समाचार 01 फ़ोटो 01
नाबालिग कों खम्बे पर बांधकर पीटा, मानवाधिकारों व बाल संरक्षण कानून का खुला उल्लंघन, वीडियो वायरल
अनूपपुर
जिला मुख्यालय अनूपपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वीडियो में एक नाबालिग बच्चे को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटते हुए देखा जा रहा है। इतना ही नहीं, घटना के दौरान मौजूद कुछ लोग इस अमानवीय कृत्य का वीडियो बनाते और हंसते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है तथा कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के अनुसार घटना अनूपपुर रेलवे स्टेशन के बाहर की बताई जा रही है। वीडियो में एक नाबालिग असहाय अवस्था में नजर आ रहा है, जबकि कुछ लोग उसे सार्वजनिक रूप से खम्बे मे बांध कर प्रताड़ित करते दिखाई दे रहे हैं। मानवाधिकारों और बाल संरक्षण कानूनों की दृष्टि से यह घटना अत्यंत गंभीर मानी जा रही है।
घटना को लेकर नागरिकों का कहना है कि यदि वीडियो में दिखाई दे रही घटनाएं सत्य हैं तो यह केवल एक बच्चे के साथ हुई मारपीट का मामला नहीं, बल्कि समाज में बढ़ती भीड़तंत्र की मानसिकता का उदाहरण है। लोगों का सवाल है कि आखिर घंटों तक चले इस कथित घटनाक्रम के दौरान स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की मौजूदगी क्यों नहीं रही और किसी ने बच्चे को बचाने का प्रयास क्यों नहीं किया।
इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। नागरिकों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। यदि किसी बच्चे पर कोई आरोप था तो उसे पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए था। लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि वायरल वीडियो की तत्काल जांच कराई जाए, वीडियो में दिखाई दे रहे सभी आरोपियों की पहचान की जाए तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी मांग उठ रही है कि घटना के समय मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो।
समाचार 02 फ़ोटो 02
3.83 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ ड्रग स्मगलर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अनूपपुर
थाना कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग स्मगलर को अवैध ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की। रविवार रात्रि थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविन्द जैन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम के द्वारा मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पॉलीटेक्निक कॉलेज रोड, अनूपपुर में घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान शिव तिवारी उर्फ शिवम, पिता शिवशंकर तिवारी, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-02, नई सब्जी मंडी, पटौराटोला, अनूपपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.83 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹78,000 है, बरामद कर जप्त किया गया।
इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध धारा 8/21, नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्स्टेन्सेस (NDPS) अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपी से बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला तथा इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार आरोपी शिव तिवारी के विरुद्ध थाना कोतवाली अनूपपुर में पूर्व से भी विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
समाचार 03 फ़ोटो 03
जिला सीईओ पर महिला सरपंच ने आपत्तिजनक, अमर्यादित भाषा बोलने का लगाया आरोप, कमिश्नर से हुई शिकायत
शहडोल
जिले के जनपद पंचायत सोहागपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बोडरी की आदिवासी महिला सरपंच गनेसिया कोल ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम प्रजापति पर आपत्तिजनक और अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाया है। महिला सरपंच का कहना है कि पंचायत की समस्या लेकर गए होने के बावजूद जिला पंचायत सीईओ ने उनके साथ न सिर्फ अभद्र व्यवहार किया बल्कि सरेआम गाली-गलौज की। दीं। इस घोर अपमान से आहत जनप्रतिनिधि ने अब शहडोल संभाग के कमिश्नर से लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार जनपद पंचायत सोहागपुर के ग्राम पंचायत बोडरी में पिछले चार महीनों से पंचायत सचिव का पद रिक्त है। जिसकी वजह से ग्रामीणों के जरूरी काम और क्षेत्र के विकास कार्य पूरी तरह से ठप्प पड़े हैं। इस समस्या के निराकरण के लिए महिला सरपंच गनेसिया कोल अपने जिला स्थित मुख्य कार्यपालन अधिकारी के कार्यालय पहुंची थी।
सरपंच गनेसिया कोल ने कमिश्नर को सौंपे अपने शिकायत पत्र में बताया कि जब वे अपनी बात लेकर सीईओ के कक्ष में गईं तो अधिकारी ने उनकी बात सुनने के बजाय अचानक भड़क गए। इस दौरान सीईओ ने उनके साथ गाली-गलौज की बल्कि अभद्र भाषा का प्रयोग कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। घटना के तुरंत बाद पीड़ित महिला सरपंच ने शहडोल संभाग के कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
2 बाइक सवार दिन दहाड़े महिला के गले से सोने का चैन लूटकर हुए फरार, मामला दर्ज
शहडोल
कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाश एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि सूचना मिलते ही डायल-112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
महिला सुकृति गुप्ता 40 वर्ष, पत्नी अशोक गुप्ता, निवासी वार्ड क्रमांक 13, ब्यौहारी, बस से शहडोल आई थीं। वह बाणगंगा बाइपास तिराहे पर उतरने के बाद अपने एक रिश्तेदार के साथ पैदल अस्पताल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बाणगंगा बाइपास से मदन एजेंसी के बीच पीछे से काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पहुंचे और महिला के गले में पहनी सोने की चेन झपट ली।
महिला ने चेन बचाने की कोशिश करते हुए उसे पकड़ लिया, जिससे चेन का आधा हिस्सा टूट गया। बदमाश आधी चेन लेकर तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। घटना के समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही और लोगों की मौजूदगी के बावजूद आरोपियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता को कोतवाली थाना ले जाकर शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाली पुलिस अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
समाचार 05 फ़ोटो 05
कलेक्टर ने रक्तवीर हिमांशु तिवारी को प्रमाण पत्र प्रदान कर किया सम्मानित
उमरिया
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के सेवा साप्ताहिक कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में उत्कृष्ट कार्य करने समाजसेवियों को कलेक्टर सभागार में कलेक्टर राखी सहाय की उपस्थिति में प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी सचिव राकेश शर्मा ने युवा टीम उमरिया की सराहना करते हुए कहा कि हिमांशु तिवारी व उनकी टीम जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर जिले वासियों को जागरूक व प्रेरित करने में योगदान किया। युवा टीम के द्वारा मध्य प्रदेश शासन की अनेक योजनाओं की जानकारी व जागरूकता फैलाने का कार्य कर व एक पेड़ मां अभियान, स्वच्छता अभियान, जल गंगा संवर्धन अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, जल संरक्षण अभियान, महिला सशक्तिकरण, पौधारोपण, नशा मुक्ति, आदिवासी क्षेत्रों में निशुल्क कोचिंग क्लास, आदिवासी क्षेत्रों में सेनेटरी पैड निःशुल्क वितरण, निशुल्क प्याऊ जल, स्वास्थ्य जागरूकता, दागना कुप्रथा अभियान, पक्षी मित्र अभियान, मतदाता जागरूकता अभियान जैसे आदि अभियानों में अपनी पूर्ण सहभागिता प्रदान की।
इसी क्रम में जिले में उत्कृष्ट कार्य एवं अधिक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर व 35 बार रक्तवीर हिमांशु तिवारी के द्वारा रक्तदान करने पर कलेक्टर ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान रेड क्रॉस सभापति अखिलेश त्रिपाठी, योगेश द्विवेदी व सभी उपस्थित रहे।
समाचार 06 फ़ोटो 06
चूल्हे से कॉलेज तक का सफर, कुमूर्दु गांव की बहू ने एमपी पीएससी में रचा इतिहास
उमरिया
"आदिवासी महिला की जगह सिर्फ रसोई में है" - इस पुरानी सोच को ग्राम कुमूर्दु की बहू श्रीमती प्रियंका सिंह मसराम ने अपने हौसले से तोड़ दिया है। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग एम पी पी एस सी द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक हिन्दी परीक्षा में चयनित होकर उन्होंने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे उमरिया जिले का नाम रोशन किया है।यह सफलता सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि पूरे अंचल के लिए सामाजिक बदलाव का प्रतीक बन गई है।
प्रियंका की कहानी हर गांव की बेटी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने साबित किया कि अगर अवसर, शिक्षा और अटूट संकल्प साथ हों, तो आदिवासी अंचल की बहुएं-बेटियां भी देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में बाजी मार सकती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे ग्राम कुमूर्दु और पाली विकासखंड में खुशी की लहर है।
समाजजनों और शुभचिंतकों ने इस सफलता को "आदिवासी महिलाओं के सशक्तिकरण की नई मिसाल" बताया है। कुमूर्दु की इस बहू ने दिखा दिया कि अब आदिवासी महिलाएं सिर्फ घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं हैं। वे अब व्याख्यान मंच से प्रदेश की नई पीढ़ी का भविष्य गढ़ेंगी।
समाचार 07 फ़ोटो 07
पवित्र नगरी में दो दिनों से रुक रुककर झमाझम बारिश का दौर जारी, पर्यटकों की हुई कमी
अनूपपुर
प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में विगत दो दिनों से झमाझम मूसलाधार वर्षा का सिलसिला लगातार जारी है। अषाढ़ माह के आगमन के साथ ही क्षेत्र में मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है और प्रकृति अपने वास्तविक स्वरूप में दिखाई दे रही है।
5 जुलाई 2026, रविवार से तेज गर्जना, बादलों की गड़गड़ाहट और रुक-रुककर हो रही मूसलाधार वर्षा का क्रम प्रारंभ हुआ, जो रातभर कभी तेज, कभी मध्यम और कभी हल्की बारिश के रूप में जारी रहा। 6 जुलाई, सोमवार को भी समाचार लिखे जाने तक लगातार वर्षा होती रही। आसमान में घने काले बादलों का डेरा बना रहा तथा बीच-बीच में घना कोहरा छाने से वातावरण और भी मनमोहक हो गया।
लगातार हो रही वर्षा के कारण अमरकंटक आने वाले पर्यटकों एवं तीर्थयात्रियों की संख्या में अन्य दिनों की अपेक्षा कमी देखी गई। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसान खेती-किसानी के कार्यों, जुताई एवं बुवाई में जुट गए हैं, जिससे बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल रही।
दो दिनों से लगातार हो रही वर्षा के चलते पवित्र नगरी अमरकंटक का मौसम अत्यंत ठंडा एवं खुशनुमा हो गया है। मौसम के इस मनोहारी स्वरूप ने अमरकंटक की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं। चारों ओर हरियाली, बादलों की आवाजाही, रिमझिम वर्षा और घने कोहरे का अद्भुत दृश्य श्रद्धालुओं एवं प्रकृति प्रेमियों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
वन विभाग ने 5 हेक्टेयर वनभूमि कराई मुक्त, मड़ैया हटाईं, खेत किए नष्ट
शहडोल
जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र में विभाग ने अलग-अलग बीटों में कार्रवाई करते हुए करीब 5 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण के प्रयास से मुक्त कराया। इस दौरान वनभूमि पर बनाए गए अस्थायी ढांचे हटाए गए, अवैध रूप से तैयार किए गए खेतों को जेसीबी से नष्ट किया गया और दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए खंती खोदकर बीज बुवाई भी कराई गई।
वनभूमि पर अवैध रूप से तैयार किए गए खेतों को जेसीबी मशीन से समतल कर नष्ट किया गया। इसके बाद भूमि पर दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए खंती खोदकर बीज बुवाई की गई। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वनभूमि पर कब्जा करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
समाचार 09
उमरिया
विश्व हिंदू परिषद ओर बजरंग दल के द्वारा चंदिया थाना अंतर्गत विगत दिनों दो अलग अलग वारदातों में हिन्दू लड़कियों के साथ बलात्कार की घटना डॉक्टर हारून खान ओर एक युवा मोलाना के द्वारा अश्लील वीडियो बनाकर ब्लेक मेल कर यौन शोषण की घटना प्रकाश में आई इस विषय को लेकर बजरंगदल ओर विश्व हिंदू परिषद के उमरिया चंदिया शहडोल पाली मानपुर से आए लोगों ने ज्ञापन सौंपा गया ओर मांग की उचित कार्यवाही कर इन आरोपियों का मकान जो अतिक्रमण भूमि पर बना है उसे जमीदोज करने की कार्यवाही तत्काल की जाने की प्राथमिकता दी
समाचार 10
संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए सतर्क रहें
उमरिया
वर्षा ऋतु के दौरान उमरिया जिले के विभिन्न क्षेत्रों से उल्टी, दस्त, डायरिया, मलेरिया, डेंगू, सर्दी, जुकाम सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के मामले सामने आने की संभावना रहती है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ड व्ही एस चंदेल ने बताया कि विगत वर्ष जिले में विशेष रूप से उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई थी। ऐसे में इस वर्ष सभी नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने की अपील की गई है। संक्रामक बीमारियों के दौरान मरीजों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द, तेज बुखार तथा शरीर में पानी की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इनसे बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।