आम जनता की सहूलियत के लिए, जर्जर सड़को की बरसात के पहले नगरपरिषद करवाये रिपेयरिंग- पार्षद पवन चीनी


अनूपपुर

मानसून की दस्तक के साथ नगर परिषद बरगवां-अमलाई क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि बरसात के दौरान नागरिकों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा सभी 15 वार्डों में विकास कार्यों को समान प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।

पार्षद पवन चीनी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र की अधिकांश सड़कें लंबे समय से बदहाल स्थिति में हैं। हर वर्ष बारिश शुरू होते ही गड्डों में पानी भर जाता है और सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं। इससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है, जिससे लोगों में लगातार चिंता बनी हुई है।उन्होंने बताया कि नगर परिषद की बैठकों में कई बार सड़क मरम्मत और अन्य बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा उठाया गया, लेकिन अब तक अपेक्षित स्तर पर कार्य शुरू नहीं हो सके हैं। 

कई वार्डों में स्ट्रीट लाइटें खराब हैं या पर्याप्त संख्या में नहीं हैं। बरसात के दौरान अंधेरा, जलभराव और टूटी सड़कें मिलकर दुर्घटना की संभावना  बढ़ जाती हैं। ऐसे में प्रकाश व्यवस्था को भी तत्काल दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।

पवन चीनी ने नगर परिषद प्रशासन से आग्रह किया कि सभी वार्डों का समान रूप से विकास सुनिश्चित किया जाए और किसी भी क्षेत्र की उपेक्षा न हो। पार्षद पवन चीनी ने नगर परिषद से शीघ्र कार्रवाई कर जर्जर सड़कों के सुधार एवं विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की है।

अस्पताल में उपचार के दौरान मरीज की हुई मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप


 अनूपपुर

जिले के जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान एक मरीज की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। परिजनों का आरोप है कि मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही, इसके बावजूद उसे समय रहते उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर नहीं किया गया, जिसके कारण उसकी जान चली गई।

मृतक के परिजनों के अनुसार मरीज को पेशाब नली में रुकावट, पेट फूलने तथा अत्यधिक दर्द की शिकायत थी। परिजन उसे उपचार के लिए जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। उनका कहना है कि मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता थी, लेकिन अस्पताल में उचित व्यवस्था नहीं होने के बावजूद मरीज को रेफर नहीं किया गया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि कैथेटर लगवाने के लिए वे रात भर इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन कहीं भी समय पर सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी। उनका कहना है कि यदि मरीज को समय रहते जिला अस्पताल या किसी बड़े चिकित्सा केंद्र भेज दिया जाता तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी।

मृतक के परिवार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी में पदस्थ डॉ. मुकेश शर्मा पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि चिकित्सक द्वारा मरीज की स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया गया और आवश्यक निर्णय लेने में देरी की गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है।  

दोस्तों के साथ सोन नदी में नहाने गया किशोर की डूबने से हुई मौत, ग्रामीणों ने शव को निकाला


शहडोल 

जिले के पपौंध थाना क्षेत्र के बड़ी खारी गांव में 17 वर्षीय किशोर की सोन नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब किशोर अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। अचानक गहरे पानी में चले जाने से वह डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विप्र साकेत (17) निवासी बड़ी खारी के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ सोन नदी में नहाने पहुंचा था। नहाते समय वह नदी के गहरे हिस्से में चला गया और पानी में डूब गया। दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पपौंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से किशोर के शव को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत का सामने आया है। फिलहाल मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget