समाचार 01 फ़ोटो 01
संदिग्ध अवस्था में युवक का मिला शव, मौत का कारण अज्ञात, जांच में जुटी पुलिस
अनूपपुर
कोतमा नगर के व्यस्ततम बस स्टैंड मार्ग पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और नगर पालिका की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
मृतक की पहचान अशोक चौहान (35 वर्ष), पिता भारत चौहान, निवासी जमुना कॉलोनी वार्ड क्रमांक-6, कोतमा के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
घटना नगर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में से एक बस स्टैंड मार्ग पर हुई, जिसके चलते आसपास के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल देखा गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
समाचार 02 फोटो 02
ट्रक ने गोवंशों को कुचला, पांच की हुई मौत, वाहन चालक ट्रेलर छोड़कर हुआ फरार
शहडोल
सोहागपुर थाना क्षेत्र के भारत पेट्रोल पंप के सामने बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पर बैठे पांच गौवंशों को कुचल दिया। हादसे में सभी गौवंशों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो मवेशी ट्रेलर के पहियों के नीचे फंस गए, जिससे चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
ट्रेलर बुढार से शहडोल की ओर जा रहा था। हादसे के बाद वाहन घटनास्थल पर ही खड़ा रह गया, जबकि उसके आगे और पीछे पांच मवेशियों के शव पड़े रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के कई घंटे बाद तक न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही यातायात विभाग की टीम ने वाहन हटाने या यातायात सामान्य कराने की कोई कार्रवाई की।
ग्रामीणों का कहना है कि भारत पेट्रोल पंप के सामने अक्सर भारी वाहनों की कतार लगी रहती है। दूसरी ओर सड़क पर गौवंशों का बैठना आम बात है। ऐसे में यह स्थान लगातार हादसों का कारण बन रहा है। लोगों का आरोप है कि पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे दिन-रात खड़े रहने वाले वाहनों को हटाने के लिए यातायात विभाग ने आज तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
समाचार 03 फोटो 03
आंगनबाड़ी केन्द्र का ताला तोड़कर चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, चोरी किया बर्तन, ताला तोड़ने के औजार जप्त
अनूपपुर
कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र का रात्रि में ताला तोड़कर चोरी करने वाले 03 आरोपियो को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
आंगनबाड़ी केन्द्र भरियाटोला सकरा की कार्यकर्ता मंती बैगा पिता मुन्ना बैगा उम्र 31 वर्ष निवासी पटेल मोहल्ला सकरा थाना कोतवाली अनूपपुर ने 25-27 जुलाई 2026 के बीच की रात्रि में आंगनबाड़ी केन्द्र में लगे शासकीय एल.ई.डी. टी.वी. एल.जी. कंपनी की, पानी के लिए लगाये गये शासकीय आरो तथा बर्तन व वजन करने की मशीन को कोई अज्ञात चोर चोरी कर के ले गया है। रिपोर्ट करने पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 454/26 धारा 331(4), 305(e) बी.एन.एस. का पंजीबद्ध कर विवेचना किया गया। विवेचना दौरान संदेहियो की तलास पतारसी की गई विश्वसनीय मुखबिरो की सूचना पर थाना प्रभारी कोतवाली पुलिस की टीम के द्वारा आरोपी गोलू उर्फ आकाश बैगा पिता बसन्त बैगा उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम पटनाकला थाना चचाई जिला अनूपपुर, अजय बैगा पिता समयलाल बैगा उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम पटनाकला थाना चचाई जिला अनूपपुर, दद्दा बैगा पिता गंगा बैगा उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम पटनाकला थाना चचाई जिला अनूपपुर को गिरफ्तार कर आरोपीगणो से चोरी गया 02 नग स्टील की थाली, 02 चम्मच, 01 स्टील का डिब्बा तथा घटना में ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की राड व घटना में प्रयुक्त दो मोटर सायकल MP 18 ZE 6489, MP 18वZC 8848 को जप्त किया गया है। पूछताछ पर आरोपीगणो द्वारा बताया गया कि अपने अन्य साथी सानू बैगा, विकाश उर्फ विक्कू बैगा व मिथुन चौधरी के साथ मिलकर दो मोटर सायकलो से आंगनबाड़ी केन्द्र सकरा पहुंचकर लोहे की राड से आंगनबाड़ी केन्द्र का ताला तोड़कर टी.वी. आरो, वजन करने की मशीन व बर्तन चोरी करना बताये तथा टी.वी., आरो व वजन करने की मशीन फरार हमारे सहआरोपियो के पास होना बताये। प्रकरण के अन्य आरोपियो सानू बैगा, विकाश उर्फ विक्कू बैगा व मिथुन चौधरी की तलाश की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियो को गिरफ्तार कर बाकी चोरी का सामान बरामद किये जावेंगें।
समाचार 04 फ़ोटो 04
डिजनीलैंड मेले में सुरक्षा पर सवाल, झूला हादसे, पार्किंग से साइकिल चोरी व सुविधाओं के अभाव को लेकर उठे सवाल
अनूपपुर
कोतमा नगर के वार्ड क्रमांक-7 में संचालित डिजनीलैंड मेले की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और परिवार मेले में पहुंच रहे हैं, लेकिन स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। हाल के दिनों में झूला हादसे और पार्किंग से साइकिल चोरी जैसी घटनाओं के बाद लोगों में चिंता और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मेले में प्रवेश करने वाले वाहनों की सुरक्षा के लिए कोई प्रभावी पार्किंग व्यवस्था नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले पार्किंग क्षेत्र से एक साइकिल चोरी हो गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
लोगों का कहना है कि मेले में लगे यांत्रिक झूलों की नियमित जांच और तकनीकी परीक्षण आवश्यक है। आरोप है कि दो दिन पूर्व झूला टूटने से जमुना कॉलरी निवासी एक परिवार के सदस्य घायल हो गए थे। घटना के बाद मेला प्रबंधन और प्रभावित परिवार के बीच विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई। हालांकि, इस घटना को लेकर संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जांच रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है।
प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 20 रुपये शुल्क लिया जा रहा है, जबकि टिकट पर शासकीय अनुमति अथवा कर संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित नहीं है। मेले में कई स्थानों पर खुले बिजली के तार दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा फायर सेफ्टी, प्राथमिक उपचार केंद्र, आपातकालीन निकास द्वार, सुरक्षित पार्किंग और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं की भी कमी महसूस की जा रही है।
इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोतमा टी. आर. नाग ने कहा कि उन्हें मेले में अव्यवस्थाओं की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को मामले की जांच के निर्देश दिए जाएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
समाचार 05 फ़ोटो 05
संकल्प महाविद्यालय ने मनाया 10वां स्थापना दिवस, संघर्ष, समर्पण व उत्कृष्ट शिक्षा के 9 वर्षों का गौरवशाली सफर
अनूपपुर
संकल्प ग्रुप ऑफ कॉलेज ने अपने 9 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण कर 10वां स्थापना दिवस उत्साह, गरिमा और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम सहित अनेक गणमान्य अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि जगन्नाथ मरकाम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि "शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है।" उन्होंने युवाओं से अनुशासन, मेहनत, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारियों को अपनाने का आह्वान किया।
संकल्प ग्रुप ऑफ कॉलेज के डायरेक्टर अंकित शुक्ला ने संस्था की यात्रा साझा करते हुए कहा कि संकल्प की शुरुआत सीमित संसाधनों और एक छोटे से कार्यालय से हुई थी। आज संस्था 9 वर्षों की सफल यात्रा पूरी कर अपने 10वें स्थापना वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और एक हजार से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारपरक एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान कर रही है। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के दौरान संस्था की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया तथा शिक्षा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने के संकल्प को दोहराया गया।
इस अवसर पर डायरेक्टर अंकित शुक्ला ने अपने जन्मदिन को सामाजिक सेवा के रूप में मनाते हुए विकलांग छात्रावास, ममता बाल गृह एवं वृद्धाश्रम में पहुंचकर जरूरतमंदों के बीच आवश्यक सामग्री एवं उपहार वितरित किए।
समाचार 06 फ़ोटो 06
विकसित भारत @2047, आयुष्म्मान भारत/ वीबी- जी राम जी व अन्य योजनाओं की जानकारी का वार्तालाप कार्यक्रम संपन्न
*पीआईबी भोपाल द्वारा किया आयोजन*
अनूपपुर
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), भोपाल द्वारा अनूपपुर में वार्तालाप कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम "विकसित भारत@2047" ग्रामीण जन , आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) सहित केन्द्र सरकार की अन्य महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं पर केन्द्रित रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी आमजन एवं मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने बताया कि वीबी- जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण विकास ढांचे को विकसित भारत @2047 की राष्ट्रीय दृष्टि के अनुरूप बनाने और ग्रामीण परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों की उन्नत वैधानिक मजदूरी-रोजगार गारंटी प्रदान किए जाने का प्रावधान है|
कार्यक्रम के दौरान पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने अपने स्वागत उद्बोधन में विभागीय गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। केन्द्रीय विद्यालय के प्राचार्य देवेन्द्र कुमार तिवारी ने नई शिक्षा नितिऔर नीट यूजीसी जैसी परीक्षाओंको सुगमता से संपन्न कराने हेतु कानून में किये गए प्रावधानों की मीडियाकर्मियों को विस्तार से जानकारी दी।
नगर परिषद् अध्यक्ष सुनील चौरसिया ने आयुष्मान भारत योजना के महत्व को प्रतिपादित करते हुए मीडियाकर्मियों से आग्रह किया की आयुष्मान भारत योजना की जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं का निवारण आम जनता की जागरूकता से किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में प्रसार भारती पीटीसी अजीत कुमार मिश्रा ने सभी मीडिया कर्मियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
समाचार 07 फ़ोटो 07
घायल एएसआई को समय रहते अस्पताल पहुँचाकर पेश की सेवा और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल
उमरिया
जिले के पाली स्टेशन रोड पर देखने को मिला, जहाँ एक सीआईएसएफ के सहायक उप निरीक्षक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े मिले। जवान के चेहरे, सिर एवं हाथ में गंभीर चोटें थीं तथा सिर से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। घायल जवान की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी और तत्काल चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता थी। इसी दौरान वहाँ से गुजर रहे युवा टीम उमरिया के संस्थापक एवं समाजसेवी हिमांशु तिवारी की नजर घायल जवान पर पड़ी। उन्होंने बिना किसी देर और औपचारिकता का इंतजार किए तुरंत स्थिति को समझा और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए ऑटो की व्यवस्था कर घायल जवान को तत्काल शासकीय अस्पताल, पाली पहुँचाया।
अस्पताल पहुँचने के बाद उन्होंने चिकित्सकों से तत्काल उपचार शुरू कराने का आग्रह किया, जिससे घायल जवान को समय रहते प्राथमिक चिकित्सा मिल सकी।इसके साथ ही हिमांशु तिवारी ने घटना की सूचना तत्काल पाली थाना पुलिस को दी, ताकि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया एवं सुरक्षा संबंधी कार्रवाई समय पर की जा सके। उन्होंने घायल जवान के परिजनों से भी संपर्क स्थापित कर उन्हें घटना की पूरी जानकारी दी, जिससे वे शीघ्र अस्पताल पहुँच सके।चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुँचने के कारण घायल जवान का उपचार तुरंत प्रारंभ हो सका, जिससे उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता मिल गई। यदि सहायता मिलने में और विलंब होता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
इस मानवीय कार्य की स्थानीय नागरिकों ने सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में जब कई लोग दुर्घटना या घायल व्यक्ति को देखकर भी आगे बढ़ जाते हैं, ऐसे में हिमांशु तिवारी द्वारा दिखाई गई तत्परता, संवेदनशीलता और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
खेत से लौटते किसान की संदिग्ध मौत, नदी में औंधे मुंह मिला शव, जांच जारी
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र में खेत से घर लौट रहे एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में नदी में मौत हो गई। नदी में किसान का शव औंधे मुंह पड़ा मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।
छीरहा गांव स्थित झापर नदी की है। मृतक की पहचान रामशुशील यादव (45) पुत्र राम रहित यादव निवासी छीरहा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक किसान का खेत नदी के एक ओर है, जबकि घर दूसरी ओर स्थित है। वह खेत में धान की रोपाई का काम कराने के बाद घर लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के लिए रामशुशील यादव झापर नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक नदी में औंधे मुंह गिर पड़े। आशंका है कि गिरने के बाद वह बाहर नहीं निकल सके, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। देर शाम तक किसान के घर नहीं पहुंचने पर परिजन उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान परिजनों ने नदी में उनका शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
समाचार 09
विद्यालय में सृजन संवाद कार्यक्रम संपन्न
उमरिया
पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरिया में सृजन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा एवं नागरिक दायित्वों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए यातायात सुरक्षा, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, साइबर सुरक्षा तथा जागरूक नागरिक की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।साइबर सेल प्रभारी ने साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय एवं डिजिटल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।