जर्जर पानी की टंकी हो सकता है बड़ा हादसा, भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं लोग, एसईसीएल प्रबंधन मौन

*समस्या हल नही तो होगा आंदोलन*


अनूपपुर/​कोतमा

एक तरफ जहां सूरज की तपिश और भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है, वहीं दूसरी तरफ एसईसीएल जमुना कोतमा क्षेत्र के प्रबंधन की उदासीनता के कारण कोतमा वार्ड क्रमांक 13 के निवासी पानी के लिए हाहाकार मचा हैं। वार्ड में स्थित पानी की टंकी बेहद जर्जर हालत में पहुंच चुकी है, जिसके कारण क्षेत्र में पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

​स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह स्थिति अचानक पैदा नहीं हुई है वार्ड वासियों द्वारा कई बार सोशल मीडिया, मुख्यधारा की मीडिया और मौखिक रूप से एसईसीएल प्रबंधन को मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं, प्रबंधन को साफ तौर पर अवगत कराया गया था कि पानी की टंकी पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है और कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसके बावजूद, एसईसीएल के अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी

​प्रबंधन की इसी लापरवाही का नतीजा आज वार्ड क्रमांक 13 के सैकड़ों परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। नई पानी टंकी का निर्माण न होने से इस कड़कती धूप और गर्मी में लोगों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है, दैनिक जरूरतों के लिए भी पानी नसीब नहीं हो पा रहा है, जिससे स्थानीय जनता में एसईसीएल के प्रति भारी आक्रोश है।

"एसईसीएल सिर्फ कोयला निकालने में व्यस्त है, उसे यहां रहने वाले लोगों की मूलभूत सुविधाओं से कोई सरोकार नहीं है, बार-बार ध्यान आकर्षण कराने के बाद भी आज तक नई पानी टंकी का निर्माण नहीं कराया गया, अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो  उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

​जब एसईसीएल को समय रहते जर्जर टंकी की सूचना दे दी गई थी, तो नए निर्माण में देरी क्यों की जा रही है। क्या एसईसीएल प्रबंधन किसी बड़े हादसे या जनता के पूरी तरह सड़क पर उतरने का इंतजार कर रहा है।

​क्षेत्र की जनता ने अब जिला प्रशासन और एसईसीएल के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले को संज्ञान में लेते हुए युद्ध स्तर पर नई पानी टंकी का निर्माण कराया जाए और तब तक वार्ड में पानी के वैकल्पिक इंतजाम सुचारू रूप से किए जाएं।

दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया किशोर की पानी मे डूबने से हुई मौत, पुलिस जाँच में जुटी


 शहडोल

दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 15 वर्षीय किशोर मौत के गहरे पानी में समाने से मौत हो गयी। ब्यौहारी थाना क्षेत्र के केल्हारी गांव में हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जबकि पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है।

केल्हारी निवासी दीपेश प्रजापति (15) पिता महेश प्रजापति अपने दोस्तों के साथ गांव के पास स्थित समधिन नदी में नहाने गया था। बताया गया कि नदी का घाट उसके घर से कुछ ही दूरी पर स्थित है। नहाते समय दीपेश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

हादसे के बाद दीपेश का एक दोस्त घबराकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से किशोर के शव को बाहर निकलवाया।

घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ब्यौहारी अस्पताल में किशोर के पिता महेश प्रजापति ने अपने इकलौते बेटे का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उनका एक ही पुत्र था, अब वह भी नहीं रहा। ऐसे में वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते।

हालांकि पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी, सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। 

अभिनव तिवारी का एमपीसीए क्रिकेट अंडर-19 टीम में हुआ चयन, लोगों ने दी शुभकामनाएं


अनूपपुर 

जिले के खेल जगत के लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का क्षण है कि जिले के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी अभिनव तिवारी (सुपुत्र श्री दीप नारायण तिवारी) का चयन मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन अंडर-19 टीम में हुआ है। दाएं हाथ के बल्लेबाज एवं राइट आर्म मीडियम पेसर अभिनव की यह उपलब्धि उनकी वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।

अभिनव ने पिछले पांच वर्षों से लगातार क्रिकेट के क्षेत्र में मेहनत करते हुए अपनी प्रतिभा को निखारा और आज प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल हुए हैं। उनकी इस सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे अनूपपुर जिले को गौरवान्वित किया है, बता दे उनकी सफलता के पीछे जिला क्रिकेट संघ अनूपपुर की दशकों से अथक मेहनत एवं जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को एक अच्छा प्लेटफार्म देने की यह उपलब्धि है। लगभग एक दशक पहले जिले में क्रिकेट के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं थे। खिलाड़ियों को धूल भरी पिचों पर अभ्यास करना पड़ता था और खेल सामग्री व आधारभूत सुविधाओं का अभाव था। इसके बावजूद जिला क्रिकेट संघ ने हार नहीं मानी और खिलाड़ियों के सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयास करता रहा,संघ की मेहनत और प्रशासनिक सहयोग से जिले में आधुनिक स्टेडियम एवं टर्फ विकेट जैसी सुविधाएं विकसित की गईं, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर प्राप्त हुए। आज अभिनव तिवारी का मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन अंडर-19 टीम में चयन इस बात का प्रमाण है कि यदि प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन और सुविधाएं मिलें तो वे किसी भी स्तर पर अपनी क्षमता साबित कर सकती हैं।

जिला कलेक्टर हर्षल पंचोली ने भी जिला क्रिकेट संघ और खिलाड़ियों को समय-समय पर प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया है। उनके सहयोग से जिले में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिली है,अभिनव की इस उपलब्धि पर अधिकारी, जनप्रतिनिधि खेल प्रेमी व मित्रो ने शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है, अभिनव तिवारी की सफलता अनूपपुर के उन सभी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। निश्चित रूप से यह उपलब्धि जिला क्रिकेट संघ अनूपपुर के वर्षों के अथक प्रयासों और जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता का परिणाम है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget