समाचार 01 फ़ोटो 01

बीईओ सतीश तिवारी हटाओ, शिक्षा बचाओ के लगे नारे, जमकर हो रहा है रिश्वतखोरी

*फर्जी रूप से सड़क से पत्थर उठाकर बटोरते थे सुर्खियां*

अनूपपुर

सतीश तिवारी वो नाम हैं जो शासकीय विभाग में लगातार जमकर सुर्खियां बटोर रहे है। कार्यालय कलेक्टर जनजातीय कार्य विभाग अनूपपुर से लेकर दो बार जनपद सीईओ भी रह चुके हैं, अभी वर्तमान में पुष्पराजगढ़ में बीईओ के पद पर कार्य कर रहे हैं। सभी जगह ये बहुत नाम कमा चुके हैं। बस अवार्ड मिलने की आवश्यकता बस रह गयी हैं, वो भी इसी तरह कार्य चलता रहा तो जल्द ही इनका सम्मान हो सकता है। फेसबुकिया कर्मचारी है हमेशा किसी न किसी मामलों में फ़ेसबुक बुक पर छाए रहते थे, एक समय सड़क मार्ग से कही भी जाते थे तो पहले सड़को पर पत्थर रखकर दिखाते थे की सड़क पर पत्थर रखा बड़ी दुर्घटना हों सकती है, पत्थर उठाते हुए फ़ोटो खिंचाकर सोशल मीडिया फ़ेसबुक, इंस्ट्राग्राम, ट्वीटर में डालकर समाज सेवा के नाम पर सुर्खियां बटोरने का काम करते थे। अब इस समय रिश्वत वाले मामले में सुर्खियां बटोर रहे हैं। जबकि इनकी करनी कथनी में बहुत बड़ा अंतर दिखता हैं।

अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ ब्लॉक के शिक्षकों ने बीईओ सतीश तिवारी और कार्यालय कर्मचारियों पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। आजाद अध्यापक शिक्षक संघ ने एसडीएम को ज्ञापन देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

संघ का आरोप है कि बीईओ सतीश तिवारी के कार्यभार संभालने के बाद से कार्यालय में रिश्वतखोरी बढ़ गई है। शिक्षकों ने कहा- अब "फाइल तभी चलती है जब रुपए चलते हैं।" बिना पैसे दिए किसी भी फाइल पर कार्रवाई नहीं होती, चाहे वह एरियर भुगतान हो. डीए बढोतरी या क्रमोन्नति लाभ का मामला।

शिक्षकों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यालय के कर्मचारी खुलेआम रिश्वत की मांग करते हैं और बिल जमा करने के बाद रसीद नहीं देते। फाइलें जानबूझकर रोकी या गायब कर दी जाती हैं। कई बार शिक्षकों को "ऊपर की बात" कहकर डराने और दबाव बनाने की कोशिश भी की जाती है।

ज्ञापन में कहा गया है कि यह कार्यालय अब "घूस और धौंस" का केंद्र बन गया है। शिक्षकों ने बीईओ सतीश तिवारी और कार्यालय कर्मचारी नर्मदा जायसवाल को हटाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के बाद शिक्षक संघ ने ब्लॉक कार्यालय परिसर में नारेबाजी की- "सतीश तिवारी हटाओ, शिक्षा बचाओ" के नारों से वातावरण गूंज उठा। संघ ने चेतावनी दी कि यदि 20 दिनों के भीतर जांच कर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।

समाचार 02 फ़ोटो 02

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर व नर्स की लापरवाही से नवजात शिशु की मौत, परिजनों ने की जांच की मांग

अनूपपुर

जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में एक बार फिर लापरवाही का मामला सामने आया है। बताया गया है कि वार्ड क्रमांक 04 निवासी राकेश प्रसाजपति की पत्नी ज्योति प्रसाजपति को प्रसव पीड़ा होने पर 28 अक्टूबर की रात लगभग 11:59 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा लाया गया था।

परिजनों के अनुसार, उस समय उपस्थित डॉक्टर और नर्स ने प्रसूता को भर्ती करने से मना कर दिया और कहा कि “अभी समय नहीं हुआ, सुबह आना।” लेकिन रात करीब 3:00 बजे ज्योति की हालत बिगड़ने लगी और उसे तेज दर्द के साथ असहनीय पीड़ा होने लगी। इसके बावजूद नर्स और डॉक्टर मौके पर उपस्थित नहीं हुए। परिजन लगातार सहायता के लिए अस्पताल स्टाफ से गुहार लगाते रहे, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।

सुबह लगभग 8:00 बजे प्रसूता को दर्द असहनीय होने पर नर्स को बुलाया गया, तब भी लापरवाही जारी रही। अंततः लगभग 8:22 बजे प्रसूता ज्योति प्रसाजपति की डिलीवरी हुई, लेकिन नवजात शिशु मृत पाया गया।

पीड़ित पति राकेश प्रसाजपति ने बताया कि यदि समय पर डॉक्टर और नर्स ने इलाज प्रारंभ किया होता तो बच्चे की जान बच सकती थी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी, कोतमा को शिकायत सौंपी है और दोषी डॉक्टर व नर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले की प्रति कलेक्टर अनूपपुर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, एसडीएम कोतमा, तथा थाना प्रभारी कोतमा को भी भेजी गई है ताकि उच्च स्तर पर जांच कर उचित कार्रवाई की जा सके। 

समाचार 03 फ़ोटो 03

स्टेशन परिसर के बाहर यात्रियों के लिए नहीं है कोई सुलभ काम्प्लेक्स, खुले में गंदगी से लोग परेशान

अनूपपुर

अमृत भारत एवं गतिमान योजना के तहत अनूपपुर जंक्शन स्टेशन के नवीनीकरण का कार्य नौ दिन चले अढ़ाई कोश की तरह चल रहा है।बड़ी-बड़ी दिवाले खड़ी कर दी गई है।प्लेटफॉर्म ऊंचे कर दिए गए, पैदल पुल की व्यवस्था 4 वर्षों बाद भी आधी अधूरी है। यात्रियों को लंबे पुल से लंबा सफर करना पड़ता है। जिससे वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों, महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

स्टेशन परिसर का इलाका बढ़ा दिया गया लेकिन सामान्य यात्रियों के लिए किसी तरह का सुलभ काम्प्लेक्स का निर्माण नहीं कराया गया।जिससे यात्रियों के साथ ही महिला यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला विकास मंच के संयोजक वासुदेव चटर्जी एडवोकेट ने कई बार रेलवे महाप्रबंधक एवं रेलवे प्रबंधक को पत्र लिखकर मांग की कि अनूपपुर स्टेशन परिसर के बाहर सुलभ काम्प्लेक्स (पे एंड यूज) का निर्माण कर दिया जाए। लेकिन उनके कान में जू तक नहीं रेंग रही हैं। जिससे यात्री काफी परेशान है।

अनूपपुर स्टेशन के बाहर परिसर का क्षेत्रफल बढ़ा दिया गया है।कुछ दिन रेलवे सुरक्षा बल स्टेशन परिसर के अंदर पेशाब करने वालों पर काफी कड़ाई की एवं जुर्माना भी वसूला।लेकिन धीरे-धीरे वह कड़ाई भी बंद हो गई। पूरे परिसर क्षेत्र में लोगों का निकलना भी दुर्भर हो गया। लोग अपने नाक को बंद कर उस क्षेत्र से निकलते हैं। स्टेशन परिसर के बाहर शौचालय की व्यवस्था न होना एक गंभीर समस्या है,जिससे यात्रियों और आस-पास के लोगों को परेशानी और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों का सामना करना पड़ता है।

सुलभ काम्प्लेक्स नहीं होने से कई बार लोग बच्चों को खुले में शौच करा देते हैं और पेशाब करने वालों की बात ही ना करें उन्हें जहां मिला वहां कर के चल दिए। लेकिन उस स्थल से निकालने वालों को नाक बंद कर निकालना पड़ता है इसे देखने वाला कोई नहीं है। रेलवे स्टेशन परिसर में बाहर की दिशा में सुलभ काम्प्लेक्स नहीं होने से लोग मजबूर हैं शौच एवं पेशाब करने के लिए।जिससे परिसर और आस-पास का इलाका बेहद गंदा हो जाता है। स्टेशन के अंदर प्लेटफार्म पर आम नागरिकों के लिए पूर्व में व्यवस्था थी लेकिन वहां भी निर्माण होने के कारण वह भी बंद पड़ा हुआ है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

लोकायुक्त ने 15 हजार की रिश्वस्त लेते सचिव को किया गिरफ्तार, भुगतान के बदले मांगी थी रकम

शहडोल। 

जिले में बढ़ते भ्रष्टाचार और घूसखोरी के खिलाफ लोकायुक्त रीवा टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ताजा मामला जनपद पंचायत सोहागपुर के ग्राम पंचायत पोंगरी का है, जहां पंचायत सचिव को नल-जल योजना के भुगतान के एवज में 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

ग्राम पंचायत पोंगरी के उप सरपंच अमृतलाल यादव ने पंचायत में चल रही नल-जल योजना के तहत करीब 2 लाख 37 हजार रुपए के कार्यों का भुगतान कराने के लिए आवेदन दिया था। पंचायत सचिव मंगलेश्वर मिश्रा ने भुगतान के बदले 15 हजार रुपए की घूस की मांग की। उप सरपंच की शिकायत पर लोकायुक्त की 10 सदस्यीय टीम ने बुधवार को पंचायत भवन में छापा मारा, जहां सचिव मिश्रा को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद की और सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

लोकायुक्त इंस्पेक्टर हेतराम मरावी ने बताया कि नल-जल योजना के कार्यों के भुगतान के एवज में सचिव द्वारा 15 हजार रुपए की रिश्वत ली जा रही थी, जिसे पंचायत भवन में ट्रैप कर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ जांच जारी है।

समाचार 05 फ़ोटो 05

चोरो ने जज को भी नही छोड़ा, सरकारी आवास पर दिन दहाड़े चोरी, सोने चांदी के जेवर लेकर हुए फरार

शहडोल

जिले में चोर बेखौफ हो गए हैं, अब तो चोरों ने हद ही कर दी, जयसिंहनगर में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट के घर दिन दहाड़े चोरी की वारदात को चोरों ने बेखौफ तरीके से अंजाम देकर सोने चांदी के जेवर लेकर बदमाश फरार हो गए हैं। शाम को जब मजिस्ट्रेट घर पहुंची, तो उनके घर के भीतर का सारा सामान बिखरा पड़ा था, जिसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी, मामले पर पुलिस ने अज्ञात चोरों की विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। यह सरकारी आवास शहडोल रीवा मुख्य मार्ग पर स्थित है।जहां चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है।

जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में बीते दिनों दिनदहाड़े मोटरसाइकिल की डिग्गी से नगद एक लाख रुपए चोरी होने का मामला अभी सामने आया था, पुलिस उस मामले पर खुलासा कर नहीं पाई, अब प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट के घर दिनदहाड़े चोरी से पुलिस की कार्यप्रणाली पर अब लोगों ने सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने बताया कि जयसिंहनगर न्यायालय में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट पदस्थ हैं, जब वह कल सुबह अपने आवास से निकली तो सब कुछ सही था, न्यायालय पहुंचने के बाद उन्होंने अपना कार्य किया और शाम के वक्त जब वह वापस अपने आवास पहुंची तो घर के अंदर पड़ा सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर के अंदर रखा सोने का एक ब्रेसलेट, कान का झुमका, एवं चांदी के जेवर चोरी हो गए थे। घटना की जानकारी उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी को दी जिसके बाद थाने में हड़कंप मच गया,क्योंकि न्यायिक मजिस्ट्रेट के घर दिनदहाड़े चोरी हो गई थी, पुलिस हरकत पर आई और मामले पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध चोरी का मामला दर्ज कर अपनी विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार यह चोरी लगभग तीन लाख रुपए से अधिक की है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

पुलिस की कार्यवाही, 94 नशीले इंजेक्शन के साथ दो युवक गिरफ्तार, तीन आरोपी फरार

शहडोल

नशे के बढ़ते जाल पर लगाम कसने के लिए शहडोल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने नशीले इंजेक्शन बेचने की फिराक में खड़े दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 94 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। वहीं, इस पूरे नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य युवकों की तलाश जारी है।

कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंडरब्रिज के पास एक युवक नशीले इंजेक्शन बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने खुलासा किया कि उसे ये नशीले इंजेक्शन एक अन्य युवक द्वारा मुहैया कराए गए थे। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर दूसरे युवक को भी गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि उनके साथ तीन अन्य युवक भी इस अवैध कारोबार में शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 94 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश की जा रही है।

समाचार 07 फ़ोटो 07

ट्रक से टकराई स्कूटी, शिक्षक की हुई मौत, पुलिस ने वाहन किया जप्त

अनूपपुर

राष्ट्रीय राजमार्ग 42 में पसला के मैरटोला के पास ट्रक से टकराने पर गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय शिक्षक की मौत हो गई, घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर पीड़ित को अस्पताल भेजते हुए ट्रक को जप्त कर कार्यवाही की।

घटना के संबंध में बताया गया कि अनूपपुर के वार्ड क्र,09 निवासी 60 वर्षीय शंकरलाल टांडिया पिता सुखीराम टांडिया जो पयारी नंबर एक में उच्च श्रेणी शिक्षक के पद पर पदस्थ रहे थे, वो अपनी स्कूटी से अनूपपुर आ रहे थे तभी राष्ट्रीय राजमार्ग में पसला के मैरटोला के समीप मोड में ट्रक क्रमांक सीजी 29 AB 0143 से टकरा गए, जिससे उनके शरीर में गंभीर चोट आई घटना की जानकारी पर कोतवाली पुलिस ने घायल टांडिया को 108 एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय अनूपपुर भेजा, परीक्षण दौरान ड्यूटी डॉक्टर ने मृत घोषित करते हुए घटना की जानकारी जिला अस्पताल पुलिस को दिए जाने पर परिजनों की उपस्थिति में मृत शिक्षक के शव का पंचनामा कर पी,एम,कराने के बाद अंतिम संस्कार हेतु परिजनो को सौप दिया, घटना पर कोतवाली पुलिस द्वारा ट्रक जप्त कर चालक के विरुद्ध कार्यवाही की। अनूपपुर के वार्ड क्रमांक 09 पार्षद अनिल पटेल के साथ शिक्षकों एवं परिजनों द्वारा श्री टांडिया के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया।

समाचार 08 फ़ोटो 08

रहवासी क्षेत्र में भालू कर रहा है विचरण, दहशत का माहौल, वन विभाग नही दे रहा ध्यान

अनूपपुर 

जिले के नगर परिषद डोला के वार्ड नंबर 12 और जमुना कॉलरी में बीते कई महीनों से भालुओं को देखा जा रहा है। इससे स्थानीय रहवासियों में लगातार दहशत का माहौल बना हुआ है। भालुओं ने अब तक कई लोगों पर हमला भी किया है।

ग्रामीणों और वार्ड पार्षद द्वारा इसकी शिकायत कई बार वन विभाग को दी जा चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। जब विभाग को सूचित किया जाता है, तो उनका कहना होता है कि भालू छत्तीसगढ़ का है और उस दिशा में चला जाता है, इसलिए वे उसे पकड़ नहीं पा रहे हैं।

ग्रामीणों का मानना है कि वन विभाग इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। आज एक बार फिर डोला में भालू देखे गए हैं, वहीं जमुना कॉलरी में भी भालू बार-बार रहवासी इलाकों में विचरण कर रहा है।

बीते 30 सितंबर को एक बुजुर्ग महिला पर भालू ने हमला कर दिया था, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। महिला ने बताया कि सुबह करीब 3 बजे जब वह घर पर सो रही थीं, तभी भालू दरवाजा तोड़कर घर में घुस आया। भालू ने पहले उनके 9 वर्षीय नाती पर हमला किया। जब महिला ने उसे बचाने की कोशिश की, तो भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आकर उनकी जान बचाई।

समाचार 09 

कुएं में गिरे सियार को ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर निकाला

अनूपपुर

जिले के जैतहरी जनपद की ग्राम पंचायत वेंकटनगर के वार्ड नंबर 1 में एक सियार कुएं में गिर गया। यह घटना सुबह सुरेश सिंह नामक निवासी के कुएं में हुई, जिसके बाद उनके परिवार ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी।

वन विभाग ने संसाधनों की कमी का हवाला देते हुए कुएं में गिरे सियार को निकालने में असमर्थता जताई। इससे बचाव कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। सूचना मिलने पर सर्पप्रहरी ऋषिराज सिंह, पुष्पराज और पूनम पाठक मौके पर पहुंचे। उन्होंने रस्सी में लकड़ी बांधकर करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सियार को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाला।सियार को बाद में स्वतंत्र विचरण के लिए जंगल में छोड़ दिया गया। इस घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के कई ग्रामीण मौके पर जमा हो गए थे।

समाचार 10

बॉम्बे टेलर्स के संचालक सरफराज गिरफ्तार, न्यायालय में पेश

अनूपपुर

जिले के कोतमा नगर के वार्ड क्रमांक 2 में स्थित बॉम्बे टेलर्स के संचालक सरफराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जानकारी के अनुसार, लॉकडाउन के दौरान प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के बावजूद सरफराज द्वारा दुकान खोले जाने का मामला प्रकाश में आया था। इस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया था। बताया गया कि न्यायालय की कार्यवाही के दौरान सरफराज द्वारा अदालत का अवमानना किया गया, जिस पर न्यायालय ने उनके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। 

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget