित तक नहीं किया गया, जिससे दोनों जनप्रतिनिधियों का सार्वजनिक रूप से अपमान हुआ।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वार्ड में चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्य को अतिक्रमण हटाए बिना प्रारंभ किया गया है, जिससे मार्ग का निर्माण अव्यवस्थित ढंग से हो रहा है। पार्षदों और वार्डवासियों द्वारा विरोध दर्ज करने पर नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा दहशत का माहौल बनाया जा रहा है तथा सफाई कर्मचारियों से पार्षद के साथ मारपीट करवाने की कोशिश की जा रही है।ज्ञापन के माध्यम से पार्षदों ने मांग की है कि नगर परिषद प्रशासन में व्याप्त भेदभाव को समाप्त किया जाए तथा वार्ड क्रमांक 13, 14 और 15 में अतिक्रमण मुक्त कराकर सुव्यवस्थित सीसी मार्ग निर्माण कराया जाए। साथ ही नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा बनाए जा रहे भय और दहशत के वातावरण को नियंत्रित करने की कार्यवाही की जाए।
