समाचार 01 फ़ोटो 01

पल्सर सवार अज्ञात हमलावरों ने गांव में दुकानदार युवक को गोली मारकर कर दी हत्या

शहडोल 

जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में सोमवार रात करीब 10 बजे अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार भूपेंद्र कहार उर्फ रज्जन कहार जो रामपुर में मीट की दुकान चलाता था पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात हमलावरों ने उस पर दो गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल भूपेंद्र कहार को जिला चिकित्सालय अनूपपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अमलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

दिनदहाड़े नहीं बल्कि देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद रामपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

*नाराज परिजनों ने हाइवे किया जाम*

रामपुर में हुए गोली कांड से नाराज परिजनों ने श्रीवास्तव तिराहा नेशनल हाईवे को पूरी तरह से जाम कर दिया है, आरोपी की गिरफ्तारी वा ठोस कार्यवाही को लेकर शव रखकर परिजन व ग्रामीण सड़क पर बैठ गए हैं, यातायात कई घंटे से बाधित रहा, दूर-दूर तक वाहनों की लगीं रही लंबी कतारें।

समाचार 02 फ़ोटो 02

02 वर्ष से फरार शातिर चोर पुलिस गिरफ्त में, चोरी की रकम से खरीदी गई बाइक भी जब्त

अनूपपुर

थाना प्रभारी रामनगर सुमित कौशिक के नेतृत्व में थाना रामनगर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। थाना रामनगर के अपराध क्रमांक 266/2024 धारा 303(2), 305(ए) बीएनएस के चोरी के मामले में लगभग 02 वर्ष से फरार एवं उद्घोषित आरोपी छोटू वादी पिता स्व. मोतीलाल वादी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम चकौड़िया, थाना जैतपुर, जिला शहडोल को दिनांक 13 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी एक शातिर आदतन चोर है, जिसके विरुद्ध थाना बिजुरी, थाना कोतमा एवं थाना पाली (जिला उमरिया) में भी चोरी के अपराध पंजीबद्ध हैं। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर सूचना एवं तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम से खरीदी गई होंडा कंपनी की एक मोटरसाइकिल तथा ₹500 नगद बरामद कर विधिवत जब्त किए गए। आरोपी को वैधानिक कार्रवाई उपरांत माननीय न्यायालय कोतमा के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहाँ से न्यायालय ने अभियुक्त को जिला जेल भेज दिया गया है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

आई.जी.एन.टी.यू. के चार शोधार्थियों ने आई.सी.एच.आर. डॉक्टोरल फेलोशिप में हासिल की बड़ी सफलता

अनूपपुर

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के लिए गर्व का विषय है कि विश्वविद्यालय के प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्त्व विभाग के चार शोधार्थियों शिल्पा मजुमदार, गोविंद पाण्डेय, रानी गुप्ता और दीपक कुमार का चयन प्रतिष्ठित आई. सी. एच. आर. नई दिल्ली (इंडियन काउन्सिल ऑफ हिस्टोरिकल रीसर्च, नई दिल्ली) डॉक्टोरल फेलोशिप के लिए हुआ है। उल्लेखनीय है कि आई.सी.एच. आर. की डॉक्टोरल फेलोशिप देश के उन चुनिंदा शोधार्थियों को प्रदान की जाती है जो संस्थान द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा को उत्तीर्ण करने के पश्चात साक्षात्कार के माध्यम से सफलता प्राप्त करते हैं । बता दें कि उक्त फेलोशिप हेतु चयनित शिल्पा मजुमदार विभागाध्यक्ष डॉ. शिवा कांत त्रिपाठी के पर्यवेक्षकत्त्व में पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले से प्राप्त पुरातात्त्विक अवशेषों से उद्घाटित सांस्कृतिक जीवन टॉपिक पर शोध कार्य कर रही हैं । जबकि दीपक कुमार विभाग के सह आचार्य  डॉ मोहन लाल चढ़ार के पर्यवेक्षकत्त्व में ए स्टडी ऑफ आर्कियोलोजिकल रीमेंस ऑफ नालंदा डिस्ट्रिक्ट विषय पर, रानी गुप्ता सहायक आचार्य डॉ जिनेन्द्र जैन के पर्यवेक्षकत्त्व में कटनी जिले के प्राचीन स्थापत्य एवं मूर्तिशिल्प का अध्ययन विषय पर तथा गोविंद पाण्डेय सहायक आचार्य डॉ जयेन्द्र जोगलेकर के पर्यवेक्षकत्त्व में प्रीहिस्टोरिक इन्वेस्टीगेशन इन द मान रिवर बेसिन, अपलैंड महाराष्ट्र विषय पर शोध कार्य कर रहे हैं । आई. सी. एच. आर. द्वारा  एक साथ चार शोधार्थियों के फेलोशिप के लिए चयनित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. शिवा कांत त्रिपाठी ने कहा है कि एक साथ चार शोधार्थियों का इस प्रतिष्ठित फेलोशिप के लिए चयन होना न केवल विभाग अपितु विश्वविद्यालय के लिए एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है जो विभाग और विश्वविद्यालय  की गुणवत्तापूर्ण शोध एवं अकादमिक उत्कृष्टता का प्रमाण है तथा भविष्य में यह विभाग के अन्य शोधार्थियों, विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत होगी । साथ ही डॉ. त्रिपाठी ने आशा व्यक्त की कि चयनित शोधार्थी अपने शोध कार्यों के माध्यम से राष्ट्र को केंद्र में रखकर प्राचीन भारतीय इतिहास के अध्ययन एवं शोध को नई दिशा प्रदान करेंगे। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो. आलोक श्रोत्रिय ने चयनित शोधार्थियों एवं उनके शोध-निर्देशकों को बधाई देते हुए इसे विभाग की बढ़ती शैक्षणिक प्रतिष्ठा का प्रतीक बताया। विभाग के सह आचार्य डॉ. मोहन लाल चढ़ार, सहायक आचार्य डॉ. जिनेन्द्र जैन, डॉ. जनार्दन बी, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. जयेन्द्र जोगलेकर तथा विभाग के शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने चयनित शोधार्थियों को बधाई दी है ।

समाचार 04 फ़ोटो 04

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासंघ, महिला शाखा का निर्वाचन सम्पन्न, किया बृक्षारोपण

अनूपपुर

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासंघ, महिला शाखा, अनूपपुर का मनोनयन निर्वाचन अध्यक्ष एवं सभी पदों हेतु सम्पन्न हो गया है। मनोनीत अध्यक्ष पद हेतु कुमकुम सिंह बघेल को चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर क्रमशः मनोरमा सिंह, पुष्पा सिंह, शिखा सिंह तथा सचिव पद पर प्रवेश सिंह, महासचिव पद पर आँचल सिंह, कोषाध्यक्ष मनीषा राजपूत मीडिया प्रभारी के पद पर रीना सिंह, रश्मि सिंह,जिला संरक्षिका के पद पर निशा सिंह को चुना गया। सभी बहनों में अत्यंत हर्ष व्याप्त है। उनके साथ-साथ सभी मनोनीत पदाधिकारी को भी बहुत-बहुत बधाइयां प्रेषित की गई। समस्त बहनों ने अखिल भारतीय महासंघ में रहकर अपने समाज के हित में नेक कार्य करने के लिए संकल्प लिए। पूर्व अध्यक्ष श्रीमती मीना सिंह ने सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दी।

अखिल भारतीय क्षत्रिय महिला महासंघ अनूपपुर की बहनों ने प्रथम कार्यक्रम वृक्षारोपण नेता सुभाष चन्द्र बोस शासकीय बालक छात्रावासमे बच्चों को प्रकृति से जुड़ने का पर्यावरण बचाने का तथा पेड़ लगाओ जीवन पाओ का संदेश भी दिया। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासंघ महिला शाखा अनूपपुर के सौजन्य से वृक्षारोपण का कार्यक्रम बहुत अच्छे से सम्पन्न हुआ। जिसमें सभी बहनों ने शासकीय बालक,  छात्रावास में आम, नींबू, अमरूद आदि के पौधे लगाये गए।

और अंत में  पूर्व अध्यक्षा मीना सिंह के बड़े भाई साहब जेठ, अरविंद सिंह, पूर्व शिक्षक, अनूपपुर को स्मरण करते हुए दो मिनिट का मौन धारण किया गया। जिनका इलाज के दौरान वेल्लोर में निधन हो गया था। आज उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

समाचार 05 फोटो 05 

10 दिन पुराना, नदी के किनारे मिला महिला का कंकाल, मौत का कारण अज्ञात, पुलिस जॉच में जुटी

शहडोल 

जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के पोड़ी कला गांव के पास स्थित सोन नदी के किनारे एक महिला का कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना ग्राम सरपंच और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर नर कंकाल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव करीब 10 दिन या उससे अधिक पुराना हो सकता है। शव का अधिकांश हिस्सा कंकाल में तब्दील हो चुका है और शरीर पर बहुत कम मांस बचा है। शव पर कपड़े भी नहीं मिले, जिससे मृतका की पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है। हालांकि हाथों में पहनी हुई चूड़ियों और अन्य वस्तुओं के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि यह महिला का शव है।

पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद नर कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरचुरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या, दुर्घटना या अन्य किसी कारण से मौत की संभावना को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

पुलिस ने पकड़ा रेत भरा हाइवा, वैध ठेका नही फिर भी हो रहा है लगातार अवैध उत्खनन व परिवहन

शहडोल

जिले में रेत के अवैध खनन और परिवहन पर कार्रवाई के दावों के बीच जैतपुर थाना क्षेत्र से एक बार फिर रेत माफिया की बेखौफ गतिविधियां सामने आई हैं। सोहागपुर पुलिस ने रेत से भरे एक हाइवा को जब्त कर यह साफ कर दिया कि जिले में वैध रेत ठेका नहीं होने के बावजूद अवैध कारोबार लगातार जारी है। पुलिस की कार्रवाई के बाद चालक के बयान से रेत की सप्लाई चेन और खनन के तरीके पर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।

सोहागपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बुढार रोड की ओर से रेत से भरा एक हाइवा आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने महाराणा प्रताप चौक पर घेराबंदी कर वाहन क्रमांक एमपी-18-जेडएफ-9952 को रोक लिया। चालक संजय कुमार से रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में चालक संजय कुमार ने पुलिस को बताया कि हाइवा में रेत जैतपुर थाना क्षेत्र की कुनुक नदी से जेसीबी के माध्यम से लोड की गई थी। उसने यह भी बताया कि वाहन मालिक अभिनंद सिंह, निवासी धनपुरी के कहने पर वह रेत शहडोल के पोंडा नाला के पास अनलोड करने जा रहा था, लेकिन रास्ते में पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

जैतपुर क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिनदहाड़े बड़े वाहनों में रेत भरकर परिवहन किया जाता है। उनका कहना है कि रेत से लदे वाहन जैतपुर थाने के सामने से गुजरते हैं, लेकिन उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

समाचार 07 फ़ोटो 07 

लूट के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मोटरसाइकिल व नगदी जप्त

शहडोल

खैरहा थाना क्षेत्र में पिकअप चालक से हुई लूट के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और नकद 1 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, बीते दिन खैरहा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने पिकअप चालक को रास्ते में रोककर चाकू की नोक पर 2,800 रुपए नकद एवं दस्तावेज लूट लिए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित दो विशेष टीमों ने कार्रवाई करते हुए लखवारिया के पास से आरोपी नवीन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 1 हजार रुपए नकद जब्त किए गए। पुलिस का कहना है कि फरार दूसरे आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

समाचार 08 फ़ोटो 08 

लूट के आरोपी को पुलिस ने लूट की मोटरसाइकिल के सहित किया गिरफ्तार

अनूपपुर

जिले के चौकी देवहरा की पुलिस के द्वारा दिनांक 13 जुलाई 2026 को लूट के आरोपी को लूट की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया 11 जुलाई 2026 को अवधेश कुमार सिंह पिता विजय सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम पटना कला थाना चचाई जिला अनूपपुर के द्वारा चौकी उपस्थित होकर आवेदन पत्र के माध्यम से शिकायत किया की  10 जुलाई 2026 के रात्रि करीब 9:30 बजे वह उद्धव ओझा निवासी ग्राम देवहरा की दुकान से उसकी मोटरसाइकिल हीरो होंडा पैशन क्रमांक एमपी 18 एम जी 0158 को लेकर उसके लिए अंडा बिरयानी लेने के लिए ग्राम धिरौल बस स्टैंड में अहमद रजा की बिरयानी की दुकान में गया था, वहां से जब मैं अंडा बिरयानी लेकर जाने लगा तो वहां पर मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति जो सफेद रंग का शर्ट पहने था, वह बोला कि उसे ग्राम पंचायत धिरौल तक पहुंचा दे, तब वह उक्त अज्ञात व्यक्ति को मोटरसाइकिल में बैठाकर ले जाने लगा तो वहां पर मौजूद लाला गुप्ता व अहमद राजा मौजूद थे, रात में 9:45 बजे ग्राम पंचायत धिरौल में पहुंचा तो उक्त अज्ञात व्यक्ति के द्वारा मुझे डरा धमका कर धक्का देकर मोटरसाइकिल लूट कर भाग गया, तब मैं वहां से भाग कर ग्राम धिरौल के सिंह वाहिनी मंदिर के पास पहुंचा, जहां पर अनिल सिंह चंदेल सहित तीन-चार लोग मौजूद थे, जिन्हें घटना की पूरी जानकारी दी व उन लोगो के साथ व जाकर देवहरा में उद्धव ओझा के पास जाकर पूरी बात बताई, मोटरसाइकिल लेकर भगा अज्ञात व्यक्ति की पता तलाश किये जो नहीं मिला, तब मैं उक्त घटना की रिपोर्ट चौकी किया। रिपोर्ट पर अपराध धारा 309 ( 4 ) बी एन एस कायम किया जाकर विवेचना में लिया गया। विवेचना दौरान गवाहों के द्वारा आरोपी के नाम की पुष्टि सुनील यादव पिता हीरालाल यादव उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम धिरौल चौकी देवहरा थाना चचाई जिला अनूपपुर हुई। देवहरा चौकी की पुलिस ने पता तलाश लूट की गई मोटरसाइकिल सहित आरोपी सुनील यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय अनूपपुर में पेश किया गया।

समाचार 09 

दस्तक अभियान का हुआ शुभारंभ

उमरिया

प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी आज से दस्तक अभियान का शुभारंभ हुआ । जिले में बच्चों को कुपोषण एवं विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से संचालित दस्तक अभियान का शुभारंभ कलेक्टर राखी सहाय एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह ने बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाकर किया। कलेक्टर राखी सहाय एवं सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में सृष्टि यादव, वैष्णवी केवट, शिवांश कुमार , अनिकृत बर्मन, नूरफातिमा , सम्राट यादव, गुंजन यादव को विटामिन ए की दवाई पिलाई । उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा समय पर टीकाकरण एवं विटामिन-ए की खुराक दिलाने की अपील की। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करेंगी तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी।

समाचार 10

पांच हजार रूपये का ईनाम घोषित

उमरिया म

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने थाना मानपुर अंतर्गत ग्राम सिगुड़ी की अपृहता की सूचना देने पर ईनाम की घोषणा की है। उन्होेंने कहा है कि जो कोई व्यक्ति ऐसी सूचना देगा जिसके आधार पर गिरफ्तारी या दस्तयाबी संभव हो, उसे पांच हजार रूपये के ईनाम से पुरस्कृत किया जाएगा। ईनाम वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक उमरिया का निर्णय अंतिम होगा। 

बैल के हमले से किसान की आंत आई पेट से बाहर, घायल का डॉक्टर ने उपचार करके बचाई जान


अनूपपुर

कहते हैं डॉक्टर भगवान होते हैं कहावत जिला चिकित्सालय में प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिली, जहां घर में बैल बांधते समय एक अधेड़ पर बैल ने हमला कर दिया, गंभीर रूप से घायल पेट फटने से शरीर के अंदर की पूरी आंते बाहर आ गई सूचना पर सर्जन साकेत कौशिक ने देर रात अस्पताल पहुंचकर पीड़ित का उपचार किए जाने से जान बच सकी।

जैतहरी तहसील एवं थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत एवं ग्राम गौरेला निवासी 50 वर्षीय बहादुर पिता लाल्ला सिंह गोंड अपने घर के गौशाला में पालतू बैल को रस्सी से बांध रहे थे, तभी अचानक बैल ने बहादुर पर हमला कर दिया, जिससे बैल की सींग बहादुर के पेट में घुसने से पेट के अंदर की पूरी आंत बाहर आ गई, घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के पूर्व जनपद सदस्य फुंदेलाल सिंह ने जिला मुख्यालय अनूपपुर के सामाजिक कार्यकर्ता शशिधर अग्रवाल एवं जैतहरी बीएमओ डॉक्टर मोहन सिंह श्याम को घटना की जानकारी देते हुए मरीज को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय मरीज को लाया गया, ड्यूटी डॉक्टर हिमांशु पांडेय एवं शशिधर अग्रवाल की सूचना पर सर्जन डां. कौशिक साकेत सूचना मिलने पर जिला चिकित्सालय पहुंचकर 2 घंटे की निरंतर मेहनत करते हुए मरीज के पेट से बाहर निकले आंतो को पूरी तरह अंदर करते हुए कई टांके लगाकर उपचार किया। समय पर उपचार किए जाने से एक गरीब मजदूर एवं कृषक की जान बच सकी, जो जिला चिकित्सालय में उपचाररत भर्ती है।

मोबाइल के बाद कीटनाशक दवा खरीदी के नाम पर ग्राम पंचायत ने किया गोल माल, सरकारी धन का दुरुपयोग


उमरिया

जिले की जनपद पंचायत करकेली की जरहा ग्राम पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बताया जाता है कि जरहा ग्राम पंचायत में फर्जी बिलों के जरिये तरह तरह के हथकंडे अपना कर ग्राम पंचायत के जिम्मेदारो ने शासकीय धन राशि का व्यापक रूप से दोहन किया है। अभी हाल में ही मोबाइल खरीदी की आग ठंडी भी नहीं हुई थी, कीटनाशक खरीदी का मामला ग्राम पंचायत की भष्ट कार्य शैली को बेपर्दा करके रख दिया है। जरहा ग्राम पंचायत में अब कीटनाशक दवा खरीदी कर यह साबित किया है कि ग्राम पंचायत की राशि पर ग्राम हितों से ज्यादा निजी हित साधने में उपयोग करना कोई अपराध नही है। इसी लिए जब जैसे मन हुआ राशि आहरण कर उसे फर्जी बिलों के सहारे निपटाने की जुगत की जा रही है, मालुम होवे की इस ग्राम पंचायत में  पहले  5वें राज्य वित्त से ₹19,500 का मोबाइल खरीदकर विवादों में आई पंचायत, अब 15 दिन के अंदर ₹10,235 के कीटनाशक खरीद के बिलों को लेकर सवालों के घेरे में है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के पोर्टल से मिली जानकारी के अनुसार अक्टूबर 2025 में मिश्रा टेडर्स नामक दूकान से 2 बिलों के माध्यम से भुगतान किया गया है। मिश्रा टेडर्स के बिल क्र 37 दिनांक 15-10-25 से राशि 8100.00 व्यय मदो और बिल क्र 98 दिनांक 21-10-25 के जरिये 2135.00 पांचवे राज्य वित्त से व्यय कर खरीदी की गयी है, इस प्रकार कीटनाशक के नाम पर 10,235.00 रूपये की चपत लगायी गई है। जो आफिस एवं अन्य व्यय मदों के नाम पर की गयी है। ग्राम पंचायत में हो रही इस नियम विरूद्ध खरीदी ने ग्राम पंचायत पर बडे सवाल खड़े कर दिये है कि आखिर कार इस कीटनाशक की उपयोगिता क्या थी, क्या यह सामग्री पंचायत आयी भी की नहीं, अगर उपयोग किया गया तो उसके फोटो ग्राप कहा है, क्या खरीदी के मापदंडों का पालन किया गया आदि सवाल आज भी अनुत्तरित बने हुए है।

₹10,235 के कीटनाशक का छिड़काव जरहा की किन गलियों, नालियों या सार्वजनिक स्थानों पर किया गया? इसका स्टॉक रजिस्टर और फोटो कहां है। सरकारी खरीद के लिए टेंडर या कम से कम 3 कोटेशन अनिवार्य हैं। रिटेलर से सीधे भुगतान किस नियम के तहत हुआ?

ग्रामवासियों का कहना है कि "पहले मोबाइल के नाम पर तिजोरी खाली की, अब कीटनाशक के नाम पर। न कहीं कीट नाशक का  छिड़काव दिख रहा है, न सामान।इस तरह पंचायत के व्दारा शासकीय धन राशि का बेहद दुरुपयोग किया गया है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर उमरिया और मुख्य कार्य पालन अधिकारी जनपद पंचायत करकेली से मांग की है कि जरहा पंचायत के वर्तमान सचिव  के कार्य काल की विस्तृत जांच जिसमें सभी निर्माण कार्य और  सभी बिलों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget