समाचार 01 फ़ोटो 01
जानलेवा हमला करने व लूट के आरोपी शिक्षक को जनजातीय कार्य विभाग ने किया निलंबित
अनूपपुर
जिले के थाना राजेन्द्रग्राम के अंतर्गत ग्राम पटनाकला में बीते 25 जून को भगवती मानव कल्याण संगठन के कार में सवार युवकों पर जानलेवा हमला कर नकदी व मोबाइल लूटने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया था। अमित कुमार यादव 28 वर्ष, निवासी ग्राम कोड़ा कृष्णा कोल 32 वर्ष, निवासी ग्राम जमुड़ी अपनी चार पहिया वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी शिक्षक विष्णु पनाडिया, सेमू पनाडिया, विष्णु की पत्नी, एक अन्य महिला, एक अज्ञात पुरुष और बल्लू बकरा ने राजेंद्रग्राम से ही उनका पीछा करना शुरू किया। ग्राम पटनाकला के पास आरोपियों ने अपनी कार को पीड़ितों की कार (क्रमांक MP 65 ZB 3194) के आगे अड़ाकर रास्ता रोक लिया।
कार रुकते ही आरोपियों ने अमित कुमार यादव पर टाई लीवर रॉड से सिर पर तीन-चार बार ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे उनका सिर फट गया और अत्यधिक खून बहने लगा। इसके बाद आरोपियों ने दूसरे युवक कृष्णा कोल पर तलवार और रॉड की बेंत से पीठ पर गंभीर हमला किया। आरोपियों ने पीड़ितों की कार में तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपी जाते-जाते 10,000 रुपये नकद और वीवो वाई-2100 मोबाइल लूट ले गए।
प्राचार्य, शा.उत्कृष्ट उ.मा.वि. लखौरा के पत्र क्रमांक/स्था/2026/633 लखौरा ने अवगत कराया गया है कि विष्णू प्रसाद पनाडिया प्राथमिक शिक्षक, शा.मा.वि. धरहरखुर्द संकुल केन्द्र शा.उ.उ.मा.वि. लखौरा जिला अनूपपुर के विरूद्ध अपराध क्रमांक 153/26 धारा 296, (b), 115(2), 351(3), 324(1), 309(3), 126 (2) बीएनएस दर्ज होने के कारण गिरफतार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। शिक्षक को 48 घंटे से अधिक समय तक न्यायिक अभिरक्षा में रखा गया। म०प्र० सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण, तथा अपील) नियम 1966 के नियम 09 के तहत श्री विष्णू प्रसाद पनाडिया प्राथमिक शिक्षक, शा.मा.वि. धरहरखुर्द को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है, तथा कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी जैतहरी मुख्यालय नियत किया जाता है। निलंबन अवधि में इन्हे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
समाचार 02 फ़ोटो 02
17 दिन बाद तीन हाथियों ने भोलगढ़ छोड़कर पहुँचे बगतबाँध, फसलो को किया चौपट, घरों को बनाया निशाना
अनूपपुर
तीन हाथियों का समूह जो एक माह पूर्व एक बार फिर से छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा को पार कर अनूपपुर जिले में प्रवेश कर जैतहरी से अनूपपुर के इलाके में विचरण करते हुए, विगत 17 दिनों से निरंतर जिला मुख्यालय अनूपपुर से 7 किलोमीटर दूरी स्थित ग्राम पंचायत बरबसपुर के ग्राम एवं वन बीट भोलगढ़ के वन तालाब एवं कुरियारी जंगल में ठहरे हुए हैं। मंगलवार की देर रात भोलगढ के सोन टोला से सोन नदी पार कर बुधवार की सुबह भगतबांध के जंगल में पहुंचकर विश्राम कर रहे हैं। यह तीनों हाथी 17 दिनों तक भोलगढ के जंगल में दिन एवं रात के समय ठहरकर विचरण कर जंगल के अंदर लगे पेड़ो को तोड़कर खाते रहे। वहीं कटनी-गुमला राष्ट्रीय राज्यमार्ग के वन विभाग,यातायात एवं कोतवाली पुलिस द्वारा आवागमन को सुचारू रखने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी। बीच-बीच में तीनों हाथी शाम एवं रात होते ही राष्ट्रीय राज्यमार्ग के पोड़ी के सांधा तिराहा से भोलगढ़ के पिंजरहा धार के मध्य अनेकों स्थानों से अचानक मुख्य मार्ग पर आ कर पार कर गांव की ओर आहार की तलाश में जाते रहे हैं। हाथियों द्वारा पोंड़ी,मानपुर,बरबसपुर एवं खांड़ा एवं भोलगढ गांव के टोला/मोहल्ला जो जंगल से लगे एवं बीच गांव में देर रात अचानक पहुंचकर कई ग्रामीणो के घरों में तोड़फोड़ कर घर के अंदर रखें खेत एवं बाडियों में लगे विभिन्न तरह के अनाजों एवं फसलों को आहार बनाया है। हाथियों द्वारा भोलगढ़ के बस स्टैंड में स्थापित हैंडपंप के हैंडल को टेढ़ा कर दिया वहीं एक रात वन चौकी भोलगढ़ की कंटीले फिंसिग वायर आरसीसी पोल की बाउंड्री तोड़ते हुए खिड़की को उखाड़ने की कोशिश की रही है।
हाथियों को गांव से बाहर किए जाने हेतु ग्रामीणों द्वारा निरंतर प्रयास किया जा रहे थे हाथियों के निरंतर किए जा रहे नुकसान से ग्रामीण परेशान होकर जिला प्रशासन,वन विभाग एवं जिले के जनप्रतिनिधियों तथा सीएम हेल्पलाइन तक में शिकायत कर हाथियों से मुक्ति दिलाने जाने,संपत्तियों के नुकसान पर सहायता राशि दिलाये जाने की मांग करते हुए आंदोलन करने तक को तैयार रहे हैं। हाथियों द्वारा अनेकोन वार ग्रामीणों एवं गस्ती दल के कर्मचारियों को खदेड़ा।
समाचार 03 फ़ोटो 03
सड़क मार्ग की जर्जर स्थिति पर सांसद प्रतिनिधि ने उठाई आवाज, एसईसीएल प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन
अनूपपुर
नगर परिषद बनगवां (राजनगर) के सांसद प्रतिनिधि मनोज सिंह ने राजनगर 5-6 इंकलाइन से झिरियाटोला राष्ट्रीय राजमार्ग-43 तक जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत, चौड़ीकरण एवं साइड शोल्डर भरवाने की मांग को लेकर एसईसीएल हसदेव क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि एसईसीएल द्वारा वर्षों पूर्व निर्मित यह सड़क वर्तमान में मरम्मत के अभाव में अत्यंत खराब हो चुकी है। सड़क के दोनों ओर बने साइड शोल्डर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है तथा आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मनोज सिंह ने कहा कि यह मार्ग बनगवां (राजनगर) को राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी सड़क से छत्तीसगढ़ राज्य सहित आसपास के अनेक गांवों और क्षेत्रों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की शीघ्र मरम्मत, आवश्यकतानुसार चौड़ीकरण तथा साइड शोल्डर का निर्माण कराया जाना जनहित में अत्यंत आवश्यक है।
ज्ञापन में एसईसीएल प्रबंधन से मांग की गई है कि आमजन की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए सड़क की शीघ्र मरम्मत एवं चौड़ीकरण का कार्य कराया जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। ज्ञापन की प्रतिलिपि आवश्यक कार्यवाही एवं सूचनार्थ शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद तथा कलेक्टर, जिला अनूपपुर को भी प्रेषित की गई।
समाचार 04 फ़ोटो 04
कांग्रेस ने पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, बेरोजगारी व शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों के खिलाफ खोला मोर्चा
अनूपपुर
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी "छात्रों की गूंज" अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा धनश्री पैलेस में छात्र संवाद कार्यक्रम एवं जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एआईसीसी द्वारा नियुक्त अभियान समन्वयक प्रतिभा रघुवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर के अध्यक्ष श्याम कुमार (गुड्डू) चौहान ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल देशभर के छात्रों और युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, बेरोजगारी तथा शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
कांग्रेस कार्यालय अनूपपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संसद मार्च भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का महत्वपूर्ण क्षण था, जहां देशभर से पहुंचे छात्र-युवा अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा लेकर दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि संवाद के स्थान पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, अनेक छात्र घायल हुए तथा छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आईं।
राहुल गांधी कांग्रेस सांसदों के साथ छात्रों की मांगों को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन उन्हें एवं अन्य विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया गया। कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों एवं शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार पर हमला बताया।
समाचार 05 फ़ोटो 05
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत युवा टीम ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण व हरित भविष्य का संकल्प
उमरिया
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत युवा टीम उमरिया द्वारा शासकीय विद्यालय बन्नौदा के परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसडीओपी शिवचरण बोहित ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि एक पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए सबसे अनमोल उपहार है।
विद्यालय के प्राचार्य मैथिली शरण पांडेय ने विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि पेड़ हमें शुद्ध वायु, छाया, वर्षा और जीवन के लिए आवश्यक प्राकृतिक संसाधन प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
टीम संयोजक हिमांशु तिवारी ने बताया कि युवा टीम उमरिया द्वारा प्रत्येक वर्ष पाँच हजार पौधों के पौधरोपण एवं संरक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया जाता है। उन्होंने कहा कि टीम केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल के लिए भी निरंतर कार्य करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अभियान का हिस्सा बनकर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को जन-जन तक पहुँचाने की अपील की।
समाचार 06 फ़ोटो 06
वन परिक्षेत्र कार्यालय में आयुष विभाग का निशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ संपन्न
शहडोल
जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र कार्यालय में बुधवार को आयुष विभाग की ओर से निशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा श्रमिकों और आसपास के ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें जरूरत के अनुसार आयुर्वेदिक दवाइयां वितरित की गईं। शिविर का उद्देश्य लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करना और प्राकृतिक औषधियों के उपयोग को बढ़ावा देना रहा।
केशवाही वन परिक्षेत्र में शहडोल से आयुष विभाग के डॉ. रावेंद्र तिवारी के नेतृत्व में छह सदस्यीय चिकित्सकीय दल शिविर में पहुंचा। टीम ने वन अमले के साथ-साथ ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान 100 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से परामर्श लेने के बाद निशुल्क दवाइयां प्राप्त कीं।
आयुर्वेदिक चिकित्सा हमारी पारंपरिक उपचार पद्धति है। जंगलों में मिलने वाली कई वनौषधियों का उपयोग आयुष विभाग विभिन्न बीमारियों के उपचार में करता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में अधिकांश लोग एलोपैथिक उपचार पर अधिक भरोसा करते हैं, जबकि आयुर्वेद भी कई सामान्य बीमारियों के इलाज में प्रभावी और लाभकारी है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों में आयुर्वेद के प्रति विश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने भी चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर परामर्श लिया और आयुर्वेदिक दवाइयां प्राप्त कीं। कई ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह के शिविर दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं, क्योंकि उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों से निशुल्क उपचार और सलाह मिल जाती है।
समाचार 07 फोटो 07
पुलिस ने 792 ट्रामाडोल टैबलेट जब्त, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
शहडोल
जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध शहडोल पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ब्यौहारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
जिले के थाना ब्यौहारी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्यौहारी निवासी सुजीत उर्फ गोलू सोनी, पिता गोरेलाल सोनी के कब्जे से ट्रामाडोल की 792 टैबलेट्स बरामद कर जब्त की हैं। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध थाना ब्यौहारी में अपराध क्रमांक 544/26 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सक्रियता से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप का माहौल है। ब्यौहारी पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और सक्रिय कार्यप्रणाली का उदाहरण है।
समाचार 08
नशे के खिलाफ बिजुरी पुलिस का बड़ा अभियान, 2 हजार से अधिक लोगों को किया जागरूक
अनूपपुर
“नशे को कहें ना, ज़िंदगी को कहें हाँ” के संदेश के साथ थाना बिजुरी पुलिस ने “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में शिक्षा संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों और कॉलरियों में पहुँचकर युवाओं, छात्रों और श्रमिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
थाना बिजुरी पुलिस टीम ने दिनभर के अभियान में लगभग 1500 से 2000 छात्रों, शिक्षकों, श्रमिकों और नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान सभी को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
स्कूलों में प्रतियोगिताओं से जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों में निबंध लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।सेंट जोसेफ विद्यालय, बिजुरी, आर.के.व्ही.व्ही. विद्यालय, कपिलधारा, शासकीय कन्या हाई स्कूल, बिजुरी, सीएलके हाई सेकेंडरी स्कूल, बिजुरी इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों को रचनात्मक तरीके से नशे के खिलाफ जागरूक किया गया। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को शीघ्र सम्मानित किया जाएगा।
पुलिस टीम ने कुरजा कॉलरी, बहेराबांध कॉलरी और जे.एम.एस. कंपनी में जाकर श्रमिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई। सभी उपस्थित लोगों को “नशे से दूरी है जरूरी” की सामूहिक शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें अपने परिवार और समाज में भी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।