युवती के अपहरण के तीन आरोपियों को स्कॉर्पियो वाहन सहित पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
अनूपपुर
जिले के थाना जैतहरी में पीड़िता द्वारा लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें बताया गया कि जयप्रकाश राठौर द्वारा उसे जबरन स्कॉर्पियो वाहन में बैठाकर विवाह के उद्देश्य से अपहरण किया। युवती की रिपोर्ट पर थाना जैतहरी में अपराध कायम कर विवेचना में लिया।
पीड़िता ने बताया कि वह पैरामेडिकल कॉलेज शहडोल में अध्ययनरत है। लगभग तीन वर्ष पूर्व उसकी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से जयप्रकाश राठौर (निवासी चोरभठी) से पहचान हुई थी। फोन पर हुई बातचीत में जयप्रकाश ने उससे विवाह करने की बात कही, लेकिन पीड़िता ने स्पष्ट किया कि वह केवल अपने माता-पिता की इच्छा अनुसार ही विवाह करेगी और दिनांक 28 फरवरी 2026 से वह अपने बड़े पापा के घर जैतहरी में आकर रह रही थी। दिनांक 13 मार्च 2026 को दोपहर में जब वह अपनी सहेली के साथ घर के बाहर बैठी थी। तभी एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से जयप्रकाश राठौर, जिसने अपना चेहरा साफे से ढका था ने पीड़िता को जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया। वाहन में चालक सहित एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।
सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता से वाहन और आरोपियों का पीछा किया। जयप्रकाश ने पिपरिया में पीड़िता को छोड़कर भाग गया। वहां ग्रामीण और पीड़िता के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। उसके भाई और मामा पिपरिया पहुंचकर पीड़िता को सुरक्षित वापस ले आए। पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए गए। जैतहरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ घंटे में अपहरण में शामिल तीनो आरोपी जयप्रकाश राठौर, पिता ललन राठौर, उम्र 23 वर्ष, निवासी चोरभठी थाना जैतहरी, शुभम राठौर, पिता दुलारे राठौर, उम्र 23 वर्ष, निवासी बेला, थाना अनूपपुर, सागर पटेल, पिता संतोष पटेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी मौहरी, थाना कोतवाली अनूपपुर को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MP 65 ZB 4472 को जप्त कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय अनूपपुर में पेश किया गया जहां से रिमांड पर जिला जेल अनूपपुर भेजा गया है।
