समाचार 01 फ़ोटो 01

मां नर्मदा की उद्गम स्थली पर भव्य प्रतिमा होगी विराजित, वैदिक विधि-विधान से होगा प्राण प्रतिष्ठा समारोह

अनूपपुर

मध्यप्रदेश की जीवनदायिनी एवं करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था की प्रतीक मां नर्मदा की पावन उद्गम स्थली अमरकंटक स्थित श्री नर्मदा मंदिर में एक ऐतिहासिक एवं पुण्यकारी धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। यहां पर वर्षों से विराजित नर्मदा उद्गम कुंड में पुरानी प्रतिमा के स्थान पर मां नर्मदा की नई, भव्य एवं दिव्य प्रतिमा को प्रतिष्ठित किया जाएगा।यह पुण्य कार्य श्री कल्याण सेवा आश्रम, अमरकंटक के सौजन्य से संपन्न होगा।

श्री कल्याण सेवा आश्रम के प्रबंध न्यासी, परम पूज्य हिमाद्री मुनि महाराज द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी 2026, बुधवार को प्रातः 11 बजे मां नर्मदा की ग्रेनाइट पत्थर से निर्मित भव्य प्रतिमा को श्री नर्मदा मंदिर के उद्गम स्थल पर स्थित पुरानी प्रतिमा को बदल कर नयी प्रतिमा विधिवत रूप से विराजित कर मां नर्मदा की नवीन प्रतिमा की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा का पावन कार्य किया जाएगा। श्री नर्मदा मंदिर अमरकंटक के विद्वान पुजारीगण पंडित कामता प्रसाद द्विवेदी, पंडित उमेश द्विवेदी सहित अन्य आचार्यगण द्वारा सम्पूर्ण वैदिक मंत्रोच्चार, शास्त्रोक्त विधि-विधान एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न कराया जाएगा। परम तपस्वी एवं संत शिरोमणि बाबा कल्याण दास महाराज के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में पर यह कार्य संपन्न होगा।

मां नर्मदा की नवीन भव्य प्रतिमा की स्थापना से अमरकंटक की धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा और अधिक बढ़ेगी। इस पावन आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं एवं संत समाज में विशेष उत्साह एवं उल्लास का वातावरण व्याप्त है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इस ऐतिहासिक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है आप सभी उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें।

समाचार 02 फ़ोटो 02

अभाविप ने अनियमिताएं को लेकर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्या को सौंपा ज्ञापन, कार्यवाही की मांग

शहडोल

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शहडोल के कार्यकर्ताओं द्वारा महाविद्यालय में हो रही व्याप्त अनियमिताओं के विरोध में प्रभारी प्राचार्या को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देते हुए जिला संयोजक अमन त्रिपाठी ने बताया कि छात्र हितों में निम्नलिखित मांग की है कि मुख्य मार्ग से महाविद्यालय तक आने-जाने हेतु पक्की सड़क की व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण विद्यार्थियों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अतः इस समस्या का संज्ञान लेते हुए तत्काल पक्की सड़क निर्माण की कार्रवाई की जाए।

विषय बार प्राध्यापकों की समुचित  व्यवस्था नहीं है, जिससे विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है। अतः इस विषय में संज्ञान लेते हुए शीघ्र रूप से जनभागीदारी मद से नियुक्तियाँ की जाएँ। कई महीनों से हिंदी एवं अंग्रेजी की कक्षाएं नहीं लग रही जिसे ध्यान में रखते हुए ऐसे प्राध्यापकों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कक्षाओं का नियमित संचालन  कराया जाए। आउटसोर्स कर्मचारी, जिनकी पदस्थापना शासकीय महाविद्यालय गोहपारू में होनी चाहिए, उन्हें डिप्लॉयमेंट के नाम पर शासकीय इंदिरा गांधी कन्या महाविद्यालय, शहडोल में पदस्थ कर दिया गया है, इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारियों को मूल पदस्थापना स्थल पर वापस बुलाया जाए।

विषय बार पुस्तकालय में पर्याप्त पुस्तकें नहीं हैं। जिससे विद्यार्थियों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है अतः इस विषय में आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र लाइब्रेरी एवं पुस्तकों की समुचित व्यवस्था की जाए। छात्राओं हेतु गर्ल्स कॉमन रूम एवं सैनेट्री वेंडिग मशीन एवं सैनेट्री डिस्ट्रॉय मशीन लगाई जाए। खेल सामग्री एवं खेल मैदान की उचित व्यवस्था की जाए। महाविद्यालय में पदस्थ आउटसोर्स कर्मचारी श्रेयांश मिश्रा के द्वारा लगातार विद्यार्थियों से रिजल्ट सुधरवाने के नाम पर 2500 रु लिया जाता है ऐसे कर्मचारी जो विद्यार्थीयो से पैसे लेकर रिजल्ट सुधरवाते है उनके द्वारा विद्यार्थीयो का पैसा वापस किया जाए एवं श्रेयांश मिश्रा पर कार्यवाहीं की जाए।

इन सभी विषयों को 3 दिवस के अंदर संज्ञान में नहीं लिया गया तो अभाविप उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

समाचार 03 फ़ोटो 03

बीच सड़क चलती कार में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला, वाहन जलकर हुई खाक

शहडोल

शहर के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती लग्जरी कार में अचानक आग लग गई। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर की चौपाटी के पास पेट्रोल पंप के सामने बीच सड़क पर हुई। कार से अचानक धुआं उठता देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोका। चालक और स्थानीय लोगों की तत्परता से कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी कार जल गई।

घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। आग और धुएं के चलते दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने स्थिति को संभालते हुए दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को रोका, जिससे किसी अन्य दुर्घटना की संभावना टल गई।

आग लगने की सूचना देने के बावजूद काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जबकि कार लगातार जलती रही। स्थानीय लोगों ने ही कुछ समय तक मोर्चा संभाले रखा। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों के साथ मिलकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से शहर के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। 

समाचार 04 फ़ोटो 04

मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने वाले 17 कांग्रेसियों पर मामला दर्ज, तीन गए जेल

शहडोल

एक दिवसीय दौरे पर रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धनपुरी पहुंचे थे। वे धनपुरी में बने वाटर पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम स्थल से लगभग 200 मीटर पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। कुछ कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के वाहन के सामने आ गए, जिससे काफिला कुछ देर के लिए रुक गया।

सीएम के काफिले में तैनात सुरक्षाकर्मी तत्काल अपने वाहनों से उतरे और प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन वे पीछे हटने को तैयार नहीं थे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कलेक्टर ने स्वयं मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए सख्ती बरती। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले कांग्रेस की जिला अध्यक्ष अपने लगभग 40 साथियों के साथ बीईओ कार्यालय बुढार के सामने भी विरोध प्रदर्शन कर रही थे। वहां भी काले झंडे दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने पहले ही उन्हें हिरासत में ले लिया था। इसके बावजूद कार्यक्रम स्थल के पास फिर से विरोध कर काफिला रोकने की कोशिश की गई।

बुढार पुलिस ने गोपालपुर तिराहे पर रास्ता रोककर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में 17 नामजद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई कोतवाली में पदस्थ एक एएसआई की शिकायत पर की गई। थाना प्रभारी बुढार विनय सिंह गहरवार ने बताया कि रास्ता रोककर शासकीय कार्य में बाधा डाली, जिस पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन को जेल भेजा है अन्य की तलाश जारी है। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

मांगें नहीं मानी गईं तो 23 फरवरी से आंदोलन, एसईसीएल जमुना–कोतमा क्षेत्र में चेतावनी

अनूपपुर

कोयला खदान श्रमिक संगठन, जमुना–कोतमा क्षेत्र ने औद्योगिक विवाद अधिनियम की धारा 22 के तहत क्षेत्र की लंबित एवं ज्वलंत समस्याओं को लेकर एसईसीएल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है संगठन के महामंत्री रोशन उपाध्याय ने कहा कि बार-बार बैठकें होने और सहमति बनने के बावजूद आज दिनांक तक श्रमिकों से जुड़ी गंभीर समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है

कोयला खदान श्रमिक संगठन द्वारा वर्ष 2025–26 की लंबित पदोन्नति तत्काल जारी करने,9 दिसंबर 2025 की कंपनी स्तरीय बैठक के निर्णय अनुसार उच्च पद रिक्त होने की स्थिति में निचले पद से पदोन्नति करने, सर्वेयर ग्रेड–A1 कर्मचारियों को नॉशनल सीनियरिटी देने, जमुना–कोतमा क्षेत्र की समस्त कॉलोनियों में बिजली, पानी, सफाई एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने, आवासों की मरम्मत एवं दरवाजा–खिड़की जैसे लंबित कार्य पूर्ण कराने, अनफेयर लेबर प्रैक्टिस पर तत्काल रोक लगाने, सामुदायिक भवनों, क्लबों एवं खेल मैदानों के निर्माण व जीर्णोद्धार, जमुना फिल्टर रोड की जर्जर पुलिया हटाकर सुरक्षित सड़क निर्माण, श्रमिकों को नियमानुसार पानी की बोतल उपलब्ध कराने, लंबित चश्मा, टी.ए. एवं मेडिकल बिल का शीघ्र भुगतान, बरतराई खदान सहित सभी खानों में पी.एस.–5 से संबंधित लंबित राशि जमा कराने, आवास समिति के निर्णय अनुसार पूर्ण आवंटन करने, एसओपी जारी होने के बाद भी श्रमिकों को परेशान किए जाने पर रोक लगाने तथा सभी खानों में समान व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

संगठन के महामंत्री रोशन उपाध्याय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 14 दिवस के भीतर मांगों पर ठोस एवं सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन 23 फरवरी 2026 से एसईसीएल महाप्रबंधक कार्यालय, जमुना–कोतमा क्षेत्र के समक्ष आंदोलनात्मक कार्रवाई करने को बाध्य होगा आंदोलन के दौरान गेट मीटिंग, क्रमिक भूख हड़ताल एवं कोल परिवहन बंद जैसे कदम उठाए जा सकते हैं, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

समाचार 06

समस्त पटवारी सामूहिक अवकाश पर

अनूपपुर

जिले के मध्य प्रदेश पटवारी संघ जिला इकाई अनूपपुर के द्वारा दिनांक 04 फरवरी 2026 को दिए ज्ञापन के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं किए जाने पर 09 फरवरी 2026 से जिले के समस्त पटवारी सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं एवं बोर्ड परीक्षा में पटवारी की ड्यूटी कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में लगाई गई थी, उसको भी करने से किया इनकार पटवारी की मुख्य मांग है की जनवरी माह का वेतन जो जिला प्रशासन द्वारा पूरे माह कार्य करने कराए जाने के बाद माह के अंतिम तारीख को रोक दी जाती है, यह आदेश पिछले 5 महीना से लगातार किया जा रहा है। जिले के पटवारी का मांग पूरी नहीं किए जाने पर अभी सामूहिक अवकाश पर हैं एवं 11 फरवरी से टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे ।

समाचार 07

13 अधिकारियों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना

अनूपपुर 

कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पाण्डेय ने सीएम हेल्पलाईन में नॉन अटैण्ड शिकायतों पर अधिकारियों पर जुर्माना लगाया है। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, नगरीय विकास एवं आवास विभाग, पर्यावरण विभाग, राजस्व विभाग, वित्त विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, गृह विभाग कुल 8 विभागों के 13 अधिकारियों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित करते हुए संबंधितों को अनिवार्य रूप से अधिरोपित शास्ति जिला रेडक्रास सोसायटी के बैंक खाता में जमा कराते हुए जमा राशि की पावती कलेक्ट्रेट स्थित लोक सेवा प्रबंधन कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

समाचार 08 

खनिज मामले पर 170 प्रकरण दर्ज पंजीबद्ध 

अनूपपुर 

कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन/परिवहन पर प्रभावी कार्यवाही किए जाने हेतु खनिज, पुलिस एवं वन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 (01 अप्रैल 2025 से 31 जनवरी 2026 तक) जिले में खनिजों के अवैध परिवहन में 113 प्रकरण, अवैध उत्खनन में 42 प्रकरण एवं अवैध भण्डारण में 15 प्रकरण कुल 170 प्रकरण पंजीबद्ध किया जाकर 33,55,957 रुपये अर्थदण्ड की राशि संबंधितों से वसूल कर शासकीय कोष में जमा कराया गया है।

समाचार 09

जुआं खेलते 7 गिरफ्तार, मामला दर्ज

अनूपपुर

थाना रामनगर पुलिस द्वारा अवैध जुआ गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। मुखबिर सूचना पर थाना रामनगर पुलिस द्वारा शारदा मंदिर के पास ग्राम जमुडी में दबिश दी गई, जहां कुछ व्यक्तियों द्वारा ताश के पत्तों पर रूपयों की हार–जीत का दांव लगाकर सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेला जा रहा था। मौके पर निम्न आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया, जिसमे मंगलदीन केवट, प्रसाद केवट, भरिया केवट, सुंदर केवट, रामसुजान यादव, लालमन अगरिया, बुद्धसेन केवट से 3,440/- नगद राशि एवं 52 ताश के पत्ते जप्त किए गए। आरोपीगणों के विरुद्ध थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 37/26 धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

समाचार 10

अवैध रेत परिवहन पर ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त

अनूपपुर

थाना रामनगर पुलिस द्वारा अवैध रेत परिवहन करते जमुड़ी घाट, केवई नदी क्षेत्र में  रामनगर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त कर आरोपी को मौके पर गिरफ्तार किया है। मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आईसर ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक CG 16 CG 5465 द्वारा जमुड़ी घाट से अवैध रूप से रेत का खनन कर परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची, जहाँ ट्रैक्टर चालक ठाकुर सिंह पिता बाबूलाल सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम ऊरा को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगभग 01 घन मीटर अवैध रेत अनुमानित कीमत 2 हजार आईसर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनुमानित कीमत 8 लाख कुल जप्ती  ₹8,02,000/- को ज़ब्त किया गया है।आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 38/2026, धारा 303(2), 317(5) बीएनएस तथा 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

समाचार 11 

रेत का परिवहन करते दो वाहन जब्त

उमरिया

कलेक्टर  धरणेन्द्र कुमार जैन द्वारा खनिज के अवैध उत्खनन , परिवहन, भंडारण पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए है। निर्देश के परिपालन में  प्रभारी अधिकारी डॉ. विद्याकांत तिवारी, सहायक खनि अधिकारी दिवाकर चतुर्वेदी, खनि निरीक्षक प्रभात कुमार पट्टा एवं प्रभारी खनि निरीक्षक एन.एस. आर्मी की टीम द्वारा कुल 2 वाहनों को जप्त किया गया है, जिसमें तहसील चंदिया अंतर्गत गणेशपुर मार्ग खैरभार रोड पर वाहन क्रमांक एम पी 21जी1800 जिसके वाहन चालक सोमनाथ यादव पिता  नन्दीलाल यादव पता ग्राम बसाडी थाना बडवारा जिला कटनी (म.प्र.) एवं वाहन क्रमांक ओ डी 35 ई 7722 जिसके वाहन चालक  मनोज महोबिया पिता  लख्खूलाल महोबिया, निवासी ग्राम निपनिया तहसील पनागर जिला जबलपुर (म.प्र.) को मय खनिज रेत के अवैध परिवहन में जप्त किया गया।  दोनों प्रकरणों में म.प्र. खनिज अवैध (खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 में निहित प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा रही है तथा अमले द्वारा लगातार सघन जाँच की जा रही है।

समाचार 12 

ब्लाक स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक 23 फरवरी से

उमरिया

लीड बैंक प्रबंधक ने बताया कि ब्लाक स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक 23 फरवरी से प्रारंभ होगी । उन्होने बताया कि 23 फरवरी को जनपद पंचायत कार्यालय पाली सभाकक्ष में, करकेली विकासखंड कि 24 फरवरी को जिला पंचायत कार्यालय उमरिया सभाकक्ष तथा मानपुर विकासखंड कि 25 फरवरी को मानपुर सभाकक्ष में बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक सायं 4 बजे से प्रारंभ होगी। उन्होेने कहा है कि  ब्लॉक में कार्यरत सम्बन्धित सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं विभाग प्रमुखों से कहा है कि, बैठक में समस्त जानकारी के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें, जिससे की  बैठक सार्थक एवं उद्देश्य पूर्ण हो सके।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget