नगरपालिका ने चलाया अतिक्रमण विरोधी अभियान, कई दुकानों को हटाया, 8 दुकानों पर 2400 का जुर्माना


अनूपपुर 

जिला मुख्यालय में नगरपालिका ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे संचालित दुकानों को हटाया गया और पुरानी सब्जी मंडी में अवैध मछली बाजार के चबूतरे को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

दोपहर में नगरपालिका अमला कोतवाली पुलिस के साथ मुख्य बाजार क्षेत्र पहुंचा। यहां जेसीबी की मदद से मुख्य सड़क किनारे पन्नी डालकर या अस्थाई व्यवस्था कर दुकान चलाने वालों की दुकानें हटाई गईं। कार्रवाई के दौरान स्थानीय भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

नपा अनूपपुर के राजस्व निरीक्षक गौरव सिंह बघेल और अतिक्रमण प्रभारी अखिलेश सिंह चौहान ने बताया कि यह कार्रवाई कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देश पर की जा रही है। कलेक्टर को पुरानी सब्जी मंडी में बंद किए गए मछली बाजार के अवैध संचालन और सड़कों तक पसरी दुकानों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पुरानी सब्जी मंडी के साथ-साथ कोतवाली तिराहा से बस स्टैंड, आदर्श मार्ग और कोतवाली तिराहा से स्टेशन मार्ग पर भी अतिक्रमण हटाया गया। शाम 5 बजे तक 8 दुकानों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 2400 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि शहरी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई अलग-अलग दिनों में जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अतिक्रमण हटाए जाएं ताकि नागरिकों को असुविधा न हो। खासकर सामतपुर तिराहा से कोतवाली और कोतवाली तिराहा से स्टेशन मुख्य मार्ग पर सड़कों तक पसरी दुकानें नहीं दिखनी चाहिए। दुकानदारों को इस संबंध में सख्त हिदायत दी गई है। नगरपालिका अमला देर शाम तक कार्रवाई जारी रखे हुए था। इस कार्रवाई से नगरवासियों को सड़कों पर लगने वाले अतिक्रमण से थोड़ी राहत मिली है।

अनियमितताओं पर जिला कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन, की शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग


अनूपपुर

जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर के अध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में गांधी चौक, कोतमा में शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से आहत छात्रों की मौत, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं युवाओं के साथ हुई कथित सरकारी बर्बरता और अभद्रता के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उपस्थित जनों को पूर्व विधायक मनोज कुमार अग्रवाल, जनपद सदस्य रेखा राठौर, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, पंचायती राज संगठन जिला अध्यक्ष संध्या वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संतोष मिश्रा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष मो. नदीम ने संबोधित किया तथा कार्यक्रम का सफल संचालन युवा नेता रफी अहमद ने किया।

विरोध प्रदर्शन के उपरांत जिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी कोतमा को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार देश में हाल ही में छात्रों, विपक्षी नेताओं एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के साथ हुई घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों एवं भारतीय संविधान की भावना के प्रतिकूल हैं।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसदों, वरिष्ठ नेताओं एवं छात्रों के साथ की गई कथित दमनात्मक कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि छात्र एवं युवा अपने भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठा रहे थे, किन्तु उनके साथ किया गया व्यवहार निंदनीय एवं अस्वीकार्य है।

ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज़ को बलपूर्वक दबाना संविधान द्वारा प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर आघात है। ऐसी घटनाओं से देश के युवाओं में भय एवं असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न होता है तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास कमजोर पड़ता है।

ज्ञापन के माध्यम से जिला कांग्रेस ने निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखीं जिसमें पहली मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा लिया जाए अथवा उन्हें पद से बर्खास्त किया जाए। दूसरी मांग परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं एवं व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा कर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। तीसरी मांग नई दिल्ली में छात्रों एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध दर्ज सभी एफआईआर एवं आपराधिक प्रकरण तत्काल प्रभाव से वापस लिए जाएँ। तथा चौथी मांग जंतर-मंतर, नई दिल्ली में छात्राओं के साथ कथित अभद्रता करने वाले पुलिस अधिकारियों तथा छात्रों के साथ दुर्व्यवहार एवं लाठीचार्ज में शामिल जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

अंत में जिला कांग्रेस कमेटी ने महामहिम राष्ट्रपति महोदया से लोकतंत्र की गरिमा, संविधान की मूल भावना तथा देश के युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए इस गंभीर विषय में हस्तक्षेप करते हुए न्यायोचित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। ज्ञापन का वाचन वरिष्ठ कांग्रेस नेता संतोष मिश्रा ने किया।

झाड़-फूंक के विवाद में पति-पत्नी ने ओझा की कर दी थी हत्या, पुलिस ने दोनो को किया गिरफ्तार


शहडोल 

जिले के सीधी थाना क्षेत्र के चंदौरा गांव में अंधविश्वास और झाड़-फूंक के विवाद में हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त टांगी (कुल्हाड़ी) भी बरामद कर ली है। आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, बुद्धसेन सिंह और भीमसेन सिंह सगे भाई हैं। बुद्धसेन को संदेह था कि उसके छोटे भाई भीमसेन और उसकी पत्नी चंद्रकिरण जादू-टोना करते हैं, जिसके कारण उसके बच्चे बार-बार बीमार पड़ते हैं। इसी शक के चलते उसने झाड़-फूंक करने वाले राजबहोर सिंह को घर बुलाया था। राजबहोर सिंह और बुद्धसेन, भीमसेन के घर के सामने कथित टोटका करने के उद्देश्य से नारियल गाड़ रहे थे। इसी दौरान आहट सुनकर भीमसेन और उसकी पत्नी चंद्रकिरण बाहर आ गए। दोनों को देखकर बुद्धसेन और राजबहोर वहां से भागने लगे। भागते समय राजबहोर का जूता खेत में फंस गया, जिससे वह गिर पड़ा। इसी दौरान दोनों ने उस पर टांगी से हमला कर दिया। वार उसकी कमर के रीढ़ वाले हिस्से में लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर भीमसेन और उसकी पत्नी से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के घर से हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी शिवेंद्र राम भगत ने बताया कि हत्या जादू-टोना के शक और झाड़-फूंक को लेकर हुए विवाद के कारण हुई थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget