अवैध कोयला परिवहन की आशंका पर ट्रक जब्त, अवैध उत्खनन, परिवहन पर 02 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
अवैध कोयला परिवहन की आशंका पर ट्रक जब्त, अवैध उत्खनन, परिवहन पर 02 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
अनूपपुर
जिले में यातायात नियमों के प्रभावी पालन हेतु चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत यातायात पुलिस अनूपपुर द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यवाही करते हुए कोयला परिवहन कर रहे ट्रक को जब्त किया गया।
ट्रक वाहन क्रमांक CG-10-AM-8111 को जांच हेतु रोका गया। उक्त वाहन अनूपपुर से छत्तीसगढ़ की ओर कोयला परिवहन कर रहा था। वाहन की जांच के दौरान चालक से वाहन संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु वह मौके पर पर्याप्त एवं संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्रथम दृष्टया खनिज परिवहन में अनियमितता की आशंका पाए जाने पर वाहन को विधिवत जब्त कर अग्रिम जांच एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु प्रकरण खनिज विभाग को प्रेषित किया गया है।
इसके अतिरिक्त वाहन के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम की विभिन्न प्रासंगिक धाराओं के तहत भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वाहन के वैधानिक प्रावधानों की जांच उपरांत नियमानुसार चालानी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज परिवहन, ओवरलोडिंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
*अवैध उत्खनन, परिवहन पर 02 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त*
उमरिया जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन,परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर राखी सहाय के निर्देशानुसार खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए खनिज रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए 02 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं।
तहसीलदार दिलीप सोनी, सहायक खनिज अधिकारी दिवाकर चतुर्वेदी एवं सैनिक सरमन लाल केवट की टीम द्वारा सिंगलटोला उमरिया स्थित रेलवे फाटक के पास जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई।
जांच में ट्रैक्टर इंजन क्रमांक NKG2DEJ0001 के चालक राजेश चौधरी,पिता विशेषर चौधरी,निवासी ग्राम बड़ेरी,तहसील बांधवगढ़, जिला उमरिया तथा ट्रैक्टर इंजन क्रमांक E3490636 के चालक सज्जन कोल, पिता मुकेश कोल, निवासी ग्राम बड़ेरी, तहसील बांधवगढ़, जिला उमरिया को खनिज रेत का अवैध परिवहन करते पाया गया। दोनों वाहनों को जब्त कर उनके विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज अवैध (खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।




