दिव्यप्रकाश, मथुरा, अमन, विजय मिलकर रेत का कर रहे हैं, जेसीबी लगाकर अवैध उत्तखनन व परिवहन

*प्रशासन नतमस्तक, माफिया बेख़ौफ़, नाड़ियों का सीना छलनी करने का वीडियो वायरल*


शहडोल

जिले में अवैध रेत खनन पर लगाम लगाने के तमाम दावों के बीच रेत माफिया खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार शहडोल जिले में रेत का ठेका न होने के कारण उमरिया जिले में बैठा रेत ठेकेदार का दलाल दिव्यप्रकाश अपने साथी मथुरा, अमन व विजय के साथ मिलकर शहडोल जिले में अवैध रेत का उत्तखनन करवाकर परिवहन करवा रहा है। पूरे जिले में अपनी टीम को बैठाकर दिन रात नदियों का सीना छलनी कर रहा है।

जैतपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े नदी से जेसीबी मशीन के जरिए रेत निकालने का वीडियो वायरल हुआ है, जिसने प्रशासनिक कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही कार्रवाई और सख्ती के दावों के बावजूद माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बिना किसी डर के नदियों का सीना छलनी करने में जुटे हैं।


वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह जैतपुर थाना क्षेत्र के डोंगरी टोला हथगला स्थित कुनुक नदी का है। वीडियो में जेसीबी मशीन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रालियों में रेत लोड की जाती दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिनदहाड़े नदी से रेत निकालकर उसका भंडारण और परिवहन किया जा रहा है। कुछ दिन पहले भी कुनुक नदी के भीतर अवैध रेत भंडारण का वीडियो सामने आया था। इसके बाद भी खनन गतिविधियां जारी रहने के आरोप लग रहे हैं। क्षेत्र में लगातार अवैध उत्खनन हो रहा है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।


2 दिन पहले सोहागपुर और कोतवाली थाना क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन रोकने निकले वन कर्मियों पर हमला किए जाने की घटनाएं सामने आई थीं। दो अलग-अलग मामलों में खनन से जुड़े लोगों द्वारा वन विभाग के कर्मचारियों को निशाना बनाए जाने का आरोप है, जिससे प्रशासनिक अमले की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जैतपुर क्षेत्र के विभिन्न घाटों से जेसीबी के जरिए रेत निकालकर ट्रैक्टर-ट्रालियों से बाहर लाई जाती है और बाद में बड़े वाहनों में भरकर परिवहन किया जाता है। लोगों का कहना है कि दिन-रात हाइवा और अन्य भारी वाहन सड़कों पर चलते दिखाई देते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी रोक नहीं लगा पा रहे हैं। वही जिला खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य ने कहा कि विभाग को जहां भी अवैध खनन या भंडारण की सूचना मिलती है, वहां कार्रवाई की जाती है।

बस व ट्रक की जोरदार टक्कर, 6 लोग हुए घायल, नाराज ग्रामीणों ने सांसद का काफिला रोका 


उमरिया

जिले के बिरसिंहपुर पाली थाना क्षेत्र में सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेंदूपत्ता गोदाम के पास कोरबा से बिलासपुर जा रही शिव ट्रेवल्स की बस और ट्रक में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला।

बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। हादसे में आगे की सीट पर बैठे करीब 6 यात्रियों को चोटें आई हैं। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक गलत साइड से आ रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। पाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद जाम खुला।

*ग्रामीणों व किसानों ने रोका सांसद का काफिला*


शहडोल जिले के ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे सांसद का काफिला भमरहा प्रथम गांव में ग्रामीणों ने रोक लिया और झापर नदी पर बने पुल को चालू कराने तथा अधिग्रहित भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। लगभग एक घंटे तक सांसद का काफिला मौके पर रुका रहा, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं विस्तार से बताईं।

जानकारी के अनुसार सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मंगलवार को ब्यौहारी विधानसभा के ग्राम कोना टोला में आयोजित जन चौपाल में शामिल होने तथा ग्रामीणों के बीच रात्रि विश्राम के लिए जा रहे थे। उनके साथ ब्यौहारी विधायक शरद जुगलाल कोल भी मौजूद थे। इसी दौरान रास्ते में भमरहा प्रथम गांव के लोगों ने उनका काफिला रोक लिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि झापर नदी पर बना पुल करीब तीन वर्ष पहले पूरी तरह तैयार हो चुका है, लेकिन आज तक आम लोगों के लिए चालू नहीं किया गया। पुल के दोनों ओर पहुंच मार्ग के लिए स्थानीय किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई थी, लेकिन प्रभावित किसानों को अब तक मुआवजे की राशि नहीं मिली है। इसी वजह से पुल का उपयोग शुरू नहीं हो सका है। पुल निर्माण पूरा होने के बावजूद करीब 30 किसानों को उनकी जमीन का मुआवजा नहीं मिला है। 

ग्रामीणों और किसानों ने सांसद के समक्ष अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द समाधान की मांग की। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने मौके पर लोगों से चर्चा की और उन्हें आश्वस्त किया।

पुलिस की 2 स्थानों में कार्यवाही, महिला समेत 2 आरोपियों से 12 लीटर शराब जप्त


अनूपपुर/कोतमा

रामनगर पुलिस ने राजनगर क्षेत्र में एक ही दिन दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक महिला एवं एक पुरुष के कब्जे से कुल 12 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। 

पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि राजनगर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखी गई है। सूचना पर पहली कार्रवाई वार्ड क्रमांक 07 राजनगर निवासी श्रीमती दुर्गावती रौतेल (44 वर्ष) को उसके घर के सामने अवैध शराब बिक्री के उद्देश्य से शराब रखे हुए पाया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर महिला को पकड़ा और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक सफेद जरीकेन में रखी 06 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। 

दूसरी वार्ड क्रमांक 02 बाजार दफाई राजनगर में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर हरिहर तिवारी उर्फ बग्गड़ (56 वर्ष) को उसके घर के सामने सड़क किनारे अवैध शराब बिक्री के उद्देश्य से शराब रखे हुए पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक प्लास्टिक जरीकेन में रखी 06 लीटर हाथ भट्ठी की बनी कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। रामनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध क्रमशः अपराध क्रमांक 166/26 एवं 167/26 के तहत धारा 34(A) आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget