नेशनल हाइवे में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, घटनास्थल पर युवक की हुई मौत

नेशनल हाइवे में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, घटनास्थल पर युवक की हुई मौत


शहडोल

जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अमलाई थाना क्षेत्र के बटुरा हाईवे पर तेज गति से दौड़ रही कार ने बाइक सवार युवक को ऐसी टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना शहडोल-अनूपपुर हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई। बताया जा रहा है कि तेज गति से आ रही एक कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।


मृतक की पहचान महेंद्र कोल के रूप में हुई है, जो बुढार क्षेत्र के भुतही मोहल्ला का निवासी था। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और परिचित भी मौके पर पहुंच गए। युवक की असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है।


घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।


गौरतलब है कि इसी हाईवे पर हाल ही में दो दिनों पहले एक ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी जबकि अन्य सदस्य घायल हुए थे। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने हाईवे सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है।

Labels:

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget