नौकरी-मुआवजे को लेकर किसानों ने किया धरना प्रदर्शन दी खदान बंद करने की चेतावनी, 25 पर हुई कार्रवाई


शहडोल 

जिले में रोजगार, पुनर्वास और मुआवजे की मांग को लेकर भू-आश्रित किसानों का आक्रोश एक बार फिर खुलकर सामने आया है। एसईसीएल सोहागपुर एरिया कार्यालय के सामने किसानों ने प्रदर्शन कर प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा, वहीं शारदा ओसियम खदान में नौकरी की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। दोनों घटनाओं ने खनन प्रभावित क्षेत्रों में बढ़ते असंतोष को उजागर कर दिया है।

एसईसीएल सोहागपुर एरिया के अंतर्गत आने वाले रामपुर बटुरा, बिछिया, अतरिया सहित आसपास के गांवों के भू-आश्रित किसानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एरिया महाप्रबंधक कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने रोजगार, पुनर्वास, पुनर्स्थापना और अधिग्रहित परिसंपत्तियों के पूर्ण मुआवजे की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों से उनकी मांगें लंबित हैं, लेकिन एसईसीएल प्रबंधन केवल आश्वासन देकर मामले को टालता रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि हर आंदोलन और बैठक के बाद 15 दिन, एक माह या दो माह में समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया मगर कुछ नही होता। इससे पहले कलेक्टर की अध्यक्षता में सोहागपुर हाउस में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में कई मामलों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय की गई थी, लेकिन आज तक अधिकांश समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो संबंधित खदानों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए बंद कराया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन और प्रशासन की होगी।

उधर, शारदा ओसियम खदान में नौकरी की मांग को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन पर खदान संचालन प्रभावित हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए अमलाई पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। शारदा ओसियम खदान को बंद करने और विरोध प्रदर्शन में शामिल 25 लोगों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। 

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार


अनूपपुर

थाना बिजुरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2025 से फरार चल रहे दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए दीगर राज्य उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।

माह अक्टूबर 2025 में पीड़िता (निवासी जिला शहडोल) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी बाँबी सिंह पिता धर्मपाल सिंह (उम्र 19 वर्ष, निवासी मोहाड़ा दफाई, बिजुरी / मूल निवासी- जिला औरेया, उत्तर प्रदेश) ने उसे शादी का झांसा देकर प्रेम जाल में फंसाया। सितंबर 2025 में आरोपी उसे बिजुरी स्थित अपने किराए के कमरे पर ले गया और तीन दिनों तक उसका शारीरिक शोषण (बलात्कार) किया, जिसके बाद वह मुकर कर फरार हो गया। थाना बिजुरी में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

घटना के बाद से ही शातिर आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश भाग गया था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी बिजुरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं साइबर सेल की मदद से आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

*चोरी का फरार चोरी के आरोपी को गिरफ्तार*


अनूपपुर जिले के थाना भालूमाड़ा पुलिस द्वारा अप.क्र. 190/2025 धारा 331(4), 305(ए), 324(4) बीएनएस के आरोपी बहादुर प्रसाद यादव पिता नंदू यादव उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम दारसागर थाना भालूमाडा जिला अनूपपुर मे चोरी की घटना के बाद लगातार एक वर्ष से फरार चल रहा था, जिसे थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय के कुशल नेतृत्व में भालूमाडा पुलिस टीम के द्वारा दबिस देकर आरोपी को दारसागर से गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से चोरी के 15 बोरी सीमेंट जप्त किया जाकर आरोपी को जे.आर. पर न्यायालय कोतमा पेश किया गया।

बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और नीट घोटाले को लेकर में आप का, विरोध प्रदर्शन व हल्लाबोल


अनूपपुर

भारतीय जनता पार्टी की सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार, तानाशाही, पेपर लीक और महंगाई के खिलाफ आम आदमी पार्टी जिला इकाई अनूपपुर द्वारा आज जिला मुख्यालय में हल्लाबोल विरोध प्रदर्शन किया गया। अमरकंटक चौक से प्रारंभ होकर शंकर मंदिर चौक होते हुए, इंदिरा तिराहा तक निकाले गए मार्च में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा की महंगाई और भ्रष्टाचार से पूरा देश परेशान है। तहसील से थाने तक बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता। भाजपा सरकार ने जनता को लूटने का लाइसेंस दे रखा है। मोदी सरकार जनता के साथ धोखा कर रही है, आने वाले समय में जनता मुंहतोड़ जवाब देगी। गैस का दाम 1180 रुपये, पेट्रोल-डीजल सौ पार और बिजली 8.35 रुपये प्रति यूनिट पहुंच गई है। गरीब की थाली से दाल-सब्जी गायब हो गई है। आने वाले समय में जनता इस तानाशाही का जवाब देगी। उन्होंने बिजुरी नाबालिग मामले में थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित करने की मांग की।

नीट घोटाले पर हमला बोलते हुए कहा कि नीट का पेपर 30 लाख में बिका है। मध्यप्रदेश व्यापमं से लेकर नीट तक हर परीक्षा में घोटाला हुआ है। इसकी उच्च स्तरीय सीबीआई जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। युवाओं का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है।

जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा की बिजुरी में नाबालिग के मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। रेत-कोयला माफिया को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है। आप ने मांग की है की नीट व पटवारी घोटाले की जांच हो। गैस सिलेंडर 450 रुपये व 200 यूनिट बिजली फ्री की जाए। किसानों को खाद-बीज आधे दाम पर उपलब्ध कराया जाए।   बिगड़ती कानून व्यवस्था पर रोक लगाई जाए। बिजुरी के थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित किया जाए।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget