700 सौ ठेका कर्मचारियों को 11 महीने से एरियर्स और वेतन न मिलने पर फूटा गुस्सा, गए हड़ताल पर


उमरिया

जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र SGTPS के ओल्ड सीएचपी में कार्यरत करीब 700 ठेका कर्मचारी राखी के दिन हड़ताल पर उतर आए। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले 11 महीनों से एरियर्स और बोनस का भुगतान नहीं हुआ, साथ ही वेतन भी समय पर नहीं मिलता। कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार मांग के बावजूद प्रबंधन केवल यह कहकर टाल देता है कि वेतन कल आएगा, लेकिन महीनों से खाते में पैसा नहीं पहुंचा। एक श्रमिक ने कहा, आज राखी है, बहनें इस दिन का इंतजार करती हैं, लेकिन हमारे पास देने के लिए कुछ नहीं। खाली जेब होना सबसे बड़ी बेइज्जती है।

मजदूरों ने आका लॉजिस्टिक कंपनी और प्लांट प्रबंधन पर आर्थिक, मानसिक और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आवाज उठाने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है, जबकि वे रोजाना मेहनत से प्लांट का संचालन करते हैं। कर्मचारियों ने मुख्य अभियंता एच. के. त्रिपाठी पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि ठेका कंपनी की मनमानी पर वे न तो कोई कदम उठा रहे हैं, न ही बात करने को तैयार हैं। फोन पर संपर्क करने की कोशिश के बावजूद उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

आका लॉजिस्टिक कंपनी के मैनेजर किशानू चटर्जी से भी बात करने की कोशिश हुई, लेकिन उन्होंने भी फोन नहीं उठाया। मजदूरों का कहना है कि वेतन और बोनस की मांग पर कंपनी के जिम्मेदार हमेशा टालमटोल करते हैं। राखी के दिन मजदूरों के घरों में खुशी की जगह निराशा छाई रही। कई कर्मचारियों ने बताया कि वे बच्चों और बहनों के लिए कपड़े और उपहार लाने वाले थे, लेकिन वेतन न मिलने से सब अधूरा रह गया। मजदूरों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक वेतन और बकाया नहीं मिलता और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

आम जनता को मिलेगी निशुल्क विधिक सहायता व सलाह, थाना में खुली लीगल एड क्लीनिक


अनूपपुर

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा बनाए गए लीगल एंड क्लीनिक विनियम 2011 के प्रावधानों का पालन करते हुए आम जनता को न्याय तक सरल और सुलभ पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनूपपुर के अधीन कोतमा थाना परिसर में लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ किया गया। थाना परिसर में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में थाना प्रभारी रत्नमबर शुक्ला ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल लॉयर (पीएलबी) भगवानदास मिश्रा को विधिवत कुर्सी पर बिठाकर क्लीनिक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लीगल एड क्लीनिक की स्थापना से आमजन को निशुल्क विधिक सहायता एवं कानूनी सलाह आसानी से मिल सकेगी, जिससे गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोग बिना किसी आर्थिक बोझ के न्याय प्राप्त कर पाएंगे।

थाना प्रभारी शुक्ला ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य के रूप में भगवानदास मिश्रा को कोतमा थाना में नियुक्त किया गया है, जो प्रतिदिन निर्धारित समय पर थाना परिसर में उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं को सुनेंगे और आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी, क्योंकि कई बार लोग कानूनी जटिलताओं व खर्च के कारण न्यायिक प्रक्रिया से दूर रह जाते हैं।

भगवानदास मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से आम जनता की सहायता करेंगे और हर संभव प्रयास करेंगे कि किसी भी व्यक्ति को न्याय से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या, विवाद, या शंका की स्थिति में बेहिचक क्लीनिक से संपर्क करें। कार्यक्रम में थाना स्टाफ, स्थानीय नागरिक, समाजसेवी एवं पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे “जनसेवा और न्याय सेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम” बताया।

मोटरसाइकिल बचाने के चक्कर में पलटी बस, 6 महिलाएं घायल, अस्पताल में भर्ती


अनूपपुर

जिले के चचाई थाना अंतर्गत ग्राम चिल्हारी में शनिवार के सुबह एक मोटरसाइकिल को बचाने के चक्कर में बस पलट गई बस में सवार छ: महिलाओं को चोट आने पर एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल अनूपपुर ला कर उपचार कराते हुए भर्ती किया गया सभी घायल खतरे से बाहर बताए गए हैं।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बुढार से पटना, धिरौल, चिल्हारी होकर अनूपपुर आने वाली बस क्रमांक सीजी 15 एबी 0499 शनिवार की सुबह 10,30 बजे के लगभग चिल्हारी गांव में पीडीएस गोदाम के पास अचानक एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के चक्कर में चालक के द्वारा तेजी से ब्रेक लगाने पर बस पलट गई, बस में सवार 6 महिलाएं जिसमें रामरति पति रामप्यारे कोल 60 वर्ष निवासी कोयलारीटोला/परसवार, 80 वर्षीया जनकी यादव पति स्व,दद्दी यादव निवासी अरझुली/बुढार, भरनी पति रामखेलावन कोल 60 वर्ष निवासी चिल्हारी, गणेशिया पति नानदाऊ कोल 50 वर्ष निवासी सांगवाटोला/पटना, 19 वर्षीय कुमारी श्रेया पिता शिवकुमार प्रजापति निवासी धनगवां पूर्वी/जैतहरी एवं इतवरिया पति जमुना प्रजापति 50 वर्ष निवासी बुढानपुर थाना कोतमा को चोट लगने पर ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल अनूपपुर लाकर उपचार हेतु भर्ती किया गया, ड्यूटी डॉक्टर के द्वारा सभी घायलों का उपचार कर भर्ती करते हुए उपचार जारी रखा है, सभी घायल खतरे से बाहर बताए गए हैं घटना की सूचना पर अस्पताल पुलिस द्वारा घायलों से पूछताछ कर कार्यवाई की जा रही है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget