अवैध पशु तस्करी में 16 मवेशी ट्रक सहित जप्त, चालक गिरफ्तार, तीन लोगो पर मामला हुआ दर्ज

*ट्रक अनूपपुर से जा रहा था उत्तरप्रदेश*


शहडोल

जिले के ब्यौहारी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पोड़ी तिराहे के पास नाकेबंदी कर मवेशियों से भरे एक मिनी ट्रक को पकड़ लिया। वाहन में ठूंसकर ले जाए जा रहे 16 मवेशियों को पुलिस ने तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। इस कार्रवाई में चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चालक सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस फरार दो आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने 15 लाख का मशरूका जप्त किया है।

पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मिनी ट्रक क्रमांक सीजी 04 एनजेड 2392 में मवेशियों को भरकर जयसिंहनगर से यूपी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर ब्यौहारी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पोड़ी तिराहे के पास नाकेबंदी कर दी।

थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि पुलिस ने बैरिकेड लगाकर वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर मानपुर रोड की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और कुछ दूरी पर वाहन को घेरकर रोक लिया।

पुलिस कार्रवाई के दौरान चालक वाहन से कूदकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरता से ठूंस-ठूंस कर भरे गए कुल 16 मवेशी पाए गए, जिन्हें बाद में मुक्त कराया गया।

गिरफ्तार आरोपी चालक की पहचान अंकित साकेत के रूप में हुई है, जो सतना जिले का निवासी बताया जा रहा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अनूपपुर जिले से मवेशियों को लोड कर उत्तर प्रदेश के कत्लखाने ले जा रहा था। हालांकि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने इस मामले में वाहन मालिक बृजेश कुमार दहिया सहित एक अन्य व्यापारी को भी आरोपी बनाया है। दोनों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पशु तस्कर अब्दुल रहमान "बल्लू" को पुलिस ने किया गिरफ्तार, काला साम्राज्य का बेताज बादशाह बेनकाब


अनूपपुर

जिले में खौफ का पर्याय बन चुके और बेजुबान पशुओं के खून के सौदागर बल्लू उर्फ अब्दुल रहमान का 'गुंडा राज' अब सलाखों के पीछे दम तोड़ रहा है। अनूपपुर एसपी मोती उर रहमान के कड़े तेवरों और कोतमा पुलिस की पैनी घेराबंदी ने उस शातिर सरगना को धर दबोचा है, जो लंबे समय से कानून की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था।

मूल रूप से मुजफ्फरनगर उत्तरप्रदेश का निवासी यह शख्स कोतमा की गलियों में पशु तस्करी का जहर घोल रहा था। इसके पापों का कच्चा चिट्ठा इतना भारी है कि अनूपपुर से लेकर शहडोल तक 11 संगीन मुकदमे इसकी गवाही दे रहे हैं।

तस्करी का खौफनाक जाल 31 जनवरी की वह रात जब ट्रक (CG 04 NX 5617) में 22 मवेशियों को बेरहमी से भरकर ले जाया जा रहा था। उस ट्रक में न केवल बेजुबान जानवर थे, बल्कि 315 बोर का लोडेड देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए थे। यह अपराधी सिर्फ तस्करी नहीं करता था, बल्कि हथियारों के दम पर क्षेत्र में दहशत फैलाने की फिराक में रहता था। इसके गुर्गे उमेश केवट और संजय पटेल पहले ही जेल की हवा खा रहे हैं, और अब 'आका' की बारी है।कोतमा की धरती से इस अपराधी का सफाया पुलिस प्रशासन अब इस कुख्यात अपराधी को जिले की सीमा से खदेड़ने (जिला बदर) की तैयारी में है।

धुरवासिन फिटर कोटमी के उपभोक्ता बिजली कटौती से त्रस्त, गर्मी शुरू होते ही पानी के लिए हुए मोहताज


अनूपपुर

जिले के कोतमा विद्युत केंद्र के अंतर्गत आने वाले धुरवासिन फिटर कोटमी इलाके में बिजली की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। यहां बिजली की आपूर्ति आए दिन कई-कई घंटों तक बाधित रहती है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि आज सुबह लगभग 10 बजे से क्षेत्र की बिजली गुल है, जो शाम 4 बजे तक भी बहाल नहीं हो पाई थी। यानी लगातार करीब 7 घंटे से अधिक समय से उपभोक्ता अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए यह समस्या और भी विकट हो गई है।

बिजली न होने के कारण लोग न तो पंखे, कूलर जैसे उपकरण चला पा रहे हैं और न ही समरशियल मोटर पंप (सिंचाई के लिए इस्तेमाल होने वाला पंप) चल पा रहा है। इसका सीधा असर खेती-किसानी और पेयजल आपूर्ति पर पड़ रहा है। किसान अपने खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं, वहीं ग्रामीण पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं।

उपभोक्ताओं ने बताया कि यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि यह समस्या नित्य की हो गई है। लाइन में आ रही इस नियमित खराबी (गोल रहना) के कारण उन्हें प्रतिदिन घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।

गर्मी से बेहाल ग्रामीणों ने कोतमा विद्युत केंद्र के अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेते हुए लाइन की मरम्मत कराने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget