समाचार 01 फ़ोटो 01

सामाजिक सद्भावना बढाता है रंगों का पावन पर्व होली, जिला विकास मंच ने स्थापित की उत्कृष्ट परंपरा

*मिड - वे ट्रीट किरर मे होली मिलन समारोह सम्पन्न*

अनूपपु्र

भारतीय सनातन परंपरा मे रंगों का पावन पर्व होली सामाजिक सद्भावना बढाने मे सहायक रहा है। होली का पर्व हमें एक साथ मिलजुल कर रहने और परंपराओं के निर्वहन की शिक्षा देता है।‌  अनूपपुर जिला विकास मंच द्वारा मिड वे ट्रीट किरर ,पुष्पराजगढ़ में आयोजित होली मिलन समारोह विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी गरिमापूर्ण ,उत्साह के साथ मनाया गया । इस अवसर पर होली की शुभकामनाएँ देते हुए कार्यक्रम मे मध्यप्रदेश शासन के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने उपरोक्त विचार व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि आज के दौर मे तनावपूर्ण जीवन मे होली मिलन समारोह के माध्यम से हम सभी लोग आपस मे एक साथ मिलजुल कर रंगोत्सव मनाते हैं ,तो बचपन की होली ध्यान आती है। जब हम‌ सभी लोग बिना भेदभाव के खुशियों भरा यह त्यौहार मनाते थे।

पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने क्षेत्र वासियों को होली पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारतीय परंपराओं मे त्योहारों के आयोजन की परंपरा जीवन मे उत्साह का संचार करती है। यह एक ऐसा त्यौहार है जिसमे कोई जाति,वर्ण, भाषा,प्रांत, गरीबी - अमीरी का भेद नहीं होता।

अनूपपु्र कलेक्टर हर्षल पंचोली ने आयोजन की मुक्त कंठ सराहना करते हुए कहा कि अनूपपु्र जिला विकास मंच ने पिछले वर्ष भी होली मिलन का गरिमामयी समारोह आयोजित किया था। इस वर्ष भी वनांचल के शांत मनोरम स्थल पर होली मिलन का आयोजन कर इसे परंपरा का स्वरूप दे दिया है। उन्होंने जिले के लोगों को नशामुक्त, स्नेहिल और सौहार्दपूर्ण होली मनाने के लिये धन्यवाद दिया।

जिला विकास मंच के संयोजक मनोज द्विवेदी ने होली पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए कार्यक्रम मे शामिल जिले भर से आए अतिथियों के प्रति आभार जताया।

होली मिलन समारोह मे शामिल अतिथियों और गणमान्य लोगों ने हर्षोल्लास के साथ रंगोत्सव मनाया। लोगो ने समभाव से खुशियाँ मनाते हुए एक दूसरे को अबीर - गुलाल लगाकर शुभकामनाएँ दीं। शुरुआत मे लोग मंत्री दिलीय जायसवाल और कलेक्टर हर्षल पंचोली को रंग लगाने मे झिझकते दिखे। लेकिन उनके सहज, सरल ,प्रेमपूर्ण व्यवहार से कुछ ही देर मे लोगों ने जमकर रंग, गुलाल उडाया।

समाचार 02 फ़ोटो 02

युवती के अपहरण के तीन आरोपियों को स्कॉर्पियो वाहन सहित पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

अनूपपुर

जिले के थाना जैतहरी में पीड़िता द्वारा लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें बताया गया कि जयप्रकाश राठौर द्वारा उसे जबरन स्कॉर्पियो वाहन में बैठाकर विवाह के उद्देश्य से अपहरण किया। युवती की रिपोर्ट पर थाना जैतहरी में अपराध कायम कर विवेचना में लिया।

पीड़िता ने बताया कि वह पैरामेडिकल कॉलेज शहडोल में अध्ययनरत है। लगभग तीन वर्ष पूर्व उसकी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से जयप्रकाश राठौर (निवासी चोरभठी) से पहचान हुई थी। फोन पर हुई बातचीत में जयप्रकाश ने उससे विवाह करने की बात कही, लेकिन पीड़िता ने स्पष्ट किया कि वह केवल अपने माता-पिता की इच्छा अनुसार ही विवाह करेगी और दिनांक 28 फरवरी 2026 से वह अपने बड़े पापा के घर जैतहरी में आकर रह रही थी। दिनांक 13 मार्च 2026 को दोपहर में जब वह अपनी सहेली के साथ घर के बाहर बैठी थी। तभी एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से जयप्रकाश राठौर, जिसने अपना चेहरा साफे से ढका था ने पीड़िता को जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया। वाहन में चालक सहित एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।

सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता से वाहन और आरोपियों का पीछा किया। जयप्रकाश ने पिपरिया में पीड़िता को छोड़कर भाग गया। वहां ग्रामीण और पीड़िता के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। उसके भाई और मामा पिपरिया पहुंचकर पीड़िता को सुरक्षित वापस ले आए। पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए गए। जैतहरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ घंटे में अपहरण में  शामिल तीनो आरोपी जयप्रकाश राठौर, पिता ललन राठौर, उम्र 23 वर्ष, निवासी चोरभठी थाना जैतहरी, शुभम राठौर, पिता दुलारे राठौर, उम्र 23 वर्ष, निवासी बेला, थाना अनूपपुर, सागर पटेल, पिता संतोष पटेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी मौहरी, थाना कोतवाली अनूपपुर को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MP 65 ZB 4472 को जप्त कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय अनूपपुर में पेश किया गया जहां से रिमांड पर जिला जेल अनूपपुर भेजा गया है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

कपड़ा दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर हुआ खाक, पुलिस जांच में जुटी

अनूपपुर

प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में एक कपड़ा दुकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। यह घटना नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 12 स्थित मुख्य मार्ग पर संचालित विहान गारमेंट्स एवं रेडीमेड कपड़ा दुकान में हुई।

बंद दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखा लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य का कपड़ा, काउंटर तथा आलमारी जलकर नष्ट हो गए। आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पास में रहने वाले नागेश्वर यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान के शटर का ताला तोड़कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही नगर परिषद अमरकंटक को भी फायर ब्रिगेड के लिए सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से पानी डालकर आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आग और अधिक फैलने से बच गई।

उक्त दुकान नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद देवानंद खत्री की पत्नी श्रीमती हर्षिता खत्री द्वारा संचालित की जाती है। घटना की सूचना मिलते ही खत्री दंपति मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया। घटना की प्राथमिक सूचना अमरकंटक थाना पुलिस को दे दी गई है तथा राजस्व विभाग को भी अवगत करा दिया गया है। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच-पड़ताल की जा रही है। इस घटना में खत्री दंपति को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। 

समाचार 04 फ़ोटो 04

नेशनल लोक अदालत का किया गया आयोजन, 2749 प्रकरणों का हुआ निराकरण

*न्यायालय ने पति पत्नी के बीच कराया सुलह*

शहडोल

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शहडोल काशीनाथ सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में वर्ष की प्रथम नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय शहडोल एवं सिविल न्यायालय ब्यौहारी, बुढ़ार तथा जयसिंहनगर में किया गया।

जिला शहडोल में नेशनल लोक अदालत में प्रकरणों के निराकरण हेतु जिला न्यायालय शहडोल एवं सिविल न्यायालय ब्यौहारी, बुढ़ार तथा जयसिंहनगर में कुल 23 न्यायिक खंडपीठों का गठन किया गया। इनमें जिला न्यायालय शहडोल में 11 खंडपीठ, श्रम न्यायालय शहडोल के श्रम न्यायाधीश अभिषेक कुमार त्रिपाठी की 1 खंडपीठ, तहसील न्यायालय ब्यौहारी में 4 खंडपीठ, तहसील न्यायालय बुढ़ार में 4 खंडपीठ तथा तहसील न्यायालय जयसिंहनगर में 3 खंडपीठ गठित किए गए। नेशनल लोक अदालत में न्यायालय परिसर में विद्युत विभाग, नगरपालिका, राष्ट्रीयकृत बैंक एवं बीएसएनएल सहित अन्य विभागों के स्टॉल भी लगाए गए।

इस नेशनल लोक अदालत में कुल 552 लंबित प्रकरण एवं 2197 प्री-लिटिगेशन प्रकरण, इस प्रकार कुल 2749 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इनमें कुल 4,14,38,985 रुपये की राशि का अवार्ड पारित हुआ। इनमें मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों के 46, चेक अनादरण के 61, आपराधिक राजीनामा योग्य 177, वैवाहिक विवाद के 42, विद्युत विभाग के 47 लंबित एवं अन्य 179 प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण किया गया।

*पति पत्नी में हुआ सुलह*

शुभम सिंह एवं शिवानी का विवाह के तीन वर्ष बाद में छोटी-छोटी बातों को लेकर उनके बीच विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके कारण पति-पत्नी अलग रहने लगे। वादी शुभम सिंह द्वारा न्यायालय के समक्ष हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 9 के अंतर्गत वैवाहिक पुनर्स्थापन हेतु प्रकरण प्रस्तुत किया गया। कुटुंब न्यायालय द्वारा दोनों पक्षों को विशेष प्रयास कर समझाइश दी गई तथा अधिवक्ताओं के सहयोग से दोनों ने अपने मतभेद भुलाकर पुनः एक साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया। इसके पश्चात दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर अपने विवाद का अंत किया और साथ-साथ न्यायालय से रवाना हुए। इसी प्रकार रीतेष वर्मन एवं सुजाता का विवाह के बाद 2023 अलग रहने लगे। वादी रीतेष वर्मन द्वारा हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13 के अंतर्गत न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया गया था।

समाचार 05 फ़ोटो 05

आज होगा खदान बंद किसानों के नायिक लड़ाई में पहुंचेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष संयुक्त किसान मोर्चा

शहडोल

जिले के रामपुर बटुरा खुली खदान परियोजना प्रभावित किसानों की बैठक में पड़रिया ग्राम पंचायत भवन में आस पास के रामपुर,बटुरा, खैरबना, बैरिहा, पड़रिया, खाड़ा, बटुरा, चाका , अतरिया, बिछिया, कोदेली, के सरपंच, उप सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, सहित सैकड़ों की संख्या में किसान उपस्थित रहे। मुख्य मुद्दा सभी अधिग्रहित गांव का मुआवजा भुगतान एक साथ करें, विस्थापन, पुनर्वास, पुनर्स्थापना, संपूर्ण परिसंपत्ति, का मुआवजा भुगतान एक साथ तत्काल करें, रोजगार में प्राएर्थमिकता दे , सी एस आर और ई आर, दोनों मद का निर्माण में लगाया जाए छूटे हुए जमीन अधिग्रहण की कार्यवाही तत्काल करें, स्वास्थ्य शिक्षा आवास के क्षेत्र का एवं  पर्यावरण को भी प्रारतमिकता दे, मुख्य रूप से रामपुर टग़रा टोला  से सादा तिराहा तक विद्युतीकरण रोड मरम्मत को तत्काल करें।

पूर्व में ज्ञापन के द्वारा या बैठक में विषय आपको दी गई उन सभी विषयों को गंभीरता से लेते हुए किस काम में कितना समय लग रहा है, समय सहित चिन्हित कर किसानों के समक्ष प्रस्तुत करें। बैठक में मुख्य रूप से पूर्व एसडीएम जिला कांग्रेस कमेटी पूर्व अध्यक्ष रमेश सिंह, जिला पंचायत सदस्य शांति मनमोहन चौधरी, जनपद सदस्य सभापति वन समिति चंद्र कुमार तिवारी, सांसद प्रतिनिधि राजकमल मिश्रा, किसान नेता आदित्य त्रिपाठी, जुझारू नेता आनंद त्रिपाठी, ओम प्रकाश द्विवेदी,अखिलेश त्रिपाठी पत्रकार, नीलकंठ, उप सरपंच जुली बिछिया नीलू राव, अशोक पटेल, कन्हैया पटेल, राजेंद्र पटेल, उप सरपंच, पुरुषोत्तम पटेल, कोडयली, लल्ला साहू, उद्योग साहू श्रीनिवास तिवारी, सहित अन्य ग्रामीण जन उपस्थित रहे 

प्रेस के माध्यम से अनूपपुर एवं शहडोल जिले के समस्त सामाजिक संगठनों किसान संगठनों एसईसीएल से जुड़े यूनियन पदाधिकारी एवं साथी हमारे क्षेत्र के सभी किसान दोनों जिले के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया आप सभी से आंदोलन समिति का अपील की है सुबह 10:00 बजे आंदोलन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को सहयोग करें एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष संयुक्त किसान मोर्चा के पूर्व विधायक डॉक्टर सुनील निगम का स्वागत करें। यह आंदोलन को समर्थन करने के लिए भोपाल से चलकर देश भर में संघर्ष करने वाले किसानों के नेतृत्व करने वाले ऊर्जावान किसान नेता को सुने और अपनी सुनाए।

समाचार 06 फ़ोटो 06

लोक अदालत ने सुलझाया 7 साल पुराना घर मालिकाना हक का विवाद

अनूपपुर

सात वर्षों से चले आ रहे एक लंबे कानूनी विवाद का पटाक्षेप आज लोक अदालत में हो गया। कोतमा तहसील के जमुना क्षेत्र में दो पड़ोसी परिवारों के बीच घर के मालिकाना हक को लेकर शुरू हुआ यह झगड़ा कोर्ट में पहुंचा था, जो हिंसक झड़पों तक पहुंच गया था।विवाद की शुरुआत 2019 में हुई जब पड़ोसी राठौर परिवारों ने एक ही संपत्ति पर दावा ठोका। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर पर कब्जा करने का आरोप लगाया, जिससे कई बार लाठी-डंडों से मारपीट और पुलिस हस्तक्षेप की नौबत आई। सात सालों में दर्जनों सुनवाईयों के बावजूद मामला सुलझा नहीं था, जिससे दोनों परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से त्रस्त हो चुके थे।

लोक अदालत में न्यायाधीश अमनदीप सिंह छाबड़ा के प्रयासों से दोनों पक्षों को आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने के लिए प्रेरित किया गया और विस्तृत चर्चा तथा समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने समझौते पर सहमति व्यक्त की।समझौते के बाद दोनों पक्षों ने कहा, “7 साल की लड़ाई ने हमारी जिंदगी बर्बाद कर दी थी। लोक अदालत ने हमें शांति दी। अब हम पड़ोसी की तरह रहेंगे।”यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि लोक अदालत छोटे-बड़े विवादों का सबसे तेज और सस्ता समाधान है।

समाचार 07 फ़ोटो 07

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व कोर क्षेत्र में मोबाइल का उपयोग, वीडियो हुआ वायरल, सहायक संचालक दिलीप मराठा पर उठे सवाल

उमरिया

विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक पर्यटन दिलीप कुमार मराठा के नियम विरुद्ध कार्य शैली के कारण एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। इस बार मामला टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में सफारी के दौरान मोबाइल फोन के कथित उपयोग से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों ने पर्यटन प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 की शाम की सफारी के दौरान ताला जोन में वीआईपी पर्यटकों के साथ भ्रमण के समय चर्चित ‘बजरंग’ टाइगर दिखाई दिया। इसी दौरान वायरल वीडियो में टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक (ताला) दिलीप कुमार मराठा कथित रूप से मोबाइल फोन से टाइगर की फोटो और वीडियो बनाते हुए नजर आ रहे हैं।

17 नवंबर 2025 को सर्वोच्च न्यायालय ने संरक्षित क्षेत्रों में वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार में किसी भी प्रकार का अनावश्यक हस्तक्षेप रोकने के उद्देश्य से पर्यटन गतिविधियों पर सख्त दिशा-निर्देश लागू करने पर जोर दिया था। ऐसे में संरक्षित क्षेत्र के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग को लेकर उठे सवालों ने पूरे प्रकरण को चर्चा में ला दिया है।

सफारी में मौजूद कुछ पर्यटकों ने भी इस पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि जब सफारी के दौरान गाइड और वन अमला पर्यटकों को मोबाइल फोन के उपयोग को लेकर सख्ती से निर्देश देता है, तो अधिकारियों द्वारा स्वयं इसका उपयोग किए जाने पर सवाल उठना स्वाभाविक है। सहायक संचालक दिलीप मराठा का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। विभागीय सूत्रों के अनुसार पूर्व में अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार और गाली-गलौज के आरोपों को लेकर भी वे चर्चा में रहे हैं। 

सूत्रों का यह भी कहना है कि पूर्व में इसी प्रकार के विवादों के चलते श्री मराठा को निलंबित भी किया गया था, मगर न्यायालय से निलंबन आदेश पर स्थगन प्राप्त कर लिया। इसके बाद से वे लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ बताए जाते हैं, जिस पर भी समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।

समाचार 08 फ़ोटो 08

प्रताड़ना से परेशान महिला ने की थी आत्महत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

शहडोल 

जिले के बुढ़ार थाना अंतर्गत चौकी केशवाही क्षेत्र में एक महिला को लगातार प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतिका ग्राम पंचायत बलबहरा में मोबिलाइजर के रूप में कार्यरत थी। घटना के बाद से ही पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत भवन बलबहरा में मोबिलाइजर सुनैना कुशवाहा (30) पत्नी सुरेन्द्र कुशवाहा निवासी बलबहरा ने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों व अन्य साक्षियों के बयान दर्ज किए।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि गांव का ही निवासी मुरारीलाल सोनी उर्फ मुरारी (33) पिता अशोक कुमार सोनी बीते 7-8 महीनों से महिला को लगातार परेशान कर रहा था। आरोपी महिला को अपने साथ रखने की बात कहकर बदनाम करता था और अक्सर गाली-गलौज भी करता था। इतना ही नहीं, वह फोन के माध्यम से भी महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।

लगातार हो रही इस प्रताड़ना से महिला काफी मानसिक तनाव में थी। पुलिस के अनुसार इसी प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने 11 मार्च को ग्राम पंचायत भवन बलबहरा में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपी मुरारीलाल सोनी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget