समाचार 01 फ़ोटो 01
राजनैतिक गतिविधियों में शामिल होने पर नप के प्रभारी लेखापाल राजेश मिश्रा हटाए गए, शहडोल कार्यालय अटैच
अनूपपुर
मध्यप्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने अनुशासनहीनता और सरकारी नियमों के उल्लंघन के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए अनूपपुर जिले की नगर परिषद बनगवां (राजनगर) में पदस्थ प्रभारी लेखापाल राजेश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया है। उन्हें संभागीय कार्यालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, शहडोल संभाग से अटैच कर दिया गया है।
आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास द्वारा जारी आदेश के अनुसार राजेश मिश्रा (मूल पद राजस्व उप निरीक्षक) पर शासकीय सेवा में रहते हुए सक्रिय रूप से राजनीतिक गतिविधियों में शामिल रहने, लेखा नियमों के विरुद्ध कार्य करने और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तत्काल कार्रवाई की है।
जारी आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि राजेश मिश्रा को नगर परिषद बनगवां से तत्काल प्रभाव से हटाकर संभागीय कार्यालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, शहडोल में संलग्न (अटैच) किया जाता है। आदेश जारी होते ही इसे प्रभावी माना गया है।
बताया जा रहा है कि राजेश मिश्रा वर्ष 2008 से ग्राम पंचायत और बाद में नगर परिषद में लंबे समय से पदस्थ थे। स्थानीय स्तर पर उनके प्रभाव और राजनीतिक दखल को लेकर कई बार शिकायतें भी सामने आई थीं। विभाग की इस कार्रवाई के बाद परिषद के अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच भी हलचल मच गई है।
मामला यहीं समाप्त नहीं हुआ है। आयुक्त ने संभागीय संयुक्त संचालक, शहडोल को निर्देश दिए हैं कि राजेश मिश्रा के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर सात दिनों के भीतर संचालनालय को उपलब्ध कराया जाए। इससे संकेत मिलते हैं कि विभागीय जांच के बाद उनके खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई हो सकती है।
क्या कहते हैं अधिकारी
“नगर परिषद से भारमुक्त होने के बाद ही उन्हें संभागीय कार्यालय में अटैच किया जाएगा। यदि ऐसा नहीं हुआ है तो संबंधित सीएमओ से तत्काल बात कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।”
*आर.पी. मिश्रा, संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, शहडोल
समाचार 02 फ़ोटो 02
हरे-भरे जंगलों में आग की साजिश, पर्यावरण पर मंडरा रहा खतरा, 8–10 एकड़ वनभूमि आग की चपेट में,
*कपिला संगम–जमुना दादर क्षेत्र का मामला*
अनूपपुर
प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक के हरे-भरे वन क्षेत्रों में इन दिनों अज्ञात तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। लगातार लग रही आग से अमरकंटक की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यावरण तथा जैव विविधता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरकंटक नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 8 स्थित कपिला संगम–जमुना दादर क्षेत्र के जंगल में मंगलवार प्रातः लगभग 10 बजे अज्ञात लोगों द्वारा आग लगा दी गई। देखते ही देखते आग फैलकर लगभग 8 से 10 एकड़ वनभूमि को अपनी चपेट में ले गई। इस दौरान क्षेत्र में उगे नवोदित पौधे, सूखी झाड़ियां तथा वृक्षों के कुछ हिस्से जलकर नष्ट हो गए।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार इससे पहले भी दो-तीन दिन पूर्व इसी क्षेत्र के जंगल में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसे बड़ी मुश्किल से बुझाया जा सका था। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से अमरकंटक की हरी-भरी वादियां प्रभावित हो रही हैं और नगर के पर्यावरण पर भी इसका विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। जंगलों में लगने वाली आग से वातावरण में धुआं फैल रहा है, जिससे प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ क्षेत्र के तापमान में भी वृद्धि देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र में आग लगी, वह भूभाग वन विभाग और स्थानीय नगर परिषद की सीमा से जुड़ा हुआ है। ऐसे में आग बुझाने और रोकथाम को लेकर दोनों विभागों के बीच जिम्मेदारी को लेकर स्पष्टता नहीं दिखाई दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई की जाती तो आग को फैलने से रोका जा सकता था।
क्षेत्रीय नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अमरकंटक के जंगलों में जानबूझकर आग लगाने वाले तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही वन विभाग एवं नगर परिषद की जिम्मेदारी तय करते हुए ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए, ताकि पवित्र नगरी अमरकंटक की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य सुरक्षित रह सके।
समाचार 03 फ़ोटो 03
कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव व सहप्रभारी म.प्र. डॉ चंदन यादव का जिले में 2 दिवसीय दौरा संपन्न, की पत्रकार वार्ता
अनूपपुर
कोतमा व अनूपपुर विधानसभा में पंचायत/वार्ड समिति कमेटी गठन प्रक्रिया में हुए शामिल एवं ब्लॉक/मंडलम अध्यक्षों की बैठक लेकर पंचायत/वार्ड कमेटी गठन प्रक्रिया की समीक्षा, जिला कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक में हुए शामिल तथा जिला कांग्रेस कार्यालय में की पत्रकार वार्ता।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व मध्यप्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी डॉ चंदन यादव अनूपपुर जिले के 2 दिवसीय दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने अनूपपुर एवं कोतमा विधानसभा क्षेत्र के ब्लाकों में वर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष व प्रस्तावित मण्डलम अध्यक्षों के साथ बैठक कर पंचायत/वार्ड कमेटी गठन प्रक्रिया की समीक्षा की और कुछ पंचायतों में स्वयं उपस्थित होकर, बैठक कर पंचायत कमेटी का गठन कराया। सर्वप्रथम दिनांक 9 मार्च को डॉ चंदन यादव के जिला अनूपपुर आगमन पर जिलाध्यक्ष गुड्डू चौहान के अगुवाई में उनका भव्य स्वागत किया गया। तत्पश्चात जिला कांग्रेस कार्यालय अनूपपुर में विधानसभा क्षेत्र के तीनों ब्लॉक अध्यक्ष गुलाब पटेल, रजन राठौर, नरेंद्र सिंह मुन्ना एवं प्रस्तावित मण्डलम अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की गई, जिसमें पंचायत/वार्ड कमेटी गठन की समीक्षा के साथ साथ डॉ चंदन यादव द्वारा आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए। इसके बाद जिलाध्यक्ष गुड्डू चौहान के साथ सहप्रभारी डॉ चंदन यादव कोतमा विधानसभा के लिए रवाना हो गए। कोतमा विधानसभा क्षेत्र के राजनगर ब्लॉक के फुलकोना पंचायत पहुंच पंचायत कमेटी गठन प्रक्रिया में शामिल हुए और स्वयं संपूर्ण बैठक में उपस्थित रहकर पंचायत कमेटी का गठन कराया। इसके बाद कोतमा वार्ड क्रमांक 09 सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष नीलेश पाण्डेय, जयकुमार छड़ी, राहुल सिंह परिहार एवं प्रस्तावित मण्डलम अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण चर्चाकर पंचायत/वार्ड कमेटी गठन की समीक्षा की और उपस्थित जनों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं दूसरे दिन शुरुआत करते हुए तय कार्यक्रम अनुसार दिनांक 10 मार्च को जिला कांग्रेस कार्यालय अनूपपुर में सुबह 10 बजे से आयोजित जिला कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक में शामिल हुए। जहां उन्होंने समन्वय समिति के सदस्यों के साथ बात कर संगठन सृजन अभियान के तहत मिली जिम्मेदारियों को समीक्षा की और जल्द ही सभी कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिये। तत्पश्चात जिला कांग्रेस भवन में दोपहर 1 बजे से पत्रकार वार्ता का भी आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित पत्रकारगणों का संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गुड्डू चौहान ने सभी को डॉ चंदन यादव से मुखातिब कराया। डॉ चंदन यादव ने समस्त पत्रकारगणों को संबोधित करते हुए बताया कि मेरा अनूपपुर जिले दूसरा दौरा है पहले दौरे में मैं आप लोगों से रूबरू नहीं हो पाया था इस बार आपके समक्ष हूँ। संगठन सृजन अभियान मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के तहत जिलाध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की जा चुकी है, मंडलम अध्यक्षों की नियुक्ति की जा रही है, अब हम लोग पंचायत/वार्ड कांग्रेस कमेटी के गठन की ओर आगे बढ़ रहें है। अनूपपुर जिले के 277 पंचायत और 153 वार्डो में कमेटियों का गठन किया जायेगा, जिसमें कुछ पंचायतों/वार्डों में गठन हुआ भी है। कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत पंचायत व वार्ड कमेटी गठन से पंचायत और वार्ड भी मजबूत होगा, इसी संबंध आज जिला कांग्रेस के समन्वय समिति की बैठक भी हुई, जहां उपस्थित सदस्यों से जिला कांग्रेस आगामी व पूर्व में हो चुके कार्यक्रमों के सम्बन्ध में चर्चा हुई। सभी सदस्यों को दिनांक 20 मार्च तक जिले के सभी 277 पंचायत व 153 वार्डो में कमेटी गठन करने का टास्क दिया गया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
गणेश सराफ भूमि विवाद में अदालत ने पार्षद अभिषेक सराफ विपक्ष में दिया फैसला
अनूपपुर
नगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित बहुचर्चित भूमि विवाद मामले में अदालत ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए अपीलकर्ता गणेश प्रसाद सराफ के पक्ष में निर्णय दिया है। इस मामले में वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद अभिषेक सराफ के पिता स्वर्गीय राजेश सोनी निचली अदालत का फैसला न्यायालय में टिक नहीं सका और अदालत ने उसे अस्वीकार कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतमा नगर के वार्ड क्रमांक 8 में स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मामले में वार्ड क्रमांक 2 निवासी गणेश प्रसाद सराफ, पिता स्वर्गीय रामाधार सराफ ने न्यायालय में अपील दायर की थी। इस अपील पर सुनवाई करते हुए अतिरिक्त जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह की अदालत ने उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत निर्णय दिया।
न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत दस्तावेजों में 02 अप्रैल 2019 का इकरारनामा, वर्ष 1958-59 की खसरा-खतौनी, वर्ष 2021 की रजिस्ट्री सहित अन्य राजस्व अभिलेख शामिल थे। इन दस्तावेजों के आधार पर अदालत ने माना कि विवादित भूमि पर स्वामित्व एवं कब्जा गणेश प्रसाद सराफ का है। न्यायालय ने अपने निर्णय में यह भी उल्लेख किया कि संबंधित भूमि खसरा नंबर 1291 के अंतर्गत आती है और उसका क्षेत्रफल लगभग 64,688 वर्गफुट बताया गया है।
अदालत में प्रस्तुत तथ्यों के अनुसार उक्त भूमि पर पूर्व में लंबे समय तक विद्यालय का संचालन भी किया जाता रहा था। दस्तावेजों से यह भी स्पष्ट हुआ कि भूमि के संबंध में पूर्व में हुए इकरारनामे और राजस्व अभिलेखों में भी गणेश प्रसाद सराफ को ही भूमि का स्वामी और कब्जेदार माना गया है।
अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की अदालत ने अपने निर्णय में कहा कि अपीलकर्ता द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज प्रमाणिक और सुसंगत हैं, जबकि वादी पक्ष अपने दावे को पर्याप्त रूप से सिद्ध नहीं कर सका। इसी आधार पर न्यायालय ने वादी का दावा निरस्त करते हुए मामला गणेश प्रसाद सराफ के पक्ष में पारित कर दिया।
समाचार 05 फ़ोटो 05
पीआरटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग का शत-प्रतिशत परिणाम, छात्राओं ने किया महाविद्यालय का नाम रोशन
अनूपपुर
नगर में संचालित पीआरटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, अनूपपुर के बीएससी नर्सिंग सत्र 2021–22 बैच के द्वितीय वर्ष का परीक्षा परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा। महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया। उत्कृष्ट परिणाम के साथ ही छात्राओं ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिचय देते हुए महाविद्यालय के शैक्षणिक स्तर को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
जारी परिणाम के अनुसार संजना यादव, पिता सुरेश प्रसाद, ने 79 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अंकिता साकेत, पिता राजूलाल, ने 78.14 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके साथ ही गोमती देवी चंद्रा, पिता दिलीप कुमार, ने 78 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन तीनों छात्राओं की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन के कारण ही यह उत्कृष्ट परिणाम संभव हो पाया है। महाविद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, सेवा भावना और व्यावसायिक कौशल का प्रशिक्षण भी दिया जाता है, जिससे वे भविष्य में एक कुशल और संवेदनशील नर्स के रूप में समाज की सेवा कर सकें।
इस अवसर पर महाविद्यालय के संचालक डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी ने सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग एक सेवा और समर्पण का क्षेत्र है, जहां ज्ञान के साथ-साथ संवेदनशीलता और मानवता की भावना भी अत्यंत आवश्यक होती है। शानदार परिणाम से पीआरटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, अनूपपुर ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, प्रतिभाओं और संगठनों का हुआ सम्मान
शहडोल
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्थानीय विधि महाविद्यालय शहडोल के सभागार में एक भव्य गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन 'बढ़ते कदम परंपरागत संस्कृति एवं साहित्य शोध समिति' तथा 'सहकार भारती' शहडोल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें जिले की महिला शक्तियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ग्राम चोरमरी (ब्लॉक गोहपारू) की सांस्कृतिक टीम रही। सरदारी लाल कोल के नेतृत्व में कलाकारों ने पारंपरिक शैला नृत्य, दुलदुल घोड़ी नृत्य और फाग की मनमोहक प्रस्तुति दी। मांदर और नगड़िया जैसे पुरातन वाद्य यंत्रों की थाप पर पूरी सभा झूम उठी, जिसने विंध्य की समृद्ध लोक संस्कृति को जीवंत कर दिया।इस अवसर पर हमारे नगर की गौरव कुमारी ऋषिता अग्रवाल (सुपुत्री संदीप अग्रवाल) एवं शक्ति चतुर्वेदी पिता राजेश चतुर्वेदी को छत्तीसगढ़ राज्य में न्यायाधीश के पद पर नियुक्त होने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
जिले के विभिन्न महिला संगठनों द्वारा किए गए उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए उन्हें स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। जिसमें प्रथम स्थान इनर व्हील क्लब शहडोल को एवं द्वितीय स्थान दिव्य मुस्कान क्लाब शहडोल तृतीय स्थान वैश्य महिला मण्डल शहडोल एवं चतुर्थ स्थान में विशेष बात यह रही कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सम्मानित संस्थाओं को गमले और फलदार, छायादार तथा पुष्पों के पौधों का वितरण किया गया।
राज्य मंत्री दिलीप जयसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास में महिलाओं का अमूल्य योगदान है। उन्होंने आजीविका मिशन, स्व-सहायता समूहों और लघु कुटीर उद्योगों के माध्यम से महिलाओं द्वारा किए जा रहे आर्थिक उन्नयन की मुक्त कंठ से सराहना की।
समाचार 07 फ़ोटो 07
अवैध रेत उत्खनन व परिवहन पर कार्यवाही, ट्रैक्टर-ट्राली सहित रेत जप्त
शहडोल
मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम लखनपुर के छपरा धार नाला से एक ट्रैक्टर-ट्राली द्वारा अवैध रेत उत्खनन कर उसे बिक्री के उद्देश्य से ग्राम बसोहरा ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना जयसिंहनगर पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई।
पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मौके पर खड़े ट्रैक्टर-ट्राली की जांच करने पर पावर ट्रैक्टर क्रमांक MP 18AB 3696 में लगभग 03 घन मीटर अवैध रेत लोड पाई गई, जिससे पानी टपक रहा था। मौके पर उपस्थित ट्रैक्टर स्वामी रमेश गुप्ता निवासी लखनपुर से उक्त रेत के संबंध में दस्तावेज चाहे गये जो कोई वैध दस्तावेज नही होना बताया तथा रेत छपरा धार नाला से उत्खनन कर बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी।
उक्त कृत्य धारा बीएनएस एवं खान एवं खनिज अधिनियम के अंतर्गत दण्डनीय पाए जाने से पुलिस द्वारा ट्रैक्टर-ट्राली सहित 03 घन मीटर अवैध रेत (कुल कीमत लगभग 4,03,000 रुपये) जप्त की गई। प्रकरण में आरोपी रमेश गुप्ता पिता स्व. तीरथ प्रसाद गुप्ता उम्र 38 वर्ष निवासी लखनपुर एवं चालक हीरालाल बैगा पिता छोटेलाल बैगा निवासी बसोहरा थाना जयसिंहनगर के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। जप्तशुदा ट्रैक्टर-ट्राली को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
समाचार 08
जिला प्रभारी मंत्री का भ्रमण कार्यक्रम
उमरिया 10 मार्च। प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण तथा जिला प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान एक दिवसीय भ्रमण पर 12 मार्च को उमरिया आयेंगे। श्री चौहान 11 मार्च को इंदौर बिलासपुर से इंदौर से प्रस्थान कर 12 मार्च को प्रातः 8.30 बजे उमरिया रेल्वे स्टेशन पहुंचेगे जहां से सर्किट हाउस उमरिया के लिए रवाना होगे। श्री चौहान प्रातः 10.30 बजे जिला कोर कमेटी की बैठक सर्किट हाउस में लेंगे। दोपहर 1 बजे ग्राम पंचायत गोपालपुर में अटल पंचायत सेवा सदन नवीन पंचायत भवन का लोकार्पण करेंगे तथा खंड स्तरीय संकल्प से समाधान शिविर के समापन कार्यक्रम तथा बोरी बंधान कार्यक्रम में भाग लेंगे।श्री चौहान सायं 4.30 बजे उमरिया से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
समाचार 09
कलेक्टर ने जनसुनवाई में 60 आवेदको की सुनी समस्याएं
उमरिया
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में जिले के दूर दराज क्षेत्रों से आए 60 आवेदकों की समस्याओं को सुना तथा समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन संबंधित विभाग की ओर प्रेषित किया। जनसुनवाई में अर्जुन सिंह बंधवाटोला ने विवाह सामाजिक सुरक्षा सहायता की राशि दिलाने,नीलू साहू ग्राम बिलासपुर ने पुत्र ऋषभ का विकलांगता प्रमाण पत्र बनवाने,कमलेश बैगा ग्राम देवरी ने मृतक राज कुमार की मौत होने पर सहायता राशि दिलाने,धर्मदास सिंह ग्राम कुठुलिया ने दोबारा फौती नामांतरण कराने,राघवेन्द्र सिंह ग्राम डोंगरीटोला ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने, निजी कृषि भूमि तक मार्ग दिलाए जाने,धमेन्द्र कुमार राय ग्राम बरबसपुर ने एक वर्ष से रूकी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि राशि दिलाने,सीमा कोल पाली ने लाडली बहना योजना का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन किया ।
समाचार 10
623 परीक्षा केंद्रो के माध्यम से 25640 परीक्षार्थी होगे सम्मिलित
उमरिया
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत 14 मार्च को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक मूल भूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा के लिए 263 परीक्षा केंद्र बनाए गए है जिसके माध्यम से 25640 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होगे।उन्होेने बताया कि परीक्षा तीन घंटे कि होगी । परीक्षा तिथि मे परीक्षार्थी अपनी सुविधानुसार परीक्षा केंद्र में आ सकते है। नवसाक्षरो को परीक्षा केंद्र तक लाने मे अक्षर साथी, सामाजिक संस्थाओ,वरिष्ठ नागरिको,एन एस एस,एन सी सी,भारत स्काउट गाइड, नेहरू युवा केंद्र,जन शिक्षण संस्थान के छात्र छात्राएं एवं अन्य का सहयोग लिया जा सकता है।