पुलिस ने पकड़ा रेत भरा हाइवा, वैध ठेका नही फिर भी हो रहा है लगातार अवैध उत्खनन व परिवहन


शहडोल

जिले में रेत के अवैध खनन और परिवहन पर कार्रवाई के दावों के बीच जैतपुर थाना क्षेत्र से एक बार फिर रेत माफिया की बेखौफ गतिविधियां सामने आई हैं। सोहागपुर पुलिस ने रेत से भरे एक हाइवा को जब्त कर यह साफ कर दिया कि जिले में वैध रेत ठेका नहीं होने के बावजूद अवैध कारोबार लगातार जारी है। पुलिस की कार्रवाई के बाद चालक के बयान से रेत की सप्लाई चेन और खनन के तरीके पर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।

सोहागपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बुढार रोड की ओर से रेत से भरा एक हाइवा आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने महाराणा प्रताप चौक पर घेराबंदी कर वाहन क्रमांक एमपी-18-जेडएफ-9952 को रोक लिया। चालक संजय कुमार से रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में चालक संजय कुमार ने पुलिस को बताया कि हाइवा में रेत जैतपुर थाना क्षेत्र की कुनुक नदी से जेसीबी के माध्यम से लोड की गई थी। उसने यह भी बताया कि वाहन मालिक अभिनंद सिंह, निवासी धनपुरी के कहने पर वह रेत शहडोल के पोंडा नाला के पास अनलोड करने जा रहा था, लेकिन रास्ते में पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

जैतपुर क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिनदहाड़े बड़े वाहनों में रेत भरकर परिवहन किया जाता है। उनका कहना है कि रेत से लदे वाहन जैतपुर थाने के सामने से गुजरते हैं, लेकिन उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

10 दिन पुराना, नदी के किनारे मिला महिला का कंकाल, मौत का कारण अज्ञात, पुलिस जॉच में जुटी


शहडोल 

जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के पोड़ी कला गांव के पास स्थित सोन नदी के किनारे एक महिला का कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना ग्राम सरपंच और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर नर कंकाल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव करीब 10 दिन या उससे अधिक पुराना हो सकता है। शव का अधिकांश हिस्सा कंकाल में तब्दील हो चुका है और शरीर पर बहुत कम मांस बचा है। शव पर कपड़े भी नहीं मिले, जिससे मृतका की पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है। हालांकि हाथों में पहनी हुई चूड़ियों और अन्य वस्तुओं के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि यह महिला का शव है।

पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद नर कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरचुरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या, दुर्घटना या अन्य किसी कारण से मौत की संभावना को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

लूट का आरोपी गिरफ्तार, बाइक नगदी जब्त, चोर गिरफ्तार चोरी की रकम से खरीदी बाइक जब्त


अनूपपुर

थाना प्रभारी रामनगर सुमित कौशिक के नेतृत्व में थाना रामनगर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। थाना रामनगर के अपराध क्रमांक 266/2024 धारा 303(2), 305(ए) बीएनएस के चोरी के मामले में लगभग 02 वर्ष से फरार एवं उद्घोषित आरोपी छोटू वादी पिता स्व. मोतीलाल वादी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम चकौड़िया, थाना जैतपुर, जिला शहडोल को दिनांक 13 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी एक शातिर आदतन चोर है, जिसके विरुद्ध थाना बिजुरी, थाना कोतमा एवं थाना पाली (जिला उमरिया) में भी चोरी के अपराध पंजीबद्ध हैं। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर सूचना एवं तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम से खरीदी गई होंडा कंपनी की एक मोटरसाइकिल तथा ₹500 नगद बरामद कर विधिवत जब्त किए गए। आरोपी को वैधानिक कार्रवाई उपरांत माननीय न्यायालय कोतमा के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहाँ से न्यायालय ने अभियुक्त को जिला जेल भेज दिया गया है।

*लूट के आरोपी गिरफ्तार*

शहडोल जिले के खैरहा थाना क्षेत्र में पिकअप चालक से हुई लूट के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और नकद 1 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, बीते दिन खैरहा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने पिकअप चालक को रास्ते में रोककर चाकू की नोक पर 2,800 रुपए नकद एवं दस्तावेज लूट लिए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित दो विशेष टीमों ने कार्रवाई करते हुए लखवारिया के पास से आरोपी नवीन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 1 हजार रुपए नकद जब्त किए गए। पुलिस का कहना है कि फरार दूसरे आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget