सड़क पर खड़े जानलेवा विद्युत पोल बना दुर्घटना का कारण, जिम्मेदार विभाग मौन


अनूपपुर

पवित्र नगरी अमरकंटक के मुख्य मार्ग पर पुलिस थाना और पेट्रोल पंप के सामने स्थित तीन विद्युत पोल वर्षों से सड़क के बीच खड़े हैं और गंभीर सड़क दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहे हैं। ये पोल विगत 7–8 वर्षों से इसी स्थिति में हैं, लेकिन आज तक प्रशासन का इस ओर ध्यान नहीं गया है। यह मार्ग छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला प्रमुख स्टेट हाईवे है, जिस पर प्रतिदिन सैकड़ों पर्यटक और तीर्थयात्री आवागमन करते हैं।

जानकारी के अनुसार, करीब 7–8 वर्ष पूर्व नगर परिषद अमरकंटक द्वारा हुडको कंपनी के वित्तीय सहयोग से लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। परंतु, दुर्भाग्यवश कुछ भाग आज तक अधूरा पड़ा है। इसी अधूरे कार्य के कारण ये विद्युत पोल आज भी सड़क के बीचोंबीच खड़े हैं, जो किसी बड़े हादसे की आशंका को जन्म देते हैं। स्थानीय निवासी और व्यापारी वर्ग इस स्थिति को लेकर लंबे समय से चिंता जता रहे हैं। न सिर्फ अमरकंटक के नागरिक, बल्कि यहां आने वाले पर्यटक भी इस जानलेवा स्थिति से प्रभावित हो रहे हैं। बरसात या रात के समय इन पोलों को देख पाना मुश्किल होता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

स्थानीय जनता की ओर से प्रशासन से मांग की जाती है कि इन विद्युत पोलों को शीघ्रता से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही, सड़क निर्माण कार्य को पुनः शुरू कर उसे पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। प्रशासन की तत्परता से न केवल दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है, बल्कि अमरकंटक की छवि भी सुरक्षित रह सकती है।

IBC24 चैनल करेगा प्रतिभा का सम्मान, स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप जिले की छात्राओ को करेगी सम्मानित


अनूपपुर। 

समाचार चैनल IBC24 खबरों के साथ-साथ लगातार अपने सामाजिक सरोकारों को भी निभाता आया है। समय-समय पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर अपने विधाओं में बेहतरीन कार्य कर रहे लोगों को सम्मानित करता रहा है। इन कार्यक्रमों में एक स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप कार्यक्रम भी शामिल है। जिसके जरिए प्रदेश के होनहार बेटे-बेटियों का हौसला बढ़ाने के लिए प्रदेश का नंबर वन चैनल IBC24 स्कॉलरशिप राशि प्रदान करता है। इस वर्ष भी मध्यप्रदेश के स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेश की 12वीं की बोर्ड परीक्षा में स्टेट टॉपर बेटी को 1 लाख रुपए, उनके स्कूल को 1 लाख रुपए और जिले में प्रथम आने वाली बेटियों को 50-50 हजार रुपए प्रदान किया जाएगा। 11 अगस्त को भोपाल के कोर्टयाड बाय मैरियट होटल में सुबह 11 बजे से यह पूरा समारोह आयोजित हो रहा है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और गोयल ग्रुप के चेयरमेन सुरेश गोयल समेत बड़ी संख्या में मध्यप्रदेश सरकार के मंत्रीगण, गणमान्य नागरिक और स्वर्ण शारदा सम्मान के लिए चयनित मेधावी छात्राएं अपने परिजनों के साथ शामिल हो रहे हैं।

जिले के जैतहरी के सरस्वती स्कूल की 12वीं की छात्रा महक शिवहरे पिता शुभम शिवहरे को मध्य प्रदेश के प्रतिष्ठित चैनल आईबीसी 24 के द्वारा भोपाल में आयोजित स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री से प्रशस्ति पत्र और स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप के अंतर्गत 50 हजार रुपए से सम्मानित किया जाना है जिसके लिए सोमवार को सुबह 11:00 से आयोजित कार्यक्रम में महक शिवहरे शामिल होंगी और मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अनूपपुर जिले का नाम रोशन करेगी। 

भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन कंपनी 21.93 लाख की धोखाधड़ी मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

*कटनी व सतना पकड़े गए आरोपी, रिमांड में लेकर पुलिस कर रही है पूछताछ*


अनूपपुर

थाना कोतवाली अनूपपुर धोखाधड़ी के प्रकरण में पिछले 02 वर्ष से फरार चल रहे 03 आरोपियों को जिला कटनी एवं जिला सतना से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

05 अप्रैल 2024 को भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड कंपनी, शाखा अनूपपुर के ब्रांच मैनेजर सपन रजक पिता मुन्नालाल रजक उम्र 31 वर्ष निवासी सिहोरा जिला जबलपुर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि भारत फाइनेंस इंक्लूजन लिमिटेड गरीब महिलाओं को पांच-पांच महिलाओं का समूह बनाकर लघु उद्योग प्रारंभ हेतु रोजगार करने हेतु स्वालंबी बनाने हेतु जीएलजी मॉडल से लघु ऋण वितरण का कार्य करती है।  जो कंपनी की अनूपपुर ब्रान्च में कार्यरत कर्मचारी मनीष कुशवाहा पिता सरोज कुमार कुशवाहा निवासी ग्राम चंदई, चदौनी जिला सतना लखन कुमार चक्रवती पिता प्रकाश चंद चक्रवती निवासी ग्राम पचपेढी थाना उमरिया पान, जिला कटनी अजय कुशवाहा पिता भगवान प्रसाद कुशवाहा निवासी ग्राम नयागाव जिला सतना रजनीश कुशवाहा पिता राम सुख कुशवाहा निवासी ग्राम महुला जिला सतना द्वारा कंपनी के लोन धारक शशि कचेरा पति अशोक वर्मा निवासी वार्ड न. 13 अनूपपुर, विद्या सिहं पति धरमपाल सिहं उम्र 37 वर्ष निवासी वार्ड न. 09 बरबसपुर, सोमबाई पति गयादीन कोल उम्र 28 वर्ष निवासी करहीवाह, आरती वर्मा पति सूरज वर्मा उम्र 26 वर्ष निवासी जैतहरी, विशाखा सोनी पति सुनील सोनी उम्र 51 वर्ष निवासी जैतहरी, रजनी निखर पति विकास निखर उम्र 34 वर्ष निवासी जैतहरी एवं अन्य कई लोन धारको से लोन की राशि प्राप्त कर कंपनी की शाखा में जमा न कर गबन कर भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड कंपनी को 21 लाख 93 हजार 868 रूपये आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है। जिस पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 206/24 धारा 406,409, 420, 34 भादवि का पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। आरोपी मनीष कुशवाहा, लखन कुमार चक्रवर्ती, अजय कुशवाहा , रजनीश कुशवाहा लम्बे से फरार थे जिनकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान द्वारा ईनाम की घोषणा की गई थी।

टी. आई. कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रवीण साहू, प्रधान आरक्षक महेन्द्र राठौर, शेख रसीद, विनय बैस, अमित यादव, सायबर सेल प्रभारी प्रधान राजेन्द्र अहिरवार की पुलिस टीम द्वारा आरोपी मनीष कुशवाहा पिता सरोज कुमार कुशवाहा निवासी ग्राम चंदई, चदौनी जिला सतना (म.प्र.), लखन कुमार चक्रवती पिता प्रकाश चंद चक्रवती निवासी ग्राम पचपेढी थाना उमरिया पान, जिला कटनी (म.प्र.), अजय कुशवाहा पिता भगवान प्रसाद कुशवाहा निवासी ग्राम नयागांव जिला सतना (म. प्र.) को जिला कटनी एवं सतना से गिरफ्तार कर आरोपीगण का पुलिस रिमाण्ड लिया जाकर कार्रवाई की जा रही है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget