रेत माफियाओं ने तहसीलदार से छुड़ाया रेत से भरा ट्रैक्टर, वनकर्मियों से कर दी मारपीट, तीन पर मामला दर्ज


शहडोल 

जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का मामला सामने आया है। तीन आरोपियों ने पहले रेत से भरे जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को तहसीलदार के कब्जे से छुड़ाकर फरार कर दिया। इसके कुछ घंटे बाद यही आरोपी बस स्टैंड पर एक वनकर्मी से गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतर आए। पुलिस ने दोनों मामलों में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार नायब तहसीलदार शिवकुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि अवैध रेत खनन और परिवहन की सूचना मिलने पर वे एक कर्मचारी के साथ मौके पर पहुंचे थे। जांच के दौरान रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान चालक ने अपने साथियों को सूचना दी। कुछ ही देर में हर्ष कचेर, हेमंत चतुर्वेदी और एक अन्य मौके पर पहुंचे तथा विवाद करते हुए जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को तहसीलदार के कब्जे से छुड़ाकर ले गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

पहली घटना के कुछ घंटे बाद यही आरोपी जयसिंहनगर बस स्टैंड पहुंचे, जहां ड्यूटी से लौटे वन विभाग के कर्मचारी विजय कुमार गुप्ता बैठे थे। आरोप है कि तीनों ने उनसे विवाद शुरू किया, गाली-गलौज की और मारपीट कर दी। वनकर्मी की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में भी तीनों आरोपियों के खिलाफ अलग से अपराध दर्ज किया है। थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने बताया कि दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ का जिला सम्मेलन में पत्रकारों का होगा जमावड़ा, पत्रकारिता विषय पर होगी चर्चा


अनूपपुर

16 जुलाई 2026 दिन गुरुवार को अनूपपुर जिला मुख्यालय स्थित धनश्री पैलेस मे प्रात: 11 बजे से मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री शलभ भदौरिया , मध्यप्रदेश शासन के स्वतंत्र प्रभार मंत्री दिलीप जायसवाल, शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह, अजजा आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह , पुष्पराजगढ विधायक फुन्देलाल सिंह, कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, सीईओ जिला पंचायत अर्चना कुमारी, पूर्व विधायक मनोज अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष हीरासिंह श्याम, नगरपालिका अध्यक्ष के साथ गणमान्य नागरिक और श्रमजीवी पत्रकार गणों की उपस्थिति मे  जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

संघ के  जिलाध्यक्ष राजेश पयासी ने बतलाया कि अतिथियों , विशिष्ट आतिथियों , गणमान्य नागरिकों , पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति मे जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन सोशल मीडिया और वर्तमान पत्रकारिता जैसे ज्वलंत और गंभीर विषय पर  विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया जा रहा है।

इस विचारगोष्ठी मे मंचासीन अतिथियों के सार गर्भित विचारों को सुनने, समझने का महत्वपूर्ण अवसर जिले के पत्रकारों के सामने होगा। राजेश पयासी ने बतलाया कि प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया  15 जुलाई की प्रात: नर्मदा एक्सप्रेस से अनूपपु्र आ चुके हैं। 

राजकुमार दुबे, मो अली,प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज द्विवेदी, मेंहदी हसन , शहडोल संभाग अध्यक्ष अजीत मिश्रा के साथ जिला मुख्यालय के वरिष्ठ पत्रकारों के साथ सर्किट हाऊस मे दोपहर भोजन उपरांत कार्यक्रम की तैयारियाँ की समीक्षा किए तथा रात्रि विश्राम उपरांत अगले दिन गुरुवार 16 जुलाई को जिला सम्मेलन मे शामिल होंगे। जिले के सभी श्रमजीवी पत्रकारों से अपील की है कि इस महत्वपूर्ण आयोजन मे शामिल होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

विद्यालय में पीने के पानी की नही है व्यवस्था, बच्चे घर से लाते हैं पानी, कई माह से हैंडपंप बन्द

*शोपीस बना नल, शिकायत के बाद नही हुआ सुधार*


अनूपपुर

जिले के शासकीय माध्यमिक विद्यालय धुम्मा विद्यालय में पेयजल संकट ने बच्चों की परेशानी बढ़ा दी है। विद्यालय परिसर में पीने के पानी के लिए कोई व्यवस्था नहीं है एक हैंडपंप भी है तो वह आज कई दिनों से बंद है ऐसे में विद्यालय के छात्र-छात्राएं  पेयजल के लिए तरस रहे हैं और कई बार पूरे दिन प्यासे रहने को मजबूर हो जाते हैं।

विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों का कहना है कि वे घर से पानी की बोतल लेकर आते हैं, लेकिन कुछ ही घंटों में पानी खत्म हो जाता है। इसके बाद विद्यालय में पानी नहीं मिलने के कारण उन्हें प्यासा रहना पड़ता है। कई घंटे तक विद्यालय में रहने वाले बच्चों के सामने यह स्थिति रोज की समस्या बन गई है।

विद्यालय की रसोइया  कार्यकर्ता ने बताया कि  पानी के कारण मध्याह्न भोजन बनाने और अन्य दैनिक कार्यों में भी भारी परेशानी होती है। कई बार उन्हें दूर से पानी लाना पड़ता है, जिससे समय और श्रम दोनों अधिक लगते हैं।

विद्यालय की प्राचार्य ने बताया कि पेयजल समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से जानकारी दी जा चुकी है। और साथ ही इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन भी की गई है लेकिन इसके बावजूद अब तक न तो खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराई गई और न ही स्वच्छ पेयजल की कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

विद्यालय में जो एकमात्र हैंडपंप है, उससे निकलने वाला पानी मटमैला और मिट्टीयुक्त है। ऐसे पानी के सेवन से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। बावजूद इसके बच्चों के सामने कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि विद्यालय में जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों को प्यासा न रहना पड़े और दूषित पानी पीने की मजबूरी से मुक्ति मिल सके। विद्यालय जैसे संवेदनशील स्थान पर पेयजल संकट को लेकर जिम्मेदार विभाग की उदासीनता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget