मालगाड़ी के नीचे बैठ गयी महिला, आरपीएफ ने सुरक्षित बाहर निकाला


शहडोल

शहडोल में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला अचानक मालगाड़ी के वैगन के नीचे जाकर बैठ गई। घटना के चलते करीब 15 मिनट तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

रेलवे स्टेशन मास्टर को सूचना मिली कि डाउन होम सिग्नल के पास एक महिला रेलवे ट्रैक से हटने का नाम नहीं ले रही है। इसी दौरान सिग्नल लाल होने के कारण मालगाड़ी वहां आकर रुक गई। ट्रेन रुकते ही महिला अचानक एक वैगन के नीचे जाकर बैठ गई। इसके बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल आरपीएफ को सूचना दी।

सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जवानों को देखकर महिला ट्रैक पर इधर-उधर दौड़ने लगी। उसने बचाव में जुटे लोगों के साथ अभद्रता की और पत्थर भी फेंके। काफी देर तक समझाने और सतर्कता के साथ किए गए प्रयासों के बाद महिला को सुरक्षित रेलवे लाइन से बाहर निकाला गया। इसके बाद मालगाड़ी को रवाना किया गया। 

सीएमओ व सफाई एजेंसी के अड़ियल रवैये से सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल, शहर में चारो तरफ फैला कचरा


​शहडोल। 

जिला मुख्यालय आउटसोर्स कंपनी ‘अविनाश एजेंसी’ व सीएमओ के अड़ियल, अभद्र रवैए के खिलाफ सफाई कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। शुक्रवार से शुरू हुई अनिश्चितकालीन हड़ताल के बाद पूरे शहर की सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।

​भारतीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले आंदोलन कर रहे सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि सितंबर 2025 से कार्यरत आउटसोर्स एजेंसी उनके पसीने की कमाई पर डाका डाल रही है। मजदूरों को मार्च और अप्रैल 2026 का पूरा वेतन नहीं दिया गया है। दो महीने लगातार काम कराने के बाद महज एक महीने का वेतन थमा दिया गया, जबकि बाकी भुगतान को लेकर न तो एजेंसी और न ही पालिका प्रशासन गंभीर है। इसके अलावा, कई वर्षों के साप्ताहिक मस्टर और अतिरिक्त श्रमिकों के पुराने एरियर का भुगतान भी दबाकर रखा गया है।

सफाईकर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति को सिस्टम से बंद कर दिया गया है, ताकि उनका वेतन रोका जा सके। ईपीएफ (भविष्य निधि) खातों में भी बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं। यह गतिरोध सीएमओ के लगातार खराब व्यवहार के कारण और गहरा गया है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने बताया कि अपनी जायज मांगों को लेकर जब वे सीएमओ के पास गए, तो उनके साथ खुलेआम अभद्रता की गई।

​सफाई मजदूर संघ ने कहा है की जब तक अविनाश एजेंसी पर कार्रवाई नहीं होती, बर्खास्त कर्मचारियों को वापस नहीं लिया जाता और सीएमओ के रवैए पर लगाम नहीं कसी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल के कारण सब्जी मंडी समेत पूरे शहर की गलियों और मुख्य चौराहों पर कचरा पसर गया है। केंद्रीय आयोग, राज्य शासन, कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन भेजने के बाद भी कोई कार्यवाही नही हुई।

शादी में हुआ विवाद, दो घायल, 112 एफआरवी-14 वाहन में मारा पत्थर, आरोपी हुआ फरार


शहडोल 

जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की डायल-112 पर पथराव का मामला सामने आया है। बारात में हुए विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस जब दो घायलों को अस्पताल ले जा रही थी, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस वाहन पर पत्थर फेंक दिया। हमले में वाहन का साइड का शीशा टूट गया। हालांकि, वाहन में सवार सभी पुलिसकर्मी और अन्य लोग सुरक्षित रहे। घटना के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, सोहागपुर थाना क्षेत्र के जमुई गांव में एक बारात आई हुई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया। सूचना मिलते ही पुलिस की डायल-112 वाहन एफआरवी-14 मौके पर पहुंची।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराया। इसके बाद मारपीट में घायल दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के उद्देश्य से डायल-112 वाहन में बैठाया गया।पुलिस वाहन जैसे ही घटनास्थल से कुछ मीटर आगे बढ़ा, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने वाहन पर पत्थर फेंककर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। डायल-112 में ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक शिवराज सिंह ने सोहागपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget