समाचार 01 फ़ोटो 01
संकल्प महोत्सव 2026 : भव्यता, गरिमा और उत्कृष्ट आयोजन के साथ हुआ संपन्न
*संकल्प महाविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध*
अनूपपुर
संकल्प महाविद्यालय अनूपपुर द्वारा 27 फरवरी को आयोजित संकल्प महोत्सव 2026 अत्यंत भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। महाविद्यालय परिसर विद्यार्थियों और स्टाफ के उत्साह, ऊर्जा एवं सांस्कृतिक रंगों से सराबोर दिखाई दिया। अभिभावकों एवं अतिथियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
शहडोल संसदीय क्षेत्र की माननीय सांसद हिमाद्री सिंह के कर कमलों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा विद्यार्थियों को लक्ष्य, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की आधारशिला है और ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष अनूपपुर हीरा सिंह श्याम ने महाविद्यालय प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। अनूपपुर अनुभागीय अधिकारी कमलेश पूरी द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु उठाए जा रहे कदमों की सराहना की गई।
छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय लोकगायक सुनील मानिकपुरी ने अपनी मधुर लोकधुनों से पूरे वातावरण को रोमांचित कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे और कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार हुआ। प्रसिद्ध बॉलीवुड सिंगर स्तुति जायसवाल की मधुर एवं ऊर्जावान प्रस्तुति ने वातावरण को सुरमय बना दिया। उनकी गायकी ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। गुदुम ग्रुप के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक नृत्य प्रस्तुति से सांस्कृतिक समृद्धि का जीवंत परिचय दिया। उनकी ऊर्जावान प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं अनुशासन ने यह सिद्ध कर दिया कि संस्थान शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
आरकेटीसी कंपनी का एक और कारनामा, कबाड़ की चोरी में आरकेटीसी के हाथ हुए काले
शहडोल
जिले के धनपुरी एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत अमलाई ओसीएम में ओबी उत्खनन का कार्य कर रही निजी कंपनी आरकेटीसी का और कारनामा सामने आया है, जिससे एसईसीएल प्रबंधन के जिम्मेदार भी शर्मसार हो जाएंगे। अमलाई ओसीएम अंतर्गत मैगजीन वॉच टावर पीछे वाली सड़क से कबाड़ की बड़ी मात्रा पकड़ी गई, पुलिस अनुसंधानों से मिली जानकारी के अनुसार लगभग 10 क्विंटल कबाड़ RKTC के तथाकथित कर्मीचारियों और मातहतों मनोज महोबिया और श्रीकांत दहिया के संरक्षण में चोरी छुपे गाड़ी क्रमांक K 30 में जिसका चालक सुभाष बर्मन था, उसकी गाड़ी में अवैध कबाड़ लोड करवाया गया और उसे कहा गया की इसे पीछे पुलिया के पास मैगजीन रोड में डंप कर देना बाकी वहां से स्थानीय कबाड़ियों के गुर्गे उक्त माल को गायब कर देंगे, इसकी गुप्त जानकारी जब पुलिस प्रशासन धनपुरी को हुई तब थाना धनपुरी से उपनिरीक्षक नागेन्द्र प्रताप सिंह सहायक उपनिरीक्षक विनोद तिवारी जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा की कबाड़ की एक वृहद मात्रा मैगजीन रोड पर अपने आकाओं का इंतजार कर रही है। जानकारी लगते ही वहां आरकेटीसी प्रबंधन के कुछ कर्मी भी पहुंचे जहां पर उन्होंने उक्त कबाड़ को देखा और RKTC के ही कई कर्मियों ने स्थानीय पुलिस के सामने मनोज महोबिया और श्रीकांत दहिया का नाम लिया, जिससे यह बात स्पष्ट हो जाती है की उक्त पुलिस द्वारा जप्त कबाड़ RKTC के मातहतों और करीबियों द्वारा ही संबंधित स्थल तक पहुंचवाया गया
धनपुरी पुलिस ने कबाड़ को अपनी अभिरक्षा में लेकर विवेचना शुरू कर दी है उन्होंने कहा की इसमें कंपनी के कर्मियों का नाम सामने आया है, अगर जांच उपरांत यह पाया गया की इसमें कंपनी के कर्मियों का हाथ हैं तो विधि अनुरूप कर्मियों और RKTC प्रबंधन पर भी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी
अमलाई ओपन कास्ट माइंस अंतर्गत ओबी उत्खनन हेतु कार्यरत निजी कंपनी लगातार सुर्खियों में हैं और सुर्खियां भी सिर्फ नकारात्मक पहले क्षेत्र के कुछ दलालों के हाथ में नियम के विपरीत जाकर लाइजनिंग का कार्य तिवारी बंधुओं को सौंपना राज तिवारी और राकेश तिवारी की युगल जोड़ी लगातार कोल इंडिया के नियमो के साथ साथ रेड्डी और शिवदत्त के संरक्षण में श्रम कानूनों का घोर उल्लंघन कर रही है, साथ ही कर्मियों का शोषण भी कर रही है, कंपनी में राज राकेश अभिषेक देवी नरेंद्र और रमन्ना के गठजोड़ से लगातार अनियमितताएं पनपती जा रही है जो की एसईसीएल प्रबंधन सोहागपुर क्षेत्र के लिए एक काला अध्याय है, आए दिन कोई ना कोई लापरवाही मजदूरों का शोषण कोल इंडिया द्वारा सुनिश्चित किए गए नियमों का उल्लंघन SOP का उल्लंघन डीजीएमस के सुरक्षा नियमो की धज्जियां उड़ाना मजदूरों की गाढ़ी कमाई पर दलालों का डाका आम बात हो कर रह चुकी है, अगर समय रहते आरकेटीसी की अनियमित और स्वयंभू कार्यशैली पर एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र अंकुश नहीं लगाती तो आने वाले समय में पूर्व में हुई कुशवाहा नामक श्रमिक की मौत से भी ज्यादा बड़े हादसे अमलाई ओपन कास्ट माइंस क्षेत्र अंतर्गत होने की प्रबल संभावना नजर आती हुई दिखाई दे रही है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
मोह, मिथ्यात्व और अज्ञान ही जीव के भटकाव का मूल कारण — मुनि श्री प्रमाण सागर
शहडोल
नव-निर्मित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव के पाँचवें दिवस भावनायोग प्रणेता राष्ट्रीय संत मुनि श्री प्रमाण सागर महाराज ने भगवान के कैवल्यज्ञान उपरांत समवसरण की गणधर पीठिका से अत्यंत मार्मिक एवं आध्यात्मिक उद्बोधन प्रदान किया।
मुनि श्री ने कहा इस अनादि संसार में जीव चारों गतियों और 84 लाख योनियों में निरंतर भटक रहा है,उसके इस भटकाव का मूल कारण उसके अंतर में पलने वाला मोह, मिथ्यात्व और अज्ञान है। उन्होंने नरक गति का वर्णन करते हुए कहा कि वहाँ जीव को असहनीय यातनाएँ सहनी पड़ती हैं, कभी उसे कड़ाही में डाला जाता है, तो कभी तलवार की तीक्ष्ण धार का सामना करना पड़ता है; मानो हजारों बिच्छुओं ने एक साथ डंक मार दिए हों। नरक से निकलकर जीव कभी एक इंद्रिय, कभी द्वि-इंद्रिय, फिर तिर्यंच गति में भ्रमण करता हुआ मनुष्य जन्म प्राप्त करता है। किंतु मनुष्य जीवन में भी वह कभी भिखारी बनकर कष्ट भोगता है।मुनि श्री ने स्पष्ट कहा कि मोह, मिथ्यात्व और अज्ञान आत्मा के प्रबल शत्रु हैं। इन्हीं के कारण जीव अपने आत्मस्वरूप से दूर होकर पंचेंद्रिय विषयों तथा क्रोध, मान, माया, लोभ जैसी कषायों में फँसकर पाप और दुर्गतियों का भागी बनता है।
उन्होंने कहा जब तक जीव अपने आत्मस्वरूप को नहीं समझेगा, तब तक उसे सम्यक दर्शन की प्राप्ति नहीं हो सकती। भव-बन्धन से मुक्ति का एकमात्र उपाय सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान और सम्यक चरित्र रूपी रत्नत्रय की पूर्णता है। दर्शन मूलो धम्मो का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि सम्यक दर्शन धर्म का मूल आधार है। बिना सम्यक्त्व के न ज्ञान शुद्ध होता है और न चरित्र।
भगवान महावीर द्वार’ का ऐतिहासिक शिलान्यास पंचकल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर एक और ऐतिहासिक क्षण जुड़ा जब प्रातःकाल पूज्य मुनि श्री प्रमाणसागर महाराज ससंघ की मंगलमयी उपस्थिति में भगवान महावीर द्वार का विधिवत शिलान्यास संपन्न हुआ।मुनि श्री ने कहा जब कोई नगर में भगवान के नाम के साथ प्रवेश करता है तो उसके सभी कार्य निर्विघ्न संपन्न होते हैं। ‘भगवान महावीर द्वार’ केवल निर्माण नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का प्रतीक बनेगा।
समाचार 04 फ़ोटो 04
कंडे की होली से लकड़ी और पर्यावरण की सुरक्षा का संदेश लेकर निकले युवा
*जलाएं कंडे की होली युवा कर रहे हैं जागरूक*
उमरिया
पर्यावरण के संरक्षण और गोवर्धन के लिए जरूरी है हम सब मिलकर काम करें इसके लिए आने वाले त्योहार होली पर हम गाय के गोबर से बने हुए कंडो की होली जलाकर न केवल पर्यावरण को बचाने का काम कर सकते हैं बल्कि हम गौशालाओं के विकास के लिए भी एक कदम आगे बढ़ा सकते हैं। कंडो की होली के यहां लकड़ी की बचत होगी वहीं पर्यावरण सुरक्षित रहेगा।
एकत्र कर रहे हैं कंडा कार्यक्रम संयोजक हिमांशु तिवारी ने बताया कि युवा टीम उमरिया के सदसयो के द्वारा इस वर्ष भी लकड़ी की जगह कंडो से होलिका दहन किया जाएगा। इसके लिए युवा टीम उमरिया के सदस्य गांव-गांव घर-घर जाकर कंडे इकट्ठा करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि होलिका जलाते समय हम जहां अति उत्साह में आकर कई क्विंटल लकड़ी जला देते हैं। तो कहीं कहीं तो हरे भरे पेड़ काटकर भी होली में रख देते हैं। जिससे प्रकृति का नुकसान होता है। उन्होंने बताया होलिका दहन पर उपले व गोकाष्ठ जलाने के दौरान उसमें कपूर और इलायची जलाया जाए तो इससे वातावरण में शुद्ध होगा और स्वाइन फ्लू के कीटाणु भी मर जाएंगे।हम जागरूक नागरिक की भूमिका का निर्वहन करते हुए आओ जलाएं कंडो की होली अभियान को गति दे और इसका सहयोगी बने। युवाओं ने किया तय युवा टीम उमरिया के सदस्यों ने इस वर्ष तय किया है कि उमरिया जिले के कई विभिन्न स्थानों में इस वर्ष कंडों की होली जलाने में अपनी सहभागिता निभाएंगे। युवाओं का कहना है कि इस बार लकड़ी की जगह हम आसपास उगी झाडि़यों को शामिल करेंगे और कंडो की संख्या बढ़ाएंगे। 100 से भी अधिक युवा आयोजन की तैयारी में जुटे हुए है। युवाओं ने आवाहन किया आइए अबकी होली में यह शपथ लें कि लकड़ियों को न जलाएंगे न जलाने देंगे। प्राकृतिक रूप से होलिका के लिए गोबर के कंडों का प्रयोग करेंगे। इससे पर्यावरण भी बेहतर रहेगा और गोशालाएं भी समृद्ध होंगी।
समाचार 05 फ़ोटो 05
पुलिस आरक्षक पर धक्का मुक्की कर किया हमला, फाड़ी वर्दी, मामला दर्ज, आरोपी फरार
उमरिया
जिला मुख्यालय में ड्यूटी से लौट रहे एक पुलिस आरक्षक पर हमला कर दिया गया। एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को बचाने के प्रयास में कांस्टेबल मुकेश सिंह से मारपीट की गई और उनकी वर्दी फाड़ दी गई। पुलिस ने आरोपी विमल लाड़िया के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, आरक्षक मुकेश सिंह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि कुछ लोग एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे हैं। मानवीयता दिखाते हुए आरक्षक मुकेश सिंह ने बीच-बचाव कर उस व्यक्ति को बचाने का प्रयास किया, लेकिन यह उन्हें ही महंगा पड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब आरक्षक मुकेश सिंह ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की तो वे उनसे ही उलझ गए। मुख्य आरोपी, जिसकी पहचान विमल लाड़िया के रूप में हुई है, ने आरक्षक पर हमला कर दिया। दोनों के बीच हुई धक्का-मुक्की में आरोपी ने आरक्षक की वर्दी फाड़ दी। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायल आरक्षक मुकेश सिंह ने थाने पहुंचकर आरोपी विमल लाड़िया के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समाचार 06 फ़ोटो 06
विश्वविद्यालय में होली जश्न के बीच मधुमक्खियों का हमला, छात्रों के दो गुटों में झड़प, वीडियो भी वायरल
शहडोल
शहडोल के पंडित शंभूनाथ विश्वविद्यालय में होली का जश्न उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब रंग-गुलाल के बीच डीजे की धुनों पर झूम रहे छात्र-छात्राओं पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए छात्र परिसर में इधर-उधर भागते नजर आए। वहीं इसी दौरान किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। होली के जश्न के बीच हंगामे और भगदड़ का यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आए दिन किसी न किसी वजह से विवादों में रहने वाला पंडित शंभूनाथ विश्वविद्यालय में इस बार मामला होली के जश्न से जुड़ा है, जहां रंग-गुलाल और डीजे की धुनों पर थिरकते छात्र-छात्राओं के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई। विश्वविद्यालय परिसर में होली का उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा था। छात्र-छात्राएं एक-दूसरे को रंग लगाकर और फिल्मी गानों पर डांस कर जश्न में डूबे हुए थे।
इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला बोल दिया। मधुमक्खियों के हमले से परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए। जान बचाने के लिए छात्र इधर-उधर भागते नजर आए। कई छात्र-छात्राएं घबराकर जमीन पर गिरते-पड़ते भी दिखे। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने नहीं आई है। मामला यहीं नहीं थमा, होली खेलने के दौरान किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते कहासुनी धक्का-मुक्की में बदल गई, कुछ देर तक परिसर में तनाव का माहौल बना रहा। बाद में अन्य छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन की दखल के बाद स्थिति को संभाला गया।
वायरल वीडियो के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और लोग प्रशासनिक लापरवाही पर चर्चा कर रहे हैं। हालांकि किसी गंभीर घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कैंपस की सुरक्षा और आयोजन प्रबंधन को लेकर जवाबदेही तय होना अब जरूरी माना जा रहा है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
यात्री को उलझाकर जेबकतरों ने जेब से उड़ा दिए 30 हजार, एक युवक गिरफ्तार, मामला दर्ज
पहले पेन गिरा है कहकर उठाया सीट से, फिर जेब से उड़ा दिए 30 हजार रुपये; बस में सरेआम हुई जेबकतरी।
शहडोल
जिले के ब्यौहारी बस स्टैंड से रीवा जा रही दादू एंड सांस कंपनी की बस में एक व्यापारी के साथ फिल्मी अंदाज में जेबकतरी की घटना सामने आई है। ‘सीट में पेन गिर गया है’ का बहाना बनाकर बदमाशों ने यात्री को उलझाया और उसकी जेब से 30 हजार रुपए चोरी कर लिए। घटना के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने एक संदेही युवक को पकड़ लिया, लेकिन तलाशी में रकम बरामद नहीं हो सकी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के मोहनी गांव निवासी शिव नारायण साकेत (40) अपनी पत्नी के साथ रीवा माल खरीदने जा रहे थे। वे जयसिंहनगर में जूते-चप्पल की छोटी दुकान चलाते हैं। बस स्टैंड से बस रवाना होने के कुछ देर बाद दो युवक उनकी सीट के पास पहुंचे। एक युवक ने कहा कि उसका पेन सीट में गिर गया है और सीट से उठने के लिए दबाव बनाने लगा। कुछ देर की हलचल के बाद दोनों युवक आगे बढ़ गए।
इसी दौरान शिव नारायण की पत्नी ने रुपए चेक करने को कहा। जेब टटोलने पर 30 हजार रुपए की गड्डी गायब मिली। तब तक बस चुंगी नाका के पास पहुंच चुकी थी और एक संदेही युवक बस से उतर चुका था। हंगामा होने पर अन्य यात्रियों ने एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
थाने में पकड़े गए युवक की तलाशी ली गई, लेकिन चोरी की रकम बरामद नहीं हुई। आशंका जताई जा रही है कि रकम पहले ही उसके साथी को सौंप दी गई थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।
समाचार 08
अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
शहडोल
जिले के केशवाही पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम पकरिहा में दबिश दी, जहां महिंद्रा कंपनी का ट्रैक्टर क्रमांक सीजी-31-सी 2545 ट्रॉली में रेत लोड कर परिवहन करते पाया गया।
जांच के दौरान ट्रैक्टर चालक पारस केवट (25) पिता मिठाई लाल केवट तथा वाहन स्वामी विष्णुकांत शुक्ला, दोनों निवासी ग्राम पकरिहा चौकी केशवाही थाना बुढार जिला शहडोल, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं खनिज अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।