समाचार 01 फ़ोटो 01

चरित्र संदेह में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से की हत्या, आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

अनूपपुर

जिले की पुलिस चौकी फुनगा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पयारी क्रमांक-1 में शनिवार सुबह चरित्र संदेह के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका मुनिया बाई शनिवार सुबह लगभग 9:30 बजे घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान उसका पति मायाराम चौधरी कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और कथित रूप से चरित्र संदेह को लेकर उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी फुनगा के प्रभारी सोने सिंह परस्ते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। वहीं सूचना मिलते ही एसडीओपी आरती शाक्य भी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मायाराम चौधरी को हिरासत में ले लिया है। मृतका के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

समाचार 02 फोटो 02

जर्जर विद्यालय भवन में विद्यार्थियों की सुरक्षा पर गंभीर संकट, शिक्षा विभाग को हादसे का इंतजार

अनूपपुर

विकासखंड अनूपपुर के ग्राम बेलिया बड़ी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय कन्या बेलिया बड़ी का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। भवन की छत से गिट्टी और सीमेंट के टुकड़े लगातार गिर रहे हैं, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं और शिक्षकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय भवन लगभग 35 से 40 वर्ष पुराना है। लंबे समय से भवन की मरम्मत या नए भवन के निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। स्थिति यह है कि छात्राएं भय के माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर हैं और अभिभावकों को भी किसी बड़े हादसे की आशंका सताती रहती है।

बारिश के दौरान विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या भी बनी रहती है, जिससे छात्राओं को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ता है। भवन की जर्जर स्थिति के कारण नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है और मजबूरी में एक छोटे से अतिरिक्त कक्ष में पढ़ाई कराई जा रही है।

ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल नए विद्यालय भवन की स्वीकृति प्रदान की जाए अथवा जर्जर भवन की आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।     

इनका कहना है।             

स्कूल द्वारा हमें आवेदन प्राप्त हुआ था इस जर्जर भवन का जल्द मरम्मत कराएंगे।

*बब्बू कोल, सरपंच, ग्राम पंचायत, बेलिया बड़ी*

समाचार 03 फ़ोटो 03

तीन हाथी मोजर बेयर की दीवाल तोड़ घुसे पॉवर प्लांट के अंदर, फसलों को किया नुकसान, सीसीएफ ने किया दौरा

अनूपपुर

तीन हाथियों का समूह शुक्रवार की शाम सोनमौहरी के जंगल से निकल कर अमगवां,गुवारी में विचरण करते हुए शनिवार की सुबह मोजर बेयर प्लांट के अंदर पहुंच कर विश्राम कर रहे है, इस दौरान मुख्य वन संरक्षक शहडोल द्वारा हाथी विचरण क्षेत्र का निरीक्षण कर वन अधिकारियों को आम जनों की सुरक्षा एवं हाथियों के विचरण पर निरंतर निगरानी रखने के संबंध में निर्देश दिए।

हाथी के नजदीक आने से देर रात अमगवां गांव में एक मानसिक रोगी युवक को वन विभाग के गश्ती दल द्वारा बचाया गया। तीन हाथियों का समूह जंगल से लगे खेतो में केला,गन्ना एवं धान की फसल को आहार बनाते हुए अमगवां पंचायत के विभिन्न टोला/मोहल्ला से विचरण करते हुए देर रात अमगवां बाजार के बीच विचारण करता रहा, इस दौरान अमगवां के ग्रामीणों की भारी मात्रा में भीड़ एवं हो हल्ला के कारण वन विभाग ने आम जनो एवं हाथियों की सुरक्षा की दृष्टि देर रात जैतहरी थाना से पुलिस बुलानी पड़ी, तीनों हाथियों  के मुख्य मार्ग से चलते हुए अमगवां तिराहा पहुंचने पर 28 वर्षीय युवक सौरभ उर्फ गोरखा पिता भूखन पनिका जो मानसिक होगी बताया गया है तिराहा के पास अचानक हाथियों से 10 फीट की दूरी पर पहुंच गया रहा, जिसे हाथी गश्ती दल में लगे वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा पकड़ कर खींचकर हाथियों से दूर किया, जिससे युवक गुवारी पहुचे, मोजर बेयर प्लांट के बाउंड्री को तीन स्थानों से तोड़ते हुए मोजर बेयर प्लांट के अंदर पहुंचकर विचरण एवं विश्राम कर रहे हैं। हाथियों के निरंतर विचरण पर मुख्य वन संरक्षक शहडोल महेंद्र सिंह ने शनिवार की दोपहर मोजर बेयर में ठहरे तीन हाथियों के स्थल का निरीक्षण करते हुए वन विभाग के अधिकारियों एवं हाथी गस्ती दल मे लगे वन कर्मचारियों को हाथियों के विचरण पर निगरानी रखते हुए आम जनों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखने के संबंध में निर्देश दिए।

समाचार 04 फोटो 04

नगरपालिका ने चलाया अतिक्रमण विरोधी अभियान, कई दुकानों को हटाया, 8 दुकानों पर 2400 का जुर्माना

अनूपपुर 

जिला मुख्यालय में नगरपालिका ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे संचालित दुकानों को हटाया गया और पुरानी सब्जी मंडी में अवैध मछली बाजार के चबूतरे को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

दोपहर में नगरपालिका अमला कोतवाली पुलिस के साथ मुख्य बाजार क्षेत्र पहुंचा। यहां जेसीबी की मदद से मुख्य सड़क किनारे पन्नी डालकर या अस्थाई व्यवस्था कर दुकान चलाने वालों की दुकानें हटाई गईं। कार्रवाई के दौरान स्थानीय भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

नपा अनूपपुर के राजस्व निरीक्षक गौरव सिंह बघेल और अतिक्रमण प्रभारी अखिलेश सिंह चौहान ने बताया कि यह कार्रवाई कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देश पर की जा रही है। कलेक्टर को पुरानी सब्जी मंडी में बंद किए गए मछली बाजार के अवैध संचालन और सड़कों तक पसरी दुकानों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पुरानी सब्जी मंडी के साथ-साथ कोतवाली तिराहा से बस स्टैंड, आदर्श मार्ग और कोतवाली तिराहा से स्टेशन मार्ग पर भी अतिक्रमण हटाया गया। शाम 5 बजे तक 8 दुकानों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 2400 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि शहरी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई अलग-अलग दिनों में जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अतिक्रमण हटाए जाएं ताकि नागरिकों को असुविधा न हो। खासकर सामतपुर तिराहा से कोतवाली और कोतवाली तिराहा से स्टेशन मुख्य मार्ग पर सड़कों तक पसरी दुकानें नहीं दिखनी चाहिए। दुकानदारों को इस संबंध में सख्त हिदायत दी गई है। नगरपालिका अमला देर शाम तक कार्रवाई जारी रखे हुए था। इस कार्रवाई से नगरवासियों को सड़कों पर लगने वाले अतिक्रमण से थोड़ी राहत मिली है।

समाचार 05 फ़ोटो 05

मानपुर के 17 स्कूल भवनों की फाइल खोलने विधायक मीना सिंह ने प्रमुख सचिव से लगाई गुहार

*मुख्यमंत्री की घोषणाएं डेढ़ साल से खा रही धूल*

उमरिया

मध्यप्रदेश सरकार विकास के दावे करते थक नहीं रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे कोसों दूर दिखाई दे रही है। तभी तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जनता के बीच की गई सैकड़ों घोषणाएं आज भी धरी की धरी रह गई हैं।

हम संजय गांधी ताप परियोजना बिरसिंहपुर की 600 मेगावाट की नई विद्युत इकाई की बात नहीं कर रहे। मामला है मानपुर विधानसभा क्षेत्र के मानपुर विकासखण्ड के स्कूल भवनों का। इन भवनों की घोषणा खुद मुख्यमंत्री ने नौरोजाबाद के रामलीला मैदान में जनता के बीच की थी, पर आज डेढ़ साल बाद भी ये घोषणाएं धूल खा रही हैं।

आश्चर्य की बात है कि जिन घोषणाओं से सियासत का बाजार गर्म किया गया था, उन्हीं को लेकर अब आम जनता और विपक्ष भाजपा सरकार और उनके मुखिया का मजाक उड़ा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मानपुर की विधायक सुश्री मीना सिंह की मांग पर मुख्यमंत्री ने 17 स्कूल भवनों के निर्माण की घोषणा मंच से की थी। इसके बाद प्रस्ताव बने। लोक शिक्षण संचालनालय ने 7 नवंबर 2025 को पत्र लिखा और लोक निर्माण विभाग ने 28 जनवरी 2026 को तकनीकी स्वीकृति भी जारी कर दी। 

लेकिन इसके बाद 6 महीने बीत गए। न प्रशासकीय स्वीकृति मिली न बजट का आवंटन। इंतजार कर-कर के थक चुकी विधायक सुश्री मीना सिंह ने 22 जुलाई को प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर 44.23 करोड़ रुपये लागत वाले इन 17 स्कूल भवनों की फाइल को ठंडे बस्ते से निकालने की मांग की है।

जिन स्कूलों के लिए नए भवन प्रस्तावित हैं उनमें ताला, सरसवाही, बल्हौड़, चिल्हारी, चंसुरा जैसे हायर सेकेण्ड्री और इंदवार, बड़छड़, अमरपुर, परासी जैसे हाई स्कूल शामिल हैं। आज भी इन स्कूलों के बच्चे जर्जर कमरों में अभाव में पढ़ने को मजबूर हैं।

समाचार 06 फ़ोटो 06 

रेत से भरी डग्गी पलटी, बाल-बाल बचा बाइक सवार की जान, घुनघुटी मार्ग पर हादसे के बाद उठे सवाल

उमरिया

जिले के मानपुर क्षेत्र में रेत माफियाओं की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित होते-होते बची। घुनघुटी की ओर रेत लेकर जा रही एक मिनी डग्गी शुक्रवार को घुनघुटी-जमड़ी मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसा उस समय हुआ जब सामने से एक मोटरसाइकिल चालक गुजर रहा था। चालक की सतर्कता और गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गया। अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। डग्गी पलटने से सड़क पर रेत फैल गई और करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वाहन में लदी रेत का परिवहन वैध टीपी के साथ किया जा रहा था? रेत किस खदान से निकाली गई, गंतव्य कहां था और वाहन ओवरलोड तो नहीं था? इन सभी बिंदुओं की जांच जरूरी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मानपुर-घुनघुटी मार्ग पर रेत से भरे भारी वाहनों की आवाजाही दिनभर लगी रहती है। ओवरलोड और तेज रफ्तार के चलते दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए। यदि अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो।

समाचार 07 फ़ोटो 07

झाड़-फूंक के विवाद में पति-पत्नी ने ओझा की कर दी थी हत्या, पुलिस ने दोनो को किया गिरफ्तार

शहडोल 

जिले के सीधी थाना क्षेत्र के चंदौरा गांव में अंधविश्वास और झाड़-फूंक के विवाद में हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त टांगी (कुल्हाड़ी) भी बरामद कर ली है। आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, बुद्धसेन सिंह और भीमसेन सिंह सगे भाई हैं। बुद्धसेन को संदेह था कि उसके छोटे भाई भीमसेन और उसकी पत्नी चंद्रकिरण जादू-टोना करते हैं, जिसके कारण उसके बच्चे बार-बार बीमार पड़ते हैं। इसी शक के चलते उसने झाड़-फूंक करने वाले राजबहोर सिंह को घर बुलाया था। राजबहोर सिंह और बुद्धसेन, भीमसेन के घर के सामने कथित टोटका करने के उद्देश्य से नारियल गाड़ रहे थे। इसी दौरान आहट सुनकर भीमसेन और उसकी पत्नी चंद्रकिरण बाहर आ गए। दोनों को देखकर बुद्धसेन और राजबहोर वहां से भागने लगे। भागते समय राजबहोर का जूता खेत में फंस गया, जिससे वह गिर पड़ा। इसी दौरान दोनों ने उस पर टांगी से हमला कर दिया। वार उसकी कमर के रीढ़ वाले हिस्से में लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर भीमसेन और उसकी पत्नी से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के घर से हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी शिवेंद्र राम भगत ने बताया कि हत्या जादू-टोना के शक और झाड़-फूंक को लेकर हुए विवाद के कारण हुई थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

समाचार 08 फ़ोटो 08

मादा बाघिन को प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया

उमरिया

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोखर बफर अंतर्गत बीट बरबसपुर में आज एक महत्वपूर्ण वन्यजीव प्रबंधन एवं संरक्षण कार्यवाही सफलतापूर्वक संपन्न की गई जिसमें एक कॉलरयुक्त मादा बाघिन का रेडियो कॉलर सुरक्षित रूप से हटाकर उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया। कॉलरयुक्त मादा बाघिन को पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार सुरक्षित रूप से ट्रेंकुलाइज (बेहोश) कर उसका खराब हो चुका रेडियो कॉलर निकाल दिया गया। आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उपचारात्मक परीक्षण के उपरांत बाघिन को पूर्णतः होश में आने के बाद उसके प्राकृतिक वन क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।

समाचार 09

एसपी ने दो पुलिसकर्मियो को किया निलंबित

शहडोल

पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने  अनुशासनहीनता और आमजन के साथ दुर्व्यवहार करने पर थाना जैतपुर के प्र०आर० रावेन्द्र वर्मा,थाना ब्यौहारी के आरक्षक रिंकू सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

श्री गोपाल कृष्ण मंदिर का 39वां स्थापना दिवस धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया


देवघर

स्थानीय कास्टर टाउन स्थित श्री गोपाल कृष्ण मंदिर का 39वां स्थापना दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। 

इस अवसर पर श्री गोपाल कृष्ण मंदिर का फूलों व पुष्पों से भव्य आकर्षक श्रृंगार किया गया। साथ ही, रंग-बिरंगे लाइटों व पुष्पो से पूरे मंदिर परिसर को सजाया गया। 

इस अवसर पर गायकों द्वारा भक्तिमय भजनों की अनुपम व रोचक प्रस्तुति की गई। इस भक्तिमय प्रस्तुति से महिला-पुरुष  भक्तगण व आगंतुक भक्ति में मग्न हो उठे। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।।

आयोजन में उपमहापौर टीप चटर्जी, तारा चंद जैन, प्रदीप बाजला, राष्ट्रीय हिन्दू परिषद (भारत) के जिला अध्यक्ष प्रभाष गुप्ता, श्याम कीर्तन मंडल के अध्यक्ष संजय बंका (गुडु बंका) एवं अन्य अनेकों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 

इस अवसर पर  पुरोहितों द्वारा विधिवत पूजा-भोग व आरती की गई। आयोजन में अभिषेक तुलस्यान एवं ज्योत्सना तुलस्यान की सक्रिय व सराहनीय भूमिका रही, जिनके अथक व सक्रिय प्रयास से आयोजन का सफलतापूर्वक संचालन हुआ। आयोजन में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।

लाठी चार्ज पर सरकार के खिलाफअधिवक्ताओं ने खोला मोर्चा, न्यायालय के सामने किया प्रदर्शन


अनूपपुर

जिले में नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस एवं वामदलों से जुड़े अधिवक्ताओं ने जिला एवं सत्र न्यायालय के मुख्य द्वार पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान, लोकतंत्र तथा नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के समर्थन में नारे लगाए।

प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि छात्रों का शांतिपूर्ण विरोध लोकतांत्रिक व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा है और ऐसे आंदोलनों पर बल प्रयोग किसी भी लोकतांत्रिक समाज के लिए चिंताजनक है। उनका कहना था कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है, जिसके विरोध में देशभर में विभिन्न छात्र संगठन और सामाजिक समूह शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं।

अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज में कई छात्र घायल हुए, जिसकी उन्होंने कड़ी निंदा की।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि छात्रों पर बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा संविधान प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का पूर्ण सम्मान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

प्रदर्शन में जिले के बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया। उपस्थित अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता समाज हमेशा से राष्ट्रीय और जनहित के मुद्दों पर अपनी जिम्मेदारी निभाता रहा है तथा भविष्य में भी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget