पल्सर सवार अज्ञात हमलावरों ने गांव में दुकानदार युवक को गोली मारकर कर दी हत्या


शहडोल 

जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में सोमवार रात करीब 10 बजे अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार भूपेंद्र कहार उर्फ रज्जन कहार जो रामपुर में मीट की दुकान चलाता था पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात हमलावरों ने उस पर दो गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल भूपेंद्र कहार को जिला चिकित्सालय अनूपपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अमलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

दिनदहाड़े नहीं बल्कि देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद रामपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

समाचार 01 फ़ोटो 01

विधायक के नेतृत्व में जिला कांग्रेस ने जीएम के नाम स्टेशन प्रबंधक को दिया ज्ञापन

*वेंकटनगर, निगौरा स्टेशनों पर स्टॉपेज सहित अन्य मांगे*

अनूपपुर

पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान सहित कांग्रेस जनों की उपस्थिति में बिलासपुर रेलवे महाप्रबंधक के नाम अनूपपुर स्टेशन मास्टर को कांग्रेस जनों ने जिला कांग्रेस कार्यालय से रैली निकालकर अनूपपुर जंक्शन स्टेशन पहुंचकर स्टेशन प्रबंधक को ज्ञापन दिया।  जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रमेश सिंह ने ज्ञापन का वाचन किया।जिसमें प्रमुख रूप से अनूपपुर जिले की रेलवे एवं जनसुविधाओं से संबंधित लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की बातों का लेख किया गया।

ज्ञापन में कहा गया कि जिला मुख्यालय अनूपपुर, पुष्पराजगढ़,कोतमा विधानसभा क्षेत्र की जनता लंबे समय से रेलवे से जुड़ी अनेक मूलभूत समस्याओं का सामना कर रही है।इन समस्याओं के निराकरण हेतु पूर्व में भी कई बार मांग पत्र एवं पत्राचार किए गए,किंतु आज दिनांक तक अपेक्षित कार्यवाही नहीं हो सकी है।इसके कारण आम नागरिकों, यात्रियों,विद्यार्थियों,कर्मचारियों एवं व्यापारियों को निरंतर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।

वेंकटनगर एवं निगौरा रेलवे स्टेशनों पर प्रमुख यात्री ट्रेनों का ठहराव (स्टॉपेज) तत्काल प्रारंभ किया जाए। अनूपपुर रेलवे आरक्षण केंद्र के समय में की गई कटौती को समाप्त कर पूर्व की व्यवस्था बहाल की जाए,जिससे यात्रियों को समय पर आरक्षण सुविधा उपलब्ध हो सके।अनूपपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 से प्लेटफॉर्म क्रमांक-3 तक निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए, अनूपपुर रेलवे स्टेशन के सर्कुलेशन एरिया के बाहर सुलभ कॉम्प्लेक्स (सार्वजनिक शौचालय) का निर्माण शीघ्र कराया जाए। ज्ञापन में अन्य कई मांगे हैं।

पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को ने कहा कि दिनांक 21 फरवरी 2026 को वेंकटनगर में उनके नेतृत्व में रेल रोको आंदोलन के दौरान धरना प्रदर्शन में रेल प्रशासन की ओर से सहायक वाणिज्य प्रबंधक उपस्थित हो कर एवं अनुविभागीय अधिकारी जैतहरी, तहसीलदार जैतहरी की उपस्थिति में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ओ.पी.) द.पू.म.रे. बिलासपुर से चर्चा कर 02 माह में मांग पूर्ण कराने का आश्वासन दिया गया।परंतु आज 05 माह बीत जाने के बाद भी उक्त स्टेशनों में ट्रेनों के ठहराव (स्टापेज) ना होने से जन आक्रोश बढ़ता जा रहा है।  

समाचार 02 फ़ोटो 02

बैल के हमले से किसान की आंत आई पेट से बाहर, घायल का डॉक्टर ने उपचार करके बचाई जान

अनूपपुर

कहते हैं डॉक्टर भगवान होते हैं कहावत जिला चिकित्सालय में प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिली, जहां घर में बैल बांधते समय एक अधेड़ पर बैल ने हमला कर दिया, गंभीर रूप से घायल पेट फटने से शरीर के अंदर की पूरी आंते बाहर आ गई सूचना पर सर्जन साकेत कौशिक ने देर रात अस्पताल पहुंचकर पीड़ित का उपचार किए जाने से जान बच सकी।

जैतहरी तहसील एवं थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत एवं ग्राम गौरेला निवासी 50 वर्षीय बहादुर पिता लाल्ला सिंह गोंड अपने घर के गौशाला में पालतू बैल को रस्सी से बांध रहे थे, तभी अचानक बैल ने बहादुर पर हमला कर दिया, जिससे बैल की सींग बहादुर के पेट में घुसने से पेट के अंदर की पूरी आंत बाहर आ गई, घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के पूर्व जनपद सदस्य फुंदेलाल सिंह ने जिला मुख्यालय अनूपपुर के सामाजिक कार्यकर्ता शशिधर अग्रवाल एवं जैतहरी बीएमओ डॉक्टर मोहन सिंह श्याम को घटना की जानकारी देते हुए मरीज को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय मरीज को लाया गया, ड्यूटी डॉक्टर हिमांशु पांडेय एवं शशिधर अग्रवाल की सूचना पर सर्जन डां. कौशिक साकेत सूचना मिलने पर जिला चिकित्सालय पहुंचकर 2 घंटे की निरंतर मेहनत करते हुए मरीज के पेट से बाहर निकले आंतो को पूरी तरह अंदर करते हुए कई टांके लगाकर उपचार किया। समय पर उपचार किए जाने से एक गरीब मजदूर एवं कृषक की जान बच सकी, जो जिला चिकित्सालय में उपचाररत भर्ती है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

कलेक्टर के आदेश को दिखाया ठेंगा, धर्मकांटा एण्ड वेयर हाउस ने नही लौटाए 3.64 लाख रुपए

*तौल में पाई पकड़ी गई थी गड़बड़ी*

उमरिया

जिले में "जिसकी लाठी उसकी भैंस"वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। कलेक्टर के स्पष्ट आदेश के बाद भी पूजा धर्मकांटा एण्ड वेयर हाउस बरबसपुर ने सरकारी खजाने के ₹3,64,115 नहीं लौटाए। विदित होवे की कलेक्टर खाद्य शाखा उमरिया के आदेश क्र 779 दिनांक 29 मई 2026 के व्दारा पूजा वेयर को उक्त राशि समितियों में जमा करने के आदेश जारी किये गए थे। मामले के संबंध में बताया जाता है कि पूजा वेयर हाउस ने तौल कांटे के सत्यापन कराये बगैर ही धान खरीदी शुरू कर दी थी, जिससे समितियों के तौल कांटे और पूजा वेयर हाउस के तौल कांटे मे हर गाड़ी में लगभग दो क्विंटल साठ किलो धान कम निकली, जिस पर समितियों ने अपने तौल कांटे को बाजार के तौल कांटे  से जांचने के बाद भी पूजा वेयर हाउस के तौल कांटे मे यह कमी बनी रही, तब इस मामले को जिला प्रशासन के समक्ष उठा कर जांच करायी गयी। जिसमें 53 गाडियों में 153.70 क्विंटल धान की चोरी पकड़ी गयी, जिसकी कीमत 3.64 लाख की राशि पांच समितियों को लौटाने के आदेश कलेक्टर उमरिया ने जारी करते हुए एक सप्ताह की अवधि दी थी, जो दो माह में भी जमा नहीं किया गया। इस मामले ने पूजा वेयर हाउस और उमरिया जिला प्रशासन की कार्य शैली पर तीखे सवाल खड़े कर दिये है, कि कलेक्टर के वसूली के आदेश को कचरा समझने वाले पूजा वेयर हाउस को किस बात की सहूलियत प्रदान की जा रही है उसके ऊपर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज क्यों नहीं करायी जा रही है, पूजा वेयर हाउस के अनुबंध को रद्द क्यों नहीं किया जा रहा है। 

नाप-तौल अधिकारी कहां है? कलेक्टर के आदेश में साफ तौर पर उल्लेख किया गया है कि "तौलकांटा सत्यापन नहीं किये जाने के कारण" धान  शॉर्टेज हुई। फिर नाप-तौल अधिकारी पर कार्रवाई क्यों नहीं? क्या "सेटिंग" हो गई?

किसान का पैसा कौन देगा? मालूम होवे की पूजा वेयर हाउस में जिन समितियों के धान का भंडारण हुआ है उनमें धान कम बतायी गयी उनमें घुनघुटी समिति का ₹1.37 लाख, मालाचुआ का ₹1.09 लाख आज भी अटका है। इसका जिम्मेदार कौन?

इस पूरे मामले में सबसे शर्मनाक बात यह निकल कर आयी की  गलती वेयर हाउस की है। फिर भी प्रशासन ने न वसूली की, न लाइसेंस रद्द किया, न जेल भेजा। मतलब आदेश सिर्फ फाइल में बंद करने के लिए जारी किए जाते हैं?

समिति प्रबंधकों का आरोप: "ऊपर से नीचे तक मिलीभगत है। तभी तो कलेक्टर का आदेश भी ठंडे बस्ते में है।"अब देखना है कि कलेक्टर उमरिया अपने ही आदेश की इज्जत बचाने के लिए क्या कार्रवाई करते हैं या ये मामला भी फाइलों में दब जाएगा।

समाचार 04 फ़ोटो 04

दिन दहाड़े माफिया हाइवा, जेसीबी से करते हैं रेत की चोरी, अवैध रेत परिवहन पर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

शहडोल

जैतपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत कारोबार बेखौफ जारी है। आरोप है कि निजी खेत में डंप की गई रेत को जेसीबी की मदद से हाइवा वाहनों में भरकर खुलेआम परिवहन किया जा रहा है। दिनदहाड़े हो रही इस गतिविधि से खनन माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं, जबकि प्रशासनिक कार्रवाई और निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मामला जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोठारी के पास स्थित करिया सिरा का है। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन माफिया रात के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली से नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर निजी खेतों में डंप कर देते हैं। बाद में दिन के उजाले में उसी रेत को जेसीबी की सहायता से हाइवा वाहनों में भरकर दूसरे स्थानों पर भेजा जाता है।

बताया गया कि एक ग्रामीण की बिना अनुमति उसकी निजी भूमि में कई ट्रॉली रेत डंप कर दी गई थी। जब ग्रामीण ने इसका विरोध किया तो माफिया रेत उठाने पहुंचे और जेसीबी से हाइवा में लोड कर परिवहन करने लगे। इसकी तस्वीरें सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब वे अपने खेतों में पहुंचते हैं, तब उन्हें पता चलता है कि वहां रेत का भंडारण कर दिया गया है। विरोध करने पर माफिया रेत हटाते जरूर हैं, लेकिन उनके हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें किसी कार्रवाई का डर नहीं है। लोगों का दावा है कि अभी भी मौके पर कई हाइवा रेत से भरे खड़े हैं।स्थानीय लोगों ने जैतपुर थाने में पदस्थ एक आरक्षक यादव की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गौरतलब है कि जिले में फिलहाल रेत का कोई वैध ठेका संचालित नहीं है और बारिश के मौसम में जुलाई माह के दौरान खनन की अनुमति भी नहीं रहती। इसके बावजूद क्षेत्र में कथित रूप से अवैध खनन और परिवहन जारी रहने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

इनका कहना है।

मुझे इस मामले की जानकारी नहीं है। मैं इसकी जानकारी लेकर जांच करवाता हूं।

*जेपी शर्मा थाना प्रभारी जैतपुर*

समाचार 05 फ़ोटो 05

जमीन के विवाद पर चचेरे भाई की साइबर साजिश, फर्जी इंस्टाग्राम बनाकर कर रहा था बदनाम

उमरिया

जिले के नौरोजाबाद थाना अंतर्गत ग्राम नरवार में जमीन विवाद ने रिश्तों की कड़वाहट को साइबर अपराध तक पहुंचा दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं,बल्कि फरियादी का चचेरा भाई ही निकला। आरोप है कि उसने फरियादी के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और उसी की पहचान बनकर लोगों को संदेश भेजने लगा। इस हरकत से फरियादी की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई और उसके कई व्यक्तिगत व सामाजिक काम भी बिगड़ गए। जानकारी के अनुसार फरियादी आशीष सोनी और आरोपी शिवम सोनी आपस में चचेरे भाई हैं। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों परिवार अब गांव में अलग-अलग स्थानों पर घर बनाकर रह रहे हैं।आरोप है कि इसी रंजिश के चलते शिवम ने आशीष के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाया, प्रोफाइल में आशीष की फोटो लगाई और खुद को आशीष बताकर कई लोगों से बातचीत करने लगा।इससे परिचितों के बीच भ्रम की स्थिति बनी और फरियादी की छवि को नुकसान पहुंचा। फर्जी आईडी की जानकारी मिलने पर आशीष सोनी ने तत्काल नौरोजाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की तथा शनिवार को उसके विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) (पहचान संबंधी जानकारी का दुरुपयोग),66(D) (किसी अन्य का प्रतिरूप बनाकर ऑनलाइन धोखाधड़ी), 67 एवं 67(A) सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 336(2), 336(4), 318(2) और 319(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इन धाराओं का संबंध पहचान का दुरुपयोग,छलपूर्वक प्रतिरूप धारण कर धोखाधड़ी,साइबर माध्यम से अपराध करने और संबंधित दंडनीय कृत्यों से है। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर धाराओं की अंतिम प्रयोज्यता तय की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके नाम,फोटो या पहचान का सोशल मीडिया पर कोई फर्जी अकाउंट बनाया जाए तो तुरंत संबंधित प्लेटफॉर्म,स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।किसी अन्य की पहचान का दुरुपयोग कर उसे बदनाम करना या लोगों को गुमराह करना गंभीर साइबर अपराध है,जिसके लिए कानून में कड़ी सजा का प्रावधान है।

समाचार  06 फ़ोटो 06

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्या जिले के प्रवास पर 

अनूपपुर

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्या का 14 एवं 15 जुलाई 2026 को अनूपपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए कलेक्टर हर्षल पंचोली ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी को नोडल अधिकारी तथा सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सरिता नायक को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

प्रवास के दौरान अध्यक्ष श्री आर्या 14 जुलाई 2026 को प्रातः 11:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण करेंगे। इसके पश्चात प्रातः 11:45 बजे नर्मदा सभागार में युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा दोपहर 12:15 बजे जिला अस्पताल परिसर में आयोजित सिकल सेल एनीमिया परीक्षण स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन करेंगे।

जारी कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2:00 बजे नर्मदा सभागार में जिले के सांसद, विधायकगण, जनजातीय प्रतिनिधिमंडल, सामाजिक संस्थाओं, वन अधिकार समिति एवं पेसा समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित होगी। तत्पश्चात सायं 3:45 बजे जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक तथा सायं 5:45 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा।

इसी प्रकार 15 जुलाई 2026 को अध्यक्ष श्री आर्या प्रातः 9:30 बजे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक परिसर में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण करेंगे। इसके उपरांत प्रातः 10:00 बजे जनजातीय वर्ग के शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक तथा प्रातः 11:00 बजे विश्वविद्यालय के कुलपति एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। कार्यक्रम के अंत में स्थानीय भ्रमण के पश्चात वे अमरकंटक से प्रस्थान करेंगे।

समाचार 07 फोटो 07

भारत विकास परिषद ने स्थापना दिवस मनाकर एवं किया वृहद वृक्षारोपण 

शहडोल

भारत विकास परिषद शहडोल मुख्य शाखा द्वारा दिनांक 12 जुलाई 2026 दिन रविवार को परिषद का स्थापना दिवस का कार्यक्रम ग्राम घुनघुटी में परिषद के वरिष्ठ सदस्य एवं संरक्षक आनंद सिंह के फार्म हाउस में वृक्षारोपण कर बनाया गया। इस कार्यक्रम में परिषद के सदस्यों ने बढ़-कर का हिस्सा लिया एवं आम, नींबू, कटहल जैसे कई पौधों का रोपण किया। परिषद के मुख्य शाखा हमेशा ऐसे स्थान पर पौधों का रोपण करती है जहां पर पौधों को बढ़ाकर पेड़ के रूप में परिवर्तित किया जा सके।

सर्वप्रथम सभी सदस्य घुनघुटी स्थित पार्थ फैमिली ढाबा में एकत्रित हुए, वहां स्वलपहार करने के पश्चात सभी सदस्य वृक्षारोपण हेतु आनंद सिंह के फार्म हाउस पर पहुंचे और वहां ग्रामीण परिवेश का खूब आनंद लिया,  बच्चों ने खेत में हो रही जुताई एवं वहां पर पल रहे गाय बकरी भैंस के बछडो के साथ खूब मजे किए। वृक्षारोपण के पश्चात सभी सदस्य पुनः पार्थ फैमिली ढाबा पहुंचे जहां स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्वप्रथम वंदे मातरम गीत एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। परिषद के  संस्थापक सदस्य डॉ सूरज प्रकाश भारत माता एवं विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। परिषद के संरक्षक सदस्य आनंद सिंह ने परिषद के महत्व एवं उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं डॉ सूरज प्रकाश ने जिन परिस्थितियों में परिषद का निर्माण किया उस विषय पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन जन गण मन गीत के साथ किया गया एवं सभी सदस्यों ने स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया।

समाचार 08

अवैध रेत परिवहन पर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

शहडोल

जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गोहपारू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए असवारी गांव के पास अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे एक मैसी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर रेत से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन जब्त कर चालक व मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।

पुलिस ने मैसी ट्रैक्टर के चालक सुमित कुमार बैगा (पिता रामशरण बैगा) एवं वाहन मालिक सुरेश सिंह, दोनों निवासी देवरी नंबर-02, थाना गोहपारू, के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

समाचार 09

नर्मदा मंदिर ट्रस्ट पर विधायक ने खड़ा किया बड़ा प्रश्न चिन्ह 

अनूपपुर

राम मंदिर चंदा चोरी मामले के बाद अब पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने नर्मदा मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। विधायक ने कहा कि ट्रस्ट को मिलने वाली राशि का उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है, इसकी पूरी पारदर्शिता जनता के सामने आनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ट्रस्ट के पास पर्याप्त धनराशि है तो अमरकंटक में श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं का अब भी अभाव क्यों बना हुआ है। विधायक का कहना है कि क्या ट्रस्ट का कार्य केवल नर्मदा जयंती के आयोजन और दिखावे की रंगाई-पुताई तक सीमित है, या फिर विकास कार्यों पर भी प्रभावी ढंग से राशि खर्च की जा रही है? उन्होंने ट्रस्ट की आय-व्यय का सार्वजनिक लेखा-जोखा जारी करने और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की है। विधायक के इन बयानों के बाद अमरकंटक की धार्मिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें ट्रस्ट प्रबंधन के जवाब पर टिकी हुई हैं।


राम मंदिर चंदा चोरी के बाद नर्मदा मंदिर ट्रस्ट पर विधायक ने खड़ा किया बड़ा प्रश्न चिन्ह 

*आखिर ट्रस्ट का पैसा कहां हो रहा खर्च?*


अनूपपुर

राम मंदिर चंदा चोरी मामले के बाद अब पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने नर्मदा मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। विधायक ने कहा कि ट्रस्ट को मिलने वाली राशि का उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है, इसकी पूरी पारदर्शिता जनता के सामने आनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ट्रस्ट के पास पर्याप्त धनराशि है तो अमरकंटक में श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं का अब भी अभाव क्यों बना हुआ है। विधायक का कहना है कि क्या ट्रस्ट का कार्य केवल नर्मदा जयंती के आयोजन और दिखावे की रंगाई-पुताई तक सीमित है, या फिर विकास कार्यों पर भी प्रभावी ढंग से राशि खर्च की जा रही है? उन्होंने ट्रस्ट की आय-व्यय का सार्वजनिक लेखा-जोखा जारी करने और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की है। विधायक के इन बयानों के बाद अमरकंटक की धार्मिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें ट्रस्ट प्रबंधन के जवाब पर टिकी हुई हैं।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget