युवक ने कार्यालय में कर्मचारी को दी धमकी, मामला दर्ज, रिश्वत मामले में एसडीएम ने पटवारी को किया निलंबित

युवक ने कार्यालय में कर्मचारी को दी धमकी, मामला दर्ज, रिश्वत मामले में एसडीएम ने पटवारी को किया निलंबित

*राजस्व न्यायालय में भूमि प्रकरण का था मामला*


अनूपपुर 

जिले के राजस्व कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने कार्यालय में घुसकर सरकारी कर्मचारी के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दे डाली। घटना से कुछ देर के लिए कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार राजस्व कार्यालय अनूपपुर में पदस्थ रीडर-1 शिवम पाठक अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम सकोला निवासी दिलेन्द्र पाठक कार्यालय में पहुंचा और किसी राजस्व प्रकरण को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने रीडर के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया और गुंडागर्दी करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के दौरान आरोपी ने कार्यालय में हंगामा करते हुए शासकीय कार्य में भी बाधा उत्पन्न की। इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की। घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। आरोपी ने शासकीय कार्यालय में प्रवेश कर न केवल कर्मचारी के साथ अभद्रता की बल्कि धमकी देकर सरकारी कामकाज में व्यवधान भी उत्पन्न किया। कार्यालय परिसर में वीडियो बनाकर कर्मचारियों और कार्यालय की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।

थाना कोतवाली अनूपपुर ने आरोपी दिलेन्द्र पाठक के खिलाफ अपराध क्रमांक 157/26 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 351(2), 221 और 224 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। शिकायत रीडर-1 शिवम पाठक द्वारा लिखित रूप में दी गई थी, जिसमें आरोपी पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। आरोपी भूमि प्रकरण में राजस्व कार्यालय पहुँचा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


*रिश्वत लेते फ़ोटो, वीडियो वायरल एसडीएम ने पटवारी को किया निलंबित*


अनूपपुर जिले में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर रिश्वत लेते हुए कथित तौर पर वायरल हुई फोटो के मामले में अनूपपुर के एसडीएम कमलेश पुरी ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित पटवारी हंसराज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि वायरल फोटो में पटवारी हंसराज किसी व्यक्ति से पैसे लेते हुए नजर आ रहे थे। फोटो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पटवारी बिना पैसे लिए नामांतरण, खसरा-नकल, सीमांकन जैसे राजस्व संबंधी कार्य नहीं करते थे। मामले ने तूल पकड़ने पर प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। एसडीएम कमलेश पुरी ने प्रारंभिक जांच के बाद प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर पटवारी को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि राजस्व विभाग में किसी भी प्रकार की भ्रष्टाचार संबंधी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में आरोप पुष्ट होते हैं तो संबंधित के खिलाफ कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और आम जनता को राहत मिलेगी

Labels:

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget