राजनैतिक गतिविधियों में शामिल होने पर नप के प्रभारी लेखापाल राजेश मिश्रा हटाए गए, शहडोल कार्यालय अटैच

राजनैतिक गतिविधियों में शामिल होने पर नप के प्रभारी लेखापाल राजेश मिश्रा हटाए गए, शहडोल कार्यालय अटैच

*अधिकारी या नेता..? दो नावों की सवारी पड़ी भारी, विभाग ने दिखाया बाहर का रास्ता*


अनूपपुर

मध्यप्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने अनुशासनहीनता और सरकारी नियमों के उल्लंघन के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए अनूपपुर जिले की नगर परिषद बनगवां (राजनगर) में पदस्थ प्रभारी लेखापाल राजेश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया है। उन्हें संभागीय कार्यालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, शहडोल संभाग से अटैच कर दिया गया है।

आरोपों के बाद सख्त कार्रवाई

आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास द्वारा जारी आदेश के अनुसार राजेश मिश्रा (मूल पद राजस्व उप निरीक्षक) पर शासकीय सेवा में रहते हुए सक्रिय रूप से राजनीतिक गतिविधियों में शामिल रहने, लेखा नियमों के विरुद्ध कार्य करने और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तत्काल कार्रवाई की है।

तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश

जारी आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि राजेश मिश्रा को नगर परिषद बनगवां से तत्काल प्रभाव से हटाकर संभागीय कार्यालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, शहडोल में संलग्न (अटैच) किया जाता है। आदेश जारी होते ही इसे प्रभावी माना गया है।

2008 से जमे अधिकारी पर गिरी गाज

बताया जा रहा है कि राजेश मिश्रा वर्ष 2008 से ग्राम पंचायत और बाद में नगर परिषद में लंबे समय से पदस्थ थे। स्थानीय स्तर पर उनके प्रभाव और राजनीतिक दखल को लेकर कई बार शिकायतें भी सामने आई थीं। विभाग की इस कार्रवाई के बाद परिषद के अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच भी हलचल मच गई है।

7 दिन में मांगी गई चार्जशीट

मामला यहीं समाप्त नहीं हुआ है। आयुक्त ने संभागीय संयुक्त संचालक, शहडोल को निर्देश दिए हैं कि राजेश मिश्रा के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर सात दिनों के भीतर संचालनालय को उपलब्ध कराया जाए। इससे संकेत मिलते हैं कि विभागीय जांच के बाद उनके खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई हो सकती है।

क्या कहते हैं अधिकारी

“नगर परिषद से भारमुक्त होने के बाद ही उन्हें संभागीय कार्यालय में अटैच किया जाएगा। यदि ऐसा नहीं हुआ है तो संबंधित सीएमओ से तत्काल बात कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।”

&आर.पी. मिश्रा, संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, शहडोल

Labels:

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget