समाचार 01 फ़ोटो 01
साइडिंग में खड़ी रेलवे ट्रैक मशीन की बोगी में लगीं आग, मची अफरा तफरी, बड़ा हादसा टला
शहडोल
जिले के ब्यौहारी रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास साइडिंग में खड़ी रेलवे ट्रैक मशीन की बोगी में लगी आग ने कुछ ही देर में लोगों को दहशत में डाल दिया, हालांकि राहत टीम की तत्परता से स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन के साइडिंग ट्रैक पर चार कोच वाली वर्कशॉप कम रेस्ट फॉर ट्रैक मशीन खड़ी थी। इसी दौरान इनमें से एक कोच, जिसका नंबर ईसीओ 994129 बताया जा रहा है, उसमें अचानक अज्ञात कारणों से रविवार दोपहर आग भड़क उठी। घटना के समय बोगी के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और उसे फैलने से रोक लिया। यदि समय पर आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो पास खड़ी अन्य बोगियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।
मौके पर थाना प्रभारी जिया उल हक भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं ब्यौहारी आरपीएफ चौकी प्रभारी गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के समय ट्रैक स्टाफ कार्य के लिए बाहर गया हुआ था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। रेलवे अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि ब्यौहारी रेलवे स्टेशन जबलपुर मंडल के अंतर्गत आता है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी गई है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की आधी आबादी का पूरा हक -- हिमाद्री सिंह
शहडोल
संसदीय क्षेत्र शहडोल की लोकप्रिय सांसद हिमाद्री सिंह इन दिनों 09 से 14 अप्रैल तक मुंबई और हैदराबाद मे संसद की महिला सशक्तिकरण समिति की बैठक में कार्यस्थल में महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव और उनके उत्पीड़न की शिकायतो के संबंध में जानकारी लेते हुए , विभिन्न सरकारी विभाग और उपक्रमों में महिला कर्मचारियों समस्याओं और समाधान पर चर्चा कर रही हैं ।
देश भर मे लागू होने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम वास्तव मे देश की आधी आबादी को पूरा हक देने वाला अधिनियम है। दशकों तक पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा देश की आधी आबादी को उनका पूरा हक नहीं दिया गया। लेकिन अब केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं को उनका पूरा हक देने की प्रतिबद्धता पूरी की जा रही है। सांसद श्रीमती सिंह ने उपरोक्त विचार व्यक्त करते हुए कहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम प्रधानमंत्री श्री मोदी का महिला सशक्तिकरण के लिये ऐतिहासिक कदम है। इससे देश मे नारी समाज को आगे बढने, आत्मनिर्भर बनने और देश के विकास मे कदम से कदम मिला कर कार्य करने का अवसर प्राप्त होगा।
सांसद श्रीमती सिंह 09 से 14 अप्रैल तक मुंबई और हैदराबाद में आयोजित होने वाले संसद की महिला सशक्तिकरण संबंधी समिति की बैठक में शामिल होने के लिये मुंबई में हैं । मुंबई मे महिलाओं के अधिकारों, उनके समुचित प्रतिनिधित्व और लैंगिक उत्पीड़न पर चर्चा में हिस्सेदारी करते हुए, देश मे लागू होने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 लोकसभा, राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% (एक-तिहाई) सीटें आरक्षित करने वाला ऐतिहासिक कानून है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार महिला आरक्षण लागू करने के लिये कटिबद्ध है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
अवैध मुरुम व रेत उत्तखनन कर परिवहन पर 02 ट्रैक्टर ट्रॉली जप्त, मामला हुआ दर्ज
अनूपपुर
जिले के वेंकटनगर चौकी पुलिस को दौरान भ्रमण ग्राम कदमसरा में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि, ग्राम मुण्डा का राजेश राठौर आमाडांड की पहाडी किनारे से अवैध खनिज मुरूम का चोरी से उत्तखनन कर अपने नीले रंग के ट्रेक्टर ट्राली में ट्रेक्टर चालक से मुरूम लोड करवाकर ग्राम कदमसरा रानी तालाब तरफ मुरूम बेंचने आने वाला हैं। मुखबिर के बताये स्थान ग्राम कदमसरा रानी तालाब के पास पहुंचे तो मुण्डा तरफ से एक ट्रेक्टर आते दिखा, उक्त ट्रेक्टर को रूकवाकर चेक किया गया तो ट्रेक्टर की ट्राली में मुरूम लोड था, जो ट्रेक्टर चालक से पूछतांछ की गई तो चालक अपना अपना नाम बबलू सिंह भैना पिता लाल सिंह भैना उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम मुण्डा गढ़ियाटोला थाना जैतहरी जिला अनूपपुर का होना बताया। उक्त ट्रेक्टर राजेश राठौर निवासी गढ़ियाटोला मुण्डा का होना बताया, राजेश राठौर के कहने पर अवैध रूप से आमाडांड की पहाडी किनारे से मुरूम लोड करके लाना बताया, उक्त मुरूम की कोई टी.पी. या वैध दस्ताबेज नही होना बताया, ट्रेक्टर चालक बबलू सिंह भैना एवं वाहन स्वामी राजेश राठौर का कृत्य धारा 303(2),317(5), 305(ई) बीएनएस एवं 4/21 खान एवं खान खनिज विकास अधिनियम 1957 के तहत दण्डनीय पाये जाने पर मामला दर्ज किया। चालक बबलू सिंह भैना के कब्जे से बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के स्वराज कंपनी का ट्रेक्टर मय ट्राली में लोड 03 घन मीटर अवैध मुरूम (खनिज) वाहन एवं मुरूम कुल कीमती 503000/- रूपये की जप्त कर कब्जे पुलिस लिया, जप्त शुदा सम्पत्ति को चौकी वेंकटनगर चौकी परिसर में खड़ा कराया गया है।
वही बिजुरी पुलिस द्वारा ग्राम बहैहाटोला में बैहाटोला केवई नदी घाट में घेराबंदी कर एक नीले सफेद रंग का स्वराज कंपनी का ट्रेक्टर क्र0 MP 65 ZB 2679 के ट्रेक्टर से अवैध रेत खनिज उत्खनन कर परिवहन करने पर रेड कार्यवाही करते हुए उक्त ट्रेक्टर ट्राली को जप्त कर लिया है। आरोपी चालक ओमप्रकाश साहू पिता दयाराम साहू निवासी कटकोना थाना बिजुरी जिला अनूपपुर के विरुद्ध अपराध क्र. 132/2026 धारा 303(2), 317(5) बीएनएस 4/21 खान खनिज अधिनियम, का पंजीबद्ध कर अनुसंधान किया जा रहा है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
अतिक्रमण की भेंट चढ़ रहे तालाब; प्रशासन की अनदेखी से अस्तित्व पर मंडरा रहा खतरा
अनूपपुर/कोतमा
नगर में कभी जल आपूर्ति के मुख्य आधार रहे लगभग एक दर्जन से अधिक तालाब वर्तमान में अपना अस्तित्व खोने की कगार पर हैं। स्थिति इतनी भयावह है कि वार्ड क्रमांक 4 में मुक्तिधाम के समीप केल्डा डैम, पुरनिहा तालाब और मवेशी बाजार के पास के तालाब भू-माफियाओं के अतिक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। दूरसंचार ऑफिस के पीछे चंदइला तालाब और NH-43 पर गुरु कृपा ढाबा व बुढानपुर तिराहे के पास स्थित तालाबों की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
वार्ड क्रमांक 7 में लखेन तालाब को रसूखदारों ने बाउंड्रीवाल बनाकर अवैध रूप से घेर लिया है, वहीं मुर्गी बाजार के पास रेलवे भूमि स्थित पोखरा तालाब को नगर पालिका स्वयं कचरा डालकर पाट रही है। वार्ड क्रमांक 10 में कभी 52 कुएं हुआ करते थे, जो कोयला खदानों के प्रभाव से अब मात्र 10 बचे हैं। वार्ड 11 गोविंदा गांव के तालाबों में कालरी (SECL) द्वारा पानी की सुविधा बंद किए जाने से ग्रामीण और मवेशी बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं।
सबसे गंभीर स्थिति वार्ड 4 के उस डैम की है, जिसे पूर्व अध्यक्ष स्व.( स्वर्गवाशी )राजेश सोनी ने जनहित में बनवाया था। नगर पालिका ने शहर की नालियों को सीधे इस डैम से जोड़ दिया है, जिससे पानी जहरीला हो चुका है। वर्तमान में नगर पालिका द्वारा इन जलस्रोतों के संरक्षण पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो भीषण जल संकट गहराना निश्चित है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
गोंडी चित्रकला की वैश्विक पहचान, चांदनी उर्वेति की कला से बढ़ा क्षेत्र का मान
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक की पारंपरिक आदिवासी कला गोंडी चित्रकला अब देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक अपनी अलग पहचान बना रही है। अमरकंटक निवासी आदिवासी प्रधान समुदाय से जुड़ी कलाकार चांदनी उर्वेति पिछले लगभग 20 वर्षों से अपनी मेहनत, लगन और रचनात्मकता के माध्यम से इस कला को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में जुटी हैं।
चांदनी उर्वेति ने वर्ष 2005 से पेंटिंग की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी कला को निरंतर निखारा और आज उनकी बनाई प्रधान गोंड पेंटिंग देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित प्रदर्शनियों के माध्यम से लोगों तक पहुंच रही है। कई स्थानों पर उनके स्टॉल भी लगाए जाते हैं, जहां कला प्रेमी उनकी चित्रकला को काफी सराहते हैं। उनकी कुछ पेंटिंग विदेशों तक भी पहुंच चुकी हैं, जो क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
उनकी इस यात्रा में उनके पति राजेंद्र कुमार उर्वेति का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। दोनों मिलकर अपनी चित्रकला के माध्यम से आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और मान्यताओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हैं। उनकी गोंड पेंटिंग में देवी-देवताओं, प्रकृति, जीव-जंतुओं तथा प्राचीन और आधुनिक कहानियों का सुंदर समावेश देखने को मिलता है। हर पेंटिंग अपने आप में एक कहानी कहती है, जो आदिवासी जीवन शैली और प्रकृति के प्रति जुड़ाव को दर्शाती है। अपनी अद्भुत कलाकारी, निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर चांदनी उर्वेति लगातार एक नई पहचान बना रही हैं।
समाचार 06 फ़ोटो 06
मुख्यमंत्री अमरकंटक में विचार गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा को करेंगे संबोधित
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक में 13 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे नर्मदा हरि सेवा न्यास के नए मुख्यालय में स्वर्गीय भगवत शरण माथुर की जयंती पर 'पंच परिवर्तन' विषय पर विचार गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है।
स्वर्गीय भगवत शरण माथुर ने अनेक बार प्रचारक के रूप में सेवा की, रीवा संभाग में भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री रहे। वे भाजपा मध्य प्रदेश के सह संगठन महामंत्री, प्रदेश महामंत्री (संगठन), भाजपा हरियाणा प्रांत एवं राष्ट्रीय भाजपा अनुसूचित जनजाति-अनुसूचित जाति सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रमुख रहे। साथ ही नर्मदा हरि सेवा न्यास अमरकंटक के संस्थापक अध्यक्ष भी थे।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे। विशेष अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शासन के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल एवं शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
समाचार 07 फ़ोटो 07
चंद्राचार्य धर्मार्थ चिकित्सालय अमरकंटक में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित, 117 मरीजों ने लिया लाभ
अनूपपुर
पवित्र तीर्थनगरी अमरकंटक स्थित श्री कल्याण सेवा आश्रम द्वारा संचालित चंद्राचार्य धर्मार्थ चिकित्सालय में प्रत्येक रविवार की भांति इस सप्ताह भी निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस जनकल्याणकारी पहल के अंतर्गत दूर-दराज से आए जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क परामर्श एवं उपचार की सुविधा प्रदान की गई।
आश्रम प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रत्येक रविवार को विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा शिविर आयोजित किया जाता है, जिससे क्षेत्र के गरीब एवं असहाय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सहज रूप से मिल सके। इस क्रम में आज आयोजित शिविर में कुल 117 मरीजों का पंजीयन किया गया, जिन्हें चिकित्सकीय जांच एवं परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर में मरीजों की शुगर (मधुमेह) एवं ब्लड प्रेशर (रक्तचाप) की जांच भी निःशुल्क की गई, जिससे लोगों को अपने स्वास्थ्य की सही जानकारी प्राप्त हो सके। साथ ही, श्री कल्याण सेवा आश्रम की ओर से सभी मरीजों के लिए निःशुल्क भोजन की भी व्यवस्था की गई, जिससे दूर-दराज से आए मरीजों को विशेष सुविधा प्राप्त हुई।
श्री कल्याण सेवा आश्रम द्वारा संचालित यह सेवा कार्य क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने एवं जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। स्थानीय नागरिकों ने इस प्रकार के नियमित निःशुल्क चिकित्सा शिविर के आयोजन के लिए आश्रम प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
समाचार 08 फोटो 08
मधुमक्खियों के हमले से वृद्ध किसान की दर्दनाक मौत
उमरिया
जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पनपथा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां खेत पर गेहूं की कटाई करने गए एक वृद्ध किसान की मधुमक्खियों के हमले से मौत हो गई। घटना शाम की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, गोविंद जायसवाल पिता चुनई जायसवाल उम्र 65 वर्ष,अपने घर से कुछ दूरी पर मौजूद सोसायटी के करीब खेत में काम करने गए थे।खेत के पास एक बरगद के पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था। अचानक छत्ते से निकली मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और उन्होंने गोविंद पर हमला कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,मधुमक्खियों ने वृद्ध के शरीर पर झुंड बनाकर हमला किया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। हमले के दौरान गोविंद काफी देर तक मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन सुनसान जगह होने के कारण समय पर कोई सहायता नहीं पहुंच सकी। अत्यधिक डंक लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना बाद में उनके घर,जो हाईस्कूल के पास स्थित है,पहुंची। खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
समाचार 09
लाड़ली बहना योजना की राशि से रोशनी ने खरीदी सिलाई मशीन
उमरिया
प्रदेश सरकार व्दारा प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बहनों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से शसक्त कर रही है। जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर होकर परिवार की आजीविका चला रही हैं। करकेली विकासखंड के ग्राम भरौला निवासी रोशनी पाल पति सोने लाल ने बताया कि घर में तीन लड़कियां एवं एक लड़का है। जिसमें नैंसी पाल कक्षा छठवीं महक पाल कक्षा तीसरी तथा मानवी कक्षा 8वीं में पढ़ रही हैं। बेटा ऋषभ आंगनबाडी में पढने मे जाता है। उन्होने बताया कि मुझे सिलाई का काम आता था । मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत मिलने वाली राशि से सिलाई मशीन खरीदी तथा सिलाई का कार्य करने लगी। सिलाई से होने वाली आय से घर कि आजीविका चलाने लगी तथा बच्चों का बेहतर ढंग से लालन पालन करने लगी। इसके साथ ही मुझे सरकार द्वारा राशन भी प्रति माह मिल रहा है।
उन्होने कहा कि लाडली बहना योजना महिलाओं के संर्वागीण कल्याण में मददगार साबित हुई है। उन्होने प्रदेश के मुख्यमंत्री डा मोहन यादव को धन्यवाद ज्ञापित किया है।