अवैध रेत भरे दो ट्रैक्टर जब्त कर थाना लाते समय भागे, पुलिस ने पीछा करके फिर पकड़ा
शहडोल
जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ ब्यौहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालकों ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दोनों वाहनों को दोबारा पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, बीती रात अवैध रेत खनन की सूचना मिलने पर ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां नदी से दो ट्रैक्टरों में अवैध रूप से रेत भरी जा रही थी। पुलिस को देखते ही खनन में लगे मजदूर मौके से फरार हो गए, जबकि दोनों ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने लगे। पुलिस बल ने तत्काल कार्रवाई कर दोनों ट्रैक्टरों को पकड़ लिया और थाना लेकर रवाना हुई।
इस दौरान रास्ते में भी चालकों ने ट्रैक्टर लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों वाहनों को फिर से अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर खनिज अधिनियम एवं रेत चोरी के प्रकरण में अपराध दर्ज किया गया।
