लखनऊ अग्निकांड में जयनिल की हुई मौत, पार्थिव शरीर पहुंचते ही दौड़ गई शोक की लहर, नम हुईं लोगो की आंखें


अनूपपुर

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया। हादसे में जान गंवाने वाले 15 लोगों में भालूमाड़ा निवासी जयनिल चक्रवर्ती भी शामिल थे। मंगलवार दोपहर उनका पार्थिव शरीर जब कोतमा कालरी स्थित उनके निवास पहुंचा तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

जयनिल चक्रवर्ती, एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्रीय अस्पताल में पदस्थ एक्स-रे टेक्निशियन जयंत चक्रवर्ती के ज्येष्ठ पुत्र थे। वे पिछले लगभग तीन वर्षों से लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में आईटी विभाग में गेम डेवलपर के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि सोमवार दोपहर वे अपने कोचिंग सेंटर में मौजूद थे, तभी भीषण आग लगने की घटना हुई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और जयनिल इसकी चपेट में आ गए। बचाव कार्य के दौरान उन्हें बाहर नहीं निकाला जा सका और उनकी दर्दनाक मृत्यु हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। भालूमाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल छा गया। मंगलवार को दोपहर लगभग तीन बजे जब उनका पार्थिव शरीर उनके गृह निवास पहुंचा तो परिजन, रिश्तेदार, मित्र और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पड़ोसियों मैरी अन्ना और अजय द्विवेदी ने जयनिल को मिलनसार, प्रतिभाशाली और संस्कारी युवक बताते हुए कहा कि उनकी असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र ने एक होनहार युवा को खो दिया है। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस के विंध्याचल सिंह, जो पार्थिव शरीर को लेकर आए थे, ने बताया कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर सम्मानपूर्वक पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा गया। एक होनहार युवा की असामयिक मृत्यु ने पूरे भालूमाड़ा क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। 


समाचार 01 फ़ोटो 01

लखनऊ अग्निकांड में जयनिल की हुई मौत, पार्थिव शरीर पहुंचते ही दौड़ गई शोक की लहर, नम हुईं लोगो की आंखें

अनूपपुर

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया। हादसे में जान गंवाने वाले 15 लोगों में भालूमाड़ा निवासी जयनिल चक्रवर्ती भी शामिल थे। मंगलवार दोपहर उनका पार्थिव शरीर जब कोतमा कालरी स्थित उनके निवास पहुंचा तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

जयनिल चक्रवर्ती, एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्रीय अस्पताल में पदस्थ एक्स-रे टेक्निशियन जयंत चक्रवर्ती के ज्येष्ठ पुत्र थे। वे पिछले लगभग तीन वर्षों से लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में आईटी विभाग में गेम डेवलपर के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि सोमवार दोपहर वे अपने कोचिंग सेंटर में मौजूद थे, तभी भीषण आग लगने की घटना हुई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और जयनिल इसकी चपेट में आ गए। बचाव कार्य के दौरान उन्हें बाहर नहीं निकाला जा सका और उनकी दर्दनाक मृत्यु हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। भालूमाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल छा गया। मंगलवार को दोपहर लगभग तीन बजे जब उनका पार्थिव शरीर उनके गृह निवास पहुंचा तो परिजन, रिश्तेदार, मित्र और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पड़ोसियों मैरी अन्ना और अजय द्विवेदी ने जयनिल को मिलनसार, प्रतिभाशाली और संस्कारी युवक बताते हुए कहा कि उनकी असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र ने एक होनहार युवा को खो दिया है। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस के विंध्याचल सिंह, जो पार्थिव शरीर को लेकर आए थे, ने बताया कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर सम्मानपूर्वक पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा गया। एक होनहार युवा की असामयिक मृत्यु ने पूरे भालूमाड़ा क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। 

समाचार 02 फ़ोटो 02

रफ्तार का कहर, राष्ट्रीय राजमार्ग 43 में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, 4 मवेशियों की हुई मौत, लोगो मे नाराजगी

शहडोल

उमरिया-अनूपपुर मार्ग पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोहागपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे मौजूद चार मवेशियों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और उन्होंने एनएच पर बढ़ते हादसों को रोकने के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार सोहागपुर थाना क्षेत्र में स्थित दूसरी पेट्रोल पंप के आगे एनएच-43 पर यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात के समय तेज रफ्तार से गुजर रहे किसी अज्ञात वाहन ने सड़क पर मौजूद चार मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों मवेशियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा स्थल के आसपास सड़क के दोनों ओर कई ढाबे संचालित हैं। शाम होते ही यहां भारी वाहनों का जमावड़ा लग जाता है। ट्रक और अन्य बड़े वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। लोगों का आरोप है कि इसी अव्यवस्था के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।

सोहागपुर थाना से मेडिकल कॉलेज तक का मार्ग दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस क्षेत्र में कई सड़क हादसों में लोगों की जान जा चुकी है, जबकि अनेक लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा मवेशियों की मौत की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। बावजूद इसके यातायात और संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

मां तुझे प्रणाम योजना से लौटे युवाओं का पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया गया सम्मान

अनूपपुर

मां तुझे प्रणाम योजना के अंतर्गत अनुभव यात्रा से लौटे प्रतिभागियों का पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मान किया गया। यात्रा से लौटने पर रेलवे स्टेशन से महिला प्रतिभागियों एवं दल प्रभारी को पुलिस वाहन द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय लाया गया, जहां पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने सभी प्रतिभागियों एवं दल मैनेजर को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी ने जिले का प्रतिनिधित्व कर अनूपपुर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने प्रतिभागियों से यात्रा के अनुभव साझा करने का आग्रह करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगनाथ मरकाम ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि मां तुझे प्रणाम योजना युवाओं को देश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं भौगोलिक विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह अनुभव यात्रा निश्चित रूप से प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होगी।

प्रतिभागी कुमारी शिवानी राठौर ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि दल सबसे पहले भोपाल पहुंचा, जहां से सांची स्तूप का भ्रमण कराया गया। इसके पश्चात रायसेन जिले के भोजपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध भोजेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन कराए गए तथा भीमबेटका की ऐतिहासिक गुफाओं का अवलोकन कराया गया। इसके बाद नर्मदापुरम में सेठानी घाट पहुंचकर मां नर्मदा के दर्शन किए गए। यात्रा के अगले चरण में प्रतिभागियों ने पचमढ़ी का भ्रमण किया, जहां जटाशंकर मंदिर, गुप्त महादेव मंदिर, हांडी खोह, इंदिरा प्वाइंट तथा दूर से चौरागढ़ मंदिर के दर्शन किए। साथ ही चंपक झील का भी आनंद लिया। अंत मे महादेव मंदिर का स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

समाचार 04 फ़ोटो 04

सीवर लाइन का ठेकेदार बीच सड़क गड्ढा खोदकर हुआ गायब, 40 घरों का आम रास्ता हुआ बन्द

शहडोल

शहर में सीवर लाइन के कार्यों की लापरवाही लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। रीवा रोड स्थित मदन एजेंसी के बगल से पुलिस लाइन को जोड़ने वाले मार्ग पर सीवर लाइन के कर्मचारियों ने बीच सड़क करीब 20 फीट से अधिक का गड्ढा खोद दिया और उसके बाद कार्य अधूरा छोड़कर चले गए। इससे स्थानीय रहवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी बढ़ गई है।

स्थानीय निवासी प्रकाश सोनी (एडवोकेट) ने बताया कि वार्ड क्रमांक 11/15 में दो दिन पहले जेसीबी मशीन से सड़क खोदी गई थी, लेकिन इसके बाद कर्मचारी मौके पर नहीं लौटे। सड़क के बीच बने बड़े गड्ढे के कारण करीब 40 से अधिक घरों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए अब लगभग एक किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।जो पहले महज कुछ कदम में पूरी हो जाती थी।

वहीं मंजूर अली ने बताया कि उनकी दुकान सड़क के एक ओर है और घर दूसरी ओर, लेकिन गड्ढा खोदे जाने के बाद पैदल आने-जाने का भी रास्ता नहीं छोड़ा गया है। पहले जहां कुछ कदम चलकर घर पहुंच जाते थे, वहीं अब उन्हें लंबा चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए मांग की है कि सीवर कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर तत्काल पैदल आवाजाही की व्यवस्था करें तथा यह स्पष्ट करें कि मार्ग कब तक बंद रहेगा और मरम्मत कार्य कब पूरा किया जाएगा। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।

समाचार 05 फ़ोटो 05

विशेष आधार महाअभियान 24 एवं 25 जून को विशेष आधार महाअभियान का आयोजन

अनूपपुर/कोतमा

आम नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर सुगमता और सुविधा के साथ उपलब्ध कराने तथा आधार विवरण को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से डाक विभाग द्वारा 24 एवं 25 जून को विशेष आधार महाअभियान का आयोजन किया जा रहा है। डाक विभाग के आधार केंद्रों पर आधार नामांकन एवं आधार अद्यतन से संबंधित विभिन्न सेवाएं प्रदान की जाएंगी। अभियान को लेकर डाक विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इसमें भाग लेने की अपील की है।

वर्तमान समय में आधार कार्ड देश के प्रत्येक नागरिक के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज बन चुका है। शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने, बैंकिंग सेवाओं के उपयोग, छात्रवृत्ति, पेंशन, गैस सब्सिडी, राशन, मोबाइल सिम, बीमा, स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न डिजिटल सुविधाओं तक पहुंच के लिए आधार की भूमिका लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में आधार में दर्ज जानकारी का सही, अद्यतन और त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। आधार विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि, पुरानी जानकारी अथवा मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने की स्थिति में नागरिकों को अनेक प्रकार की प्रशासनिक और तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। डाक विभाग द्वारा विशेष आधार महाअभियान आयोजित किया जा रहा है, ताकि नागरिक अपने आधार से जुड़े सभी आवश्यक कार्य निर्धारित अवधि के भीतर आसानी से पूरा कर सकें। 

समाचार 06 फ़ोटो 06

बंजर धरती पर चमत्कार, परमानंद ने तैयार किया 20 हजार पौधों का उद्यान, विदेशी आमों की 40 प्रजातियां बनी आकर्षण

अनूपपुर

जिले के पसान क्षेत्र से पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण विकास की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। यहां के पर्यावरण प्रेमी एवं प्रगतिशील कृषक परमानंद कुमार ने अपनी दूरदर्शी सोच और अथक परिश्रम से वर्षों से अनुपयोगी पड़ी बंजर भूमि को एक विशाल फलदार उद्यान में परिवर्तित कर दिया है। जमुना क्षेत्र के समीप स्थित इस फार्म हाउस में आज लगभग 20 हजार फलदार पौधे लहलहा रहे हैं, जिनमें 30 से 40 प्रजातियों के विदेशी आम, उन्नत किस्म के कटहल, अमरूद सहित कई दुर्लभ फलदार वृक्ष शामिल हैं।

कभी वीरान और सूखी पड़ी जमीन आज हरियाली से आच्छादित होकर क्षेत्र के किसानों और युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गई है। परमानंद कुमार बताते हैं कि सही योजना, निरंतर देखभाल और धैर्य के साथ बंजर भूमि को भी उपयोगी बनाया जा सकता है। उनका मानना है कि शुरुआती दो से तीन वर्षों तक पौधों की उचित देखभाल की जाए तो आने वाले कई दशकों तक उनसे बेहतर उत्पादन और आर्थिक लाभ प्राप्त किया जा सकता है।

इस अनूठी पहल से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला है, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं। परमानंद कुमार का कहना है कि यदि शासन और उद्यानिकी विभाग का सहयोग मिले तो इस मॉडल को बड़े स्तर पर विकसित कर जिले में रोजगार सृजन और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी फार्म हाउस पहुंचे। पसान नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह ने इसे क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

समाचार 07 फ़ोटो 07

कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने सुनी 139 आवेदकों की समस्याएं

उमरिया

साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभय सिंह ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए 139 आवेदकों की समस्याओं को सुना तथा उनके निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवेदन प्रेषित किए।

जनसुनवाई में लाला सिंह, ग्राम चिल्हारी ने रास्ता एवं भूमि संबंधी समस्या, छोटे लाल यादव, ग्राम भरौला ने 25 दिनों की मजदूरी भुगतान, तलमनिया चौधरी, ग्राम सलैया ने पुत्री के उपचार हेतु आर्थिक सहायता, सुनील सिंह, ग्राम झांपी ने मेढ़ काटकर जल निकासी कराने, रश्मि रैदास, ग्राम मझगवां ने मुख्यमंत्री कल्याणी पेंशन योजना का लाभ दिलाने, गणेश सिंह मुंडा ने भूमि सीमांकन हेतु टीम गठित कर कार्रवाई कराने, लक्ष्मी धुर्वे, नर्सिंग ऑफिसर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धमोखर ने प्रथम समयमान वेतनमान का लाभ प्रदान करने, गया प्रसाद तिवारी, ग्राम ददरी ने अप्रैल 2026 से वृद्धावस्था पेंशन न मिलने, दुअसिया प्रजापति, ग्राम बड़ार ने आवासीय पट्टा प्रदान करने तथा पिंकी रैदास, भानू कोल, मूलचंद, गेंदलाल एवं करिश्मा सहित ग्राम देवरा के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य पुनः कराए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए।

समाचार 08 फ़ोटो 08

मां तुझे प्रणाम योजना के तहत चयनित युवतियों ने किया ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण

उमरिया

मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित मां तुझे प्रणाम योजना के अंतर्गत उमरिया जिले की चयनित युवतियों ने अनुभव यात्रा के तहत प्रदेश के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक स्थलों सांची, भीमबेटका एवं पचमढ़ी, होशंगाबाद का सेठानी घाट, भोजपुर का भ्रमण किया। इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान तथा प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में जानकारी विकसित करना है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल तथा युवा कल्याण अधिकारी आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि योजना के तहत उमरिया जिले से चयनित अनन्या तोमर, आंशिका पटेल, दीपाली सिंह, अस्मिता पटेल, श्रुति पटेल एवं अंजलि विश्वकर्मा ने इस विशेष अनुभव यात्रा में भाग लिया। भ्रमण के दौरान युवतियों ने सांची स्तूप की ऐतिहासिक महत्ता, भीमबेटका की प्राचीन शैलचित्र कला तथा पचमढ़ी की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।

प्रतिभागियों ने बताया कि यह यात्रा उनके लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रही। उन्हें प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और प्राकृतिक धरोहरों को निकट से जानने का अवसर मिला। युवतियों ने इस अभिनव योजना के लिए मध्य प्रदेश शासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी यात्राएं युवाओं के व्यक्तित्व विकास तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश सिंह राजावत के नेतृत्व में धूमधाम से मनाया गया नरेंद्र मोदी विचार मंच का 23वां स्थापना दिवस


बैढ़न/सिंगरौली

नरेंद्र मोदी विचार मंच के 23वें स्थापना दिवस के अवसर पर सिंगरौली के बैढ़न में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश सिंह राजावत के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में मंच की प्रदेश सचिव रश्मि साकेत की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में नरेंद्र मोदी विचार मंच की स्थापना, उद्देश्यों एवं राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपस्थित जनसमुदाय के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश विकास, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिंगरौली नगर निगम की महापौर Rani Agrawal रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं, नगरीय विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नागरिकों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सिंगरौली भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र पांडे, नगर निगम अधिकारी सुंदरलाल शाह, नगर निगम के पटेल साहब, समूह अध्यक्ष उर्मिला देवी, सुमन साकेत सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता, संगठन विस्तार तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि नरेंद्र मोदी विचार मंच राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता और जनसेवा के मूल्यों को लेकर निरंतर कार्य कर रहा है तथा आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।

बैढ़न में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन स्थल राष्ट्रभक्ति, उत्साह और जनसहभागिता से सराबोर दिखाई दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं जनकल्याण के संकल्प के साथ हुआ।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget