समाचार 01 फ़ोटो 01
जंगल के रखवालों पर हमला: एक ही रात में फॉरेस्ट टीम पर 2 अटैक, दो वनकर्मी घायल
शहडोल
जिले में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर अज्ञात हमलावरों ने वन अमले को निशाना बनाते हुए एक ही रात में दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया। हमले में वन विभाग के अधिकारियों के वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। वहीं दो वनकर्मी घायल हो गए।
डिप्टी रेंजर बरखेड़ा श्री प्रसाद, वन विभाग के अधिकारियों के साथ रात्रिकालीन गश्त पर थे। इस दौरान उनका वाहन निपानिया-जरवाही मार्ग के पास अज्ञात लोगों के निशाने पर आ गया। हमलावरों ने वाहन पर हमला कर तोड़फोड़ की और मौके से फरार हो गए। दूसरी घटना में गश्त से लौट रहे बीट गार्ड सुरेश बैगा और रामकिशोर बैगा पर नरसरहा रोड स्थित डिपो और गणेश मंदिर के बीच अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में दोनों वनकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद घायल कर्मचारियों को उपचार उपलब्ध कराया गया और पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
वन विभाग ने दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थानों में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बीट गार्डों पर हुए हमले की शिकायत कोतवाली थाना में की गई है। जबकि डिप्टी रेंजर एवं विभागीय अधिकारियों के वाहन पर हुए हमले की शिकायत सोहागपुर थाना में दर्ज कराई जाएगी।
दक्षिण वन मंडल डीएफओ श्रदा पेंद्रो का कहना है कि माफिया हावी हैं। मेरी गाड़ी में भी तोड़फोड़ हुई है। मामलें की शिकायत की जा रही है। वहीं इस मामले में कोतवाली प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दो वन कर्मियों के साथ मारपीट की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
शादी पार्टी में मोटरसाइकिल चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार
*गैराज में पुरानी बाइको में लगा देते थे पार्ट*
शहडोल
जिले से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह पर अमलाई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह शादी-समारोहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से बिना लॉक वाली बाइकों को मिनटों में ‘डायरेक्ट कनेक्शन’ कर उड़ा ले जाता था। पुलिस ने इनके कब्जे से बुलेट और यामाहा जैसी 7 लग्जरी बाइक बरामद की हैं।
गिरोह के निशाने पर शादी-पार्टी और भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम होते थे। गिरोह के सदस्य कार्यक्रम स्थलों के बाहर खड़ी ऐसी बाइकों की रेकी करते थे, जो बिना लॉक के खड़ी होती थीं। शातिर ये चोर बिना चाबी के ही बाइक के तारों को आपस में जोड़कर (डायरेक्ट कनेक्शन) गाड़ी स्टार्ट कर लेते थे और पलक झपकते ही मौके से रफूचक्कर हो जाते थे। इस पूरे खेल में पकड़े गए आरोपी अमन तिवारी की भूमिका सबसे अहम थी, जो तकनीकी रूप से बाइक स्टार्ट करता था, जबकि दीपू सिंह उसका साथ देता था।
चोरी के वाहनों को गिरोह के मास्टरमाइंड मंगेश सिंह के बाइक रिपेयरिंग गैराज में पहुंचा देता था जहाँ बाइकों के इंजन और अन्य कीमती पार्ट्स को निकालकर दूसरी पुरानी बाइकों में फिट कर देते थे और उन्हें बाजार में बेचकर मोटी कमाई करते थे। पुलिस ने मास्टरमाइंड मंगेश के गैराज से 4 चोरी की बाइक बरामद की हैं, जबकि 3 अन्य बाइकें अलग-अलग ठिकानों से जब्त की गई हैं। बरामद वाहनों में बुलेट, स्कूटी, यामाहा आर-वन और सीडी डीलक्स शामिल हैं, जो बीते तीन महीनों में ओपीएम (OPM) कॉलोनी, बकहो और आसपास के इलाकों से चुराई गई थीं।
मुख्य बाइक चोर अमन तिवारी पहले गुजरात के एक मंदिर से बेशकीमती प्रतिमा (मूर्ति) चोरी करने के मामले में भी जेल जा चुका है। अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय ने बताया कि बाइक चोरी के इस रैकेट में अमन तिवारी और दीपू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, गैराज संचालक व गिरोह का मास्टरमाइंड मंगेश सिंह और उसका एक अन्य साथी नमन केवट फिलहाल फरार हैं।
समाचार 03 फ़ोटो 03
पुलिस कस्टडी से संदेही आरोपी हुआ फरार, प्रधान आरक्षक निलंबित, 2 एस आई पर जांच के आदेश
अनूपपुर
जिले के चचाई थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से एक संदेही आरोपी के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक विक्रम मुराब ने कड़ा रुख अपनाया है। आरोपी की सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर प्रधान आरक्षक मोहन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र अनूपपुर संबद्ध कर दिया गया है। वहीं मामले में शामिल दो सहायक उप निरीक्षकों (एएसआई) के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
थाना चचाई में दर्ज अपराध की धारा 303(2) बीएनएस के तहत संदेही आरोपी मंगेश सिंह निवासी टिकरीटोला, बुढ़ार को 15 जून 2026 को माल बरामदगी एवं विवेचना संबंधी कार्रवाई के लिए पुलिस अभिरक्षा में लिया गया था। आरोपी को विवेचक एएसआई प्यारेलाल सिंह, एएसआई लालमणि चौधरी तथा प्रधान आरक्षक मोहन सिंह थाना चचाई लेकर आ रहे थे।
इसी दौरान विवेचक अधिकारियों को थाना अमलाई क्षेत्र में हुई चोरी की गाड़ियों एवं उनके कलपुर्जों की तस्दीक करनी थी। दोनों एएसआई आरोपी को प्रधान आरक्षक मोहन सिंह की निगरानी में छोड़कर अमलाई थाना परिसर में जांच के लिए चले गए। बताया गया कि वाहन थाना अमलाई की बाउंड्री के बाहर खड़ा था। कुछ समय बाद जब दोनों अधिकारी वापस लौटे तो आरोपी वाहन में मौजूद नहीं मिला। पूछताछ में प्रधान आरक्षक मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी अपनी कलाई से हथकड़ी सरकाकर भाग निकला।
पुलिस अधीक्षक विक्रम मुराब ने आरोपी की सुरक्षा में घोर लापरवाही एवं उदासीनता मानते हुए प्रधान आरक्षक मोहन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही घटना के संबंध में एएसआई प्यारेलाल सिंह एवं एएसआई लालमणि चौधरी की भूमिका की जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। पुलिस फरार संदेही आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
जिले में फिर सुलग रही असंतोष की आग, पॉवर प्रोजेक्ट्स, कोल ब्लॉक्स जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया से किसानों में नाराजगी
मध्यप्रदेश -छत्तीसगढ़ का सीमावर्ती जनजातीय जिला एक बार फिर असंतोष की आग मे सुलग रहा है। जिले को पॉवर हब बनाने की कोशिशों के बीच किसानों की जमीन अधिग्रहण की अराजक प्रक्रिया जारी है। जिसमे लोगों का खुला आरोप है कि किसानों , जमीन मालिकों , क्षेत्र के पर्यावरणीय हितों की अनदेखी जमकर की जा रही है।
इससे एक बार फिर लोगों के जेहन मे मोजर बेयर पॉवर प्लांट जमीन अधिग्रहण के दौरान हुई हिंसा की याद ताजा हो गयी। अनूपपु्र जिले मे चचाई पॉवर प्लांट, हिन्दुस्तान पॉवर ( मोजर बेयर ) जैतहरी, टोरंट पॉवर ( न्यू जोन ) रक्सा , अडानी पॉवर ( वेल्सपन कम्पनी ) छतई , उमरदा ,मझगंवा ( बिजुरी ) के बाद लामाटोला कोल ब्लॉक अन्तर्गत
बसखली, लामटोला, रेउला और गढ़ी में प्रस्तावित कोयला परियोजना हेतु लगभग 1030 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के कारण किसानों मे भारी आक्रोश है। जमीन मालिक ,किसानों ,स्थानीय लोगों मे विस्थापन, मुआवजा, रोजगार, सामुदायिक कल्याण के कार्यों के साथ व्यापक पर्यावरणीय चिंताएं हैं।
यह सुनिश्चित करना होगा कि विकास के सभी कार्यों के कारण एक भी किसान ,जमीन मालिक के हितों की अनदेखी ना हो। उसे जमीन के बाजार मूल्य से बढकर ,उसकी सहमति का मुआवजा दिया जाए। परिवार के लिये रोजगार सुनिश्चित हो । सामुदायिक कार्यों और पर्यावरणीय हितों का समुचित ध्यान रखा जाए।
ऐसे सभी बडे कार्यों से सदियों पुरानी बसाहट, गांव ,नदी - नालों की भौगोलिक, सामाजिक, सांस्कृतिक व्यवस्था मे आमूल - चूल परिवर्तन होता है । यह लोगों की अपने घर, खेत, जमीन ,बसाहट से भावनात्मक लगाव पर आघात करता है। हमारा अनूपपुर जिला एक बार फिर असंतोष, नाराजगी के कारण अराजक हिंसा का शिकार ना बने ,यह देखना शासन - प्रशासन , जनप्रतिनिधियों, जवाबदेह सच्चे पत्रकारों , समाजसेवियों की जिम्मेदारी है। मुआवजा, पुनर्वास, रोजगार , पर्यावरणीय प्रभाव , सामुदायिक कल्याण के कार्यों पर ईमानदारी से कार्य होना चाहिये।
समाचार 05 फ़ोटो 05
पुलिस की 2 स्थानों में कार्यवाही, महिला समेत 2 आरोपियों से 12 लीटर शराब जप्त
अनूपपुर/कोतमा
रामनगर पुलिस ने राजनगर क्षेत्र में एक ही दिन दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक महिला एवं एक पुरुष के कब्जे से कुल 12 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि राजनगर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखी गई है। सूचना पर पहली कार्रवाई वार्ड क्रमांक 07 राजनगर निवासी श्रीमती दुर्गावती रौतेल (44 वर्ष) को उसके घर के सामने अवैध शराब बिक्री के उद्देश्य से शराब रखे हुए पाया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर महिला को पकड़ा और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक सफेद जरीकेन में रखी 06 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
दूसरी वार्ड क्रमांक 02 बाजार दफाई राजनगर में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर हरिहर तिवारी उर्फ बग्गड़ (56 वर्ष) को उसके घर के सामने सड़क किनारे अवैध शराब बिक्री के उद्देश्य से शराब रखे हुए पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक प्लास्टिक जरीकेन में रखी 06 लीटर हाथ भट्ठी की बनी कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। रामनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध क्रमशः अपराध क्रमांक 166/26 एवं 167/26 के तहत धारा 34(A) आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
बस व ट्रक की जोरदार टक्कर, 6 लोग हुए घायल, अस्पताल में कराया भर्ती
उमरिया
जिले के बिरसिंहपुर पाली थाना क्षेत्र में सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेंदूपत्ता गोदाम के पास कोरबा से बिलासपुर जा रही शिव ट्रेवल्स की बस और ट्रक में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला।
बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। हादसे में आगे की सीट पर बैठे करीब 6 यात्रियों को चोटें आई हैं। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक गलत साइड से आ रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। पाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद जाम खुला।
समाचार 07 फ़ोटो 07
युवाओं की टोली ने हाईवे सड़क पर गिरे पेड़ को हटाकर खोला रास्ता
उमरिया
जिले के सक्रिय युवाओं की टोली युवा टीम उमरिया के द्वारा अनोखा प्रयास सामने आया है। जिसमें न केवल युवा नारी शक्ति भी अपना योगदान दे रही हैं। जिला उमरिया के नौरोजाबाद के समीप हाईवे रोड पर गिरे पेड़ को रोड से अलग किया।
टीम लीडर हिमांशु तिवारी ने जानकारी देते हुए कहा कि मानव सेवा परमो धर्मा इसी उद्देश्य के साथ मौसम खराब होने के कारण हाईवे रोड पर गिरे दो पेड़ों को 10 दिन से भी अधिक दिन हो गए थे । जैसे ही युवा टीम उमरिया के सदस्यों की नजर पड़ी तत्काल प्रभाव से पूरी टीम इकट्ठा होकर उस पेड़ को हाईवे रोड से हटाने का प्रयास कर पेड़ को रोड से हटाया गया। उन्होंने कहा कि हाईवे रोड पर गिरा पेड़ दुर्घटना की संभावना भी बनी थी। रोड पर गिरे पेड़ से कोई भी दुर्घटना ग्रस्त ना हो सके इस उद्देश के साथ पेड़ को हाईवे रोड से किनारे किया गया। उन्होंने कहा कि लगभग 3 घंटे तक लगातार प्रयास करने के पश्चात पेड़ को हटाया गया। युवाओं की इस कार्य की लोग प्रशंसा भी कर रहे हैं।
समाचार 08 फ़ोटो 08
ग्रामीणों व किसानों ने रोका सांसद का काफिला, जमीन मुआवजा न मिलने की थी नराजगी
शहडोल
जिले के ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे सांसद का काफिला भमरहा प्रथम गांव में ग्रामीणों ने रोक लिया और झापर नदी पर बने पुल को चालू कराने तथा अधिग्रहित भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। लगभग एक घंटे तक सांसद का काफिला मौके पर रुका रहा, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं विस्तार से बताईं।
जानकारी के अनुसार सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मंगलवार को ब्यौहारी विधानसभा के ग्राम कोना टोला में आयोजित जन चौपाल में शामिल होने तथा ग्रामीणों के बीच रात्रि विश्राम के लिए जा रहे थे। उनके साथ ब्यौहारी विधायक शरद जुगलाल कोल भी मौजूद थे। इसी दौरान रास्ते में भमरहा प्रथम गांव के लोगों ने उनका काफिला रोक लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि झापर नदी पर बना पुल करीब तीन वर्ष पहले पूरी तरह तैयार हो चुका है, लेकिन आज तक आम लोगों के लिए चालू नहीं किया गया। पुल के दोनों ओर पहुंच मार्ग के लिए स्थानीय किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई थी, लेकिन प्रभावित किसानों को अब तक मुआवजे की राशि नहीं मिली है। इसी वजह से पुल का उपयोग शुरू नहीं हो सका है। पुल निर्माण पूरा होने के बावजूद करीब 30 किसानों को उनकी जमीन का मुआवजा नहीं मिला है।
ग्रामीणों और किसानों ने सांसद के समक्ष अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द समाधान की मांग की। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने मौके पर लोगों से चर्चा की और उन्हें आश्वस्त किया।