किराना दुकान में घुसी तेज रफ्तार कार, घायल मासूम की हुई मौत, मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भमरहा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 वर्षीय बालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार सड़क किनारे स्थित किराना दुकान में जा घुसी, जिससे दुकान में बैठा मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कार और चालक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भमरहा गांव के कैथा चौराहा के पास महेंद्र सिंह की किराना दुकान संचालित है। सोमवार शाम उनका 9 वर्षीय पुत्र दीपक दुकान में बैठा हुआ था। इसी दौरान ब्यौहारी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार अनियंत्रित होकर सीधे दुकान के अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान के अंदर बैठा दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया।
तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल बालक को अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रीवा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार सहित चालक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
