पुलिस ने 50 लाख का 2 कार सहित 267 किलो गाँजा किया जब्त, मौका पाकर जंगल मे आरोपी हुए फरार

*जयसिंहनगर व ब्यौहारी पुलिस की कार्यवाही*


शहडोल

जिले के ब्यौहारी व जयसिंहनगर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में दो लग्जरी वाहनों से करीब 267 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ और वाहनों की कुल कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। दोनों मामलों में तस्कर पुलिस की घेराबंदी देखकर वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहडोल से मानपुर की ओर से एक सफेद रंग की ब्रेजा कार (सीजी-13-एए-7494) में गांजे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस ने सोन नदी पुल से वाहन का पीछा शुरू किया और वन विभाग के रेस्ट हाउस के पास बड़े वाहनों की मदद से रास्ता रोककर कार को घेर लिया। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए। तलाशी लेने पर वाहन से 127 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

*स्कॉर्पियो से मिला 140 किलो गांजा*

दूसरी कार्रवाई जयसिंहनगर थाना पुलिस ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि मानपुर-टेटका मार्ग से एक काली स्कॉर्पियो में गांजा ले जाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन का पीछा किया तो तस्कर भुरका रोड के जंगल में स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गए। तलाशी के दौरान वाहन से 140 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 267 किलोग्राम गांजा और दो लग्जरी वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पिछले एक माह में यह गांजा तस्करी के खिलाफ तीसरी बड़ी कार्रवाई है।

महुआ बीनने गई नाबालिग बालिका व बुजुर्ग महिला आई आकाशीय बिजली की चपेट में दोनो की हुई मौत


शहडोल

दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला और एक 11 वर्षीय बालिका शामिल हैं। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहली घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के कोटरी गांव की है। पुलिस के अनुसार 68 वर्षीय फुलची बाई कोल जंगल में महुआ की डोरी (महुआ के फल/बीज) बीनने गई थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दूसरी घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के गांधिया गांव में हुई। यहां तेज हवा चलने के बाद घर के सामने लगे आम के पेड़ के नीचे गिरे आम बीनने गई 11 वर्षीय प्रियांशी रैदास आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

 सुविधा शुल्क के सहारे कोयले की कथित छंटाई का खेल, राजनगर रोड सेल यार्ड में करोड़ों के नुकसान की आशंका


राजनगर रोड सेल यार्ड में सुविधा शुल्क का खेल! प्रति ट्रक 4,500 रुपये तक वसूली के आरोप, बेहतर गुणवत्ता का कोयला दिलाने के नाम पर चुनिंदा वाहनों को कथित लाभ; निष्पक्ष जांच की मांग तेज

अनूपपुर

एसईसीएल हसदेव क्षेत्र के राजनगर स्थित रोड सेल स्टॉक यार्ड में कोयले की लोडिंग व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं स्थानीय ट्रांसपोर्टरों और कोयला कारोबार से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया है कि यार्ड में कथित रूप से सुविधा शुल्क लेकर बेहतर गुणवत्ता वाले कोयले की अलग से व्यवस्था की जा रही है, जिससे एसईसीएल को करोड़ों रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका है, मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है 

सूत्रों के अनुसार रोड सेल यार्ड में कुछ ट्रांसपोर्टरों से प्रति ट्रक 4 हजार से 4,500 रुपये तक सुविधा शुल्क लिए जाने की चर्चा है आरोप है कि यह राशि देने वाले वाहनों के लिए निजी मजदूरों अथवा छोटी मशीनों की मदद से बड़े और बेहतर गुणवत्ता वाले कोयले को अलग कर लोड कराया जाता है वहीं सुविधा शुल्क नहीं देने वाले उपभोक्ताओं को अपेक्षाकृत अधिक मिट्टी, पत्थर और निम्न गुणवत्ता वाला कोयला उपलब्ध कराए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं

ट्रांसपोर्टरों का दावा है कि इस पूरी व्यवस्था में रोड सेल इंचार्ज विजय शर्मा की भूमिका महत्वपूर्ण है जो ट्रांसपोर्टरों से या ट्रक मालिकों से सीधा पैसा ना लेकर प्राइवेट व्यक्ति को रखा गया है जो कि पैसे की वसूली करके इनको देता है कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि सुविधा शुल्क की राशि केवल यार्ड स्तर तक सीमित नहीं रहती, बल्कि “गेट पास से लेकर ऊपर तक” पहुंचने की बात कही जाती है हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और संबंधित अधिकारियों की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है

जानकारों का मानना है कि रोड सेल व्यवस्था में कोयले की गुणवत्ता का सीधा संबंध उसकी आर्थिक कीमत से होता है यदि उच्च गुणवत्ता वाले कोयले को अलग कर चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है, तो इसका सीधा असर कंपनी के राजस्व पर पड़ सकता है। साथ ही यह पूरी व्यवस्था की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े करता है

हाल ही में सामने आई तस्वीरों में यार्ड परिसर में बड़े आकार के कोयले को अलग-अलग ढेरों में रखा हुआ दिखाई दे रहा है इन तस्वीरों के सामने आने के बाद पूरे मामले ने और तूल पकड़ लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह प्रक्रिया नियमों के तहत संचालित हो रही है तो इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए, वहीं यदि अनियमितताएं हो रही हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होना आवश्यक है

मामले को लेकर पहले भी संबंधित प्रबंधन की ओर से किसी प्रकार की अवैध छंटाई से इनकार किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में कोई व्यक्ति नियमों के विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि यार्ड में कथित रूप से खुलेआम छंटाई और सुविधा शुल्क का खेल चल रहा है तो इसकी जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों तक क्यों नहीं पहुंची, और यदि पहुंची है तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। क्षेत्र के लोगों और ट्रांसपोर्टरों ने पूरे मामले की पारदर्शी एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि आरोपों की सच्चाई सामने आ सके और राजनगर रोड सेल स्टॉक यार्ड की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके

क्षेत्र के लोगों, ट्रांसपोर्टरों एवं उपभोक्ताओं ने हसदेव क्षेत्र के महाप्रबंधक मनोज कुमार बिश्नोई से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। शिकायतकर्ताओं का मानना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई होने से कोल इंडिया एवं एसईसीएल को संभावित आर्थिक क्षति से बचाया जा सकेगा तथा रोड सेल व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो सकेगी।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget