समाचार 01 फ़ोटो 01
अनियंत्रित होकर तालाब में समाई कार, एक कि मौत, दो घायल, तीन युवकों ने दिखाई बहादुरी बचाई दो की जान
अनूपपुर
कोतमा क्षेत्र के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डोला रेलवे क्रॉसिंग के समीप रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखी बजरी एवं डस्ट से टकराने के पश्चात तालाब में जा गिरी। अंधेरे और गहरे पानी के बीच स्थानीय युवकों की बहादुरी, डायल-112 की त्वरित प्रतिक्रिया तथा रामनगर पुलिस के समन्वित प्रयास से वाहन में फंसे युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
कार क्रमांक CG 31 C 0935 डोला रेलवे क्रॉसिंग के समीप से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री से टकराया और तालाब में जा गिरा। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
हादसा देखते ही डोला निवासी बिट्टू पनिका, रामनरेश गुप्ता और दिलीप सिंह ने बिना समय गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना तालाब में छलांग लगा दी। तीनों युवकों ने पानी में डूब चुकी कार तक पहुंचकर उसके भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, विपरीत परिस्थितियों में इन युवकों का साहस और तत्परता राहत कार्य की शुरुआत में महत्वपूर्ण साबित हुई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तथा रामनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस एवं स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयास से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में शुभम की मृत्यु हो गई, जबकि राहुल और चंदन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का उपचार जारी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
खेत मे मवेशी चराने गई महिला की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हुई मौत
शहडोल
जिले के खैरहा थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। महिला मवेशी चराने के लिए खेत गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसका शव खेत में आम के पेड़ के नीचे पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना गोपालपुर गांव के पास स्थित खेत की है। मृतका की पहचान समुद्री कोल (58) पत्नी लक्ष्मण कोल, निवासी गोपालपुर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक महिला रोज की तरह मवेशी चराने खेत गई थी। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गरज-चमक हुई और आशंका है कि वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई।
शाम तक महिला के घर नहीं पहुंचने पर पति लक्ष्मण कोल और अन्य परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद महिला खेत में एक आम के पेड़ के नीचे अचेत अवस्था में मिली। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि महिला की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल के पास आकाशीय बिजली गिरने के निशान भी मिले हैं, जिससे बिजली गिरने से मौत की आशंका जताई जा रही है। जानकारी मिलते ही खैरहा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
समाचार 03 फ़ोटो 03
बेटी की हत्या की सजा काटकर घर आया व्यक्ति की करंट लगने से हुई मौत
शहडोल
जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक चार वर्ष पहले अपनी नाबालिग बेटी की हत्या के मामले में जेल गया था और करीब एक सप्ताह पहले ही जेल से घर लौटा था।
कुबरा गांव निवासी 40 वर्षीय मनोज कुमार सोनी घर की बिजली लाइन ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर, जांच में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक, करीब चार वर्ष पहले मनोज कुमार सोनी का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने लोहे की रॉड से पत्नी पर हमला किया। इसी बीच उनकी पांच वर्षीय बेटी बीच-बचाव करने पहुंच गई और रॉड उसके सिर पर लग गई। गंभीर चोट लगने से मासूम की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से हुई आकस्मिक मौत का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
समाचार 04 फ़ोटो 04
जर्जर दीवार गिरी, मलबे में दब गए तीन बच्चे, सिर पैर में गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती
शहडोल
जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। रेलवे इंस्टिट्यूट के पास स्थित रेलवे की एक पुरानी और जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। उस समय दीवार के पास तीन बच्चे खेल रहे थे, जो मलबे की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनते ही घटनास्थल की ओर दौड़ लगाई और तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने बिना देर किए दीवार का मलबा हटाकर तीनों बच्चों को बाहर निकाला। घायल बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल शहडोल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। कुछ बच्चों को फ्रैक्चर होने के साथ हेड इंजरी भी बताई गई है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार हादसे में घायल बच्चों की पहचान यश कुमार, निशांत कुमार और अंशुमन पांडे के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 10 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दीवार काफी पुरानी और जर्जर थी। अचानक उसके गिरने से बच्चों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सीधे मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण बच्चों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
समाचार 05 फ़ोटो 05
जंगल मे 20 हेक्टेयर अतिक्रमण वनभूमि को वन विभाग ने कराया मुक्त
शहडोल
जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। अभियान के दौरान 14 निर्मित मड़िया और झाला हटाए गए तथा वनभूमि पर दोबारा कब्जा करने की कोशिश को विफल कर दिया गया।
वन विभाग के अनुसार कार्रवाई केशवाही वन परिक्षेत्र की खमरिया बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ-950 में की गई। विभाग को वनभूमि पर अतिक्रमण किए जाने की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और नियमानुसार बेदखली अभियान चलाया। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पूरे अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से अंजाम दिया गया। विभाग का कहना है कि अभियान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी।
केशवाही वन परिक्षेत्र के अधिकारियों ने बताया कि हटाए गए क्षेत्र में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। आगामी दो से तीन दिनों के भीतर संबंधित वनक्षेत्र में अतिक्रमणरोधी कंटूर ट्रेंच खोदी जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में बीज बुवाई का कार्य भी कराया जाएगा, ताकि वनभूमि का संरक्षण हो सके और भविष्य में दोबारा कब्जे की संभावना कम हो।
समाचार 06 फ़ोटो 06
मत्स्य विभाग की टीम ने चंदिया व घुलघुली से 132 किलो मछली किया जब्त
उमरिया
कलेक्टर राखी सहाय द्वारा मछलियों के प्रजनन काल को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश नदीय मत्स्य उद्योग अधिनियम, 1972 की धारा 3(2) के अंतर्गत 16 जून 2026 से 15 अगस्त 2026 तक जिले में मत्स्याखेट, मत्स्य परिवहन एवं मत्स्य विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।
कलेक्टर के आदेश के पालन में 2 जुलाई को मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने उमरिया जिले के स्थानीय घुलघुली बाजार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिबंध अवधि में मछली विक्रय किए जाने पर कार्रवाई करते हुए 72.26 किलोग्राम मछली जब्त की गई। जब्त मछलियों को नियमानुसार नीलाम कराया गया।
वही मत्स्य विभाग की टीम ने स्थानीय मत्स्य बाजार चंदिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 66 किलोग्राम प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली जब्त की गई। नगर परिषद चंदिया के सहयोग से जब्त मछली को नियमानुसार नष्ट करने की कार्रवाई की गई।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों को बताया कि थाई मांगुर मछली मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। इसके सेवन से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही यह तालाबों एवं जलाशयों के प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) को भी नुकसान पहुंचाती है, जिससे देशी मछलियों के अस्तित्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
समाचार 07
पांच हजार रूपये का ईनाम घोषित
उमरिया 3 जुलाई - पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने थाना कोतवाली जिला उमरिया के अपराध क्रमांक 273/2026 धारा 137 (2) बी एन एस अपृहता ग्राम बरबसपुर की दस्त याबी या गिरफतारी पर उदघोषणा की है कि जो कोई व्यक्ति ऐसी सूचना देगा जिसके आधार पर दस्तयाबी या गिरफ्तारी संभव हो उसे पांच हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। ईनाम वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक का निर्णय अंतिम होगा।
समाचार 08
230 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त, मामला दर्ज
अनूपपुर
थाना रामनगर पुलिस को प्राप्त सूचना के आधार पर झीमर नाला के पास दबिश दी गई, जहाँ अवैध रूप से शराब निर्माण के उद्देश्य से महुआ लाहन रखा हुआ मिला। पुलिस ने मौके से 23 डिब्बों में भरा लगभग 230 किलोग्राम महुआ लाहन, जिसकी अनुमानित कीमत ₹10,000 है, बरामद कर विधिवत जब्त किया। आरोपी संजीव कुमार सिंह, पिता जय किशोर सिंह, उम्र 34 वर्ष, निवासी झीमर, थाना रामनगर, जिला अनूपपुर के विरुद्ध थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 193/26 पंजीबद्ध कर धारा 34(1)(f) मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
समाचार 09
अवैध रेत भंडारण पर प्रशासन ने किया रेत नष्ट
शहडोल जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर के निर्देश पर जयसिंहनगर तहसील के ग्राम बराछ में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से भंडारित करीब 500 घन मीटर रेत को जेसीबी मशीनों की मदद से नष्ट किया गया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जयसिंहनगर और खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में प्रभारी खनि निरीक्षक शहडोल ने पुलिस विभाग ब्यौहारी के साथ संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि पर अवैध रूप से जमा रेत में दो जेसीबी मशीनों से मिट्टी मिलाकर उसका विनष्टीकरण किया, ताकि उसका दोबारा उपयोग न किया जा सके।
समाचार 10
गाँजा सहित स्कूटी जप्त, मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार,
अनूपपुर
जिले के थाना कोतमा में वाहनों की चेकिंग के दौरान बुढ़ानपुर तरफ से एक स्कूटी वाहन क्रमांक MP 65 ZB 5023 चालक रोड पर आते हुए दिखाई दिया जो पुलिस की चेकिंग देखकर अपनी स्कूटी को वापस मोड़कर भागने लगा। जिसे वहां मौके पर पुलिस द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। नाम पूछने पर स्कूटी चालक ने अपना नाम अनिल सोनी पिता गौरी शंकर सोनी निवासी पुरानी बस्ती , कोतमा का होना बताया। शक होने पर पुलिस ने स्कूटी को चेक करने पर स्कूटी की डिक्की में खाकी रंग के 2 पैकेट मिले जिसमें अवैध मादक पदार्थ गांजा होना पाया गया । 2.050 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30000/- रुपये एवं, स्कूटी वाहन जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 60000/- रुपए को जप्त कर, आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
समाचार 11
धोखाधडी का फरार आरोपी को गिरफ्तार
अनूपपुर
जिले के थाना भालूमाड़ा की टीम द्वारा अप. क्र. 350/2024 धारा 420, 406, 409, 120बी ता.हि. 6 व अप.क्र. 400/2024 धारा 420, 409, 34 भा.दं.वि. 6 फरार आरोपी को थाना कोतमा पुलिस दो वर्ष से फरार आरोपी अल्कित मालीवाड की पता तलास हेतु गोधरा गुजरात रवाना हुई, जो उक्त टीम के द्वारा अपनी सूझ बूझ एवं साईबर सेल अनूपपुर के मदद से आरोपी अल्कित मालीवाड को गिरफ्तार कर लाया गया इसके पूर्व भी दोनो प्रकरण के आरोपी अल्कित मालीवाड का साथी उमेश कांतिलाल पटेल निवासी चांदखेडा अहमदाबाद गुजराज को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहाँ से जिला जेल अनूपपुर भेजा गया ।