आदिवासी मजदूरों के साथ गाली-गलौज व मारपीट का आरोप, जेएमएस कंपनी के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

*मैनेजर, कमर्शियल अधिकारी व सेफ्टी ऑफिसर ने किया जातिसूचक शब्दो का उपयोग* 


अनूपपुर/कोतमा

कोतमा । थाना कोतमा क्षेत्र अंतर्गत एक निजी कंपनी में कार्यरत आदिवासी मजदूरों द्वारा जातिगत उत्पीड़न, कथित मारपीट, धमकी एवं अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग की गई है। मजदूरों द्वारा थाना कोतमा में प्रस्तुत सामूहिक शिकायत पत्र में कंपनी के कुछ अधिकारियों पर कार्यस्थल पर अपमानजनक व्यवहार करने तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है तथा शिकायतकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त शिकायत पत्र के अनुसार जे.एम.एस. (JMS) कंपनी में कार्यरत आईआर मैनेजर सुदीप कुमार दुबे, कमर्शियल अधिकारी शुभम रैकवार तथा सेफ्टी ऑफिसर कुलदीप कुमार के विरुद्ध मजदूरों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन में कहा गया है कि मजदूर कंपनी में नियमित रूप से श्रम कार्य करते हैं और कार्यस्थल पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि 4 जून को ड्यूटी एवं कार्य संबंधी विवाद के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

मजदूरों का आरोप है कि विवाद के दौरान उन्हें जातिसूचक शब्दों से संबोधित कर अपमानित किया गया तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कथित रूप से धमकीपूर्ण व्यवहार कर भय का वातावरण निर्मित किया गया, जिससे मजदूरों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि घटना के बाद से वे स्वयं तथा उनके परिवार मानसिक तनाव और भय की स्थिति में हैं।

शिकायत पत्र में युगुल सिंह गोंड़, छोटेलाल पनिका, गजरूप सिंह गोंड़ सहित अन्य मजदूरों के हस्ताक्षर हैं। मजदूरों ने सामूहिक रूप से आवेदन प्रस्तुत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में थाना कोतमा प्रभारी रत्नांबर शुक्ल ने बताया कि मजदूरों द्वारा सामूहिक शिकायत पत्र प्रस्तुत किया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

माफियाओं के खिलाफ चला बुलडोजर, अवैध रेत भंडारण जमींदोज, अवैध कोयला भी हुआ जप्त


शहडोल

जिले में अवैध रेत कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जैतपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर शहडोल के निर्देश एवं मुख्य खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में खनिज निरीक्षक अभिषेक पाटले की उपस्थिति में खनिज विभाग की टीम ने अवैध रेत भंडारण के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान चलाया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

खनिज निरीक्षक अभिषेक पाटले द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान ग्राम बिरोड़ी एवं पैरीबेहरा में शासकीय भूमि पर भारी मात्रा में अवैध रूप से रेत का भंडारण पाया गया। जांच में ग्राम बिरोड़ी में लगभग 30 घन मीटर तथा ग्राम पैरीबेहरा में लगभग 75 घन मीटर रेत अवैध रूप से जमा मिली।

खनिज निरीक्षक अभिषेक पाटले के निर्देशन में मौके पर जेसीबी मशीन बुलाकर पूरे अवैध भंडारण को नष्ट कराया गया। रेत में मिट्टी मिलाकर उसे पूरी तरह अनुपयोगी बना दिया गया, जिससे दोबारा उसकी बिक्री न हो सके। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

कार्रवाई के दौरान कोई वाहन या व्यक्ति मौके पर नहीं मिला, लेकिन भविष्य में दोबारा अवैध गतिविधियां न हों, इसके लिए खनिज, पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई है। यह टीम लगातार निगरानी कर क्षेत्र में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाएगी। इस बड़ी कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है। प्रशासन के सख्त तेवरों से साफ है कि अब जिले में अवैध खनिज कारोबार करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

*कोल माफियाओं के खिलाफ भी कार्यवाही*

शहडोल

जिला खनिज अधिकारी शहडोल राहुल शडिल्य ने अवगत कराया है कि कोल माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया की शिकायती स्थल का मौका निरीक्षण पुलिस एवं राजस्व विभाग के किया गया । जाँच दौरान चौकी केसवाही अंतर्गत ग्राम जमुनिया स्थित मरखी माता मंदिर के पास 03 ट्राली कोयला लगभग 12 टन कोयला एवं एक वाटर पंप को जप्त किया गया एवं चौकी केशवाही की अभिरक्षा में खड़ा किया गया है। इसके अलावा कोयला कि संचालित 03 खदानों गड्ढे को जेसीबी कि मदद से मिट्टी एवं मुरूम से भरा गया है। ग्राम ग्राम बटुरा, थाना अमलाई, तहसील बुढार क्षेत्र में खनिज एवं पुलिस विभग के द्वारा सयुक्त कार्यवाही कर कोयला खनिज के अवैध खनन / परिवहन तथा एक ट्राला को इनके ऑपरेटर चालक से जप्त किया गया। जिसे जप्त कर थाना अमलाई की अभिरक्षा में खड़ा किया गया है। जिसमे नियमानुसार अवैध खनन/परिवहन का प्रकरण पंजीबद्ध कर अग्रिम कार्यवाही हेतु न्यायालय कलेक्टर शहडोल की ओर प्रस्तुत किया जा रहा है। केशवाही तहसील बुढार क्षेत्र में कोयला खनिज का अवैध परिवहन करते 02 ट्रेक्टर ट्राली पर कार्यवाही की गई है। जिसमे दोनों वाहनों द्वारा अधिरोपित अर्थदण्ड रु. 70870/- जमा किया गया है। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग द्वारा कोयला खनिज के अवैध खनन में एक इंजन जप्त किया गया। जिसमे ऑपरेटर/मालिक के विरुद्ध अवैध खनन का प्रकरण दर्ज किया गया है। जिसमे पृथक से एफआईआर भी दर्ज की गयी है। केशवाही क्षेत्र में कोयला खनन की शिकायत के सम्बन्ध में समय-समय पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के साथ संयुक्त रूप से कार्यवाही की जा रही है।

अवैध उत्खनन-परिवहन पर अवैध रेत खनिज विभाग ने की जप्त, 26 नग भैंस पुलिस ने किया जप्त


अनूपपुर

जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 6 जून शनिवार को तहसील कोतमा अंतर्गत ग्राम लोहसरा-बिजुरी में अवैध रूप से भंडारित खनिज रेत पर कार्रवाई करते हुए उसे जब्त किया गया। जब्त की गई रेत को सुरक्षित रूप से उपतहसील कार्यालय परिसर बिजुरी में रखवाया गया है। खनिज विभाग के निरीक्षक ईशा वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर एवं उपसंचालक खनिज के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध सघन जांच अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। विभागीय टीम द्वारा नियमित निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है, ताकि अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध खनिज गतिविधियों की जानकारी प्रशासन को दें, जिससे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं राजस्व हानि को रोका जा सके। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

*26 नग भैंस पुलिस ने की जप्त, मामला दर्ज*

अनूपपुर जिले के थाना रामनगर पुलिस ने पशु क्रूरता के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 26 नग भैंस (नर एवं मादा) जप्त की हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ से मवेशियों को क्रूरता पूर्वक पैदल हांकते हुए* कोतमा की ओर ले जाया जा रहा था। सूचना प्राप्त होने पर थाना रामनगर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए टांकी के जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर 26 नग मवेशियों को जप्त किया गया। जप्तशुदा पशुओं को कांजी हाउस मलगा में रखा गया है।

मामले में आरोपी आनंद राम सिंह पिता भोरेलाल सिंह, उम्र 49 वर्ष, निवासी ग्राम मलगा, थाना रामनगर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 146/26 पंजीबद्ध कर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। प्रकरण को विवेचना में लिया गया है। उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी रामनगर सुमित कौशिक के नेतृत्व में एएसआई विनोद नाहर, एएसआई संतोष पट्टा एवं आरक्षक अनुराग सिंह की टीम द्वारा की गई।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget