समाचार 01 फ़ोटो 01
करंट से मौत, शव रखकर विद्युत विभाग को घेरा, मृतक के परिजनों को 8 लाख मुआवजा व नौकरी का आश्वासन, धरना समाप्त
*बिजली की एलटी तार गिरने से किसान की हुई मौत*
अनूपपुर
जिला मुख्यालय में वार्ड क्रमांक 10 में खेत में काम कर रहे एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। आक्रोशित परिजन एवं नगर के लोग एंबुलेंस में शव रख कर विद्युत विभाग कार्यालय लेकर पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
आरोप है कि एलटी लाइन का एक विद्युत तार, जो वर्षों से जर्जर हालत में झूल रहा था, अचानक खेत में भरे पानी में गिर गया। इससे पूरे खेत में करंट फैल गया और कमलेश पटेल उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि इस तार की खराब स्थिति को लेकर विद्युत कंपनी को पहले भी कई बार शिकायतें दी गई थीं, लेकिन कोई सुधार नहीं किया गया।
ग्रामीणों व परिजनों को लिखित आश्वासन पत्र एवं आठ लाख मुआवजा के बाद प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन समाप्त किया। मृतक का अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। मध्य प्रदेश अनुसूचित जन जाति आयोग अध्ययक्ष रामलाल रौतेल, जगनाथ मरकाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, प्राशी अग्रवाल अनुविभागीय अधिकारी तथा अशोक एक्का थाना प्रभारी की उपस्थिति में निर्णय लिया गया है कि मृतक के पुत्री शिवांगी पटेल पिता स्वर्गीय कमलेश पटेल की वाहय स्त्रोत कार्मिक के रूप में आवेदन प्राप्त करने के पश्चात विद्युत विभाग में पदस्थ किया जावेगा, तथा छोटे पुत्र सौरभ पटेल की उम्र 15 वर्ष जो अभी विद्यालय में अध्ययनरत है बालक के बालिक हो जाने पर आवेदन प्रस्तुत करने पर वाहय स्त्रोत कार्मिक के रूप में नियुक्त किया जावेगा।
मृतक के परिजनों को 8 लाख मुआवजा की राशि दी जाएगी। जिसमें चार लाख संबल योजना से एवं चार लाख विद्युत विभाग देगा। साथ ही आयोग के अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि मुख्यमंत्री से चर्चा कर स्वेच्छा अनुदान राशि से मदद की जाएगी। इस आश्वासन के बाद आंदोलनकारी मान गए और परिजनों ने साथ शव को घर चल चले गए। इससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
समाचार 02 फ़ोटो 02
स्टेशन में चलती ट्रेन में उतरने के प्रयास में महिला का पैर कटा, आरपीएफ ने पहुँचाया अस्पताल चल रहा है इलाज
*बरौनी गोंदिया एक्सप्रेस की घटना*
शहडोल
शहडोल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-01 पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गाड़ी संख्या 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस के प्रस्थान के दौरान एक महिला यात्री ने चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश की, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पटरी पर गिर गई। ट्रेन की चपेट में आने से महिला का एक पैर कट गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर हड़कंप मच गया और यात्रियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत चैन पुलिंग कर ट्रेन को रोका।
घटना के समय प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी में तैनात रेलवे सुरक्षा बल की महिला आरक्षी आभा तिवारी ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर महिला को बचाने का हरसंभव प्रयास किया। हालांकि, ट्रेन की गति और अचानक हुए हादसे के कारण वह महिला को गिरने से नहीं बचा सकीं। हादसा इतना भीषण था कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के तुरंत बाद आरपीएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए एंबुलेंस को फोन किया। लेकिन एंबुलेंस पहुँचने में वि होने लगा और घायल महिला का अत्यधिक खून बह रहा था।
स्थिति की गंभीरता और महिला की नाजुक हालत को देखते हुए आरपीएफ जवानों ने बिना समय गंवाए तत्काल निर्णय लिया। जवानों ने स्ट्रैचर की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को स्टेशन से बाहर निकाला और एक ऑटो-रिक्शा में बिठाकर उपचार हेतु तत्काल जिला चिकित्सालय शहडोल रवाना किया।
अस्पताल में घायल महिला का तत्काल इलाज शुरू कराया जा सके, इसके लिए आरपीएफ के आरक्षक महेंद्र कुमार को महिला के साथ भेजा गया है। आरक्षक महेंद्र कुमार की देखरेख में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उसका आपातकालीन उपचार कर रही है। समाचार लिखे जाने तक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार घायल महिला का नाम, पता और अन्य क्रेडेंशियल्स की जानकारी जुटाई जा रही है। पहचान और मेडिकल रिपोर्ट मिलते ही मामले की विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।
समाचार 03 फ़ोटो 03
देश के छात्रों-युवाओं के समर्थन में जिला कांग्रेस ने निकाला विजय मार्च, जिंदाबाद के लगे नारे
शहडोल
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा जिलाध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कार्यालय से नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्टेशन चौक तक देश के छात्रों के समर्थन एवं सम्मान में विजय मार्च निकाला गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी से हुई, संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गुड्डू चौहान ने विजय मार्च के उद्देश्य एवं उसकी पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि मोदी/भाजपा सरकार के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था में लगातार अनियमितताएँ सामने आई हैं। बार-बार पेपर लीक की घटनाएँ, NEET एवं CBSE परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियाँ, छात्रों पर हुई दमनात्मक कार्रवाई तथा लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा पूरे देश एवं मध्यप्रदेश में आंदोलन, प्रदर्शन, सत्याग्रह एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आंदोलनों के माध्यम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग प्रमुखता से उठाई जाती रही।
जिला कांग्रेस के अनुसार, इन आंदोलनों के परिणामस्वरूप केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसे छात्रों की आवाज़ और कांग्रेस के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताते हुए, जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर ने विजय मार्च निकालकर छात्रों के संघर्ष तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समाचार 04 फ़ोटो 04
कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय में संतों के सान्निध्य से संस्कार, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण का जागा अलख
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित कल्याणिका पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायी मार्गदर्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। सद्गुरुदेव परम तपस्वी बाबा कल्याण दास महाराज की पावन प्रेरणा तथा उनके परम कृपा पात्र, कल्याणिका पब्लिक स्कूल एवं श्री कल्याण सेवा आश्रम के न्यासी स्वामी हिमाद्री महाराज के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम आध्यात्मिक चेतना और जीवन मूल्यों का अनुपम संगम बन गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उदासीन परंपरा के पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद महाराज तथा विशिष्ट आध्यात्मिक वक्ता एवं प्रख्यात कथा वाचक स्वामी ज्योतिर्मयानंद जी महाराज रहे। महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद जी महाराज ने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसके बच्चों के चरित्र, संस्कार और संस्कृति से निर्मित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने माता-पिता, गुरुजनों और भारतीय परंपराओं का सम्मान करते हुए सत्य, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलें।
वहीं स्वामी ज्योतिर्मयानंद महाराज ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भारत का भविष्य आज के युवा हाथों में सुरक्षित है। उन्होंने शिक्षा को केवल रोजगार का माध्यम न मानकर राष्ट्र निर्माण का सशक्त साधन बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित जीवन, नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा कहा कि संस्कारित विद्यार्थी ही सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माता बनेंगे।
समाचार 05 फोटो 05
40 घरों के काटे गए बिजली कनेक्शन, जेई पर अभद्रता के आरोप, पुलिस में हुई शिकायत
शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र की झींक बिजुरी पुलिस चौकी अंतर्गत गांव झींक बिजुरी में बिजली बिल की वसूली के दौरान शुक्रवार शाम विवाद की स्थिति बन गई। बिजली विभाग की टीम बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए गांव पहुंची थी। इस दौरान कई उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जाने पर ग्रामीणों ने विरोध जताया। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष पुलिस चौकी पहुंचे और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीण अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि गांव के कुछ घरों पर बिजली बिल बकाया था। इसकी वसूली के लिए जैतपुर बिजली विभाग का अमला, जिसमें कनिष्ठ अभियंता (जेई) भी शामिल थे, गांव पहुंचा। उनके अनुसार विभाग की कार्रवाई के दौरान कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बकाया राशि जमा कर दी, जबकि कुछ लोगों ने भुगतान नहीं किया।
अनिल श्रीवास्तव का आरोप है कि जब ग्रामीणों ने बिजली कनेक्शन काटने का कारण पूछा और विरोध दर्ज कराया तो मौके पर मौजूद जेई ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में झींक बिजुरी पुलिस चौकी पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने भी अपनी ओर से शिकायत पुलिस को सौंपी है।
झींक बिजुरी चौकी प्रभारी रामपाल वर्मा ने बताया कि ग्रामीणों एवं बिजली विभाग के कर्मचारियों, दोनों पक्षों से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
स्कूल बसो का संचालन समय पर हो व छात्र हितों को लेकर भाजयुमो ने सौंपा ज्ञापन
अनूपपुर
बिजुरी सब एरिया अंतर्गत संचालित एस.सी.एल. विद्यालय एवं कन्या विद्यालय की छात्र-छात्राओं की आवागमन संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पदाधिकारियों ने सब एरिया कार्यालय पहुंचकर एसडीओ मित्रा साहब को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो मंडल अध्यक्ष प्रकाश यादव ने ज्ञापन में मांग रखी कि स्कूल बसों का संचालन व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को समय पर विद्यालय पहुंचने एवं वापस आने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कई छात्र-छात्राएं दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं, ऐसे में परिवहन की उचित व्यवस्था न होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद मुकेश जैन, आदेश श्रीवास्तव एवं ओम यादव ने भी संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने अधिकारियों से अनुरोध किया कि इस गंभीर विषय पर त्वरित कार्रवाई की जाए। सब एरिया मित्रा साहब ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मांग पत्र में उल्लिखित बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयावधि में छात्रों की आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
समाचार 07 फ़ोटो 07
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रेबीज इंजेक्शन की कमी, मरीजों परेशान, प्रदेश सचिव ने उठाई आवाज
शहडोल
धनपुरी एवं बुढार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव प्रदीप सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि रेबीज जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक होता है, लेकिन अस्पतालों में इंजेक्शन उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को निजी मेडिकल दुकानों से महंगे दामों पर इसे खरीदना पड़ रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
प्रदीप सिंह ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढार के अंतर्गत बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र आते हैं, जहां प्रतिदिन अनेक मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें कुत्ते, बंदर या अन्य जानवरों के काटने के मामले भी शामिल होते हैं। ऐसे मरीजों को तत्काल रेबीज इंजेक्शन की आवश्यकता होती है, लेकिन अस्पताल में इसकी अनुपलब्धता के कारण उन्हें बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
शासन की ओर से शासकीय अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति इन दावों से अलग दिखाई देती है। आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं और टीकों की कमी यह दर्शाती है कि स्वास्थ्य व्यवस्था में अभी भी कई स्तरों पर सुधार की आवश्यकता है। प्रदेश सचिव ने संबंधित स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि धनपुरी एवं बुढार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि मरीजों को समय पर निःशुल्क उपचार मिल सके।
समाचार 08
बाइक की डिग्गी से 2 लाख पार, मामला दर्ज
शहडोल
चौपाटी के सामने दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात बदमाश बाइक की डिग्गी से दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। रीवा रोड स्थित सर्किट हाउस के सामने रहने वाले सुनील श्रीवास्तव बैंक से दो लाख रुपये निकालकर अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखकर घर लौट रहे थे। दोपहर करीब चार बजे वह चौपाटी के सामने कुछ सामान खरीदने के लिए रुके और बाइक वहीं खड़ी कर दी। जब कुछ देर बाद वापस लौटे तो देखा कि मोटरसाइकिल की डिग्गी खुली हुई है और उसमें रखी पूरी नकदी गायब थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है,
समाचार 09 फोटो 09
2 चोर गिरफ्तार, 1.05 लाख का आभूषण जप्त
शहडोल
जिले में लगातार रात्रि गश्त और लंबित चोरी के मामलों के खुलासे के अभियान के तहत अमलाई थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घर में हुई चोरी मामले में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब ₹1.05 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। रेलवे कॉलोनी छोटी अमलाई निवासी ध्रुव लोनिया ने घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना और पूछताछ के दौरान पुलिस ने सुमन लोनिया (22) और सूरज केवट (28) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक सोने की बिंदी, एक सोने का हार और एक चांदी का ब्रेसलेट बरामद किया गया, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
समाचार 10
रेडक्रास ने वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित का दिया निर्देश
उमरिया
जिला शिक्षा अधिकारी भूपेंद सिंह बड़करे ने बताया कि सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में उच्च शिक्षा विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से जूनियर रेडक्रास की सहभागिता सुनिश्चित करते हुये हरियाली महोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक पेंड़ मॉ के नाम अभियान के अंतर्गत राज्य व्यापी बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देशानुसार अभियान संचालित करनें के निर्देश जारी किए गए है।
समाचार 11
छात्राओं का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण
उमरिया
कलेक्टर राखी सहाय के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ व्ही एस चंदेल एवं जिला शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह वरकडे के आपसी समन्वय से किया गया । इस दौरान 180 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण आउटरीच गतिविधि के तहत डॉ योगेश कुर्वे आरबीएसके सी एच ओ यासमीन बेगम कचरवार एवं किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता पूजा पांडे के द्वारा माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर डबरोहा विकासखंड करकेली में स्वास्थ्य परीक्षण का आयोजन किया गया।
समाचार 12
एक दिवसीय पैरालीगल वॉलेन्टियर प्रशिक्षण संपन्न
उमरिया
राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देषानुसार एवं प्रियदर्शन शर्मा, प्रधान जिला न्यायाधीष/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उमरिया के मार्गदर्शन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देशन में एक दिवसीय पैरालीगल वॉलेन्टियर के लिये सीआईएस एवं साइबर क्राईम के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रियदर्शन शर्मा, के द्वारा सरस्वती मां के चित्र पर द्वीप प्रज्जलित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा कार्यक्रम के संबोधन में मोबाईल की उपयोगिता एवं इस मोबाईल के द्वारा दूसरे अन्य व्यक्तियों के द्वारा मोबाईल हैंक एवं पैसों आदि की चोरी के बारे में बताया गया, समस्त पैरालीगल वॉलेन्टियर्स को सीआईएस की उपयोगिता एवं साइबर क्राईम से बचने एवं दूसरे आमजन को प्रचार-प्रसार कर जागरूक होने हेतु संबोधित किया गया।

