समाचार 01 फोटो 01

रक्सा-कोलमी क्रिकेट मैच में न्यू जोन पावर प्लांट की सौगात से गूंजा मैदान, कोलमी ने लहराया जीत का परचम

*गांवों की एकता और खेल भावना का ऐतिहासिक उत्सव*

अनूपपुर 

जिले के रक्सा ग्राम पंचायत खेल मैदान 17 सितम्बर 2025 को इतिहास का गवाह बना, जब रक्सा और कोलमी की टीमें आमने-सामने आईं। न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पावर प्लांट के सौजन्य से आयोजित इस भव्य क्रिकेट फाइनल में चारों ओर उत्सव का माहौल था। ढोल-नगाड़ों की थाप, तालियों की गड़गड़ाहट और झंडियों से सजा मैदान मानो किसी मेले की तरह चमक रहा था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने वाली रक्सा ने 88 रन बनाए, लेकिन आख़िरी ओवर के रोमांचक मुकाबले में कोलमी ने जीत का परचम लहराया। इस अवसर पर न्यू जोन के महाप्रबंधक ओमप्रकाश नैनीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा“खेलेगा इंडिया तभी बढ़ेगा इंडिया।”अनूपपुर जिले के रक्सा ग्राम पंचायत खेल मैदान में 17 सितम्बर 2025 का दिन खेल इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया जब रक्सा एवं कोलमी ग्राम पंचायतों के बीच फाइनल क्रिकेट मैच का आयोजन न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पॉवर प्लांट कंपनी के सौजन्य से किया गया। मंच पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और कंपनी अधिकारी मौजूद रहे, वहीं न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पॉवर प्लांट की ओर से सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सुधाकर पाण्डेय, वाइस प्रेसिडेंट सुशीलकांत मिश्रा, महाप्रबंधक ओमप्रकाश नैनीवाल, महाप्रबंधक रोहित पाटिल, सहायक महाप्रबंधक धीरज सिंह, सहायक प्रबंधक आकाश श्रीवास्तव, कार्यपालन अभियंता कपिल, मैनेजर राहुल मिश्रा और एबीपी  एस.के. मिश्रा सहित कई अधिकारी गरिमा के साथ उपस्थित रहे।

मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। विजेता टीम कोलमी गांव को चमचमाती ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए गए, वहीं उपविजेता रक्सा गांव को भी मेडल और सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक ओमप्रकाश नैनीवाल ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि रक्सा और कोलमी के युवाओं ने यह साबित कर दिया है कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और एकता का प्रतीक है। उन्होंने घोषणा की कि दोनों टीमों को क्रिकेट किट्स उपलब्ध कराई जाएंगी और स्कूलों में पढ़ने वाली बच्चियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए सहयोग मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी का मानना है"खेलेगा इंडिया तभी बढ़ेगा इंडिया" और इसी विचार से प्रेरित होकर न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ग्रामीण अंचल में खेल और शिक्षा को प्रोत्साहित करता रहेगा।

सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सुधाकर पाण्डेय ने कहा कि खेल समाज में भाईचारा और ऊर्जा का संचार करते हैं और कंपनी का उद्देश्य है कि हर गांव में खेल मैदान जीवंत हों। वाइस प्रेसिडेंट श्री सुशीलकांत मिश्रा ने भविष्य में और भी प्रतियोगिताओं की घोषणा की। महाप्रबंधक श्री रोहित पाटिल ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभा राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँच सकती है। सहायक महाप्रबंधक श्री धीरज सिंह, सहायक प्रबंधक श्री आकाश श्रीवास्तव, कार्यपालन अभियंता श्री कपिल और मैनेजर श्री राहुल मिश्रा ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

पूरा आयोजन न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पॉवर प्लांट कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता और ग्रामीण विकास के प्रति समर्पण का प्रतीक बना। मानसून सीजन में आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों—रक्सा-11, न्यू जोन पावर प्लांट, दैखल, छोहरी, धुरवासिन, कोलमी-11, धनकुटा और तीतरीपोडी ने हिस्सा लिया था और फाइनल में रक्सा और कोलमी की टीमें आमने-सामने आईं। कमेंट्री राजकुमार राठौर ने अपने चुटीले अंदाज़ में की और कार्यक्रम का संचालन सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सुधाकर पाण्डेय ने किया। इस ऐतिहासिक दिन को गांव के लोग लंबे समय तक याद रखेंगे। हर चेहरे पर मुस्कान, हर दिल में गर्व और हर आंखों में भविष्य की चमक दिखाई दी। सचमुच, यह केवल एक क्रिकेट मैच नहीं बल्कि गांवों की एकता, युवाओं का जोश और भारत के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बन गया।

समाचार 02 फ़ोटो 02

हाईकोर्ट ने भाजपा नेता अनिल गुप्ता को भूमि क्रय करने के मामले में जारी किया नोटिस

अनूपपुर

जिले के जैतहरी में एक भूमि के मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल गुप्ता व उनके पुत्री आकांक्षा गुप्ता को हाई कोर्ट ने नोटिस जारी करते हुए जबाब पेश करने को कहा है।

यह है पूरा मामला

तहसील जैतहरी के पटवारी हल्का गोवरी की भूमि खसरा क्र० 161/3 एवं 163/2 रकवा 1.618 हे० गैर हकदार भूमि को बुद्ध अहीर, मालती अहीर पिता भोगला अहीर द्वारा क्रेता अनिल गुप्ता रामकृपाल गुप्ता को बेईमानी पूर्वक विक्रय किये जाने से अमानत में खयानत की धारा पर अपराध पंजीबद्ध किये जाने की शिकायत की गई थी।

शिकायतकर्ता सेसंजीव चंदेल ने शिकायत पत्र में लेख किया कि तहसील जैतहरी के पटवारी हल्का गोबरी की भूमि खसरा क्र० 161/3 एवं 163/2 रकवा 1.618 हे० गैर हकदार भूमि को बुद्ध जहीर, मालती अहीर पिता भोगला अहीर को म०प्र० शासन द्वारा कृषि कार्य हेतु पट्टे पर दिया गया था जिसे कलेक्टर की अनुमति के बिना किसी अन्य व्यक्ति को विक्री नहीं किया जाना था किन्तु बुद्ध अहीर, मालती अहीर पिता भोगला अहीर निवासी बस्ती जैतहरी द्वारा बेईमानी एवं छल कपट से अनिल गुप्ता पिता रामकृपाल गुप्ता निवासी जैतहरी को बिक्री किया गया। क्रेता एवं विक्रेता द्वारा यह भली भांति जानते हुए की शासन से प्राप्त पट्टे की भूमि का क्रय विक्रय नहीं किया जा सकता इसके बावजूद भी क्रय विक्रय किया गया है जो की अपराध की श्रेणी में आता है।

क्रेता अनिल गुप्ता पिता रामकृपाल गुप्ता निवासी जैतहरी एवं बिक्रेता बुद्ध अहीर, मालती अहीर पिता भोगला अहीर निवासी बस्ती जैतहरी के विरुद्ध अमानत में खयानत की धारा 420,467,468,469,471, 120बी के तहत अपराध पंजीबद्ध किया जाए, जब शिकायत पर पुलिस ने कोई भी कार्यवाही नही की तब शिकायतकर्ता हाई कोर्ट में क्रिमिनल मामले के तहत सुनवाई के लिए आवेदन दिया।

समाचार 03 फ़ोटो 03

अध्यक्ष सीएमओ की मनमानी, तालाब की मेड़ तोड़कर बना रहे थे दुकान, हाई कोर्ट ने लगाई रोक

अनूपपुर

जिले के नगर परिषद जैतहरी अंतर्गत बस स्टैंड के सामने बने तालाब की मेड़ पर निर्माणाधीन दुकानों की शिकायत स्थानीय मानागंज जैतहरी निवासी अधिवक्ता विनय सिंह ने कलेक्टर से की थी, परंतु कार्रवाई न होने से अधिवक्ता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की जहां प्रारंभिक सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता जय शुक्ला ने पक्ष रखते हुए बताया कि खसरा नंबर-335 (एस) की जमीन राजस्व रिकॉर्ड में सरकारी के नाम पर दर्ज है। याचिका में आरोप है कि नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी भूपेन्द्र सिंह द्वारा तालाब की मेड़ को ध्वस्त कर के वहां पर 5 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। जनहित याचिका पर राज्य सरकार व अन्य को नोटिस जारी करते हुए चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा और जस्टिस विनय सराफ की डिवीजन बेंच ने अंतरिम आदेश देते हुए निर्माण पर रोक लगा दी है। मामले पर अगली सुनवाई अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में होगी।

*अध्यक्ष सीएमओ की मनमानी बनी मुसीबत*

जिले का नगर परिषद जैतहरी लगातार अनियमितता एवं अन्य कई प्रकार के स्वेच्छाचारी रवैया के लिए नागरिकों के मुसीबत के लिए सुमार हो चला है नागरिकों ने कई बार अध्यक्ष और सीएमओ के मनमानी कार्यों और कई तरह के अनियमितता को लेकर शिकायत करते आ रहे हैं। परंतु उनकी अड़ेबाजी और बड़बोलापन रुकने का नाम नहीं ले रहा है और उनके इस मनमाने कृत्य को रोकने के लिए वरिष्ठ नागरिकों अधिवक्ता एवं व्यवसाईयों को कोर्ट का सहारा लेना पड़ रहा है और इसी के कारण इनके ऊपर इस तरह की नैतिक कार्यवाही भी हो रही है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

जीएसटी का भुगतान करने वाला हार्डवेयर फर्म संचालक श्रमिक कार्ड का ले रहा आ अनुचित लाभ

*दस्तावेज छुपाकर कर रहा है गोलमाल*

अनूपपुर

जनपद पंचायत अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत दारसागर अंतर्गत गंभीरवाटोला में संचालित द्विवेदी हार्डवेयर फर्म संचालक (23CUAPD7317K1ZU) द्वारा विभिन्न ग्राम पंचायतों से निर्माण सामग्री सप्लाई के एवज में फर्म का बिल लगाकर लाखो की राशि का भुगतान प्राप्त किया गया है। द्विवेदी हार्डवेयर फर्म संचालक अशोक कुमार द्विवेदी द्वारा वर्ष 2023 जून में नियमित जीएसटी फर्म का पंजीयन जीएसटी विभाग से प्राप्त कर ग्राम पंचायतों में मैटेरियल सप्लायर का कार्य किया जा रहा है। उसके बावजूद अपने ही ग्राम पंचायत दारसागर में कर्मकार मंडल योजना के तहत श्रमिक कार्ड का लाभ लेते हुए शासकीय राशन दुकान से हर महीने सरकारी राशन प्राप्त कर रहा है।

*जीएसटीधारी बना कर्मकार मंडल श्रमिक कार्ड धारक*

जीएसटी पोर्टल के अनुसार दरसागर ग्राम पंचायत का एक नियमित जीएसटीधारी व्यक्ति जो शासन को जीएसटी का भुगतान करता है,वह सरकारी राशन दुकान से हर महीने श्रमिक कार्डधारी बनकर सरकारी राशन भी ले रहा है।जबकि श्रमिक कार्ड सरकार ने गरीब तबके के लोगों की आर्थिक मदद करने के लिए बनाया है, जिनके पास घर तो है लेकिन कोई स्थिर आय नहीं है।इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप किस राज्य या गांव से हैं।उसके बावजूद राज्य सरकार के राशन मित्र वेबसाईट्स पर दर्ज जीएसटीधारी अशोक कुमार द्विवेदी द्वारा सरकारी राशन दुकान से चार लोगों के हिस्से का राशन लिया जा रहा है।

*फर्म संचालक सरकारी निर्देशों की उड़ा रहा धज्जियां*

स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्मकार मंडल श्रमिक कार्डधारी,सरकारी राशन प्राप्तकर्ता,नियमित जीएसटीधारी फर्म संचालक अशोक कुमार द्विवेदी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ लेने के साथ ही ट्रैक्टर और चार पहिया वाहनों के मालिक भी बताए जा रहे है। जबकि शासन के निर्देशानुसार व्यावसायिक कर प्रदाता प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं ले सकते हैं,इस योजना के तहत कुछ ऐसे श्रेणियों को बाहर रखा गया है,क्योंकि जो कृषि से अपनी आय के अलावा अन्य स्रोतों से आय प्राप्त करते हैं,वे इसके लाभार्थी नहीं हो सकते हैं। 

*वास्तविक गरीबों का हक छीन रहे जिले के अपात्र*

गरीबों का हक मारने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए,अपात्रों के कार्ड रद्द कर जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।क्योंकि यह मामला सिर्फ राशन तक सीमित नहीं है बल्कि गरीबों के अधिकार,सामाजिक न्याय और प्रशासनिक पारदर्शिता से सीधा जुड़ा हुआ है।अगर सक्षम लोग ही गरीबों को मिलने वाला लाभ तथा थाली से निवाला छीन लेंगे तो सरकारी योजनाओं की पूरी मंशा पर प्रश्नचिह्न लग जाएगा।इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के सबसे कमजोर वर्ग तक लाभ और बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाना है,जो कि घोटालों और अनियमितताओं की वजह से सवालों के घेरे में है।

 *इनका कहना है*

हाँ उक्त फर्म के मालिक अशोक द्विवेदी ग्राम पंचायत दारसागर का है।लेकिन कर्मकार मंडल श्रमिक कार्ड जारी होने के विषय में मुझे कोई जानकारी नहीं है।

*हरिनाम सिंह, सचिव, ग्राम पंचायत दारसागर*

आपके द्वारा जो भी जानकारी प्रदान की गई है, मैं उसे दिखवाता हूँ।जांच के दौरान उचित कार्यवाही की जाएगी।

 *रवि ग्वाल सीईओ जनपद पंचायत अनूपपुर*

समाचार 05 फ़ोटो 05

ग्राम पंचायत बगैहा टोला में नाली निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

अनूपपुर

कोतमा जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बगैहा टोला में नाली निर्माण कार्य को लेकर भ्रष्टाचार और गुणवत्ताविहीन कार्य के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामवासियों का कहना है कि दिनांक अक्टूबर, 2024 में लगभग 6 लाख की स्वीकृत राशि से किए जाने वाले इस नाली निर्माण कार्य में कम सीमेंट और घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है।

निर्माण कार्य में गुणवत्ता की  अनियमितताएं को लेकर ग्रामवासियों की शिकायत है कि पंचायत एजेंसी द्वारा हाल ही में कराया गया बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य भी इतना घटिया स्तर का है कि निर्माण के तुरंत बाद ही दीवारों में दरारें आना शुरू हो गई हैं। यह स्थिति इस ओर इशारा करती है कि निर्माण कार्यों में उचित गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है पंचायत की जो भी निर्माण कार्य कराई है सब भ्रष्टाचार से ग्रस्त और गुणवत्ताविहीन कराया गया है तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार, दीवारों में दरारें आने के प्रमुख कारणों में निम्न-गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग, अनुचित मिश्रण अनुपात, और जल्दबाजी में किया गया इस तरह गुणवत्ता विहीन कार्य होते रहेंगे और नतीजा ग्राम वासियों को भोगना पड़ता है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

युवक का तालाब में मिला शव, एक दिन पहले से लापता था सचिव पुत्र, मानसिक स्थिति नही थी ठीक

शहडोल

ब्यौहारी थाना क्षेत्र के तेंदुआड गांव के सचिव पुत्र का शव गांव के तालाब में मिला। किशोर एक दिन पहले घर से लापता हुआ था। उसकी तलाश परिजन कर रहे थे। परेशान होकर परिजन पुलिस के पास भी पहुंचे थे और मामले की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामले पर अपहरण का मामला दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू की तभी शुक्रवार देर रात घर के समीप स्थित एक तालाब में किशोर का शव पानी में उतरता मिला।

पुलिस ने बताया कि ईशू पटेल पिता रामकिशोर पटेल (16) निवासी ग्राम तेन्दुआड़ थाना ब्यौहारी का रहने वाला था। पिता इसी पंचायत के सचिव है। गुरुवार सुबह किशोर घर से अचानक लापता हो गया, परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया। परेशान परिजन पुलिस के पास पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने बताया कि नाबालिग लापता था जिस पर परिजनों की शिकायत पर मामले पर अपहरण का मामला दर्ज कर हमने पड़ताल शुरू की। पुलिस के साथ परिजन लापता ईशू की तलाश कर रहे थे। तभी शुक्रवार रात तालब की ओर एक गांव का व्यक्ति शौच करने गया, तो उसने देखा कि तालाब में एक शव पानी में उतरा रहा है। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया गया। शव की पहचान करवाई गई तो वह सचिव पुत्र ईशु के रूप में हुई, जो घर से एक दिन पहले ही लापता हुआ था।

परिजनों के अनुसार किशोर की मानसिक स्थिति सही नहीं थी और उसे पिता गुरुवार को रीवा उपचार के लिए ले जा रहे थे। उसके पहले ही वह घर से निकल गया और लापता था। दूसरे दिन उसका शव पानी में उतराता मिला है। पुलिस के अनुसार किशोर तालाब के किनारे गया होगा और पानी में डूब कर उसकी मौत हुई होगी। हालांकि पुलिस ने मामले पर मर्ग कायम कर शनिवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए शव अस्पताल लाया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस कुछ स्पष्ट कह सकेगी।

समाचार 07 फ़ोटो 07

बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में हुई मौत, साथ में चल रही दूसरी बाइक से हुई टक्कर

शहडोल

जिले के पपौंध थाना क्षेत्र के आंबेडकर तिराहे के पास शुक्रवार रात सड़क हादसे में घायल बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया था, जहां बाइक सवार युवक ने दम तोड़ दिया है।

पुलिस ने बताया कि रंजीत बसोंर पिता मुन्ना (20) वर्ष की इस घटना में मौत हुई है। पुलिस के अनुसार रंजीत बाइक से अपने घर जा रहा था। तभी बगल में चल रही एक मोटरसाइकिल ने उसे ठोकर मार दी। जिससे रंजीत की बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार रंजीत गंभीर रूप से घायल हुआ। स्थानीय लोगों ने घटना को देखकर पुलिस को मामले की खबर दी।

जानकारी के बाद पुलिस की डायल 112 मौके पर पहुंची और घायल बाइक सवार रंजीत को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां कुछ देर चले इलाज के बाद युवक की मौत हो गई है। घटना के बाद युवक की पहचान की गई। पुलिस ने उसके परिजनों को भी मामले की खबर दी। परिजन भी अस्पताल पहुंचे थे, जहां अस्पताल में परिजनों के साथ गांव के लोग इकट्ठा हो गए थे। युवक की मौत के बाद गांव में मातम पसरा है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार दोनों बाइक आजू-बाजू चल रही थीं और दोनों की रफ्तार तेज थी।

थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले पर मर्ग कायम किया गया है और शनिवार सुबह अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई जा रही है। उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम किया है। बगल में चल रही बाइक जिसने ठोकर मारी है, उसका पता पुलिस लग रही है। मामले में अपराध दर्ज किया जाएगा।

समाचार 08 फ़ोटो 08

पुलिस ने 1 क्विंटल गांजा के साथ दो आरोपी को किया गिरफ्तार, एक फरार

शहडोल

जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र के धुरुवार टोल प्लाजा पर भोपाल एनसीबी और सोहागपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उड़ीसा से छतरपुर भेजी जा रही 1 क्विंटल 26 किलो गांजे की खेप ट्रैक्टर-ट्राली से ज़ब्त की। गांजे को ट्राली के बेस के नीचे बॉक्स बनाकर छुपाया गया था, लेकिन एनसीबी और पुलिस की सटीक कार्रवाई के चलते यह योजना फेल हो गई। मौके पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें मूलचंद पाल बांदा और कालू खंगार छतरपुर के नाम शामिल हैं। जबकि ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 16 एडी 3402 का मालिक धर्मेंद्र पाल मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गांजा सोनपुर, उड़ीसा से लाया गया था और छतरपुर भेजा जा रहा था।

एनसीबी भोपाल ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी बता रहे हैं कि यह कार्रवाई न केवल बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी को रोकने में सफलता है, बल्कि यह क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध आवाजाही पर नकेल कसने की दिशा में एक अहम कदम भी है। सोहागपुर पुलिस और एनसीबी टीम की सतर्कता से यह गुप्त खेप पकड़ी गई, जिससे जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत संदेश गया है।

समाचार 09 फ़ोटो 09

गश्त के दौरान टाइगर रिजर्व में मृत मादा बाघ शावक का मिला शव

उमरिया

क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व ने बताया कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर परिक्षेत्र में बीट ( आर एफ 404) में गश्त के दौरान एक मृत बाघ शावक (मादा) की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही विभागीय अमले द्वारा तत्काल स्थल पर पहुँचकर मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत आवश्यक कार्यवाही प्रारम्भ की गई है। मृत्यु का कारण संभावित आपसी संघर्ष बताया जा रहा है।

घटना की जानकारी प्राप्त होते ही उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया तथा वन्यप्राणी अपराध नियंत्रण ब्यूरो एवं राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण एन टी सी ए के निर्देशानुसार प्रक्रियाएँ पूर्ण की गईं।

मृत बाघ शावक का पंचनामा तैयार कर स्थल संरक्षण किया गया। डॉग स्वायड से शव तथा स्थल की जांच कराई गई। मेटल डिटेक्टर से शव की जांच की गई। सक्षम वन्य चिकित्सक की उपस्थिति में विस्तृत पोस्टमॉर्टम परीक्षण किया गया। नमूना संकलन विधिवत किया गया, जिसे परीक्षण हेतु अधिकृत प्रयोगशाला प्रेषित किया जाएगा। शव दाह की कार्यवाही की जाएगी।


Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget