श्री गोपाल कृष्ण मंदिर का 39वां स्थापना दिवस धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया


देवघर

स्थानीय कास्टर टाउन स्थित श्री गोपाल कृष्ण मंदिर का 39वां स्थापना दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। 

इस अवसर पर श्री गोपाल कृष्ण मंदिर का फूलों व पुष्पों से भव्य आकर्षक श्रृंगार किया गया। साथ ही, रंग-बिरंगे लाइटों व पुष्पो से पूरे मंदिर परिसर को सजाया गया। 

इस अवसर पर गायकों द्वारा भक्तिमय भजनों की अनुपम व रोचक प्रस्तुति की गई। इस भक्तिमय प्रस्तुति से महिला-पुरुष  भक्तगण व आगंतुक भक्ति में मग्न हो उठे। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।।

आयोजन में उपमहापौर टीप चटर्जी, तारा चंद जैन, प्रदीप बाजला, राष्ट्रीय हिन्दू परिषद (भारत) के जिला अध्यक्ष प्रभाष गुप्ता, श्याम कीर्तन मंडल के अध्यक्ष संजय बंका (गुडु बंका) एवं अन्य अनेकों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 

इस अवसर पर  पुरोहितों द्वारा विधिवत पूजा-भोग व आरती की गई। आयोजन में अभिषेक तुलस्यान एवं ज्योत्सना तुलस्यान की सक्रिय व सराहनीय भूमिका रही, जिनके अथक व सक्रिय प्रयास से आयोजन का सफलतापूर्वक संचालन हुआ। आयोजन में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।

लाठी चार्ज पर सरकार के खिलाफअधिवक्ताओं ने खोला मोर्चा, न्यायालय के सामने किया प्रदर्शन


अनूपपुर

जिले में नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस एवं वामदलों से जुड़े अधिवक्ताओं ने जिला एवं सत्र न्यायालय के मुख्य द्वार पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान, लोकतंत्र तथा नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के समर्थन में नारे लगाए।

प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि छात्रों का शांतिपूर्ण विरोध लोकतांत्रिक व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा है और ऐसे आंदोलनों पर बल प्रयोग किसी भी लोकतांत्रिक समाज के लिए चिंताजनक है। उनका कहना था कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है, जिसके विरोध में देशभर में विभिन्न छात्र संगठन और सामाजिक समूह शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं।

अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज में कई छात्र घायल हुए, जिसकी उन्होंने कड़ी निंदा की।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि छात्रों पर बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा संविधान प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का पूर्ण सम्मान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

प्रदर्शन में जिले के बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया। उपस्थित अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता समाज हमेशा से राष्ट्रीय और जनहित के मुद्दों पर अपनी जिम्मेदारी निभाता रहा है तथा भविष्य में भी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।

नगरपालिका ने चलाया अतिक्रमण विरोधी अभियान, कई दुकानों को हटाया, 8 दुकानों पर 2400 का जुर्माना


अनूपपुर 

जिला मुख्यालय में नगरपालिका ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे संचालित दुकानों को हटाया गया और पुरानी सब्जी मंडी में अवैध मछली बाजार के चबूतरे को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

दोपहर में नगरपालिका अमला कोतवाली पुलिस के साथ मुख्य बाजार क्षेत्र पहुंचा। यहां जेसीबी की मदद से मुख्य सड़क किनारे पन्नी डालकर या अस्थाई व्यवस्था कर दुकान चलाने वालों की दुकानें हटाई गईं। कार्रवाई के दौरान स्थानीय भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

नपा अनूपपुर के राजस्व निरीक्षक गौरव सिंह बघेल और अतिक्रमण प्रभारी अखिलेश सिंह चौहान ने बताया कि यह कार्रवाई कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देश पर की जा रही है। कलेक्टर को पुरानी सब्जी मंडी में बंद किए गए मछली बाजार के अवैध संचालन और सड़कों तक पसरी दुकानों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पुरानी सब्जी मंडी के साथ-साथ कोतवाली तिराहा से बस स्टैंड, आदर्श मार्ग और कोतवाली तिराहा से स्टेशन मार्ग पर भी अतिक्रमण हटाया गया। शाम 5 बजे तक 8 दुकानों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 2400 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि शहरी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई अलग-अलग दिनों में जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अतिक्रमण हटाए जाएं ताकि नागरिकों को असुविधा न हो। खासकर सामतपुर तिराहा से कोतवाली और कोतवाली तिराहा से स्टेशन मुख्य मार्ग पर सड़कों तक पसरी दुकानें नहीं दिखनी चाहिए। दुकानदारों को इस संबंध में सख्त हिदायत दी गई है। नगरपालिका अमला देर शाम तक कार्रवाई जारी रखे हुए था। इस कार्रवाई से नगरवासियों को सड़कों पर लगने वाले अतिक्रमण से थोड़ी राहत मिली है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget