आकाशीय बिजली गिरने से बुआ व भतीजी की हुई मौत, एक महिला घायल, अस्पताल में चल रहा हैं इलाज


शहडोल

जिले के पपौंध थाना क्षेत्र के ओदारी गांव में महुआ की डोरी बीनने गई बुआ-भतीजी की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

ओदारी निवासी इत्तोबाई पति धरमदास सिंह गोंड (50 वर्ष) अपनी भतीजी सफीना सिंह पिता सुखसेन सिंह गोंड (8 वर्ष) के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर महुआ के पेड़ के नीचे महुआ की डोरी बीन रही थीं। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली सीधे उनके नजदीक गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं।

घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही इत्तोबाई और मासूम सफीना की मौके पर मौत हो गई। वहीं, साथ में मौजूद एक अन्य महिला को भी बिजली का तेज झटका लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पपौंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत आकाशीय बिजली गिरने से होना सामने आया है। गौरतलब है कि जिले में यह दो दिनों के भीतर आकाशीय बिजली से मौत की दूसरी बड़ी घटना है। 

प्राचार्य व शिक्षक अदिवासी को दे रहे हैं धमकी, कलेक्टर व एसपी कार्यवाही के लिए लगाई न्याय की गुहार


उमरिया

जिले के जनजातीय क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शिक्षा विभाग, पुलिस जांच प्रक्रिया और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। ग्राम नरवार निवासी आदिवासी छात्र मालिकदीन बैगा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहपुर के प्रभारी प्राचार्य श्री सिंह परस्ते, शिक्षक तोमन यादव तथा जांच प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक उमरिया एवं कलेक्टर को शिकायत भेजकर न्याय की मांग की है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि विद्यालय में अनियमितताओं और कथित भ्रष्टाचार की शिकायत करने के बाद उसे लगातार दबाव, धमकी और समझौते के लिए प्रलोभन का सामना करना पड़ा। वहीं, संबंधित मामलों की जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं किए जाने के भी आरोप लगाए गए हैं।

मालिकदीन बैगा के अनुसार 18 अक्टूबर 2025 को उन्होंने थाना पाली में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री सिंह परस्ते एवं शिक्षक तोमन यादव उनके घर पहुंचे और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस दौरान गाली-गलौज की गई, धमकियां दी गईं तथा कथित रूप से जबरन हस्ताक्षर भी कराए गए।

उनका आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के कई माह बाद भी न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही आरोपितों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई हुई। आवेदन में आरोप लगाया है कि जांच अधिकारी ने उनका बयान घर पर नहीं लिया और पुलिस जांच अधिकारी द्वारा जबरन विद्यालय शाहपुर ले जाया गया। आरोप है कि विद्यालय परिसर में ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में बयान देने का दबाव बनाया गया। मालिकदीन बैगा का कहना है कि बयान की प्रति दिखाए बिना तथा उसे पढ़कर सुनाए बिना ही हस्ताक्षर करा लिए गए। 

कार व बाइक की जोरदार टक्कर, 2 युवक की हुई मौत, 1 घायल की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती


उमरिया

मानपुर-जयसिंहनगर मार्ग पर मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटार स्थित एक फार्म हाउस के समीप कार और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मानपुर जनपद क्षेत्र के ग्राम गोवर्दे के खैरभान टोला निवासी तीन युवक किसी पारिवारिक रिश्तेदारी में गए हुए थे। सुबह वे एक ही बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि घर से महज डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर पहुंचने ही वाले थे कि खुटार के पास सामने से आ रही एक कार से उनकी बाइक की भीषण भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी व घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।

इस दर्दनाक दुर्घटना में रामकेश केवट पिता रामभजन केवट निवासी गोवर्दे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रदीप केवट पिता मुन्ना केवट, उम्र लगभग 30 वर्ष को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे में तीसरे युवक हिमांशु केवट पिता उमेश केवट, उम्र लगभग 26 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल हिमांशु को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर से बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget