परसाई जन्मशताब्दी को समर्पित प्रलेस का राष्ट्रीय अधिवेशन अगस्त में होगा
इंदौर
प्रगतिशील लेखक संघ का राष्ट्रीय अधिवेशन 20 से 22 अगस्त 2023 को जबलपुर में आयोजित होगा। इस संबंध में की जा रही तैयारियों पर प्रलेस राज्य कार्यकारिणी की बैठक में विचार विमर्श किया गया। जबलपुर में संपन्न बैठक में सम्मेलन की थीम, साहित्य समाज से संबद्ध समसामयिक विषयों सहित विभिन्न सत्रों के बारे में सदस्यों ने अपने विचार रखे।
प्रलेस राज्य सचिव मंडल सदस्य सारिका श्रीवास्तव, विवेक मेहता इकाई अध्यक्ष केसरी सिंह चीडार ने बताया कि प्रलेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ सुखदेव सिंह सिरसा, सचिव विनीत तिवारी, वरिष्ठ अभिभाषक अरविंद श्रीवास्तव, प्रलेस राज्य अध्यक्ष सेवाराम त्रिपाठी के आतिथ्य में आयोजित बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ लेखक कुंदन सिंह परिहार ने की।
संगठन के प्रमुख हरिशंकर परसाई जन्मशताब्दी को समर्पित अधिवेशन में देश-विदेश से 500 से अधिक प्रतिनिधियों के सम्मिलित होने की संभावना है। सम्मेलन के विभिन्न सत्र विख्यात रंगकर्मी हबीब तनवीर, रेखा जैन, लेखक रघुवीर सहाय, गीतकार शंकर शैलेंद्र आदि की स्मृति में संचालित होंगे।
बैठक में स्थानीय आयोजन समिति का गठन किया गया जिसके संयोजन का दायित्व प्रलेस, मध्य प्रदेश के महासचिव तरुण गुहा नियोगी को दिया गया। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों जबलपुर के अलावा भोपाल, इंदौर, मंदसौर, सागर, देवास, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, छिंदवाड़ा, अशोकनगर के प्रतिनिधि शामिल हुए।