बाघ ने ग्रामीण पर किया हमला, घायल अस्पताल में भर्ती, मवेशी को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
उमरिया
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर रेंज के ग्राम खारी बड़ी में आज सुबह एक दर्दनाक घटना घटित हुई। प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम खारी बड़ी (भमरहा टोला), ग्राम पंचायत महदेवा निवासी मनोज सिंह पिता छोटे लाल सिंह पर जंगल में मवेशी चराते समय बाघ ने हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनोज सिंह अपने मवेशियों को चराने के लिए खारी बड़ी बीट, ब्यौहारी पश्चिम वन क्षेत्र के जंगल में गए थे। जो बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व के पनपथा बफर जोन से लगा हुआ गांव हैं. शनिवार कि सुबह एक बाघ ने झाड़ी से निकलकर उनके एक मवेशी पर झपट्टा मारा। मनोज सिंह ने साहस दिखाते हुए मवेशी को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसी समय बाघ ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुँचे और घायल को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
यह घटना पनपथा बफर रेंज के खारी बड़ी बीट के अंतर्गत हुई है, जो ब्यौहारी पश्चिम वन क्षेत्र में आता है।वन विभाग ने मौके का निरीक्षण कर घटना की पुष्टि की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि घायल व्यक्ति को तत्काल मुआवज़ा और उचित इलाज की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। डिप्टी रेंजर ने बताया कि सुचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया और घायल मनोज सिंह को ब्यौहारी सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
