एएसआई ने गोली मारकर की आत्महत्या, कारण अज्ञात पुलिस अधिकारी पहुँचे घटना स्थल, जांच शुरू


उमरिया

जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में उस समय सनसनी फैल गई, जब आर्मोरर शाखा में पदस्थ एक पुलिस कर्मचारी ने खुद की गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान विजय कुमार सिंह (54) निवासी जमुनिया, जिला सागर के रूप में हुई है। वे वर्तमान में उमरिया पुलिस लाइन की आर्मोरर शाखा के प्रभारी के रूप में पदस्थ थे। विजय कुमार सिंह लंबे समय से पुलिस विभाग में सेवाएं दे रहे थे और हथियारों के रखरखाव व संबंधित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

प्रारंभिक स्तर पर सूत्रों के बीच यह चर्चा है कि विजय कुमार सिंह कुछ समय से पारिवारिक समस्याओं और मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। विभागीय अधिकारी फिलहाल जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहे हैं।

सहकर्मियों के अनुसार विजय कुमार सिंह शांत स्वभाव और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। उनकी अचानक मौत की खबर से पुलिस लाइन में शोक के साथ-साथ कई सवाल भी खड़े हो गए हैं। साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने कभी सार्वजनिक रूप से किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। उनके उमरिया पहुंचने के बाद आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कोतवाली थाना प्रभारी मदन लाल मरावी ने बताया कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।


उपार्जन का गेहूं बेचते पकड़ाया ट्रक, ट्रांसपोर्टर एवं खाद्य विभाग की मिलीभगत, पुलिस ने जप्त किया ट्रक


अनूपपुर

जिले में एक बार फिर से छतरपुर के ट्रांसपोर्टर की कलई खुली, मामला जब पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने ट्रक को जप्त कर अपनी अभिरक्षा में खड़ा करवा लिया है, जिले में चल रहे गेहूं उपार्जन में समिति स्तरीय खरीदी जो खुले में की जाती रही उसको परिवहन कर गोदाम तक पहुंचाने का कार्य फिर से छतरपुर जिले के परिवहनकर्ता मेसर्स पवन कुमार जैन एंड ट्रांसपोर्ट कंपनी को दिया गया है। जिसके द्वारा जिले की प्रत्येक समितियों से उपार्जन के गेहूं को परिवहन किया जा रहा है, पूर्व में धान के परिवहन का कार्य भी इसी कंपनी को दिया गया था, वैसे देखा जाय तो नागरिक आपूर्ति निगम की मिलीभगत से लगातार कई वर्षों से उमरिया जिले के परिवहन का कार्य इसी कंपनी को दिया जा रहा है और इसके मैनेजर, ठेकेदार, वाहन चालक सभी मिल कर भारी मात्रा में उपार्जन के अनाज की चोरी करते हैं और उसकी घटती समिति प्रबंधकों को पूरा करनी पड़ती है।

उपार्जन केंद्र मातेश्वरी स्व-सहायता समूह बिलासपुर से गेहूं लोड कर धनवाही स्थित वामिका वेयरहाउस भेजा जा रहा था, जिसको धनवाही मोड़ पर ट्रक क्रमांक एम पी 07 एच बी 5285 का चालक बेचते हुए पकड़ा गया। सूत्रों के अनुसार ट्रक में उपार्जन केंद्र से लगभग 650 बोरी गेहूं लोड किया गया था और चालक द्वारा रास्ते में कितनी मात्रा में गेहूं बेचा गया, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फोटो मे देखा जा सकता है कैसे टेसू के पेड़ के नीचे गेहूं के बोरे क़ो रखा गया है बरहाल आगे जो भी हो प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही गेहूं की वास्तविक कमी, जिम्मेदारों की भूमिका और संभावित हेराफेरी की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मामले के उजागर होने के बाद उपार्जन केंद्रों से वेयरहाउस तक होने वाले गेहूं परिवहन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

पशु चोरी के मामले में आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, तीन नग बैल जब्त


अनूपपुर

कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा ग्राम करहीवाह में कृषक टीकम कोल के घर के सामने बंधे हुए तीन नग बैल चोरी के मामले में, तत्परता पूर्वक कार्यवाही करते हुए, पशु चोरी के आरोपी भारत सिहं गोड़ निवासी ग्राम ठेही थाना जैतहरी अनूपपुर को गिरफ्तार कर चोरी किये तीन नग बैल को बरामद किया है।

कृषक टीकम कोल पिता मण्डल कोल उम्र 56 वर्ष निवासी ग्राम करहीवाह अनूपपुर के द्वारा थाना कोतवाली अनूपपुर में पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि, रात में उसके घर के बाहर बंधे हुए तीन नग बैल कीमत लगभग 45, 000 रूपये को कोई अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है, जिस पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 307/26 धारा 303(2) बी.एन.एस. पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस टीम द्वारा पशु चोर की पतासाजी की जाकर भारत सिहं गोड़ पिता जयहिन्द सिहं गोड़ उम्र करीब 25 साल निवासी ग्राम ठेही थाना जैतहरी अनूपपुर से चोरी किये गये तीन नग बैल बरामद कर, आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार पशु चोर भारत सिहं गोड़ अन्य पशुओ की चोरी के मामले में पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी भारत सिहं गोड़ के विरूद्ध पूर्व से ही थाना राजेन्द्रग्राम में आपराधिक प्रकरण दर्ज है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget