अवैध रेत परिवहन पर ट्रैक्टर ट्रॉली जप्त, बिजली ट्रांसफार्मर हुआ खराब, ग्रामीण परेशान


अनूपपुर

जिले के थाना बिजुरी पुलिस द्वारा अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए लगभग ₹5,05,000 मूल्य का मशरूका जप्त किया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा भगता कॉलेज के पास, छतई कोठी मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की गई। कुछ समय पश्चात एक लाल रंग का ट्रैक्टर-ट्रॉली आता दिखाई दिया, जिसे रोककर चेक किया गया। जांच के दौरान ट्रॉली में रेत लोड पाई गई।

वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नोहर सिंह पिता गणेश सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी मझौली बताया। रेत परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहने पर वह कोई भी वैध अनुमति अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके उपरांत अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को गवाहों के समक्ष विधिवत जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।

आरोपी नोहर सिंह पिता गणेश सिंह, निवासी मझौली के विरुद्ध अपराध क्रमांक पंजीबद्ध कर धारा 303(2), 317(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 4/21 खनिज अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

*बिजली ट्रांसफार्मर हुआ खराब, ग्रामीण परेशान*


अनूपपुर जिले के विद्युत वितरण केंद्र कोतमा अंतर्गत ग्राम पंचायत धुरवासिन स्थित ग्राम कोटमी के अहिरान मोहल्ला के निवासियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यहां का 100 केवी का ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से पूरे मोहल्ले की बिजली गुल हो गई है, जिससे सैकड़ों उपभोक्ता परेशान हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह ट्रांसफार्मर पूरे टोला-मोहल्ले को रोशनी देता था। ट्रांसफार्मर खराब होते ही लाइनमैन मौके पर पहुंचे और सुधार करने का प्रयास किया, लेकिन यह पूरी तरह से खराब हो चुका था, जिसकी वजह से मरम्मत संभव नहीं हो सकी। इसके चलते अहिरान मोहल्ले में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।

इस बिजली संकट का सबसे बुरा असर आम ग्रामीणों पर पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में बिना बिजली के पंखे, कूलर और पानी की मोटरें बेकार पड़ी हैं। खासकर गर्मी के दिनों में पंखा, कूलर और सबमर्सिबल मोटर-पंप न चलने से लोगों को दोहरी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

नहाने गया युवक डूबा हुई मौत, अतिक्रमण हटाते समय मलबे में दबा व्यक्ति, जेसीबी में हुआ पथराव


शहडोल

शहडोल जिला मुख्यालय में सड़क चौड़ीकरण के लिए चल रही बुलडोजर कार्रवाई के बीच एक मकान का मलबा व्यक्ति के ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने कार्रवाई में लगी नगर पालिका की जेसीबी पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर पालिका की टीम सड़क चौड़ीकरण के लिए बुलडोजर और जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटा रही थी। इसी दौरान अचानक एक मकान का हिस्सा ढह गया और उसका मलबा सीताराम गुप्ता (45) के ऊपर आ गिरा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, नाराज परिजनों ने कार्रवाई में लगी नगर पालिका की जेसीबी पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कार्रवाई में लगे कर्मचारी व अन्य लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा।

जिला प्रशासन ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से इन्द्रा चौक से न्यू बस स्टैंड तक सड़क चौड़ीकरण अभियान शुरू किया है। व्यापारियों के विरोध के बाद सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई 18 मीटर से घटाकर 17 मीटर कर दी गई थी। 

*वाटर प्लांट में नहाने गया युवक की डूबा हुई मौत*


शहडोल

जिले में प्रतिबंधित स्थानों पर नहाने के दौरान हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। गोहपारू थाना क्षेत्र के सोन टोला स्थित जल संसाधन विभाग के वाटर प्लांट में नहाने गए 21 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ यहां नहाने पहुंचा था। घटना के बाद एसडीईआरएफ टीम ने रेस्क्यू कर शव बाहर निकाला। खास बात यह है कि इसी वाटर प्लांट में एक महीने के भीतर डूबने से मौत की यह दूसरी घटना है।

सोन टोला स्थित सोन नदी पर जल संसाधन विभाग ने पानी फिल्टर करने के लिए वाटर प्लांट बनाया है। सुरक्षा कारणों से यहां आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। परिसर के बाहर बड़े-बड़े चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और चौकीदार भी तैनात है। इसके बावजूद लोग उसकी बात अनसुनी कर जबरन अंदर चले जाते हैं।

पुलिस ने बताया कि धनपुरी थाना क्षेत्र के बम्होरी निवासी 21 वर्षीय आयुष प्रजापति अपने दोस्तों के साथ वाटर प्लांट में नहाने पहुंचा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबकर लापता हो गया। सूचना मिलने पर गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीईआरएफ टीम को बुलाया गया। रेस्क्यू अभियान में एसडीईआरएफ टीम ने युवक का शव पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो बुजुर्गों की हुई मौत, कुँए में गिरा मासूम हुई मौत


शहडोल 

जिले गोहपारू और ब्यौहारी थाना क्षेत्रों में मवेशी चराने गए दो बुजुर्गों की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

गोहपारू थाना क्षेत्र के उमरिया गांव निवासी इंदरनिया यादव (70), पति स्वर्गीय भोला यादव, मवेशी चराने बदरा जंगल गई थीं। शाम को तेज आंधी और बारिश शुरू होने पर मवेशी तो अपने आप घर लौट आए, लेकिन महिला घर नहीं पहुंचीं। बारिश थमने के बाद परिजन उनकी तलाश में निकले। घर से करीब दो किलोमीटर दूर सरई के पेड़ के नीचे इंदरनिया का शव मिला। आशंका है कि बारिश से बचने के लिए वह पेड़ के नीचे खड़ी थीं, तभी आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।।

इसी तरह ब्यौहारी थाना क्षेत्र के बनासी गांव निवासी गोविंद सिंह  (62), पिता बदन सिंह, शनिवार को मवेशी चराने जंगल गए थे। देर शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान मवेशी घर लौट आए, लेकिन गोविंद सिंह वापस नहीं आए। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो बनासी जंगल में छूहला के पेड़ के नीचे उनका शव मिला। प्रारंभिक जांच में उनकी मौत भी आकाशीय बिजली गिरने से होना सामने आया है।

*कुएं में गिरा मासूम हुई मौत*


जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के कुबरा गांव में एक दर्दनाक हादसे में तीन साल के मासूम की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घर के आंगन में खेल रहा बच्चा दौड़ते-दौड़ते बाड़ी में बने खुले कुएं तक पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक की पहचान दीवांश साहू (3) पुत्र दीपक साहू, निवासी कुबरा गांव के रूप में हुई है। बताया गया कि दीवांश घर के आंगन में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर की बाड़ी की ओर दौड़ गया, जहां एक कुआं स्थित है। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे कुएं में जा गिरा। परिजनों को बच्चा दिखाई नहीं दिया तो उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान जब कुएं में देखा गया तो मासूम पानी में दिखाई दिया। परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे बाहर निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget