मेटाडोर व ट्रैक्टर ने दो बाइक को मारी टक्कर, तीन की हुई मौत, दो घायल अस्पताल में भर्ती
शहडोल
जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे-43 के पंचवटी चौराहे के समीप तेज रफ्तार ईंट लोड डग्गी ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था, हेमलेट की अनिवार्यता अगर समझकर यदि हेलमेट पहने होते तो शायद जान बच जाती। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत लगातार हेलमेट पहनने की अपील की जाती है, लेकिन लोग अब भी इसे नजरअंदाज कर रहे हैं।
मृतक की पहचान सागर कोल (21 वर्ष), पिता सुंदर कोल, निवासी करण तलैया, अमन होटल के पास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सागर अपने साथी करण कोल के साथ बाइक से ससुराल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ईंट लोड डग्गी ने बाइक को टक्कर मार दी, हादसा इतना भीषण था कि सागर कोल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि करण कोल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बुढ़ार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
*बाइक ट्रैक्टर की टक्कर, दो की हुई मौत, एक घायल*
उमरिया जिले के अमरपुर चौकी अंतर्गत महरोई मोड़ के पास रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर गए।
हादसे में अजय कोल (30 वर्ष) पिता लालमन कोल निवासी बरकुला थाना बदेरा तथा करण (25 वर्ष) पिता गया प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, दोनों आपस में साला-बहनोई बताए जा रहे हैं, वहीं अमन (24 वर्ष) पिता राजू निवासी बिहरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
