बिना अनुमति एनओसी के मोबाइल टॉवर का हो रहा निर्माण, सीईओ से हुई शिकायत, कार्यवाही की मांग 


शहडोल

जिले के जनपद पंचायत सोहागपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत उधिया में बिना पंचायत की अनापत्ति प्रमाण पत्र के मोबाइल टॉवर लगाए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों के विरोध के बीच अब ग्राम पंचायत सचिव ने भी इस संबंध में जनपद पंचायत सोहागपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी है और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार उधिया गांव में एक निजी कंपनी द्वारा मोबाइल टॉवर का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान पर टॉवर लगाया जा रहा है, वहां की ग्राम पंचायत से न तो अनुमति ली गई है और न ही ग्राम सभा में इस संबंध में कोई प्रस्ताव पारित किया गया है। बताया जा रहा है कि टॉवर की स्वीकृति किसी अन्य पंचायत के नाम पर ली गई है, जबकि निर्माण कार्य उधिया पंचायत क्षेत्र में कराया जा रहा है।

मामले को लेकर ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि बिना पंचायत की अनुमति और ग्राम सभा की जानकारी के इस तरह का निर्माण नियमों के विरुद्ध है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

इधर ग्राम पंचायत उधिया के सचिव द्वारा भी इस संबंध में 5 मार्च  को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सोहागपुर को पत्र भेजा गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि एयरटेल नेटवर्क कंपनी द्वारा उधिया निवासी अरुण श्रीवास्तव पिता पुरुषोत्तम श्रीवास्तव के बाड़ी में मोबाइल टॉवर खड़ा किया जा रहा है, जबकि इस संबंध में ग्राम पंचायत को किसी प्रकार की सूचना नहीं दी गई है और न ही पंचायत से अनापत्ति प्रमाण-पत्र लिया गया है। न ग्राम पंचायत को इस निर्माण कार्य की पूर्व जानकारी नहीं दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही मामले की जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।

दो मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर, एक की हुई मौत, दो गंभीर घायल अस्पताल में भर्ती


शहडोल

जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरा जमुनिहा तिराहे में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान संतोष सिंह कवर (45) पिता धनपत सिंह कवर निवासी ग्राम नौगाई, थाना जयसिंहनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संतोष सिंह कवर अपनी बाइक से अकेले अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान देवरा जमुनिहा तिराहे के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतोष सिंह कवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया ,वहीं घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

नपा उपाध्यक्ष बिजुरी के स्कोर्पियो ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर, पति की मौत, पत्नी घायल


शहडोल

जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत बटुरा स्थित एनएच-43 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नगर पालिका परिषद बिजुरी के उपाध्यक्ष के स्कॉर्पियो वाहन ने स्कूटी सवार दंपति को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी चला रहे अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा अनूपपुर-शहडोल राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर बटुरा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो वाहन अनूपपुर की ओर से शहडोल की तरफ आ रहा था। इसी दौरान सामने से स्कूटी पर सवार होकर आ रहे दंपति को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार अधेड़ सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुंदरदास महरा (55) के रूप में हुई है। वहीं उनकी पत्नी ऊषा बाई महरा हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने वाहन चालक को पकड़ लिया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget