समाचार 01 फ़ोटो 01
तेज रफ्तार ट्रक ने मचाया उत्पात, कई वाहन व दुकानें क्षतिग्रस्त, मामला दर्ज, ट्रक व चालक की तलाश जारी
अनूपपुर/कोतमा
कोतमा नगर के गहरवार प्रेस के पास में मंगलवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए जमकर उत्पात मचा दिया। ट्रक चालक ने सड़क किनारे खड़े वाहनों, दुकानों एवं अन्य सामानों को टक्कर मार दी, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए तथा दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। कोतमा थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वॉर्ड क्रमांक 12 गोविंदा कालरी निवासी जावेद खान पुत्र जहीर खान की गहरवार प्रेस के पास इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। मंगलवार रात लगभग 8:50 बजे वे अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान शारदा मंदिर रोड की ओर से ट्रक क्रमांक MH43 CQ 6715 का चालक सोनू सोनकर पिता प्यारेलाल सोनकर निवासी गेट दफाई भालूमाडा तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक ट्रक चलाते हुए वहां पहुंचा और दुकान के सामने खड़ी टीवीएस मोटरसाइकिल क्रमांक CG16 C 5046 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल जावेद खान के ऊपर गिर गई, जिससे उन्हें चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक ने वाहन को पीछे करते समय दुर्गेश चौधरी निवासी ग्राम ऊरा की मोटरसाइकिल क्रमांक CG16 C 9321 को भी टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के दौरान मनोज जैन गन्ना वाले की कुर्सियां टूट गईं, वहीं अनिमेश प्रताप सिंह की दुकान की छत एवं शटर भी क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद भी ट्रक चालक नहीं रुका और ट्रक लेकर गोविंदा कालरी की ओर भागने लगा।
भागते समय ट्रक चालक ने अभिषेक सिंह उर्फ विक्की निवासी भालूमाडा की कार को भी टक्कर मार दी तथा मुक्तेश्वर मिश्रा निवासी वार्ड क्रमांक 13 लहसुई कैम्प की मोटरसाइकिल को ठोकर मारते हुए उन्हें घायल कर दिया। कोतमा पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा ट्रक एवं आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
आजादी के 78 साल बाद भी दाल गांव में बिना पानी, सड़क, बिजली के जीवन यापन कर रहे हैं ग्रामीण
*विधायक के कार्यशैली पर सवाल*
शहडोल
जिले के ब्यौहारी अंतर्गत ग्राम पंचायत धांधोकुई के ग्राम दाल में आज भी ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आज तक गांव में न सड़क पहुंच सकी, न बिजली और न ही पीने के पानी की समुचित व्यवस्था हो पाई है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को रोजाना दो किलोमीटर दूर पहाड़ों के नीचे स्थित झिरिया से पानी लाना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच जहां लोग घरों से निकलने से बचते हैं, वहीं दाल गांव के लोग पथरीले और खतरनाक रास्तों से होकर पहाड़ के नीचे उतरते हैं। ग्रामीण सिद्ध बाबा के पास स्थित एक गहरी झिरिया (झरना) से पीने का पानी भरकर अपने घर तक पहुंचाते हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों तक को यह कठिन सफर रोज तय करना पड़ता है।
गांव में एक हैंडपंप जरूर लगाया गया है, लेकिन उससे पानी नहीं निकल रहा। ग्रामीणों का कहना है कि गांव ऊंची पहाड़ी पर बसा होने के कारण पानी की समस्या लगातार बनी हुई है। मजबूरी में लोग प्राकृतिक झिरिया के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं।
गांव में सड़क सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पक्की सड़क गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर बताई जा रही है। ऐसे में यदि कोई बीमार पड़ जाए तो उसे अस्पताल तक पहुंचाना बेहद मुश्किल हो जाता है, क्योंकि गांव तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पाती।
ग्रामीण मथुरा सिंह ने बताया कि बिना बिजली के जीवन यापन करना बेहद कठिन है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। गांव में अंधेरा और परेशानी दोनों कायम हैं। ग्रामीण शुभकरण ने कहा कि गांव से पक्की सड़क करीब 5 किलोमीटर दूर है। ऐसे में किसी के बीमार पड़ने पर बड़ी दिक्कत होती है, क्योंकि गांव तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पाती। ग्राम पंचायत धांधोकुई के सरपंच राकेश प्रजापति ने बताया कि दाल गांव में एक हैंडपंप लगा है, लेकिन उससे पानी नहीं निकलता। गांव काफी ऊंचाई पर बसा हुआ है। यहां करीब 40 घरों की आबादी है, जिसमें लगभग 250 लोग निवास करते हैं।
समाचार 03 फ़ोटो 03
भाजपा पार्षद पर गरीब महिला से जमीन के नाम पर ठगी का आरोप, शासकीय भूमि को निजी बताकर ऐंठे लाखों रुपये
अनूपपुर
नगर पालिका परिषद अनूपपुर के वार्ड क्रमांक 2 के भाजपा पार्षद संजय चौधरी एवं सूर्य चौधरी पर एक गरीब मजदूर महिला से शासकीय भूमि को निजी पट्टे की जमीन बताकर लाखों रुपये लेने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर पीड़िता ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता रजनी रजक पति स्वर्गीय लाला रजक, निवासी वार्ड क्रमांक 6 सामतपुर, थाना, तहसील एवं जिला अनूपपुर ने आवेदन में बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। वर्ष 2023-24 में वार्ड क्रमांक 2 निवासी सूर्य चौधरी एवं भाजपा पार्षद संजय चौधरी उनके घर पहुंचे और मॉडल स्कूल के पास स्थित भूमि को अपना पट्टे की जमीन बताते हुए विक्रय करने की बात कही।पीड़िता के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पहले विद्युत ठेकेदार करतार केवलानी के सामने 50 हजार रुपये लिए। इसके बाद दो अलग-अलग अवसरों पर उनके घर पहुंचकर उनके बेटे के सामने 50-50 हजार रुपये और लिए। इस प्रकार कुल 1 लाख 50 हजार रुपये उनसे ले लिए गए। वहीं जमीन पर बाउंड्री निर्माण कराने के नाम पर महिला से दो गाड़ी मुरूम और दो गाड़ी ईंट भी गिरवाई गई, जिसमें लगभग 50 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च हुए। इस तरह पीड़िता को करीब दो लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई।
महिला ने आवेदन में बताया कि घरेलू समस्याओं के चलते वह तीन माह तक बाउंड्री निर्माण नहीं करा सकीं। इसी दौरान उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई। बाद में जानकारी मिली कि जिस भूमि को निजी पट्टे की जमीन बताया गया था, वह वास्तव में शासकीय भूमि है।
पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो दोनों आरोपियों द्वारा लगातार टालमटोल की जाती रही। आज तक न तो राशि लौटाई गई और न ही कोई जमीन दिलाई गई। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि उनसे ली गई पूरी राशि वापस दिलाई जाए तथा दोनों आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
समाचार 04 फ़ोटो 04
अवैध शराब परिवहन करने पर 22 लीटर शराब सहित मोटरसाइकिल जब्त, मामला दर्ज
अनूपपुर
कस्बा भ्रमण के दौरान ग्राम कदमसरा में मुखबिर द्वारा सूचना दी गई की एक व्यक्ति आई-स्मार्ट स्पलेण्डर मोटर सायकल से बोरी में भरकर अंग्रेजी शराब अनूपपुर तरफ से छत्तीसगढ़ की ओर ले जा रहा है। सूचना पर ग्राम कदमसरा पुलिस टीम सड़क में रूककर आने जाने बाले वाहनो की चेकिंग की गई जो कुछ देर बाद एक व्यक्ति आई-स्मार्ट स्पलेण्डर मोटर सायकल क्र. CG 12वAQ 1027 से अनूपपुर तरफ से आता दिखा, जिसे रोका गया नाम पता पूछां गया तो अपना नाम इतवार सिंह पिता बान सिंह उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम बेतलो थाना पसान जिला कोरबा (छ.ग.) का होना बताया, उक्त व्यक्ति अपने कंधो में सामने तरफ एक ग्रे रंग का बेग लटकाया हुआ था एवं मोटर सायकल पिछली सीट पर एक सफेद रंग की बोरी बांधा हुआ था, बैग एवं बोरी को खोलकर चैक किया गया तो बोरी एवं बेग के अंदर अंग्रेजी शराब गोवा विस्की के क्वाटर रखे हुये मिले। उक्त शराब रखने एवं बेंचने का कोई कागजात अनुज्ञप्ति नही होना बताया। शराब को बोरी से निकालकर पृथक पृथक गिनती किया गया तो एक सफेद रंग के प्लास्टिक की बोरी जिसमें सामने रोयल किंग लिखा हुआ था बोरी में भरी 104 नग शीशी अंग्रेजी शराब गोवा मात्रा 18.72 लीटर एवं एक ग्रे रंग का बेग जिसमें भरी 22 नग शीशी अंग्रेजी शराब गोवा मात्रा 3.96 लीटर शराब कुल मात्रा 22.68 लीटर कुल कीमती 17010/- रूपये होना पाया गया जो मौके पर उक्त शराब एवं स्पलेण्डर मोटर सायकल कीमती करीब 50 हजार रूपये को जप्त किया गया। आरोपी इतवार सिंह का कृत्य धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत दण्डनीय पाये जाने से आरोपी के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन व भंडारण पर कार्यवाही, दो वाहन जब्त
शहडोल
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने ब्यौहारी एवं सोहागपुर क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रेत परिवहन में संलिप्त दो वाहनों को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 को खनिज विभाग द्वारा ग्राम मटोला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रेत परिवहन करते पकड़ा गया। टीम ने मौके से लगभग 200 घनफीट रेत जब्त कर वाहन को अभिरक्षा में लिया।
इसके बाद 27 मई 2026 की देर रात लगभग 2 बजे तहसील सोहागपुर अंतर्गत ग्राम पिपरिया में रेत से भरा एक मेटाडोर वाहन पकड़ा गया। वाहन क्रमांक MP 19 GA 4357 अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाया गया, जिसे विभागीय टीम ने तत्काल जब्त कर लिया।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वाहन मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
बिजुरी हत्याकांड व रीवा साध्वी हत्याकांड के विरोध में शिवसेना ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
अनूपपुर/कोतमा
शिवसेना अनूपपुर जिला अध्यक्ष राजेश महाराणा ने एसडीएम कोतमा के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बिजुरी में 20 वर्षीय युवती की हत्या और मामले के एकमात्र गवाह 17 वर्षीय अमन यादव की संदिग्ध मौत तथा रीवा में दो जैन साध्वियों की कार से कुचलकर की गई हत्या की घटनाओं पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।
जिला अध्यक्ष राजेश महाराणा ने कहा, "जब से बिजुरी थाना प्रभारी विकास सिंह ने पदभार संभाला है, क्षेत्र में जघन्य अपराधों की बाढ़ आ गई है। गवाह तक सुरक्षित नहीं है। यह कानून व्यवस्था की पूरी तरह विफलता है। राज्यपाल महोदय से हमारी मांग है कि थाना प्रभारी को तत्काल हटाया जाए और दोनों मामलों की CBI जांच हाईकोर्ट के सीटिंग जज की निगरानी में हो।"
शिवसेना की मांगें दोनों हत्याकांडों के आरोपियों को 3 माह में फास्ट ट्रैक कोर्ट से मृत्युदंड। गवाह अमन यादव की मौत की CBI जांच। पीड़ित परिवारों को 50-50 लाख मुआवजा व सरकारी नौकरी। म.प्र. में "संत सुरक्षा अधिनियम" लागू हो। थाना प्रभारी बिजुरी का तत्काल स्थानांतरण।
जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिवस में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो शिवसेना लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
समाचार 07 फ़ोटो 07
अमरकंटक के समग्र विकास पर मंथन, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रसाद ने श्री कल्याण सेवा आश्रम में की संतों से चर्चा
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित श्री कल्याण सेवा आश्रम में एक महत्वपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण मुलाकात का आयोजन हुआ, जिसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रसाद ने आश्रम के प्रबंध न्यासी स्वामी हिमाद्री मुनि महाराज से भेंट कर क्षेत्र के विकास, धार्मिक पर्यटन और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान अमरकंटक की आध्यात्मिक पहचान को और सुदृढ़ करने, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा क्षेत्रीय विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा में यह भी रेखांकित किया गया कि अमरकंटक केवल एक तीर्थस्थल ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।
इस अवसर पर उपस्थित संतजनों ने भी अपने विचार साझा करते हुए अमरकंटक के संतुलित एवं दीर्घकालिक विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में स्वामी हरस्वरूप महाराज एवं स्वामी धर्मानंद महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। संतों ने सामाजिक समरसता, सेवा कार्यों और धार्मिक मूल्यों के संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए सकारात्मक संवाद को उपयोगी बताया। इस अवसर का वातावरण आध्यात्मिक गरिमा, सौहार्द और जनकल्याण के संकल्प से ओतप्रोत दिखाई दिया।
समाचार 08 फ़ोटो 08
महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार आधारित योजनाएं, स्व-सहायता समूह से जुड़कर चंद्रकली ने बदली अपनी तकदीर
उमरिया
मध्यप्रदेश शासन की महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार आधारित योजनाएं ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि जिले की अनेक महिलाएं आज आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।
जिले के मानपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कठार की निवासी चंद्रकली पटेल आज ग्रामीण महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायक मिसाल बन चुकी हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बीच जीवन यापन करने वाली चंद्रकली ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर न केवल अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ की, बल्कि आत्मनिर्भरता की नई पहचान भी बनाई।
चंद्रकली पटेल ने 10वीं तक शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद वे घर-परिवार की जिम्मेदारियों में व्यस्त हो गईं। परिवार की सीमित आय के कारण घर का खर्च चलाना कठिन हो रहा था। वर्ष 2019 में वे जनपद स्तर पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुईं जहां उन्होंने देखा कि स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होकर सम्मानपूर्वक जीवन जी रही हैं। इस अनुभव ने उनके जीवन की दिशा बदल दी।
प्रेरित होकर उन्होंने ग्राम कठार के क्रांति स्व-सहायता समूह की सदस्यता ग्रहण की। समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया। उन्होंने समूह की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई और गांव की अन्य महिलाओं को भी समूह से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
चंद्रकली पटेल ने समूह के माध्यम से सीसीएल से 50 हजार रुपये तथा सीआईएफ से 10 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस राशि से उन्होंने सिलाई कार्य प्रारंभ किया। साथ ही अपने पति रामभगत पटेल के लिए ऑटो रिक्शा एवं गन्ना रस मशीन खरीदकर स्वरोजगार की नई शुरुआत की। वर्तमान में उनके पति कठार से मानपुर तक ऑटो चलाकर आय अर्जित कर रहे हैं जबकि चंद्रकली सिलाई कार्य के साथ घरेलू जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। गर्मी के मौसम में गन्ना रस व्यवसाय से भी अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है।
समाचार 09
बालिका संप्रेषण गृह एवं शिवालय शिशु गृह का किया निरीक्षण
शहडोल
जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित बाल देखरेख संस्थाओं यथा शासकीय बालिका संप्रेषण गृह एवं शिवालय शिशु गृह का किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 54 के तहत गठित जिला स्तरीय निरीक्षण समिति के अध्यक्ष एवं अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, सदस्य सचिव जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, सदस्य श्रीमती राखी शर्मा, पुष्पा द्विवेदी, अभिषेक चौकसे, डॉक्टर मुकुंद चतुर्वेदी एवं डॉ. गंगेश टांडिया द्वारा त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान बालिका संप्रेषण गृह में 5 बालिकाएं एवं शिवालय शिशु गृह में 06 बच्चे निवासरत हैं, जिनके स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं शासन के नियमानुसार दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई।