फुटबॉल प्रतियोगिता फूहड़ गाना व नृत्य, NSUI का विरोध, प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला
उमरिया
जिला प्रशासन के सामने आयोजित राज्यस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता के आगाज कार्यक्रम के दौरान मंच पर प्रस्तुत किए गए एक डांस कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
प्रतियोगिता जैसे खेल आयोजन में फिल्मी गाने “नीचे पान की दुकान, ऊपर गोरी का मकान” पर हुए डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और अधिकारी मौजूद थे, ऐसे में मंच पर हुई प्रस्तुति को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। कई सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने आयोजन समिति से जवाब मांगा है कि खेल प्रतियोगिता के बीच इस तरह के मनोरंजन कार्यक्रम की अनुमति किस आधार पर दी गई।
लोगों का कहना है कि स्कूली खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में इस प्रकार के गीतों और प्रस्तुतियों से किरकिरी होना लाजमी है।
*NSUI का विरोध, प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला*
अनूपपुर
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे के आह्वान एवं जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर के अध्यक्ष गुड्डू चौहान के निर्देशानुसार गांधी चौक, कोतमा में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया एवं विरोध स्वरूप भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया तथा राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन तहसीदार कोतमा को सौंपा गया। ज्ञापन में मांग करते हुए लेख किया गया कि विपक्षी दलों के प्रत्याशियों को सत्ता के दबाव में चुनाव प्रक्रिया से बाहर करने की तानाशाही प्रवृत्ति पर तत्काल रोक लगाई जाए। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली एवं निष्पक्षता की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए। दुर्भावनापूर्ण मंशा से नामांकन पत्र निरस्त करने वाले संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर (RO) को तत्काल निलंबित कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। विरोध प्रदर्शन में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रफी अहमद के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए कहा कि जनहित और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

